Editor: Vinod Arya | 94244 37885

पटवारी जी, 'झूठ' बोलने से पहले आईना देख लेती कांग्रेस; किसानों के नहीं, अपने 'अस्तित्व' की लड़ाई लड़ रहे हैं आप: श्याम तिवारी ,भाजपा जिला अध्यक्ष

पटवारी जी, 'झूठ' बोलने से पहले आईना देख लेती कांग्रेस; किसानों के नहीं, अपने 'अस्तित्व' की लड़ाई लड़ रहे हैं आप: श्याम तिवारी ,भाजपा जिला अध्यक्ष 

तीनबत्ती न्यूज: 09 अप्रैल, 2026

​सागर।  भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पटवारी जी को "झूठ" शब्द का इस्तेमाल करने से पहले अपनी पार्टी के काले इतिहास को देख लेना चाहिए। जिस कांग्रेस ने दशकों तक किसानों को सिर्फ 'वोट बैंक' समझा, आज वही हमदर्द बनने का ढोंग कर रही है।

जिला अध्यक्ष श्री तिवारी ने पटवारी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ​केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी ने संसद में जो आंकड़े रखे हैं,वे पूरी तरह तथ्यों पर आधारित हैं। कांग्रेस शासनकाल के ऊँट के मुँह में जीरे समान कृषि बजट और आज के भव्य बजट की तुलना ही बता देती है कि कौन सच बोल रहा है और कौन किसानों का असली हितैषी है।


​उन्होने कहा कि पटवारी जी किसानों को उकसाने से पहले यह जवाब दें कि कमलनाथ सरकार के '10 दिन में कर्ज माफी' के वादे का क्या हुआ? कांग्रेस ने किसानों को कर्ज माफी के नाम पर बरगलाया और उन्हें डिफाल्टर बनाने का पाप किया। यहाँ तक कि 'किसान सम्मान निधि' जैसी लाभकारी योजना में भी कांग्रेस सरकार ने रोड़े अटकाए थे।

उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश को लगातार मिल रहे 'कृषि कर्मण पुरस्कार' इस बात का प्रमाण हैं कि भाजपा सरकार में उत्पादन के नए कीर्तिमान रचे गए हैं। शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, सिंचाई के रकबे में ऐतिहासिक वृद्धि और गेहूँ-धान की रिकॉर्ड खरीदी ने खेती को लाभ का धंधा बनाया है। 

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार हर वर्ग के  विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। सरकार खरीदी केंद्रों से लेकर वारदाने तक की व्यवस्था को लेकर मजबूती से काम कर रही है । मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट कहना है कि किसानों की मेहनत को सम्मान उपज को मिलेगा बेहतर दाम। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन ₹2625 प्रति क्विंटल की दर से खरीदी होगी और किसानो के खाते में पैसा जायेगा।

साथ ही उन्होने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि जीतू पटवारी अपनी सभाओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खड़ा कर उन्हें किसान बताते हैं। यह लड़ाई किसानों के पेट या हक की नहीं, बल्कि कांग्रेस के खत्म होते राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की छटपटाहट है। जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने के बाद अब जीतू पटवारी किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश का किसान जागरूक है और वह कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive