₹1.19 करोड़ से बने शासकीय स्कूल के नवीन भवन का लोकार्पण किया विधायक शैलेंद्र कुमार ने
• स्कूल में 1 करोड़ रुपए से बनेंगे 6 अतिरिक्त कक्ष सहित अन्य सुविधाएं
तीनबत्ती न्यूज: 22 अगस्त, 2026
सागर। तिली-बाघराज स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया। करीब ₹1.19 करोड़ की लागत से निर्मित इस भवन में भूतल एवं प्रथम तल सहित कुल 7 कक्षों का निर्माण किया गया है। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन ने विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गौतम एवं शिक्षकों द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना की।
1 करोड़ रुपए से बनेंगे अतिरिक्त कक्ष
विधायक जैन ने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से विद्यालय में 6 अतिरिक्त कक्ष, प्राचार्य कक्ष एवं कंप्यूटर कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उन्होंने विद्यालय परिसर में स्थित बावड़ी के ऊपर जाल एवं बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर खेल मैदान और बास्केटबॉल कोर्ट विकसित करने के निर्देश भी दिए।
विधायक ने नवीन भवन में एक सप्ताह के भीतर फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए संगीत शिक्षक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा, "आपको संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा काम है और शत-प्रतिशत परिणाम देना आपका काम है।"
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश चौबे, कैलाश चौरसिया, पुरुषोत्तम चौरसिया, नितिन बंटी शर्मा, मनोज चौरसिया, विनय मिश्रा, भगत सिंह, अंकुश चौरसिया, ईई बी.एस. वर्मा सहित विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गौतम एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शिवानी दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गौतम ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक भी मौजूद रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें