Editor: Vinod Arya | 94244 37885

प्रवास, संवाद और संपर्क से पार्टी का कार्य विस्तार करें : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ▪️भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन

प्रवास, संवाद और संपर्क से पार्टी का कार्य विस्तार करें : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह

▪️भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन


तीनबत्ती न्यूज: 09 अप्रैल, 2026

खुरई। पार्टी के कार्य विस्तार का मूल मंत्र प्रवास, संवाद और संपर्क है। इसके लिए सभी मंडल अध्यक्षों को अपने कार्यक्षेत्र के बड़े ग्रामों में प्रतिमाह आसपास के सात-आठ ग्रामों के कार्यकर्ताओं को बुलाकर एक दिवसीय बैठकें आयोजित करना चाहिए, जिनमें श्रमदान, सेवाकार्य, टिफिन बैठकें, ग्राम संपर्क जैसे कार्यक्रम पाँच-छह घंटों में चलें। ऐसी प्रत्येक बैठक में मैं स्वयं अपनी उपस्थिति दूंगा। यह मार्गदर्शन पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने यहां आयोजित भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के षष्ठम सत्र में वर्ग अतिथि वक्ता के रूप में “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि“ विषय पर अपने उद्बोधन में दिया।


पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनेक महत्वपूर्ण व्यवहारिक सीखें दीं। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है जो अपने कार्यकर्ताओं के निर्माण के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है। इन वर्गों में अनुशासित, चरित्रवान और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है। उन्होंने बताया कि पार्टी के विस्तार के लिए कार्यकर्ता, कार्यालय, कार्यक्रम, कोष और कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया अपरिहार्य होती है। भाजपा व्यक्ति-आधारित दल नहीं, विचारधारा-आधारित दल है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक पार्टी ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे, अपनी सरकारें खो दीं, लेकिन कभी विचारधारा से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक यात्रा में हमारे लाखों जननेताओं और निर्दोष कार्यकर्ताओं ने प्रताड़नाएं सहीं, महीनों जेलें काटीं, बलिदान किया, लेकिन पार्टी और हमारे नेताओं ने कभी विचारधारा से समझौता नहीं किया।

पूर्व गृहमंत्री  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सत्ता कभी भाजपा की प्राथमिकता नहीं रही, हमारी प्राथमिकता राष्ट्र है। भाजपा ने कभी राम मंदिर और धारा 370 जैसे मुद्दों पर समझौता नहीं किया और लगातार संघर्ष किया। जब देश की जनता ने यह विश्वास किया कि भाजपा ही विचारधारा, मूल्यों और राष्ट्रवाद पर चलने तथा इनसे समझौता नहीं करने वाली पार्टी है, तब हम उस स्थिति तक पहुंचे हैं कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन सके। भाजपा ने पंचनिष्ठाओं के आधार पर राजनीति की है। हम सब गौरवशाली हैं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जीवन में लोक संस्कृति के अनुरूप सादगी और समर्पण हो। जिस ग्राम, परिवेश में जाएं, वहां की वेशभूषा और बोली-भाषा में संवाद करें। अनावश्यक व्यय और धन-वैभव के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि योग्यता व चरित्र से कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का पतन कार्य की अधिकता से नहीं, कार्य की अनियमितता से होता है, इसलिए अनुशासित और व्यवस्थित जीवन शैली अपनाएं। बूथ के कार्यकर्ताओं को नाम से पहचानिए, जिससे आत्मीयता और संवाद बढ़ता है। कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपते रहें, जिससे नेतृत्व निर्माण हो और नए कार्यकर्ताओं का प्रवाह बना रहे। भाजपा के कार्यकर्ता की पहचान सेवा भावना, धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने, योग्य संत-महात्माओं के आदर-सम्मान से है। राजनीति और वोट के अलावा ये सभी गतिविधियां भाजपा के कार्यकर्ताओं की अलग पहचान बनाती हैं। पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने 1985 में विदिशा जिले के घटेरा गांव में लगे भाजयुमो के प्रदेश स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि उन तीन दिनों में सुबह 5 से 7 बजे तक दो घंटे के श्रमदान में हम कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क से घटेरा गांव को जोड़ने वाली डेढ़ किलोमीटर की सड़क श्रमदान से बनाई, तो ग्रामवासियों ने गाजे-बाजे के साथ हम कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और उस गांव में तब से आज तक भाजपा चुनाव में नहीं हारी। उन्होंने कहा कि खुरई में भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से एक दिन में 65 हजार वृक्ष लगाने की घटना प्रदेश का रिकॉर्ड है। लगाए गए उन वृक्षों से आज भी जुड़िए, उनकी सेवा करते हुए कभी-कभार सोशल मीडिया पर पोस्ट डालिए, इन सबका जनता में सकारात्मक संदेश जाता है, जिसका लाभ पार्टी को, समाज को और अंततः आपको मिलता है।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के छठे सत्र में जनसंघ के समय से कार्य कर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता वीर सिंह ठाकुर उर्दोना ने अध्यक्षता की। अध्यक्ष व अतिथि वक्ता का स्वागत खुरई नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी व रविंद्र सिंह ठाकुर ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।


पूर्वमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने स्वागत में मिले दो कूलर जरूरतमंद महिलाओं को भेंट किए



प्रशिक्षण वर्ग में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह का स्वागत अवध पैलेस के संचालक दुबे परिवार ने फूल-मालाओं के स्थान पर दो नए कूलरों से किया। पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने स्वागत में मिले दोनों कूलर खुरई के ही अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड निवासी सुनीता अहिरवार और ज्ञान बाई बंसल को भेंट कर दिए। ये दोनों महिलाएं अनुसूचित जाति मोर्चा की भाजपा कार्यकर्ता थीं, जो प्रशिक्षण वर्ग में हिस्सा लेने आई थीं।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive