Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Sagar News: सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा ने FICCI ARISE Awards 2026 में जीता राष्ट्रीय प्रथम स्थान

सागर के गढ़ाकोटा के सांदीपनि विद्यालय ने 700 से अधिक विद्यालयों को पीछे छोड़ ‘फ्यूचर रेडी स्किल एजुकेशन’ श्रेणी में हासिल किया पहला स्थान


तीनबत्ती न्यूज:  28 सितंबर 2026

सागर। शासकीय सांदीपनि विद्यालय, गढ़ाकोटा ने शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय ने FICCI ARISE Awards 2026 में ‘फ्यूचर रेडी स्किल एजुकेशन’ श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय इस श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने वाला मध्यप्रदेश और देश का प्रथम शासकीय विद्यालय बना है। पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव ने इस उप्लब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी है। 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 25 और 26 सितंबर को आयोजित ARISE Learning Festival के दौरान विद्यालय को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालय की ओर से प्राचार्य शिव सिंह ठाकुर, कार्यालय प्रभारी जयकांत खरे, कार्यक्रम प्रभारी मोहित समाधिया और शिक्षक प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह लोधी ने सम्मान ग्रहण किया।

700 से अधिक विद्यालयों के बीच चयन

राष्ट्रीय सम्मान के लिए देशभर के 700 से अधिक विद्यालयों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की गई। प्रारंभिक चरण में विद्यालयों के दस्तावेज, गतिविधियों और उपलब्धियों का परीक्षण किया गया। इसके बाद चयनित विद्यालय अंतिम चरण के लिए आगे बढ़े।

12 सितंबर को नई दिल्ली स्थित FICCI मुख्यालय में पांच सदस्यीय राष्ट्रीय विशेषज्ञ ज्यूरी के समक्ष सांदीपनि विद्यालय की ओर से प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सहभागिता, नवाचार, तकनीकी संसाधनों और कौशल आधारित शिक्षा से जुड़े कार्यों के प्रमाण प्रस्तुत किए गए।


‘उत्कर्ष’ पत्रिका से ICT लैब तक नवाचार

विद्यालय के प्रस्तुतीकरण में ‘उत्कर्ष’ हस्तलिखित पत्रिका, ICT लैब, शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां, विभिन्न क्लब, प्रोजेक्ट कार्य और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को प्रमुखता से शामिल किया गया।

विद्यालय में विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास, नई तकनीकों, नवाचार आधारित शिक्षण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

प्राचार्य ने बताया टीमवर्क का परिणाम

विद्यालय के प्राचार्य शिव सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों का निरंतर सीखना और विद्यार्थियों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों में बदलाव जरूरी है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में इसी दृष्टिकोण के साथ विभिन्न गतिविधियों, परियोजनाओं और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। विद्यालय की टीम द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिसका परिणाम इस सम्मान के रूप में सामने आया।

प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। इससे शिक्षकों और विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

दिल्ली में जुटे शिक्षा और नवाचार क्षेत्र के विशेषज्ञ

ARISE Learning Festival में देश-विदेश से शिक्षा और नवाचार क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल हुए। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा विशेषज्ञ पैट्रिक देहरम, निकोल ब्लेंचर्ड, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शिखर धवन, ARISE अध्यक्ष अनुरभ सिंह, FICCI के वरिष्ठ निदेशक राजेश पंकज तथा नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन से जुड़े दीपक बागला सहित शिक्षाविद और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के बाद सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा के शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सम्मान को शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, नवाचार और टीम भावना का परिणाम बताया है।

Share:

Sagar News: कलेक्ट्रेट में भौतिक फाइलों पर रोक, अब सिर्फ e-Office से होगा काम :आदेश की अवहेलना पर होगी कार्रवाई

सागर कलेक्ट्रेट में अब सिर्फ ई-ऑफिस से चलेंगी फाइलें, भौतिक फाइलों पर रोक

• आदेश की अवहेलना पर शाखा प्रभारी के खिलाफ होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई


तीनबत्ती न्यूज: 28 सितंबर 2026

सागर। कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए ई-ऑफिस (e-Office) प्रणाली का उपयोग अब अनिवार्य कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने निर्देश दिए हैं कि कलेक्ट्रेट की सभी शाखाओं से संबंधित फाइलें, प्रस्ताव और पत्राचार केवल ई-ऑफिस के माध्यम से ही प्रस्तुत और प्रेषित किए जाएं।

कलेक्टर के आदेश के अनुसार भविष्य में किसी भी शाखा की भौतिक यानी हार्डकॉपी फाइल स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी शाखा प्रभारी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।


अधिकांश शाखाओं में अभी भी चल रही थीं भौतिक फाइलें


आदेश में कहा गया है कि पूर्व में भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि प्रत्येक शाखा से संबंधित फाइलें, प्रस्ताव एवं पत्राचार केवल ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर के माध्यम से डिजिटल रूप में प्रस्तुत किए जाएं। इसके बावजूद संज्ञान में आया है कि कलेक्ट्रेट की अधिकांश शाखाओं द्वारा अभी भी फाइलें भौतिक रूप में प्रेषित की जा रही हैं।


इसे प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कलेक्टर ने सभी शाखा प्रभारियों को ई-ऑफिस व्यवस्था का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी शाखा प्रभारी अपने-अपने कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। निर्देशों की अवहेलना या भौतिक फाइल के माध्यम से कार्य किए जाने की स्थिति में संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था से कलेक्ट्रेट में फाइलों की डिजिटल ट्रैकिंग, समयबद्ध निस्तारण और कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने का उद्देश्य है।

Share:

Sagar News: कटरा बाजार में जैन महिला के सोने के जेवर छीनने की घटना: सीसीटीवी में दिखे महिला के साथ आरोपी

Sagar News: कटरा बाजार में जैन महिला के सोने के जेवर छीनने की घटना: सीसीटीवी में दिखे महिला के साथ आरोपी


तीनबत्ती न्यूज: 28 सितम्बर, 2026

सागर। कटरा बाजार क्षेत्र में दो अज्ञात युवकों द्वारा एक महिला के पहने हुए सोने के जेवर जबरन छीनकर भागने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में महिला ने कोतवाली थाना प्रभारी को आवेदन देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जेवर बरामद कराने की मांग की है।

पीड़ित महिला के साथ दिखे आरोपी सीसीटीवी में

आवेदन के अनुसार, सपना जैन, पत्नी राकेश कुमार जैन, निवासी जैन महिला आश्रम, सरस्वती मंदिर, बड़ा बाजार, सागर ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह किसी कार्य से कटरा बाजार गई थीं। यूनियन बैंक के पास दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।

महिला का आरोप है कि दोनों युवकों ने उन्हें डराया-धमकाया और उनके गले में पहने हुए सोने के जेवर, जिनका कुल वजन करीब 50 ग्राम बताया गया है, जबरन छीन लिए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला को बातों में लगाकर दो युवक कटरा तक आए। इसके बाद गहना लेकर भाग निकले। इनके चेहरे सीसीटीवी में घर से लेकर कटरा तक के सीसीटीवी फुटेज में दिखे है। 


आवेदन में महिला ने छीने गए जेवरों का विवरण देते हुए बताया कि इनमें सोने की पुस्सी, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी और दो काले मोतियों की माला शामिल हैं।

महिला ने आवेदन में कहा है कि घटना के बाद वह बेहद डरी और सहमी हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान एवं जेवर बरामद करने की मांग की है।

महिला ने आवेदन में अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया है और 27 सितंबर 2026 को आवेदन थाना कोतवाली में प्रस्तुत किया गया।


Share:

वोट चोरी के खिलाफ युवा कांग्रेस का आंदोलन, नरयावली से पैदल मार्च शुरू

वोट चोरी के खिलाफ युवा कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन शुरू:  पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन

तीनबत्ती न्यूज: 27 सितम्बर, 2026

सागर। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस के आह्वान पर सागर जिला युवा कांग्रेस ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत नरयावली विधानसभा क्षेत्र से की। जिला ग्रामीण कांग्रेस के निर्देशन में युवा कांग्रेस नरयावली विधानसभा के तत्वावधान में रजाखेड़ी बजरिया के समीप से मकरोनिया चौराहे तक पैदल मार्च निकाला गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर तथा हाथों में जंजीर बांधकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने, उनके कार्यकाल और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने साधा भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर निशाना

मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और नियोजित तरीके से की गई कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो और उनके पूरे कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

उन्होंने नरयावली विधानसभा सहित सागर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में जोड़े और हटाए गए नामों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत की पवित्रता और मतदाता के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला ग्रामीण कांग्रेस के संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक चुनाव की बुनियाद है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जिला ग्रामीण कांग्रेस के महामंत्री एवं युवा कांग्रेस प्रभारी अशरफ खान ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ युवा कांग्रेस का आंदोलन सागर जिले में प्रभावी रूप से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जवाबदेही और कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।


युवा कांग्रेस ने कहा—चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा आंदोलन

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए मैदान में उतरी है। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन के माध्यम से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच और जवाबदेही की मांग जनता के बीच रखी जाएगी। 

युवा कांग्रेस नरयावली विधानसभा अध्यक्ष रोहित वर्मा ने कहा कि नरयावली विधानसभा से आंदोलन की शुरुआत की गई है। 

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अक्षय दुबे, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, रवि उमाहिया, आर.आर. पारासर, जतिन चौकसे, एडवोकेट राजेश दुबे, अवधेश सिंह, सुरेंद्र सिंह चावड़ा, पुरुषोत्तम शिल्पी, मनोज राय, राजा बुंदेला, साहित्य पांडेय, समीर मकरानी, दुर्गेश अहिरवार, जय पारासर, विजय पारासर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश राय, देवेंद्र पटेल, अशोक कुशवाहा, अनिल कुर्मी, हरगोविंद कुर्मी, कोमल सिंह, अरविंद मिश्रा, मोतीलाल पटेल, विक्रम सिंह, कमल रैकवार, संजय रोहिदास, प्रेम नारायण अहिरवार, राम बहादुर कुर्मी, पार्षद मोहन अहिरवार, अजय अहिरवार, गौतम चंद, कदम सिंह, कल्याण सिंह, मजहर हाशमी, अफजल खान, समीर काजी, महेश सेन, अजय बुंदेले, नरेंद्र रैकवार, अमित बाल्मीकि, सुभाष रोहित, अंकुर यादव, अन्नू घोषी, रेवाराम रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share:

Sagar News : शहर कांग्रेस सेवादल का मासिक ध्वज वंदन कार्यक्रम संपन्न

Sagar News : शहर कांग्रेस सेवादल का मासिक ध्वज वंदन कार्यक्रम संपन्न

• शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप, अंशुल शर्मा बोले :युवा डरने वाले नहीं

तीनबत्ती न्यूज: 27 सितम्बर, 2026

सागर। शहर सेवादल परिवार का मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम विश्वविद्यालय मार्ग स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के समक्ष उद्यान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष, डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं एनएसयूआई से जुड़े अंशुल शर्मा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का आयोजन शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे ने किया तथा संचालन द्वारका चौधरी ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंशुल शर्मा ने भाजपा सरकार पर शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासन में शिक्षण संस्थानों में दमन देखने को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्तियां मेरिट के आधार पर न होकर सिफारिशों के आधार पर की जा रही हैं।अंशुल शर्मा ने कहा, “नियुक्तियां मेरिट के आधार पर नहीं, बल्कि सिफारिशों के आधार पर हो रही हैं। भाजपा के जिला अध्यक्ष कुलगुरु बनाए जा रहे हैं और शिक्षण संस्थानों को राजनीतिक विचारधारा का केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि छात्र और युवा इस तरह के दबाव से डरने वाले नहीं हैं। अंशुल शर्मा ने कहा, “हमने 200 साल तक शासन करने वाले अंग्रेजों को देश से बाहर कर दिया था, ये तो 15 साल से सत्ता में आए लोग हैं। इनसे डरने का सवाल ही नहीं है।”

उन्होंने लोकतंत्र में जनता की ताकत को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं और युवाओं से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए अब बस एक आखिरी धक्का देने की जरूरत है।”

नई पीढ़ी डरने वाली नहीं : महक राय

जिला महासचिव महक राय ने कहा कि जैन जी आंदोलन में शामिल विद्यार्थियों को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार के डर का परिणाम बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा सरकार से इस्तीफे की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

मृतकों की आत्मा की शांति के लिए रखा मौन

कार्यक्रम के अंत में बंडा शराब कांड में मृत व्यक्तियों तथा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र राजे की माता श्रीमती सिया रानी और नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. प्रभुदयाल बिल्थरिया के भाई सुखदेव बिल्थरिया के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में सेवादल के प्रदेश महासचिव विजय साहू सहित जितेंद्र रोहन, हरिश्चन्द सोनवार, प्रेमनारायण विश्वकर्मा, योगराज कोरी, ऋचा सिंह, वसीम खान, शिवशंकर यादव, संजय रोहिदास, दीपक कुर्मी, रूपनारायण यादव, नितिन पचौरी, कल्लू पटेल, प्रदीप तिवारी, रामशंकर सेन, गोपीलाल यादव, रजिया खान, गजेंद्र दुबे, बीपी यादव, लाखन, फहीम अंसारी, लकी पंडा, परख शुक्ला, अंकुर यादव, अमर श्रीवास्तव, अन्नू घोसी, पंकज सोनी, मृत्युंजय सूर्यवंशी, पूनम रैकवार, निकिता तिवारी, प्रसून पटेल, पारस साहू, विशाल चौबे, कपिल यादव, कुंवर अभिनव, योगेश यादव, संदीप यादव, ऋषभ पंथी, मनीष घोषी, गिर्राज अहिरवार, मेदांश शर्मा, सत्येंद्र अहिरवार, सूर्येश शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

28 सितंबर को मध्य भारत में इक्वीलक्स, दिन-रात होंगे लगभग 12-12 घंटे

घड़ी मिला लीजिए: प्रकृति करेगी टाइम-मैनेजमेंट: मध्य भारत में 28 सितंबर को दिन-रात लगभग बराबर


• 23 सितंबर के इक्वीनॉक्स के बाद अब आएगा इक्वीलक्स, मध्य प्रदेश के कई शहरों में करीब 12 घंटे का दिन और 12 घंटे की रात

• सारिका घारू



तीनबत्ती न्यूज: 27 सितम्बर, 2026

भोपाल। आमतौर पर माना जाता है कि 23 सितंबर को दिन और रात बराबर होते हैं, लेकिन खगोलीय गणना के अनुसार वास्तविक रूप से सूर्योदय से सूर्यास्त तक की अवधि लगभग 12 घंटे होने की स्थिति कुछ दिन बाद आती है। मध्य भारत के कई हिस्सों में यह स्थिति 28 सितंबर 2026 को देखने को मिलेगी। इसे इक्वीलक्स (Equilux) कहा जाता है।


राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त खगोल विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि 23 सितंबर के आसपास होने वाली खगोलीय घटना इक्वीनॉक्स (Equinox) है, जबकि किसी स्थान पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक का समय लगभग 12 घंटे होने की स्थिति को इक्वीलक्स कहा जाता है। मध्य भारत के कई शहरों में 28 सितंबर को दिन की अवधि लगभग 12 घंटे होने जा रही है।


क्या होता है इक्वीनॉक्स?

सारिका घारू के अनुसार, इक्वीनॉक्स वह खगोलीय स्थिति है, जब सूर्य की किरणें पृथ्वी की भूमध्य रेखा पर सीधे पड़ती हैं। इस समय पृथ्वी के दोनों गोलार्धों में दिन और रात की अवधि लगभग बराबर होने की स्थिति बनती है।

हालांकि, सूर्योदय और सूर्यास्त की गणना में सूर्य के ऊपरी किनारे, वायुमंडलीय अपवर्तन तथा अन्य खगोलीय कारणों का प्रभाव होता है। इसलिए किसी स्थान पर वास्तविक 12 घंटे का दिन और 12 घंटे की रात इक्वीनॉक्स के दिन ही हो, यह जरूरी नहीं है।


इक्वीनॉक्स और इक्वीलक्स में अंतर

इक्वीनॉक्स मुख्य रूप से पृथ्वी की कक्षा में सूर्य की स्थिति से जुड़ी खगोलीय घटना है, जबकि इक्वीलक्स किसी विशेष स्थान पर दिन की वास्तविक अवधि लगभग 12 घंटे होने से संबंधित है। यही वजह है कि 23 सितंबर के इक्वीनॉक्स के कुछ दिन बाद मध्य भारत में दिन और रात की अवधि लगभग बराबर दिखाई देती है।


मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में 28 सितंबर की स्थिति


शहर| सूर्योदय| सूर्यास्त| दिन की अवधि

भोपाल| सुबह 6:10 बजे| शाम 6:10 बजे| 11 घंटे 59 मिनट 59 सेकंड

नर्मदापुरम| सुबह 6:09 बजे| शाम 6:09 बजे| 12 घंटे 00 मिनट 08 सेकंड

रायसेन| सुबह 6:09 बजे| शाम 6:09 बजे| 11 घंटे 59 मिनट 58 सेकंड

छिंदवाड़ा| सुबह 6:04 बजे| शाम 6:04 बजे| 12 घंटे 00 मिनट 20 सेकंड

आंकड़ों के मुताबिक इन शहरों में 28 सितंबर को दिन की अवधि लगभग 12 घंटे रहेगी। कहीं यह कुछ सेकंड कम तो कहीं कुछ सेकंड अधिक होगी। यानी प्रकृति का यह 'टाइम-मैनेजमेंट' घड़ी की सुई के बेहद करीब नजर आएगा।


50-50 की हिस्सेदारी जैसा नजारा


28 सितंबर को मध्य भारत के इन हिस्सों में दिन और रात की अवधि में अंतर बेहद कम रहेगा। इसे आम भाषा में कहा जा सकता है कि न धूप का हिस्सा ज्यादा होगा और न रात का—दोनों लगभग बराबर हिस्सेदारी में होंगे।

सारिका घारू के अनुसार, यह घटना इस बात का सुंदर उदाहरण है कि खगोलीय घटनाओं को समझने के लिए केवल तारीख नहीं, बल्कि स्थान, सूर्योदय-सूर्यास्त का समय और खगोलीय गणना भी महत्वपूर्ण होती है।

Share:

सेवा और विकसित भारत के संकल्प का संदेश लेकर सागर पहुंची सेवा संकल्प यात्रा

सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश लेकर सागर पहुंची सेवा संकल्प यात्रा



तीनबत्ती न्यूज : 27 सितंबर 2026

सागर। वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा के रूट क्रमांक-3 का रविवार को सागर शहर में आगमन हुआ। यात्रा के शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों से गुजरने के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न वर्गों ने पुष्पवर्षा और पुष्पमालाओं से यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी किया गया।



सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, नशामुक्ति, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की सहभागिता और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। मोतीनगर चौराहे पर यात्रा के पहुंचने पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिलाएं और आमजन उपस्थित रहे तथा यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। देश के नौजवान इस संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं । उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प की यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही यह यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का संदेश दे रही है।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प लें : मुकेश राठवा

गुजरात के राज्यसभा सांसद मुकेश राठवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा रखते हुए देश की सेवा एवं जनकल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

सेवा और संकल्प का संदेश दे रही यात्रा : शैलेंद्र जैन

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने के साथ ही सेवा और संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।उन्होंने सागर की धरती पर यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि अतिथि हमारे लिए सम्मान और आत्मीयता का विषय हैं तथा सागर की जनता यात्रियों का पूरे मन से स्वागत करती है।

जैन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और विश्व में भारत की भूमिका को और मजबूत करने के संकल्प के साथ सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। सेवा संकल्प यात्रा इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

युवाओं से सेवा कार्यों में सहभागिता का आह्वान

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने युवाओं से आगे बढ़कर लघु एवं छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न वार्डों के पार्षद, सिटी मजिस्ट्रेट सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Share:

खेल के मैदान से टीवी स्क्रीन तक पहुंचे सागर के सोहेल खान: ‘इंडिया के टॉप 1%’ में आठवें सवाल तक पहुंचे

खेल के मैदान से टीवी स्क्रीन तक पहुंचे  सागर के सोहेल खान: ‘इंडिया के टॉप 1%’ में आठवें सवाल तक पहुंचे


तीनबत्ती न्यूज: 27 सितम्बर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के अंतरराष्ट्रीय कूडो खिलाड़ी सोहेल खान ने खेल के मैदान में अपनी उपलब्धियों के बाद अब टीवी स्क्रीन पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। सोहेल खान ने लोकप्रिय लॉजिक और रीजनिंग आधारित शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में हिस्सा लिया। शो का प्रसारण StarPlus और JioHotstar पर किया जाता है।


26 सितंबर को प्रसारित विशेष एपिसोड में सोहेल खान ने देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों के साथ इस चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अभिनेता अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस शो में 100 प्रतिभागी लॉजिकल और रीजनिंग पर आधारित सवालों का सामना करते हैं। सवालों का स्तर बढ़ने के साथ प्रतियोगिता भी कठिन होती जाती है।


आठवें सवाल तक बनाई जगह

सोहेल खान ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठवें सवाल तक अपनी जगह बनाई। हालांकि, इसके बाद अगले सवाल का सही उत्तर नहीं दे पाने के कारण उनका सफर प्रतियोगिता में समाप्त हो गया। इसके बावजूद उन्होंने खेल के मैदान से अलग एक नए क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

खेल जगत में भी बड़ी पहचान

मध्यप्रदेश के सागर के सोहेल खान कूडो खेल की दुनिया में अपनी उपलब्धियों के लिए खास पहचान रखते हैं। वे World Cup Silver Medallist और लगातार 23 बार National Gold Medallist रह चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम भारत के सबसे तेज नॉकआउट्स में से एक का रिकॉर्ड भी दर्ज है। खेल उपलब्धियों के चलते उन्हें ‘Golden Boy of Madhya Pradesh and India’ के नाम से भी जाना जाता है।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026: जानें मेष से मीन तक सभी राशियों का हाल • पंडित अनिल पाण्डेय

बोले- यादगार रहा अनुभव

शो में अपने अनुभव को लेकर सोहेल खान ने कहा कि यह उनके लिए बेहद शानदार और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि जिस शो को वह स्वयं JioHotstar और StarPlus पर देखते रहे हैं, उसी शो का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है।

खेल के मैदान से अलग लॉजिक और रीजनिंग की इस चुनौती को स्वीकार कर सोहेल खान ने अपने बहुआयामी व्यक्तित्व का परिचय दिया। उनका यह अनुभव बताता है कि मेहनत, आत्मविश्वास और चुनौती स्वीकार करने का जज्बा किसी भी नए मंच पर आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive