Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में निगमायुक्त राजकुमार खत्री का औचक निरीक्षण, खुद झाड़ू उठाकर की सफाई

सागर में सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, खुद झाड़ू उठाकर की सफाई : लापरवाही बरतने पर सख्त रुख




तीनबत्ती न्यूज: 09 जुलाई, 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने गुरुवार सुबह शहर लौटते ही सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर, एमएलबी स्कूल के आसपास, कटरा बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगरनिगम कर्मचारी की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था भी पिछले दो दिन से प्रभावित हुई है। 

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरा और गंदगी पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वयं झाड़ू थामकर बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की और सफाई अमले को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें : नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस

लापरवाही पर सख्त चेतावनी

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने जोन प्रभारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, सफाई दरोगाओं और सफाईमित्रों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का पहला दायित्व शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना है और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करना होगा।



'स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ' अभियान पर जोर

निगमायुक्त ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक 'स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ' अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने में नगर निगम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सफाईमित्रों से नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 13 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी

उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर सागर के निर्माण में नगर निगम और नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही सागर नगर स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकेगा।



ये रहे शामिल

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एस.एस. बघेल, जोन प्रभारी शशांक रावत, अनिरुद्ध चाचोंदिया, रज्जन करोसिया, आशुतोष सोलंकी, अजय रैकवार, गंधर्व सिंह, अतिक्रमण प्रभारी कृष्ण कुमार चौरसिया, राजू रैकवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share:

नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस

नगर निगम सागर में बड़ी कार्रवाई: स्थायीकर्मी निलंबित, चार कर्मचारियों से छीने प्रभार, आनंद मंगल गुरु को नोटिस


तीनबत्ती न्यूज: 09 जुलाई, 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगमायुक्त ने स्थायीकर्मी राजेंद्र मलैया को निलंबित कर दिया है, जबकि चार कर्मचारियों राजेश सिंह राजपूत, आनंद मंगल गुरु, शईदउद्दीन कुरैशी और हरेंद्र खटीक को उनके प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से विभिन्न शाखाओं में नए अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से की मुलाकात, विशेष अनुदान की मांग

ये हुए बदलाव

निगम के जारी आदेश के अनुसार, वाहन प्रभारी हरेंद्र खटीक के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। उपयंत्री आयुष शुक्ला और कृष्ण कुमार चौरसिया को सहायक प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही कृष्ण कुमार चौरसिया को मजदूरी शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग में राजेश सिंह राजपूत के स्थान पर सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी तथा शशांक रावत को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आनंद मंगल गुरु से बाजार शाखा सहित सभी प्रभार वापस लेकर प्रभारी राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को सौंप दिए गए हैं।

इसके अलावा सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को जीपीएफ, पेंशन, लोक सूचना अधिकारी एवं एनपीएस शाखा का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। फायर शाखा में शईदउद्दीन कुरैशी के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कृष्ण कुमार चौरसिया और आयुष शुक्ला को सहायक फायर अधिकारी बनाया गया है।

यह भी पढ़ेंसागर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 13 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी

निगमायुक्त ने स्वास्थ्य स्थापना शाखा में पदस्थ राजेंद्र सनकत का स्थानांतरण करते हुए उन्हें पंतनगर जोन क्रमांक-8 में सफाई कार्य के लिए पदस्थ किया है।

आनंद मंगल गुरु को कारण बताओ नोटिस

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सहायक स्वच्छता अधिकारी आनंद मंगल गुरु को कर्मचारी संघों की मांगों के निराकरण से संबंधित मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें एक दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और दायित्वों के प्रति असंवेदनशीलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Share:

पूर्व एआरटीओ के घर विजिलेंस का छापा, 13 किलो सोना-9 किलो चांदी समेत 35 करोड़ की संपत्ति बरामद

बड़ी कार्रवाई: पूर्व एआरटीओ के घर विजिलेंस का छापा, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों की संपत्ति बरामद


तीनबत्ती न्यूज: 09 जुलाई, 2026

लखनऊ:उत्तर प्रदेश विजिलेंस विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विजिलेंस की टीम ने रिटायर्ड असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। इस दौरान जो चीजें बरामद हुईं, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए।

​मिली जानकारी के अनुसार, ललित कुमार पूर्व में आगरा में तैनात रह चुके हैं और उनके खिलाफ पहले से ही 'प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट' (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) के तहत मामला चल रहा है।

बरामदगी का मुख्य विवरण:

  • सोना व चांदी: छापे के दौरान घर से 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी बरामद की गई है। इन कीमती धातुओं और गहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
  • नकदी: तलाशी के दौरान 1.62 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी (कैश) बरामद हुई है।
  • अचल संपत्ति: ललित कुमार के नाम पर लगभग 13 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं।
  • निवेश के दस्तावेज: बैंक डिपॉजिट, पोस्ट ऑफिस स्कीम, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

​कुल मिलाकर अब तक की जांच में 35 करोड़ रुपये से जुड़ी संपत्ति और उससे संबंधित अहम दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं। विजिलेंस की टीम इन सभी दस्तावेजों और संपत्तियों की गहनता से जांच कर रही है, जिससे इस अवैध कमाई के अन्य स्रोतों का भी पता लगाया जा सके।

Share:

बांदरी में रोटरी पैथालॉजी एवं एक्स-रे सेंटर का शुभारंभ, पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन

बांदरी में रोटरी पैथालॉजी एवं एक्स-रे सेंटर का शुभारंभ पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने किया


तीनबत्ती न्यूज: 08 जुलाई, 2026

बांदरी।पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने यहां रोटरी पैथालॉजी लैब एंड एक्स-रे सेंटर का शुभारंभ किया है। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि विकास कार्यों का परिणाम है कि बांदरी ने ग्राम से व्यवस्थित बड़े नगर का स्वरूप लिया है जिससे अब प्राइवेट सेक्टर भी अपने संस्थान बांदरी में ला रहे हैं। 


पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी में हुए विकास कार्यों के कारण बांदरी ग्राम ने एक व्यवस्थित बड़े नगर का रूप ले लिया है। विकास का ही परिणाम यह मिल रहा है कि यहाँ पर प्राइवेट सेक्टर ने भी आकर जनसुविधाओं के केंद्र आरंभ कर दिए। कोई भी निजी कंपनी या निजी अस्पताल किसी भी क्षेत्र में तभी जाते हैं जब वहाँ पर विकास की सुविधाएं होती हैं। इससे हमारे क्षेत्र की जनता को सुविधाएं बढ़ेंगी जो आज की आवश्यकता भी हैं। आज की जीवन पद्धति और अनियमित दिनचर्या के कारण बीमारियां बढ़ रही हैं। पहले हमारे गांव के लोग बीमारियां जानते ही नहीं थे, पुराने लोग आराम से बिना बिमारी के 100-100 वर्ष तक अपने जीवन जीते थे। जैसे जैसे हमारे जीवन में भौतिक सुविधाएं बढ़ी हैं होगी, वैसे वैसे स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई  चुनौतियां हमारे सामने आई हैं।


उन्होंने पैथालाजी और एक्स-रे सेंटर के संचालनकर्ता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम अपेक्षा करते हैं कि आपका संस्थान क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। चिकित्सकों तथा गैर चिकित्सकीय स्टाफ की  उपलब्धता निरंतर बनाए रखने की कोशिश के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। क्षेत्र की अस्पतालों का उन्नयन और सशक्तिकरण का कार्य निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है जिसके सार्थक परिणाम देखने मिल रहे हैं। प्राइवेट पैथालाजी व एक्स-रे सेंटर की अपनी उपयोगिता है जो समय पर जांच सुविधाओं को सुलभ बनाती है।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर नगर परिषद बांदरी अध्यक्ष प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, डॉ जयराम सिंह लोधी, वरिष्ठ भाजपा नेता रोशन सिंह, अभय सिंह, पप्पू मुकददम, सुख सिंह , आशीष दुबे पिठोरिया, सुरेंद्र सिंह, डॉ जितेंद्र दीक्षित, रोटेरियन मुकेश साहू , डॉ लखन पटेल , डॉ क्षमा श्रीवास्तव, सुरेंद्र पड़रिया , डॉ स्वाति पटेल ,सनत साहू, देवीदयाल पटेल  सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।




Share:

सहोदया सागर की बैठक संपन्न, सिस्टर मौली थामस बनीं चेयरपर्सन

सहोदया सागर की बैठक संपन्न, नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से हुआ चुनाव


तीनबत्ती न्यूज: 08 जुलाई, 2026

सागर। सहोदया सागर की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को जैन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य रजनीश जैन के स्वागत भाषण से हुई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा उपस्थित प्राचार्यों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

बैठक के प्रथम सत्र में सहोदया की पिछली बैठक की कार्यवाही और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सहोदया सागर के नए पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ।



ये हुए निर्वाचित

चुनाव में सिस्टर मौली थामस को चेयरपर्सन, डॉ. एस.बी. सिंह को सचिव, रविकांथ वाजपेयजुला को उपाध्यक्ष और डॉ. मंजू कोहली को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

इस दौरान निवृत्त मानद सचिव श्रीमती अलका श्रीवास्तव को भावभीनी विदाई दी गई। बैठक में दिलीप पायरा, सुनील उपाध्याय, कोशी जैनब, मनोज सुंदरानी, अंजुला रत्न, वैशाली अग्रवाल, प्रतिभा जैन, नितिन तिवारी, पवन जैन, अनामिका तिवारी, श्रुति पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


Share:

खिमलासा में अवैध सोयाबीन बीज बिक्री पर बड़ी कार्रवाई, बाहुबली जैन के खिलाफ FIR दर्ज

खिमलासा में अवैध सोयाबीन बीज बिक्री का भंडाफोड़, कृषि विभाग ने दर्ज कराई FIR


तीनबत्ती न्यूज:  08 जुलाई 2026

सागर:  सागर जिले के खिमलासा में अवैध रूप से सोयाबीन बीज बेचने के मामले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। किसानों की शिकायत पर कृषि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की, जिसमें बिना लाइसेंस बीज बिक्री की पुष्टि हुई।

यह भी पढ़ें: सागर: अधिक कीमत पर खाद बेचने पर बीना में FIR : कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश और उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में खिमलासा स्थित शांति ऑटो पार्ट्स दुकान के संचालक बाहुबली जैन उर्फ संते जैन (सराफ) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

किसानों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

किसानों ने लिखित शिकायत में बताया था कि बाहुबली जैन द्वारा अवैध रूप से सोयाबीन बीज बेचा जा रहा है। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकान और गोदाम का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें: सागर: कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई; अवैध और नकली सोयाबीन बीज भंडारण पर FIR दर्ज ▪️बंद हो चुकी दालमिल के नाम का मिला दुरुपयोग


जांच के दौरान आरोपी के पास बीज विक्रय से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले। गोदाम से बीज अंकित खाली बोरियां और बिखरे हुए सोयाबीन के दाने भी मिले, जिससे अवैध बीज बिक्री की पुष्टि हुई।

16 किसानों ने की खरीद की पुष्टि

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद 16 किसानों ने बाहुबली जैन से बीज खरीदने की पुष्टि की। कुछ किसानों ने ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट और भुगतान पावती भी अधिकारियों को सौंपी। आरोपी ने भी किसानों को सोयाबीन बेचने की बात स्वीकार की।

उन्नत किस्म बताकर बेचा गया महंगा बीज

किसानों के अनुसार, आरोपी ने जेएस-2303, एम-85 और पीएस-1569 प्रजाति का उन्नत बीज बताकर 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से बीज बेचा था। 25 जून से 1 जुलाई के बीच खरीदे गए इस बीज की बुवाई के 6-7 दिन बाद भी अंकुरण नहीं होने पर किसानों ने कृषि विभाग में शिकायत दर्ज कराई।

इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर

विस्तृत जांच के बाद बिना वैध लाइसेंस सोयाबीन को बीज के रूप में पैक कर बेचने के मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4), आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीज नियंत्रण आदेश के तहत खिमलासा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

किसानों से की गई अपील

उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी ने किसानों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही पक्का बिल लेकर बीज खरीदें और बुवाई से पहले अंकुरण परीक्षण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कृषि आदानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विभाग आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।


Share:

सागर: कृत्रिम गर्भाधान लक्ष्य पूरा नहीं करने पर सख्ती, शून्य प्रदर्शन पर निलंबन के निर्देश

सागर: कृत्रिम गर्भाधान लक्ष्य पूरा नहीं करने पर सख्ती, शून्य प्रदर्शन पर निलंबन और वेतन रोकने के निर्देश

▪️कलेक्टर प्रतिभा पाल ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, पशुपालकों से जीवंत संपर्क और वैक्सीनेशन अभियान तेज करने पर जोर

तीनबत्ती न्यूज:  08 जुलाई 2026।

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक में कृत्रिम गर्भाधान, वैक्सीनेशन और शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पशुधन की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में कृत्रिम गर्भाधान सबसे महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्य में कमजोर प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने शून्य प्रदर्शन करने वाले विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं 30 प्रतिशत से कम प्रदर्शन करने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों का आगामी वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने 10 प्रतिशत से कम प्रदर्शन करने वाले सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों तथा एक अंकीय प्रदर्शन करने वाले विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने सभी अधिकारियों को दफ्तरों से बाहर निकलकर सीधे पशुपालकों से संपर्क बनाए रखने और पिछले तीन महीनों के लंबित लक्ष्यों के साथ आगामी तिमाही के लक्ष्यों को भी समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की समीक्षा

कलेक्टर ने पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की समीक्षा करते हुए बैंकों से समन्वय स्थापित कर सभी लंबित प्रकरणों और स्वीकृत कार्यों को एक माह के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से निरस्त मामलों को पुनः प्रक्रिया में लाकर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाया जाए।

गौशालाओं में चारा प्रबंधन और टीकाकरण पर जोर

कलेक्टर ने जिले की गौशालाओं में चारे-भूसे के बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यकता अनुसार स्ट्रॉ रीपर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं को संक्रामक एवं घातक बीमारियों से बचाने के लिए जिलेभर में लगातार वैक्सीनेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, उप संचालक पशुपालन डॉ. डी.डी. चढार, डॉ. जगदीश बाविसटाले सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Share:

मालथौन परियोजना समीक्षा बैठक: कई आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय काटने और सेवा समाप्ति के निर्देश

मालथौन परियोजना की समीक्षा बैठक: लापरवाही पर सख्ती, कई आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय काटने और सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज: 08 जुलाई, 2026

सागर : महिला एवं बाल विकास विभाग की मालथौन परियोजना की समीक्षा बैठक जिला कार्यक्रम अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में परियोजना कार्यालय मालथौन का कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा। इस दौरान विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र सीपुरखास, कुआखेड़ा, कुंवरपुरा, कुलुआखास, सीपुरखुर्द, खिरिया शंकर, चुरारी डबडेरा-01, दुगाहाखुर्द, दुगाहाकलां और सेमरा लोधी की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस पर संबंधित कार्यकर्ताओं का 15 दिवस का मानदेय काटने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार हरदौट, झड़िया, कुरमन, ललोई, मांदरी, नेगुवा, खिरियाकलां-02, चौका, चंद्रपुर, पलेथनी और खिरिया शंकर केंद्रों का कार्य पूर्ण होने तक संबंधित कार्यकर्ताओं का मानदेय तैयार नहीं करने के निर्देश जारी किए गए।

बैठक में खिरियाकलां-01, कुंवरपुरा, किशनगढ़, बम्हौरीलाल, ढावरी-01, चुरारी डबडेरा-02, अंडेला-01, बमनौरा, दुगाहाकलां-02, बड़ोइया, पहरगुवा, विदवासन, मड़िया कीरत-01 एवं खड़ौआ केंद्रों की कार्यकर्ताओं की अनुपस्थिति पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा सात दिवस का मानदेय काटने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान झड़िया, खिरियाकलां-01, किशनगढ़ और बम्हौरीलाल केंद्रों में विभागीय कार्य अपूर्ण पाए जाने, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने तथा बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण संबंधित कार्यकर्ताओं के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश भी जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा दिए गए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive