नगर निगम विद्युत अपव्यय नियंत्रण के लिये करवायेगा एनर्जी आडिट ; महापौर ने की विद्युत एवं यांत्रिकी विभागों की समीक्षा
तीनबत्ती न्यूज: 07 नवंबर,2025
सागर : महापौर कक्ष में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी एवं विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के प्रभारी एम.आई.सी.सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर ने नगर निगम के विद्युत एवं यांत्रिकी विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के बढ़ते विद्युत खर्चो और हो रहे अनावश्यक व्ययों पर नियंत्रण के लिये नगर निगम सागर कुशल एंजेसी से एनर्जी आडिट करवायेगा। इस हेतु एंजेसी को प्रारंभिक आंकडे उपलब्ध करा दिये गये है।
बाघराज वार्ड के छत्रसाल कालोनी में ट्रांसफार्मर बदले जाने के लिये भोपाल की इल्कटोक्राफ्ट इंडस्ट्री की देरी को देखते हुये उन्हें अंतिम नोटिस दिये जाने का निर्णय भी समीक्षा बैठक में लिया गया है। इसके अलावा अब पार्षद निधि द्वारा अपने-अपने वार्डो में एल.ई.डी.खरीदे जाने की भी सहमति दी गई, इस हेतु निविदा के माध्यम से दरें तय की गई।
शहर की विद्युत व्यवस्था के जिम्मेदार के रूप में एम.पी.ई.बी., स्मार्ट सिटी और नगर निगम के बीच सामंजस्य बनाये रखने के लिये निगम की विद्युत विभाग की इंजीनियर श्रीमति आशिमा तिर्की को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही 48 वार्डो में सार्वजनिक स्थानों पर दिन में लाईट जलने की निगरानी के लिये 2 कर्मचारी नियुक्त किये गये है जो 24-24 वार्डो में दिन में घूमकर विद्युत अपव्यय पर निगरानी रखेंगे।
यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में सरकार के दिशा निर्देशों के तहत् आयु पूरी कर चुके कंडम वाहनों की नीलामी सहित अन्य विभागों को वाहनों की आवश्यकता अनुसार सूची बनाने एवं इस पर कार्यवाही किये जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के इंजीनियर एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
-







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें