गौर जयंती पर विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर, 104 यूनिट रक्त संग्रहित
• विश्वविद्यालय में ब्लड बैंक स्थापित करने का सुझाव
तीनबत्ती न्यूज: 23 नवंबर, 2026
सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में 157वीं गौर जयंती के अवसर पर 23 नवंबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अभिमंच सभागार में विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आयोजित इस शिविर में विश्वविद्यालय परिवार और शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 104 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रक्तदान किया। एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन ने विश्वविद्यालय परिवार की सामाजिक संवेदनशीलता और जरूरतमंदों की मदद के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
कुलपति ने किया शिविर का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. नागेश दुबे एवं कुलसचिव तथा शिविर संयोजक डॉ. अभिषेक कुमार जैन ने गौर साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद कुलपति ने दीप प्रज्ज्वलित कर रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने रक्तदान के महत्व को बताते हुए सभी से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की पहल की सराहना करते हुए बताया कि डॉ. अभिषेक कुमार जैन अपनी स्वर्गीय माता की स्मृति में बिना किसी विश्वविद्यालयीय आर्थिक सहयोग के तीन स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इनमें गौर साहब की जन्मस्थली शनीचरी में स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर, विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर तथा 24 नवंबर को वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर शामिल हैं।
विश्वविद्यालय में ब्लड बैंक स्थापित करने का सुझाव
कुलसचिव डॉ. अभिषेक कुमार जैन ने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी अनजान जरूरतमंद को जीवनदान दिया जा सकता है।गौर जयंती समारोह के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव संबंधी जटिलताओं और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय में स्वयं का ब्लड बैंक स्थापित करने की दिशा में गंभीरता से पहल होनी चाहिए, जिससे विश्वविद्यालय परिसर और सागर क्षेत्र के मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।
प्रो. यू.के. पाटिल ने भी रक्तदान को मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
चिकित्सकीय टीम और सहयोगियों का सम्मान
शिविर के आयोजन में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीमों का विशेष सहयोग रहा। विशेष चिकित्सकीय सहयोग के लिए प्रो. डॉ. अमर गंगवानी और जिला अस्पताल के डॉ. महेश जैन को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा एनसीसी अधिकारी डॉ. सुमन पटेल, श्री गौतम प्रसाद, एनएसएस समन्वयक श्री संजय शर्मा, यंत्री विभाग, एचडीएफसी बैंक मकरोनिया शाखा के श्री पंकज नेमा, एसबीआई के एरिया मैनेजर श्री सुनील कुमार सिंह, एसबीआई विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग शाखा के प्रबंधक श्री पंकज श्रीवास्तव, पॉपकॉर्न मेडिकोज के श्री नीरज नागवानी, जय एप्लायंसेज के श्री अनुराग चौधरी तथा ईएमएमआरसी निदेशक डॉ. पंकज तिवारी को भी सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय परिवार की रही सहभागिता
कार्यक्रम में प्रो. अशोक अहिरवार, प्रो. संध्या पटेल, प्रो. राजेंद्र यादव, प्रो. ऋतु यादव, प्रो. नवीन कांगो, प्रो. अस्मिता गजभिये एवं प्रो. रणवीर सिंह उपस्थित रहे। उपकुलसचिव श्री सतीश कुमार, श्री अनुपी शर्मा, श्रीमती ममता सिंह, श्री माधव चंद्रा, कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री के.के. राव एवं श्री अजब सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने रक्तदाताओं के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं सहित शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण माहेश्वरी ने किया तथा आभार डॉ. भूपेंद्र पटेल ने व्यक्त किया।
गौर जयंती पर आयोजित इस शिविर में 104 यूनिट रक्त का संग्रह विश्वविद्यालय की सामूहिक सेवा भावना का प्रतीक बना। विश्वविद्यालय की ओर से शनीचरी में स्वास्थ्य परीक्षण, परिसर में रक्तदान और वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर जैसी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।










