भाजपा मीडिया विभाग की बैठक में शामिल हुए रिशांक तिवारी, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट का पदभार ग्रहण
तीनबत्ती न्यूज : 06 अप्रैल ,2026
भोपाल : भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के मीडिया विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय, भोपाल में आयोजित की गई। इस बैठक में युवा नेता रिशांक तिवारी ने सहभागिता करते हुए आधिकारिक रूप से प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई इस बैठक में संगठन की भावी मीडिया रणनीति और जनसंपर्क तंत्र को सुदृढ़ करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेखांकित किया कि मीडिया विभाग संगठन की वैचारिक सुदृढ़ता और सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक संप्रेषित करने वाला सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे तथ्यों की प्रमाणिकता और प्रभावी संवाद के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएं।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने संबोधन में संगठनात्मक मजबूती में मीडिया विभाग की भूमिका को अहम बताते हुए समन्वय, अनुशासन एवं सक्रियता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान दें।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संगठनात्मक कार्यपद्धति, संरचना एवं दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासित एवं लक्ष्य आधारित कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यकर्ताओं को 'रिजल्ट' देने वाली कार्यशैली अपनाने का मंत्र दिया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को मीडिया प्रबंधन, समन्वय, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के प्रभावी उपयोग तथा संगठन के विचारों के व्यापक प्रसार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया विभाग संगठन की आवाज को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर रिशांक तिवारी ने वरिष्ठ नेतृत्व से सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने कहा कि उन पर जो विश्वास व्यक्त कर यह महती जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में वे सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और पार्टी की विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश भर से आए प्रवक्ता, पैनलिस्ट एवं मीडिया विभाग के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, ऊर्जा एवं संगठनात्मक एकजुटता का वातावरण देखने को मिला।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें