Editor: Vinod Arya | 94244 37885

नरयावली: 23 आंगनबाड़ी भवन और 132/33 केव्ही उपकेंद्र की मांग पर MLA प्रदीप लारिया की चर्चा

नरयावली: 23 आंगनबाड़ी भवन और 132/33 केव्ही उपकेंद्र की मांग पर MLA प्रदीप लारिया की चर्चा


तीनबत्ती न्यूज: 08 अप्रैल, 2026

भोपाल/सागर :  नरयावली विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर विधायक प्रदीप लारिया ने राजधानी भोपाल में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में 23 आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवन निर्माण एवं 132/33 केव्ही उच्च दाब विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग रखी।

विधायक लारिया ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से भेंट कर क्षेत्र के जर्जर एवं भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कई केंद्रों के भवन जर्जर होने के कारण ध्वस्त किए जा चुके हैं, जिससे संचालन में कठिनाई हो रही है। उन्होंने सागर और राहतगढ़ विकासखंड के कुल 23 केंद्रों के लिए नए भवनों की मांग रखी। इनमें  सागर विकासखंड के जर्जर व ध्वस्त हो चुके केंद्र शंकरगढ़, रतनगंज, सेमराबाग, भैंसानाका, रिछोड़ा, रुसल्ला, बाछलोन, पटकुई, तिंसुआ, कर्रापुर, आमेट, रतौना और रजौआ के नाम शामिल है। वहीं भवन विहीन केंद्र पथरियाहाट, डुंगासरा, चितौरा और किशनपुरा के लिए भी नवीन भवनों की मांग की गई है। इसी प्रकार राहतगढ़ विकासखंड के सेमरा लहरिया, देवरी, सेवारा सेवारी, तोड़ा गौतमिया, कनेरा नीखर और हनोता पारीक्षित के भवन विहीन केंद्रों के भवन बनाने का आग्रह किया गया है। इस पर मंत्री भूरिया ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से मुलाकात में विधायक लारिया ने नरयावली क्षेत्र में नए 132/33 केव्ही उच्च दाब उपकेंद्र की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मकरोनिया उपकेंद्र पर निर्भर है, जहां बढ़ते लोड के कारण ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है।

विधायक ने कहा कि नए उपकेंद्र की स्थापना से न केवल आम नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि किसानों को भी सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

ऊर्जा मंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि जल्द ही तकनीकी मूल्यांकन कराकर उपकेंद्र स्थापना की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।


Share:

सुरखी विधानसभा में विकास की नई इबारत, करोड़ों के कार्यों से बदली तस्वीर: मंत्री गोविंद राजपूत

सुरखी विधानसभा में विकास की नई इबारत, करोड़ों के कार्यों से बदली तस्वीर: मंत्री गोविंद  राजपूत


तीनबत्ती न्यूज:  8 अप्रैल 2026।

सागर: सुरखी विधानसभा क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। गांव-गांव तक सड़क, नाली, सीसी रोड, सामुदायिक भवन और अन्य जनसुविधाओं के विस्तार से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ग्राम मीरखेड़ी और कठोंदा फाजलपुर में आयोजित भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कही।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है और कम समय में ही करोड़ों रुपये के कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब अधिकांश गांवों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे ग्रामीणों का जीवन पहले से अधिक सुगम हो गया है।

मंत्री ने बताया कि ग्राम मीरखेड़ी में सामुदायिक भवन, शासकीय हाई स्कूल में फिजिक्स और केमिस्ट्री लैब तथा आंगनवाड़ी भवन के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। वहीं कठोंदा फाजलपुर में करीब 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा ग्राम रुसल्ला में सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को कई प्रकार के लाभ मिलेंगे। सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, वहीं स्कूलों में प्रयोगशालाएं बनने से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा और बरसात में कीचड़ से राहत मिलेगी।


स्कूलों को मिला करोड़ों का फर्नीचर

मंत्री ने बताया कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के गेहूंरास, बांसा, कनेरागौंड़, मीरखेड़ी, झिला, लुहर्रा, बरोदा रहली, कठोंदा, भैंसा और मिड़वासा सहित कई स्कूलों को करोड़ों रुपये का फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही पहले से ही स्मार्ट क्लास की सुविधा भी शुरू की जा चुकी है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुविधा मिल रही है।

मंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति इसी प्रकार जारी रहेगी और जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर शैलेंद्र श्रीवास्तव, ऋषभ ओसवाल, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रघुवंशी, जनपद सदस्य रामचरण, विनोद कपूर, पप्पू राय, सुरेश जाट, अरविंद सिंह टिंकू राजा, अभिशेक राय, संजीव राय, अनिल श्रीवास्तव, संजय पटैल सरपंच, अंकू चैरसिया, वीरेंद्र कुर्मी, नरेश चढ़ार, जाकिर हुसैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित राय, भगवत सिंह लोधी, खिलान सिंह, नरेंद्र लोधी, आशीष पटैल, वैभव कपूर, विपिन घोषी, प्रवीण गोस्वामी, कोमल लोधी सहित सैंकडों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। 

Share:

पद्मश्री : अखाड़ा गुरु भगवानदास रायकवार ‘दाऊ’ की अस्वस्थ्य: एम्स भोपाल में भर्ती

पद्मश्री: अखाड़ा गुरु भगवानदास रायकवार ‘दाऊ’ की अस्वस्थ्य:  एम्स भोपाल में भर्ती


तीनबत्ती न्यूज: 8 अप्रैल 2026

सागर: बुंदेलखंड की प्राचीन शस्त्र युद्ध कला ‘अखाड़ा’ के संरक्षक एवं पद्मश्री (2026) के लिए चयनित अखाड़ा गुरु भगवानदास रायकवार ‘दाऊ’ की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए सागर से AIIMS Bhopal रेफर किया गया है, जहां वे वेंटिलेटर पर जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दाऊ जी 17 मार्च से सागर के चैतन्य हॉस्पिटल में उपचाराधीन थे। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 7 अप्रैल को उन्हें भोपाल शिफ्ट किया गया। उनके पुत्र राजकुमार रायकवार ने बताया कि उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


भगवानदास रायकवार ‘दाऊ’ ने बुंदेलखंड की पारंपरिक शस्त्र कला ‘अखाड़ा’ को न केवल संरक्षित किया, बल्कि उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनकी साधना और योगदान के चलते इस लोकपरंपरा को नई पहचान मिली है।

उनकी गंभीर स्थिति की खबर से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों सहित बड़ी संख्या में लोग उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

राजकुमार का कहना है कि लोगों ने ईश्वर से कामना की है कि दाऊ जी जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटें और अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर पद्मश्री सम्मान ग्रहण करें।

Share:

Sagar: “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” का 13 वां शिविर संपन्न

Sagar: “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” का 13 वां शिविर संपन्न 


तीनबत्ती न्यूज: 8 अप्रैल 2026

सागर:  नगर निगम सागर द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” अभियान के तहत संतकबीर वार्ड में 13 वां शिविर हनुमान मंदिर के पास आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से कई का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी सहित वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी, एमआईसी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर, धमेंद्र खटीक, राजकुमार पटेल, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, श्रीमती संगीता शैलेष जैन एवं पार्षद प्रहलाद पटेल उपस्थित रहे। इस दौरान संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी को भाजपा का प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट बनाए जाने पर उनका स्वागत भी किया गया।


शिविर में समस्याओं का समाधान

महापौर ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। महापौर ने स्वच्छता पर जोर देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे घर का कचरा कचरा वाहनों में ही दें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में सागर को बेहतर स्थान मिल सके।

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि इस पहल से लोगों को तत्काल राहत मिल रही है और उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। वहीं एमआईसी सदस्य धमेंद्र खटीक ने इसे जनहितकारी पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविरों में भाग लेने की अपील की।



शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाएं एवं संपत्तिकर, जलकर सहित विभिन्न मामलों में आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को 15 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। 

शिविर में जुगल प्रजापति, महेंद्र साहू,अनुज सोनी,संतोष पंडा, नीलेश साहू,मदन अहिरवार,मयंक राय,जवाहर बाल्मीकि,भगतराम अहिरवार, धमेंद्र बंसल, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, जया श्रीवास्तव, विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार, आसिमा तिर्की, यशवंत कोष्टी, मंगल तिवारी, कौतुकेय सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे ।

Share:

गाँव चलो बस्ती चलो अभियान : भाजपा ने संविधान चौक पर चलाया स्वच्छता अभियान, वार्ड में किया जनसंपर्क

गाँव चलो बस्ती चलो अभियान : भाजपा ने संविधान चौक पर चलाया स्वच्छता अभियान, वार्ड में किया जनसंपर्क


तीनबत्ती न्यूज: 08 अप्रैल, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी 47 वें स्थापना दिवस के अंतर्गत द्वारा चलाए जा रहे “गाँव चलो, बस्ती चलो” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा सागर के धर्मश्री स्थित संविधान चौक पर वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार,शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष,मोर्चा प्रकोष्ठ के पदादिकारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थिति रहें।

भाजपा नेताओं ने संविधान चौक सहित आसपास के परिसर में साफ-सफाई कर भारत रत्न बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर जी की प्रतिमा का प्रक्षालन किया स्थानीय  नागरिकों से क्षेत्र में स्वच्छता बनाएं रखने का आग्रह किया। स्वच्छता अभियान उपरान्त भाजपा नेताओं ने अम्बेडकर वार्ड में पद यात्रा करते हुए घर-घर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क कर संवाद किया तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी एवं सरकार की उपलब्धियों से सम्बंधित साहित्य भेंट किया एवं प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से चर्चा कर उनसे फीडबैक भी लिया।



इस दौरान जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी का ‘गाँव चलो, बस्ती चलो’ अभियान केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम है। भाजपा कार्यकर्ता सेवा, स्वच्छता और संवाद के माध्यम से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया ने कहा कि “संविधान चौक पर स्वच्छता अभियान चलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों के अनुरूप स्वच्छ, जागरूक और समरस समाज का संदेश दिया है। भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव के समय जनता के बीच नहीं जाती, बल्कि निरंतर सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनती है। यही भाजपा की कार्यशैली और पहचान है।”

नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार ने कहा कि “स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जब जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन मिलकर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हैं, तब क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देता है। 

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि गांव चलो बस्ती चलो अभियान आगामी 12 अप्रैल तक चलेगा जिसमें सभी पार्टी के जनप्रतिनिधि पदाधिकारी कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि विशाल खटीक,जिला महामंत्री चैन सिंह चेतराम अहिरवार,सुमित यादव,जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया,मनीष चौबे,विक्रम सोनी निकेश गुप्ता,यश अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन,सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी,जिला मंत्री संध्या भार्गव,राहुल वैध,सह कोषाध्यक्ष सुषमा यादव,संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी अंशुल परिहार,जय सोनी,रामेश्वर नेमा, सोनू उपाध्याय,जय सोनी, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मधुकर जाटव,राहुल नामदेव नितिन सोनी,मंडल अध्यक्ष नीलम अहिरवार,मेघा दुबे,नीरज यादव, अमित बैसाखिया,प्रासुक जैन,प्रतिभा चौबे नितिन सोनी, प्रीति केसरवानी,उर्मिला सहारे,लीना रैकवार,शारदा कोरी, जय श्री रैकवार,प्रणव कनौआ, सतीश जैन,कृष्ण कुमार अहिरवार,कुलदीप खटीक,नमन समैया, पंकज भट्ट अंशुल हर्ष, दीपक दुबे राहुल पडेले, युवराज तोमर सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


  

Share:

मंत्री को बैठक में भ्रामक जानकारी देने पर सागर कमिश्नर ने प्रभारी कार्यपालन यंत्री को किया निलंबित

मंत्री को बैठक में भ्रामक जानकारी देने पर सागर कमिश्नर ने प्रभारी कार्यपालन यंत्री को किया निलंबित




तीनबत्ती न्यूज:  08 अप्रैल 2026
सागर
: सागर संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने निवाड़ी जिले के ग्राम पंचायत लहरगुंवा जनपद पंचायत पृथ्वीपुर के जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री श्री हेमन्त गुप्ता द्वारा विभागों की समीक्षा बैठक में भ्रामक जानकारी देने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

कलेक्टर जिला निवाड़ी द्वारा के माध्यम से यह लेख किया गया है कि मंत्री सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग मध्यप्रदेश शासन एवं प्रभारी मंत्री जिला निवाड़ी  नारायण सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में दिनांक 06- अप्रैल 2026 को आयोजित समस्त विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान श्री हेमन्त गुप्ता प्रभारी कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत लहरगुंवा जनपद पंचायत पृथ्वीपुर में नहर की लगभग 01 कि.मी. सफाई की जानकारी प्रस्तुत की गई। उक्त कार्य का स्थल निरीक्षण किये जाने पर स्थल पर कोई कार्य होना नहीं पाया गया एवं उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्राम वासियों द्वारा भी नहर सफाई का कार्य न होना एवं नहर में पानी नही छोड़ना बताया गया। श्री गुप्ता से कार्य के संबंध में पूछे जाने पर उनके द्वारा निरंतर भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की गई।

कलेक्टर जिला निवाडी से प्राप्त प्रस्ताव दिनांक 06-04-2026 के अवलोकन एवं परिशीलन उपरांत श्री हेमन्त गुप्ता प्रथम दृष्ट्या दोषी प्रतीत हो रहे है। अतएव श्री गुप्ता द्वारा किया गया उक्त कृत्य अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता, लापरवाही व अनुशासनहीनता का द्योतक होकर म०प्र० सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम  उल्लंघन है। अतएव म०प्र० सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 अन्तर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने श्री गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
Share:

सागर जिले में तहसीलदार, प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के कार्यभार में फेरबदल

सागर जिले में तहसीलदार, प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के कार्यभार में फेरबदल


तीनबत्ती न्यूज: 08 अप्रैल 2026
सागर
: प्रशासकीय कार्य की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री संदीप जी आर द्वारा जिले में पदस्थ तहसीलदार, प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार सुश्री ऋतु राय, प्रभारी तहसीलदार को तहसीलदार खुरई, डॉ राकेश अहिरवार, तहसीलदार को अधीक्षक भू-अभिलेख, श्री देवी प्रसाद चकवती, तहसीलदार को तहसीलदार केसली, श्री विजयकांत त्रिपाठी, प्रभारी तहसीलदार को तहसीलदार शाहगढ़, श्री कैलाश कुर्मी, प्रभारी तहसीलदार को अपर तहसीलदार (कार्यपालिक मजिस्ट्रेट) तहसील कार्यालय सागर नगर, श्री हरीश लालवानी, नायब तहसीलदार को नायब तहसीलदार केसली किया गया स्थानांतरण निरस्त कर सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, श्री ज्ञानचंद्र राय, प्रभारी नायब तहसीलदार को नायब तहसीलदार बण्डा, श्री हरिओम नायक प्रभारी नायब तहसीलदार को नायब तहसीलदार खुरई, श्री रतन सिंह गौड़, प्रभारी नायब तहसीलदार को नायब तहसीलदार केसली, श्री सुशील खरे प्रभारी नायब तहसीलदार को नायब तहसीलदार गढ़ाकोटा का कार्यभार सौंपा गया। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है।
Share:

MP: नगरपालिका के बाबू को 25 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा लोकायुक्त पुलिस ने

MP: नगरपालिका के बाबू को 25 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा लोकायुक्त पुलिस ने


तीनबत्ती न्यूज: 08 अप्रैल,2026

नरसिंहपुर। बुधवार को नरसिंहपुर नगर पालिका कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के बाबू संजय तिवारी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

____________

खबर का वीडियो देखने क्लिक करे

नरसिंहपुर : नगरपालिका के बाबू को 25 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा लोकायुक्त पुलिस ने

_____________

52 हजार रुपए मांगते थे क्लर्क ने

मिली जानकारी के अनुसार, भीष्म नारायण नामक व्यक्ति ने 1 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि निर्माण कार्य की अमानत राशि वापस करने के एवज में बाबू संजय तिवारी द्वारा 52 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जो बाद में 38 हजार रुपये में तय हुई।

यह भी पढ़ेंSagar Crime: छेड़छाड़ से परेशान कक्षा 09 वीं की दलित छात्रा ने लगाई आग : अस्पताल में भर्ती ▪️छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस में करने के बाद पिता के साथ मारपीट की थी आरोपियों ने : मारपीट की घटना से सहमी बेटी ने लगाई की आग

लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता को 25 हजार रुपये लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही संजय तिवारी ने रिश्वत की राशि ली, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त इंस्पेक्टर बृजमोहन नरवरिया के अनुसार आरोपी पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही 




Share:

www.Teenbattinews.com

Archive