नरयावली: 23 आंगनबाड़ी भवन और 132/33 केव्ही उपकेंद्र की मांग पर MLA प्रदीप लारिया की चर्चा
भोपाल/सागर : नरयावली विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर विधायक प्रदीप लारिया ने राजधानी भोपाल में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में 23 आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवन निर्माण एवं 132/33 केव्ही उच्च दाब विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग रखी।
विधायक लारिया ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से भेंट कर क्षेत्र के जर्जर एवं भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कई केंद्रों के भवन जर्जर होने के कारण ध्वस्त किए जा चुके हैं, जिससे संचालन में कठिनाई हो रही है। उन्होंने सागर और राहतगढ़ विकासखंड के कुल 23 केंद्रों के लिए नए भवनों की मांग रखी। इनमें सागर विकासखंड के जर्जर व ध्वस्त हो चुके केंद्र शंकरगढ़, रतनगंज, सेमराबाग, भैंसानाका, रिछोड़ा, रुसल्ला, बाछलोन, पटकुई, तिंसुआ, कर्रापुर, आमेट, रतौना और रजौआ के नाम शामिल है। वहीं भवन विहीन केंद्र पथरियाहाट, डुंगासरा, चितौरा और किशनपुरा के लिए भी नवीन भवनों की मांग की गई है। इसी प्रकार राहतगढ़ विकासखंड के सेमरा लहरिया, देवरी, सेवारा सेवारी, तोड़ा गौतमिया, कनेरा नीखर और हनोता पारीक्षित के भवन विहीन केंद्रों के भवन बनाने का आग्रह किया गया है। इस पर मंत्री भूरिया ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से मुलाकात में विधायक लारिया ने नरयावली क्षेत्र में नए 132/33 केव्ही उच्च दाब उपकेंद्र की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मकरोनिया उपकेंद्र पर निर्भर है, जहां बढ़ते लोड के कारण ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है।
विधायक ने कहा कि नए उपकेंद्र की स्थापना से न केवल आम नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि किसानों को भी सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि जल्द ही तकनीकी मूल्यांकन कराकर उपकेंद्र स्थापना की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें