संत रविदास जयंती वर्ष पर सागर विधानसभा में सामाजिक समरसता अभियान का शुभारंभ, निकली कलश वंदन यात्रा
तीनबत्ती न्यूज: 20 अगस्त, 2026
सागर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर सागर विधानसभा में सामाजिक समरसता अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ संत कुंजीदास एवं डेलन दास जी महाराज के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। मुख्य कार्यक्रम संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं संतों ने संत रविदास जी के चित्र एवं कलश का विधिवत पूजन किया।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि संत रविदास जी केवल महान संत ही नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाले युगपुरुष थे। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके वचनों को केवल सुनना नहीं, बल्कि अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक समरसता अभियान चलाया जा रहा है।
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता का मजबूत ताना-बाना तैयार करना है। संत रविदास जी ने कर्म को प्रधानता दी और आर्थिक रूप से कमजोर एवं शोषित वर्ग की सहायता को भी धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का संदेश जाति-भेद और असमानता से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का संदेश है। उनकी जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश की यात्रा सागर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएगी।
नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि संत रविदास जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों का त्याग नहीं किया। उनकी ‘बेगमपुरा’ की कल्पना ऐसे समाज की थी, जहां दुख, भेदभाव और असमानता न हो। उनकी वाणी आज भी समाज को समानता और भाईचारे का संदेश देती है तथा युवाओं को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को कलश के माध्यम से भोपाल से सागर लाया गया है। यह कलश यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा, जहां श्रद्धालु इसका पूजन कर संत रविदास जी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लेंगे।नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि सागर के बड़तूमा में संत रविदास जी के भव्य मंदिर एवं स्मारक का लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संतों एवं महापुरुषों के सम्मान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य है।
महिलाओं ने निकाली कलश वंदन यात्रा
कार्यक्रम के दौरान सागर एवं नरयावली विधानसभा के विभिन्न मंडलों के लिए कलशों का वितरण किया गया। इसके बाद कलश वंदन यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। मुख्य कलश को जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने सिर पर धारण किया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं ने कलश का पूजन किया और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में वार्डवासी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें