Sagar: “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” का 13 वां शिविर संपन्न
तीनबत्ती न्यूज: 8 अप्रैल 2026
सागर: नगर निगम सागर द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” अभियान के तहत संतकबीर वार्ड में 13 वां शिविर हनुमान मंदिर के पास आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से कई का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी सहित वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी, एमआईसी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर, धमेंद्र खटीक, राजकुमार पटेल, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, श्रीमती संगीता शैलेष जैन एवं पार्षद प्रहलाद पटेल उपस्थित रहे। इस दौरान संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी को भाजपा का प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट बनाए जाने पर उनका स्वागत भी किया गया।
शिविर में समस्याओं का समाधान
महापौर ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। महापौर ने स्वच्छता पर जोर देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे घर का कचरा कचरा वाहनों में ही दें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में सागर को बेहतर स्थान मिल सके।
वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि इस पहल से लोगों को तत्काल राहत मिल रही है और उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। वहीं एमआईसी सदस्य धमेंद्र खटीक ने इसे जनहितकारी पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविरों में भाग लेने की अपील की।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाएं एवं संपत्तिकर, जलकर सहित विभिन्न मामलों में आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को 15 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
शिविर में जुगल प्रजापति, महेंद्र साहू,अनुज सोनी,संतोष पंडा, नीलेश साहू,मदन अहिरवार,मयंक राय,जवाहर बाल्मीकि,भगतराम अहिरवार, धमेंद्र बंसल, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, जया श्रीवास्तव, विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार, आसिमा तिर्की, यशवंत कोष्टी, मंगल तिवारी, कौतुकेय सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे ।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें