वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में सागर में भाजपा युवा मोर्चा का कैंडल मार्च
तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026
सागर। नई दिल्ली स्थित AICC कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रविवार को सागर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। जिला भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ मार्च संविधान चौक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा मोर्चा कार्यकर्ता शामिल हुए।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां और पार्टी के झंडे लेकर मार्च निकाला। इस दौरान ‘वंदे मातरम् का अपमान—नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से इस घटनाक्रम को लेकर देश से माफी मांगने की मांग की। संविधान चौक पहुंचने के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिसके साथ कैंडल मार्च का समापन हुआ।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम की चेतना से जुड़ा उद्घोष है। इसने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर रहे लाखों देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की ऊर्जा का संचार किया।उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करते हुए देश से माफी मांगने की मांग की।
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है। स्वतंत्रता आंदोलन में इसका उद्घोष क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा और शक्ति का स्रोत रह है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषयों पर पूरे देश का भाव एक होना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत माता के प्रति करोड़ों भारतीयों की श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का उद्घोष है। स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी गूंज ने असंख्य क्रांतिकारियों को मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा दी।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रगीत का सम्मान राजनीतिक विचारधाराओं एवं मतभेदों से ऊपर है। राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े विषयों पर भाजपा का कार्यकर्ता सदैव मुखरता के साथ खड़ा रहा है।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् ने देश की युवा शक्ति को स्वतंत्रता आंदोलन में मातृभूमि के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। राष्ट्रगीत का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ युवा मोर्चा ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया है। राष्ट्र के सम्मान से जुड़े विषय पर युवा शक्ति कभी मौन नहीं रहेगी।
संविधान चौक पर सामूहिक राष्ट्रगीत
संविधान चौक पर जलती मोमबत्तियों के बीच कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला महामंत्री नितिन सोनी ने किया।
ये हुए शामिल
इसमें पूर्व विधायक डॉ. विनोद पंथी, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, सुमित यादव, चेतराम अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, संतोष ठाकुर, निकेश गुप्ता, मनीष चौबे, राहुल वैद, अमित बैसखिया, नीलम अहिरवार, नीरज यादव, मधुकर जाटव, उमेश गौंड, मेघा दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें