Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Viral CCTV Video लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Viral CCTV Video लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, ASP और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड • 50 हजार की कथित वसूली, गांजा रखकर फंसाने की धमकी! सिवनी पुलिस कांड में बड़ा एक्शन

CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, ASP और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

• 50 हजार की कथित वसूली, गांजा रखकर फंसाने की धमकी! सिवनी पुलिस कांड में बड़ा एक्शन

• होटल संचालक के 1 मिनट 15 सेकंड के स्टिंग ऑपरेशन से मचा हड़कंप, हर महीने 50 हजार रुपये मांगने और युवक के बैग में गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने का आरोप; मुख्यमंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज: 18 नवंबर, 2026

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस अधिकारियों पर कथित अवैध वसूली और एक युवक को झूठे गांजे के मामले में फंसाने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डूंडासिवनी थाना क्षेत्र के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के संचालक द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलकेश मरकाम और टीआई समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं।

--------+-+++++----------

वीडियो देखने क्लिक करे

सिवनी पुलिस उगाही कांड: CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, ASP और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

---------------

हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का आरोप

होटल संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधिकारी पिछले दो महीनों से उनसे हर महीने 50 हजार रुपये देने का दबाव बना रहे थे। संचालक के मुताबिक, अक्टूबर महीने में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपये दिए थे, लेकिन इसके बावजूद पूरी रकम की मांग जारी रही।

होटल में कम बुकिंग होने की बात बताने पर भी कथित तौर पर कहा गया कि कुछ भी करें, लेकिन 50 हजार रुपये पूरे देने होंगे।


इसके अलावा संचालक ने कोतवाली टीआई, एसडीओपी चंचलकेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी पर भी होटल संचालन के बदले अलग-अलग 25-25 हजार रुपये प्रतिमाह मांगने के आरोप लगाए हैं। संचालक का दावा है कि उन्होंने इन अधिकारियों को 10-10 हजार रुपये देने की बात कही थी।

पैसे नहीं देने पर तीन दिन लगातार होटल में तलाशी

होटल संचालक के अनुसार, कथित मांग पूरी नहीं करने पर अक्टूबर की 7, 8 और 9 तारीख को लगातार तीन दिनों तक पुलिसकर्मी होटल में तलाशी लेने पहुंचे। इस दौरान होटल बंद करा देने और कारोबार नहीं चलने देने की धमकी दिए जाने का आरोप है।

युवक के बैग में गांजा रखकर फंसाने की धमकी

मामले की सबसे गंभीर कड़ी 13 नवंबर की बताई जा रही है। होटल संचालक के मुताबिक, उस दिन होटल में एक बालिग युवक और युवती ठहरे हुए थे। इसकी सूचना मिलने पर एएसपी दीपक मिश्रा पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे थे।

आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने युवक-युवती के परिजनों को बुलाने के लिए कहा। संचालक के मुताबिक, ऐसा करने से इनकार करने पर युवक के बैग में गांजा रखकर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।

हिडन कैमरे में रिकॉर्ड हुआ 1 मिनट 15 सेकंड का स्टिंग

पुलिस की कथित प्रताड़ना और पैसों की मांग से परेशान होकर होटल संचालक ने होटल में लगे साउंड रिकॉर्डिंग वाले CCTV कैमरे की मदद से बातचीत रिकॉर्ड कर ली। इस तरह करीब 1 मिनट 15 सेकंड का वीडियो सामने आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें एएसपी दीपक मिश्रा की बातचीत सुनाई दे रही है, जिसमें युवक के बैग में गांजा रखने की बात कही गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कड़ा रुख, छह पुलिसकर्मी निलंबित

मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अपनाया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलकेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा है।

जीरो टॉलरेंस की नीति, निष्पक्ष जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कदाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच को लेकर भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई थी। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई निलंबन की कार्रवाई के बाद पूरे प्रकरण की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

वायरल वीडियो से पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

सिवनी का यह मामला केवल कथित वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस की जवाबदेही, आम नागरिकों के अधिकार और कानून के रक्षकों के आचरण से भी जुड़ा है। होटल संचालक के आरोपों और वायरल स्टिंग के बाद सरकार ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर सख्त संदेश दिया है।

अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कथित वसूली में किन अधिकारियों और कर्मचारियों की क्या भूमिका थी तथा वायरल वीडियो में सामने आई बातचीत की वास्तविकता क्या है। पूरे प्रदेश की निगाहें अब जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive