Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Sagar Crime : शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख की ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

जैसीनगर पुलिस की कार्रवाई, नकदी, चांदी की पायल और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त, दो आरोपी फरार



तीनबत्ती न्यूज: 01अगस्त, 2026

सागर। शादी कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ सागर जिले की  जैसीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, चांदी की पायल और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जयवीर सिंह भदौरिया एवं श्री नरेंद्र सोलंकी तथा एसडीओपी राहतगढ़ योगेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना जैसीनगर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट से कांग्रेस को झटका, मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के खिलाफ दायर याचिका खारिज •कांग्रेस नेता नीरज शर्मा की रिट पर हाईकोर्ट की टिप्पणी, कहा - याचिका पूर्णतः भ्रांतिपूर्ण

शादी के बाद जेवर और नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन

जानकारी के अनुसार ग्राम महुआखेड़ा पैगवार निवासी नोनीराम पटेल ने थाना जैसीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने शादी कराने का झांसा देकर उसकी शादी रुकमणी चतुर्वेदी से कराई थी। विवाह के बाद रुकमणी चतुर्वेदी शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात और ₹30 हजार नकद सहित करीब ₹1.50 लाख की संपत्ति लेकर फरार हो गई।

फरियादी की शिकायत पर थाना जैसीनगर में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में हुआ गिरोह का खुलासा

पुलिस जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर की सूचना पर आरोपी अरविंद विभार पिता जगतसिंह विभार निवासी जकराना, थाना बहरोड़, जिला अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों रुकमणी चतुर्वेदी, ममता चतुर्वेदी, जीन्स नूर उर्फ सगीता और वाहन चालक सोनू अहिरवार के साथ मिलकर शादी के नाम पर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

जांच में रुकमणी चतुर्वेदी और वाहन चालक सोनू अहिरवार की संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

--------------

वीडियो देखने क्लिक करे

परम पूज्य श्री रावतपुरा सरकार महाराज स्वयं घर-घर पहुँचे और गौमाता के लिए एक रोटी का आग्रह किया

--------------


आरोपियों से यह सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से—

  • ₹20 हजार नगद
  • चांदी की पायल (कीमत करीब ₹20,700)
  • घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP-34-CA-0304 (कीमत करीब ₹1.50 लाख)

जब्त की है।

मामले में ममता चतुर्वेदी एवं जीन्स नूर उर्फ सगीता निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

न्यायालय ने भेजा जेल

गिरफ्तार आरोपी अरविंद विभार, रुकमणी चतुर्वेदी और सोनू अहिरवार को 1 अगस्त 2026 को न्यायालय सागर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. ठाकुर सहित प्रधान आरक्षक विकास सिंह ठाकुर, जयसिंह कुर्मी, हुकुम धुर्वे, आरक्षक जितेंद्र रजक, गौरव कोरी, रामप्रकाश स्थापक, महिला आरक्षक अनीता लोधी एवं महिला आरक्षक तपस्या रजक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive