मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप बुंदेली गायक सुनील लोधी का कराया गया स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण
• कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से मिले ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गायक, भजन गाकर सुनाया
तीनबत्ती न्यूज : 03 नवंबर 2026
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से लोकप्रिय हुए सागर के युवा गायक सुनील लोधी का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य एवं विस्तृत नेत्र परीक्षण कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विगत दिनों सुनील लोधी से मुलाकात के दौरान उनकी संगीत शिक्षा के साथ-साथ समुचित इलाज के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की विशेष पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील लोधी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। साथ ही उनकी आंखों की विस्तृत जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की गई।
कलेक्टर से की सौजन्य भेंट
बीएमसी में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुनील लोधी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान सुनील लोधी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति देते हुए भजन भी गाकर सुनाया। कलेक्टर श्री यादव ने उनकी गायन प्रतिभा और कला के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...’ गीत हुआ लोकप्रिय
उल्लेखनीय है कि सागर के सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली गीत गाया है। उनका गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है।
बुंदेली भाषा और स्थानीय लोक संस्कृति से जुड़े इस गीत ने सुनील लोधी को व्यापक पहचान दिलाई है।






