Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में दिगंबर जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ, 1350 विवाह योग्य युवक-युवतियों की सचित्र जानकारी वाली ‘संस्कार’ पत्रिका का विमोचन

दिगंबर जैन युवक युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ : दो दिवसीय सम्मेलन मे संस्कार पत्रिका का विमोचन

तीनबत्ती न्यूज: 24 अक्टूबर, 2026

सागर । अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन गोलापूर्व महासभा  के तत्वाधान मे आयोजित दो दिवसीय जैन युवक युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ सागर जिला मुख्यालय पर स्थित आदर्श गार्डन मे हुआ। ध्वजारोहणकर्ता सुषमा अशोक जैन और मुख्य अतिथि पवन कुमार विनोद कुमार विभोर कुमार जैन रहे।  परिचय सम्मेलन का  फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। भगवान महावीर स्वामी के चित्र का अनावरण राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष जैन बैटरी और निदेशक मंडल से सुभाष चौधरी ने किया।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों का महासभा के पदाधिकारियो ने सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मे विवाह योग्य दिगंबर जैन युवक युवतियो की जानकारी पर केंद्रित संस्कार पत्रिका का विमोचन अभय जैन छिंदवाडा द्वारा किया गया। स्वागत भाषण महासभा के महामंत्री  श्रेयांश जैन संग सेल्स ने दिया। 

पत्रिका का विमोचन

संयोजक महेन्द्र जैन बहरोल ने पत्रिका से संबंधित जानकारी रखते हुए बताया कि पत्रिका मे विवाह योग्य 1350 युवक युवतियों की सचित्र जानकारी दी गई है। गोल्लाचार्य युवा सम्मान समारोह के संयोजक डॉक्टर अरविंद जैन ने विस्तृत जानकारी रखी। निदेशक मंडल के संतोष जैन घड़ी ने कहा कि परिचय सम्मेलन सागर मे छठवी बार हो रहा है। मंगलाचरण कलशा गोदरे द्वारा निर्देशित और सिद्धार्थ नंदन पाठशाला गौराबाई दिगंबर जैन की बालिकाओ द्वार किया गया।

महासभा के जिनेश जैन बहरोल ने अब तक हुए सम्मेलन के बारे मे विस्तार से जानकारी दी।

ये रहे शामिल

उद्घाटन समारोह मे महेन्द्र जैन जबलपुर, देवेन्द्र जैन लुहारी, महेन्द्र जैन बडागांव, विनोद जैन कोतमा, राकेश जैन चच्चाजी,दिलीप जैनआयकर, जय कुमार जैन, डॉक्टर सुबोध जैन, विजय जैन बाबाजी,मनोज जैन बंगेला, सुभाष सिंघई कटनी, क्रांति जैन,  विनोद जैन,समीर जैन, राजेश जैन रागी,दीपचंद जैन दमोह, चक्रेश जैन शास्त्री भोपाल, सुबोध जैन, अजित जैन, , श्रेणिक जैन, अंकुर जैन, प्रेमचंद जैन बरेठी,पारस जैन दमोह ,सुरेंद्र खुर्देलीय, राजेश जैन नवकार इंदौर, सुधीर सिंघई, रविकांत जैन, सहित बड़ी संख्या मे साधर्मी बंधुओ ने सहभागिता की।

Share:

दीवाली से पहले सागर पुलिस का एक्शन: शाहगढ़ और बीना में ₹6.51 लाख के अवैध पटाखे जब्त

दीवाली से पहले सागर पुलिस का एक्शन: शाहगढ़ और बीना में ₹6.51 लाख के अवैध पटाखे जब्त


तीनबत्ती न्यूज: 24 अक्टूबर, 2026

सागर। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शनिवार, 24 अक्टूबर को पुलिस ने शाहगढ़ और बीना में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब ₹6.51 लाख कीमत के पटाखे जब्त किए।

यह भी पढ़ें: सागर में आवासीय मकान से ₹9 लाख के अवैध पटाखे जब्त: पलंग के अंदर रखे थे कार्टून

शाहगढ़ में दो स्थानों पर कार्रवाई, ₹5 लाख के पटाखे जब्त

शाहगढ़ क्षेत्र में अपराध समीक्षा के लिए पहुंचे एसडीओपी बंडा डॉ. रोहित लखेरा को मुखबिर से अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद थाना शाहगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई हनुमान टोरा स्थित गोदाम में की गई। यहां बिना वैध लाइसेंस के रखे 18 बॉक्स पटाखे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख है। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी रिजवान खान के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।



वहीं दूसरी कार्रवाई जमनेरा तिराहा पर की गई। यहां आरोपी पवन पिता दीपक ताम्रकार के कब्जे से पटाखों के 15 बोरे बरामद हुए। इनकी मात्रा करीब 500 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत ₹3 लाख बताई गई है।

शाहगढ़ में दोनों कार्रवाई में कुल 18 बॉक्स और 15 बोरे पटाखे, करीब ₹5 लाख कीमत के जब्त किए गए।

बीना के गांधी वार्ड में ₹1.51 लाख के पटाखे जब्त

इधर, थाना बीना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांधी वार्ड स्थित जीएनटी स्कूल के पास कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है।

तलाशी के दौरान कपूरचंद पिता लम्पू अहीरवार, उम्र 65 वर्ष, निवासी गांधी वार्ड, के मकान के बाहर और कमरे के आसपास रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार जब्त आतिशबाजी में अनारदाने, चकरी, फुलझड़ी, बम सहित अन्य पटाखे शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत ₹1,51,900 है। मामले में कपूरचंद के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तीन स्थानों पर कार्रवाई, ₹6.51 लाख की आतिशबाजी जब्त

सागर पुलिस की शाहगढ़ और बीना में की गई कार्रवाई में कुल मिलाकर करीब ₹6 लाख 51 हजार 900 रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आतिशबाजी का अवैध एवं असुरक्षित भंडारण आगजनी और गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इसी को देखते हुए त्योहारों के दौरान ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

शाहगढ़ की कार्रवाई एसडीओपी बंडा डॉ. रोहित लखेरा के नेतृत्व में थाना शाहगढ़ पुलिस द्वारा की गई। वहीं बीना में कार्रवाई थाना प्रभारी अनूप यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक निशांत भगत एवं पुलिस टीम ने की।


Share:

गवर्नमेंट उत्कृष्ट स्कूल सागर के 200 साल: भव्य अविराम साइकिल एवं पैदल रैली निकली •मेयर संगीता तिवारी ने दिखाई हरी झंडी

गवर्नमेंट उत्कृष्ट स्कूल सागर के 200  साल: भव्य अविराम साइकिल एवं पैदल रैली निकली

•मेयर संगीता तिवारी ने दिखाई हरी झंडी

• शहरभर में हुआ जोरदार स्वागत, पूर्व छात्रों ने साझा कीं स्कूल से जुड़ी यादें


तीनबत्ती न्यूज: 24 अक्टूबर, 2026

सागर। गवर्नमेंट उत्कृष्ट विद्यालय, सागर की स्थापना के 200 वर्ष पूर्ण होने के गौरवमयी एवं ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार को विद्यालय के वर्तमान एवं पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य ‘अविराम साइकिल एवं पैदल रैली’ का आयोजन किया गया। स्कूल परिसर से निकली रैली ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विद्यालय की दो शताब्दियों की गौरवशाली परंपरा और इतिहास का संदेश दिया।


रैली के दौरान शहरवासियों और विद्यालय के पूर्व छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के 18 से अधिक स्थानों पर विद्यार्थियों का पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा से आत्मीय स्वागत किया गया। जगह-जगह लोगों ने रैली में शामिल छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।

महापौर ने हरी झंडी दिखाकर किया रैली का शुभारंभ

स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी सहित वरिष्ठ पूर्व छात्रों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रसन्न लाल सेलट, सुशील तिवारी, वरिष्ठ पूर्व छात्र एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्णवीर सिंह ठाकुर, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे तथा विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अखिलेश पाठक, दिलीप श्रीवास्तव, आर. भूरिया, विनय चौबे, विद्यासागर उपाध्याय, विक्रम सोनी, नईम खान, अशोक जैन, डॉ. रंजीत सिंह, मनीष कुमार नेमा सहित बड़ी संख्या में विद्यालय के पूर्व छात्र मौजूद रहे।


महापौर बोलीं—यह विद्यालय नहीं, पूरा परिवार और खानदान है

द्विशताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें विद्यालय के 200 वर्ष पूर्ण होने जैसे ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, “यह विद्यालय नहीं, बल्कि पूरा परिवार है। साथ ही पूरा खानदान विद्यालय में उपस्थित है। इस प्रकार के आयोजन से न केवल पुराने अनुभव और यादें ताजा होती हैं, बल्कि सभी पुराने लोगों से मिलने का अवसर भी मिलता है।”

महापौर ने विद्यालय की आवश्यकताओं को लेकर भी आश्वस्त किया कि शासन एवं जनभागीदारी के माध्यम से स्कूल की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व छात्र कृष्णवीर सिंह ठाकुर (के.बी.एस. ठाकुर) ने शाला परिवार को द्विशताब्दी समारोह की बधाई दी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज स्कूल का समय याद आ गया और स्कूल से जुड़े संस्मरण सुनते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और उसे सफल बनाने में जुटे सभी सदस्य एवं पूर्व छात्र बधाई के पात्र हैं।


डॉ. सुशील तिवारी ने साझा किए पुराने संस्मरण

महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने भी विद्यालय से जुड़े अपने पुराने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि आज स्कूल का समय फिर से याद आ गया। उन्होंने बताया कि उनके पिता सहित उनके परिवार के अन्य सदस्य भी इसी ऐतिहासिक विद्यालय से पढ़कर निकले हैं।स्कूल से जुड़ी पुरानी यादों को साझा करते हुए डॉ. सुशील तिवारी भी भावुक नजर आए।

पूर्व छात्र विक्रम सोनी ने आयोजन को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने रैली के दौरान प्रशासन द्वारा की गई चुस्त-दुरुस्त पुलिस व्यवस्था एवं एंबुलेंस सेवाओं की खुले दिल से सराहना की और व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




दो हिस्सों में निकली साइकिल रैली, विद्यार्थियों ने किया पैदल मार्च

स्कूल परिसर से निकली अविराम रैली को व्यवस्थित रूप से अलग-अलग हिस्सों में आयोजित किया गया। बालकों की साइकिल रैली और छात्राओं की साइकिल रैली अलग-अलग निकाली गई। इसके साथ ही विद्यालय के विद्यार्थियों ने गोपालगंज वार्ड में पैदल मार्च करते हुए विद्यालय की स्थापना एवं 200 वर्ष की गौरवशाली यात्रा से संबंधित नारे लगाए और लोगों को विद्यालय के इतिहास से अवगत कराया। रैली में बुंदेली संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। वृंदावन बाग मठ का ‘गजानंद हाथी’ रैली का नेतृत्व कर रहा था। उसके आगे-आगे बज रहे बुंदेली वाद्य यंत्रों ने पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया।


18 से अधिक स्थानों पर हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

अविराम साइकिल एवं पैदल रैली का शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पूर्व छात्रों और नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया।

- सिविल लाइन चौराहा (1964) — डॉ. राजेश शुक्ला

- दीपक स्टेशनरी, सिविल लाइन चौराहा (1996) — संजय जैन

- सिविल लाइन साईं मंदिर (1982) — अनूप तिवारी

- एसवीएन गोपालगंज — अजय तिवारी

- गोपालगंज (1982) — मनोज पलिया

- गोपालगंज बुंदेलखंड विकास मंच — उमाकांत मिश्रा एवं छात्रों द्वारा

- भाषा इंग्लिश कोचिंग (1963-68) — मनीष श्रीवास्तव

- संकल्प फाउंडेशन — सुशील तिवारी

- यादव मंडल, ग्वारी मोहल्ला (1982) — गोपीलाल यादव

- साहू बुक बाइंडिंग (1992) — बालकृष्ण साहू

- परकोटा (1996) — बसंत तिवारी

- फैंसी ज्वेलर्स, परकोटा तीनबत्ती (1996) — अमित जैन

- तीनबत्ती (1996) — विक्रम सोनी एवं विकास केशरवानी

- कटरा चौकी (1996) — नीतेश बलाही

- नगर निगम (1982) — गोलंदाज परिवार (राजीवरत्न)

- जय एप्लाएंसेस (1996) — अनुराग जैन

- पार्षद सिविल लाइन (1996) — अवधेश एवं रितेश तिवारी

- झील बोट क्लब (1999) — हृदेश पाटकार

इसके अलावा गोपालगंज खांडेकर चौक पर श्यामलम् संस्था के अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, ऋषिकुल विद्यालय के प्राचार्य राम शास्त्री एवं पं. सुरेश तिवारी ने अपने बटुकों के साथ तथा गोपालगंज बुंदेलखंड विकास मंच के सदस्यों ने रैली का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

रैली शुरू होने से पहले मंच पर विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी का भी पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

1961 से लेकर 1990 के दशक तक के पूर्व छात्र हुए शामिल

विद्यालय के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न दशकों के वरिष्ठतम पूर्व छात्रों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

वर्ष 1961 के छात्र प्रसन्नलाल सेलट उपस्थित रहे। वर्ष 1964 के पूर्व छात्रों में डॉ. राजेश शुक्ला, ब्रजभूषण पाठक, नरेन्द्र चौकसे, बद्रीप्रसाद पाठक, कृष्णगोपाल पांडे, राजकुमार श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। वर्ष 1969 के पूर्व छात्रों में अधिवक्ता कृष्णवीर सिंह ठाकुर एवं डॉ. रणजीत सिंह उपस्थित रहे। वर्ष 1974 के पूर्व छात्रों में ब्रजभूषण पांडे एवं वीरेन्द्र प्रधान शामिल रहे। वर्ष 1976 एवं अन्य वरिष्ठ पूर्व छात्रों में अंकलेश्वर दुबे, दीपक दुबे, अनिल गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव, आर.के. वैद्य, अशोक सेठ, राकेश पांडे, सतीश श्रीवास्तव, विनय चौबे, अभिनंदन दीक्षित, आलोक अग्रवाल, रामावतार यादव, विद्यासागर उपाध्याय, रामाधार तिवारी, कैलाश तिवारी, सुशील मिश्रा, अखिलेश पाठक, हृदेश पाटकार सहित अनेक पूर्व छात्र मौजूद रहे।


प्राचार्य एवं स्टाफ ने बढ़ाया उत्साह

विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी के नेतृत्व में समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लिया। दो शताब्दी पुराने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाने और पूर्व छात्रों को एक मंच पर जोड़ने वाला यह आयोजन यादगार बन गया।

इस मौके पर एक्सीलेंस गीत के रचयिता अनमोल चौरसिया को दिलीप श्रीवास्तव द्वारा 5000/पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए

रैली में विद्यार्थियों का उत्साह, पूर्व छात्रों की भावुकता और शहरवासियों का आत्मीयस्वागत पूरे आयोजन के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा।

यात्रा का महापौर निवास पर भव्य स्वागत

अविरल यात्रा का गोपालगंज स्थित महापौर निवास पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी जी ने छात्र-छात्राओं पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।


महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि एक्सीलेंस स्कूल की दो सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा सागर के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय ने शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के माध्यम से अनेक प्रतिभाओं को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए तैयार किया है। यह ऐतिहासिक अवसर नई पीढ़ी को अपनी शैक्षणिक विरासत से जुड़ने की प्रेरणा देता है। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि एक्सीलेंस स्कूल का दो सौ वर्षों का सफर शिक्षा के प्रति समर्पण, उत्कृष्टता और निरंतर प्रगति का प्रतीक है। विद्यालय की गौरवशाली परंपरा ने समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अविरल यात्रा इस ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने और विद्यार्थियों में अपने संस्थान के प्रति गौरव की भावना जागृत करने का सराहनीय प्रयास है।

कार्यक्रम में युवा नेता सूर्यांश तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि शैलेश जैन, अमित शुक्ला, लक्ष्मी रैकवार, संतोष जैन, प्रहलाद पटेल, राहुल जैन, सुनील रैकवार, चानू शर्मा, अजय शर्मा, आलोक गौतम एवं सौरभ सेन सहित अन्य गणमान्यजन और नागरिक उपस्थित रहे।

रविवार को निकलेगी ‘वाहन अविराम रैली’

द्विशताब्दी समारोह के कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को सुबह 10 बजे पूर्व विद्यार्थियों की ‘वाहन अविराम रैली’ निकाली जाएगी। वाहन रैली को भी विद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

विद्यालय के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों को लेकर पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों में खासा उत्साह बना हुआ है।

Share:

सागर में आवासीय मकान से ₹9 लाख के अवैध पटाखे जब्त: पलंग के अंदर रखे थे कार्टून

सागर में आवासीय मकान से ₹9 लाख के अवैध पटाखे जब्त: पलंग के अंदर रखे थे कार्टून


तीनबत्ती न्यूज: 24 अक्टूबर, 2026

सागर। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना मोतीनगर पुलिस ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मश्री के पास एक आवासीय कॉलोनी स्थित मकान से करीब 9 लाख रुपये कीमत के 29 कार्टून विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, पटाखे बिना लाइसेंस दीपावली पर बिक्री के उद्देश्य से रखे गए थे। सीएसपी ललित कश्यप और थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने मीडिया को जानकारी दी।

थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धर्माश्री के पास स्थित आवासीय कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपने मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान रोशन पिता स्वर्गीय सूरज वली केशरवानी, निवासी कटरा भीतर बाजार, थाना कोतवाली, वर्तमान निवासी धर्माश्री के पास आवासीय कॉलोनी, के कब्जे से 29 कार्टून पटाखे बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।



घनी आबादी और ट्रांसफार्मर के पास रखा था पटाखों का भंडार

पुलिस के मुताबिक, जिस मकान में पटाखे रखे गए थे, वहां परिवार भी निवास करता है। आसपास घनी आबादी होने के साथ मकान के पास विद्युत ट्रांसफार्मर भी स्थित है। ऐसे स्थान पर पटाखों का भंडारण आगजनी या विस्फोट जैसी गंभीर घटना का कारण बन सकता था। पुलिस ने पटाखे जब्त कर थाना मोतीनगर में अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

थाना प्रभारी जसवंत राजपूत के नेतृत्व में मोतीनगर पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर नजर रख रही है। पुलिस के अनुसार, लगातार दूसरे दिन लाखों रुपये के पटाखे जब्त किए गए हैं। इससे पहले भी थाना क्षेत्र में अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

सागर पुलिस की नागरिकों से अपील

सागर पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों के खिलाफ अब तक 15 से अधिक कार्रवाई की जा चुकी हैं। दीपावली के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण या विक्रय करने वालों तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें । पुलिस हेल्पलाइन नंबर: 7701055235


Share:

डेयरी विस्थापन: प्लाट मिला फिर भी नहीं हटाई डेयरी ,पांच संचालकों पर कार्रवाई : दो दिन में दस डेयरी संचालकों पर कार्रवाई

डेयरी विस्थापन: प्लाट मिला फिर भी नहीं हटाई डेयरी ,पांच संचालकों पर कार्रवाई : दो दिन में दस डेयरी संचालकों पर कार्रवाई


तीनबत्ती न्यूज: 24 अक्टूबर, 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शनिवार सुबह संत रविदास वार्ड पहुंचकर डेयरियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शहर से डेयरी विस्थापन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पांच डेयरियों के पशुओं को नगर निगम के काऊ कैचर वाहन से पकड़कर हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन स्थल भेजा गया।

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में डेयरियों पर निगम की सख्ती, पांच डेयरियों के पशु हफसिली भेजे

इन पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान टीकाराम यादव, राजू केसरवानी, रामभजन यादव, भरत यादव और रमेश पटैरिया की डेयरियों में पशु पाए गए। निगम की टीम ने मौके पर पशुओं को पकड़कर जप्ती की कार्रवाई की और पंचनामा तैयार कर उन्हें हफसिली भेज दिया।

इस दौरान टीकाराम यादव ने अपने 17 पशुओं को शाम तक तालचिरी में शिफ्ट करने का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें: डेयरी विस्थापन :प्लॉट मिलने के बाद भी शहर में डेयरी नहीं की शिफ्ट, निगम की सख्ती; 5 डेयरियों के पशु भेजे हफसिली : निगमायुक्त ने ऑटो से पहुंचकर किया निरीक्षण

भूखंड मिलने के बाद भी शहर में डेयरी संचालन पर सख्ती

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने डेयरी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि डेयरी विस्थापन परियोजना के तहत हफसिली एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर भूखंड आवंटित होने के बावजूद शहर में डेयरी संचालित करना नियमों का उल्लंघन है। नगर निगम द्वारा डेयरी संचालकों को पर्याप्त अवसर दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अब निर्देशों का पालन नहीं करने वाले डेयरी संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने, जुर्माना लगाने और नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सड़कों और आवासीय क्षेत्रों में डेयरियों से परेशानी

निगमायुक्त ने कहा कि शहर की सड़कों, गलियों और आवासीय क्षेत्रों में डेयरियों के संचालन से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। पशुओं के कारण गंदगी फैलने, यातायात बाधित होने और नागरिकों को आवागमन में परेशानी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम द्वारा डेयरियों को शहर से बाहर विस्थापित करने का अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में संचालित ऐसी डेयरियों को लगातार चिह्नित किया जाए, जिनके संचालकों को निर्धारित स्थल पर भूखंड आवंटित हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक डेयरियां स्थानांतरित नहीं की हैं। ऐसे संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Share:

कलेक्टर ने अस्पताल,मंडी व आगनबाड़ी का किया निरीक्षण: अस्पताल में जांच बाहर भेजने पर नाराजगी,BMO को नोटिस • आंगनबाड़ी में बच्चों की कम उपस्थिति पर जताई चिंता

कलेक्टर ने अस्पताल,मंडी व आगनबाड़ी का किया निरीक्षण: अस्पताल में जांच बाहर भेजने पर नाराजगी,BMO को नोटिस

• आंगनबाड़ी में बच्चों की कम उपस्थिति पर जताई चिंता

• मंडी में किसानों को पारदर्शी बोली और उचित सुविधाएं देने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 23 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शुक्रवार को बीना क्षेत्र का दौरा कर आंगनबाड़ी केंद्र, सिविल अस्पताल, कृषि उपज मंडी और प्रस्तावित अस्पताल स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सिविल अस्पताल में सेंट्रल लैब में जांच नहीं होने और मरीजों को बाहर जांच कराने भेजने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति पर कार्यकर्ता को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिविल अस्पताल में जांच बाहर कराने पर कड़ी नाराजगी, बीएमओ को नोटिस के निर्देश



कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सिविल अस्पताल बीना के निरीक्षण के दौरान सेंट्रल लैब में जांच नहीं होने और मरीजों को बाहर जांच कराने के लिए भेजे जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को विभिन्न जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके बावजूद अस्पताल में जांच नहीं होना गंभीर लापरवाही है। कलेक्टर ने इस मामले में बीएमओ एवं संबंधित स्त्री रोग विशेषज्ञ को नोटिस जारी करने और आगामी आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक जांच सिविल अस्पताल एवं सेंट्रल लैब में ही सुनिश्चित कराई जाएं तथा किसी भी मरीज को जांच के लिए बाहर नहीं भेजा जाए। उन्होंने साइंस हाउस के पिछले तीन महीने के भुगतान बिलों की रिपोर्ट भी तलब की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डॉक्टरों के ड्यूटी कक्ष का जायजा लिया और डॉक्टर, नर्स एवं अन्य स्टाफ को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने एएनसी पंजीयन कक्ष में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) की जानकारी ली। गर्भवती महिलाओं से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य, जांच और शासन से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी पूछा। कलेक्टर ने स्त्री रोग विभाग और वात्सल्य प्रसूति गृह का निरीक्षण कर भर्ती महिलाओं से दवाओं, भोजन, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने की सलाह भी दी।

आंगनबाड़ी केंद्र हिरनछिपा में बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी



कलेक्टर ने परियोजना बीना के आंगनबाड़ी केंद्र हिरनछिपा का औचक निरीक्षण किया। केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पंजीकृत बच्चों की संख्या, उपस्थिति रजिस्टर और पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज जानकारी की जांच की। कलेक्टर ने अपने सामने ही बच्चों का वजन और लंबाई मापने की प्रक्रिया कराई तथा टेक होम राशन (टीएचआर) के स्टॉक और वृद्धि निगरानी रजिस्टर का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने केंद्र में मौजूद बच्चों एवं महिलाओं से संवाद कर गर्म पका भोजन, टेक होम राशन, टीकाकरण और प्री-स्कूल शिक्षा जैसी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वितरित किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी जांची और निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।


उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र को निर्धारित समय पर खोलने और बंद करने, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के लिए नियमित गतिविधियां, खेल और पोषण वाटिका संचालित करने को कहा। कलेक्टर ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजें।


मंडी में व्यापारियों की मनमानी नहीं चलेगी, किसानों को मिलेगी पारदर्शी बोली की सुविधा


कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कृषि उपज मंडी बीना का निरीक्षण कर मंडी सचिव से अनाज की आवक, बिक्री और मंडी प्रांगण के क्षेत्रफल की जानकारी ली। उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों से चर्चा कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा तथा उड़द और सोयाबीन के भाव भी जाने।



कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मंडी में व्यापारियों की मनमानी नहीं चले और सभी कृषि उपज की नियमित एवं पारदर्शी बोली लगाई जाए। किसानों को उचित तौल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने मंडी परिसर में पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, छाया, शौचालय और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।


कलेक्टर ने किसानों से डीएपी के स्थान पर वैकल्पिक उर्वरकों जैसे एनपीके और टीएसपी के उपयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि खाद का वितरण टोकन के माध्यम से सुचारू रूप से किया जा रहा है। शीघ्र ही डीएपी की रैक आने के बाद किसानों को आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराया जा सकेगा।


प्रस्तावित अस्पताल की जमीन का हकत्याग और पहुंच मार्ग जल्द होगा क्लियर


कलेक्टर ने बीना में प्रस्तावित अस्पताल स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम बीना श्री आशीष कुमार ने प्रस्तावित अस्पताल की भूमि, क्षेत्रफल और वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।


कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित अस्पताल की जमीन का हकत्याग शीघ्र पूर्ण कराया जाए और पहुंच मार्ग को क्लियर किया जाए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के बाद अस्पताल का ले-आउट पूर्ण किया जाए। उन्होंने सीएमएचओ को अस्पताल निर्माण से संबंधित तकनीकी आवश्यकताओं का परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर के इस दौरे में स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण, कृषि उपज के व्यापार और प्रस्तावित अस्पताल निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन, मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किसानों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर और बेहतर तरीके से मिले।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम बीना श्री आशीष कुमार, सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री भरत सिंह राजपूत, तहसीलदार, मंडी सचिव तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

सागर में अवैध पटाखों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹10.50 लाख का माल जब्त

सागर में अवैध पटाखों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹10.50 लाख का माल जब्त

तीनबत्ती न्यूज: 23 अक्टूबर, 2026

सागर। दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर सागर पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना मोतीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 10 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का जायजा लेने एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: सागर में अवैध पटाखों पर प्रशासन का शिकंजा, बंडा में ₹50 हजार के पटाखे जब्त; काबाईड गन पर भी प्रतिबंध

बालाजी नगर से 10 लाख के पटाखे जब्त

मोतीनगर थाना क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित अंबेडकर वार्ड में पुलिस ने 23 खाकी कार्टून में रखे करीब 10 लाख रुपये के पटाखे जब्त किए। इनमें अनारदाना, फुलझड़ी, सुतली बम, रॉकेट और लड़ियों वाले पटाखे सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी शामिल है। इस मामले में सुनील पिता महेश शर्मा, उम्र 41 वर्ष, निवासी अंबेडकर वार्ड तथा छोटू, अरविंद पंडा और मौसम शर्मा के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 1311/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है।


सिंधी कैंप की दुकान से 50 हजार के पटाखे मिले

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने सिंधी कैंप निवासी बालचंद तलवानी की दुकान से करीब 50 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए। इनमें अनारदाना, फुलझड़ी, सुतली बम, रॉकेट और लड़ियों वाले पटाखों के पैकेट सहित अन्य आतिशबाजी शामिल है। इस मामले में अपराध क्रमांक 1112/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।


एसपी अनुराग सुजानिया ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

दोनों कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में की गईं। एसपी सुजानिया ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह और पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

पटाखा कारोबारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी

सागर पुलिस ने पटाखा व्यापारियों, अस्थायी दुकान संचालकों और फुटकर विक्रेताओं को निर्धारित नियमों, सुरक्षा मानकों तथा वैध अनुज्ञप्ति की शर्तों के अनुसार ही पटाखों का भंडारण, परिवहन और विक्रय करने की हिदायत दी है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण, अनधिकृत स्थानों पर पटाखे जमा करना, नियम विरुद्ध परिवहन और असुरक्षित स्थानों पर आतिशबाजी रखना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और अवैध सामग्री जब्त की जाएगी।


Share:

सागर में Google Pay से 42 हजार रुपए की कथित साइबर ठगी, युवक ने पुलिस में की शिकायत • बिना अनुमति / OTP के बैंक खाते से ट्रांसफर हुई राशि

सागर में Google Pay से 42 हजार रुपए की कथित साइबर ठगी, युवक ने पुलिस में की शिकायत

• बिना अनुमति / OTP के बैंक खाते से ट्रांसफर हुई राशि


तीनबत्ती न्यूज: 23 अक्टूबर, 2026

सागर। सागर निवासी अजय कुमार नायक ने अपने बैंक खाते से Google Pay के माध्यम से 42 हजार रुपए की कथित अनधिकृत निकासी और ट्रांसफर के मामले में पुलिस अधीक्षक का से शिकायत की है। उन्होंने मामले की साइबर सेल से जांच कराने, संदिग्ध लेनदेन को ट्रेस करने और राशि वापस दिलाने की मांग की है। इस आशय का आवेदन एसपी कार्यालय में दिया है। 

आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता का आरोप है कि 22 अक्टूबर 2026 को उनके मोबाइल नंबर और बैंक खाते से जुड़े Google Pay के माध्यम से 42,000 रुपए एक YAS Bank खाते में ट्रांसफर किए जाने का लेनदेन दिखाई दिया। आवेदन में संबंधित खाते के खाताधारक का नाम ‘मुसादिक’ बताया गया है।

अजय कुमार नायक ने शिकायत में कहा है कि उन्होंने किसी को भी Google Pay के माध्यम से यह राशि भेजने की अनुमति नहीं दी थी। उनके अनुसार, न तो उन्होंने किसी व्यक्ति को OTP बताया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद खाते से राशि ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई।

साइबर हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई शिकायत

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने 23 अक्टूबर 2026 को साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में शिकायत क्रमांक CYB 23102600373 का उल्लेख किया गया है। उन्होंने पुलिस से इस शिकायत के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।

बैंक खाते और यूपीआई लेनदेन की जांच की मांग

शिकायत में संबंधित YAS Bank खाते के खाताधारक, मोबाइल नंबर और UPI ID की जानकारी जुटाने, 42 हजार रुपए के लेनदेन को ट्रेस करने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित बैंक खाते को फ्रीज कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी आग्रह किया है कि यदि राशि अन्य खातों में ट्रांसफर हुई है, तो पूरे लेनदेन की मनी ट्रेल की जांच की जाए और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अजय कुमार नायक ने कहा है कि वह जांच के लिए बैंक स्टेटमेंट, Google Pay लेनदेन का स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी साक्ष्य उपलब्ध कराने को तैयार हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर 42 हजार रुपए की राशि वापस दिलाने की मांग की है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive