सागर संभाग में नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित
सागर में सबसे अधिक 265 चालकों के लाइसेंस निलंबित, कमिश्नर दिलीप कुमार ने कार्रवाई जारी रखने के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 4 नवंबर 2026
सागर: सागर संभाग में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए इस वर्ष अब तक 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए हैं। इनमें सबसे अधिक 265 लाइसेंस सागर जिले के हैं। कमिश्नर सागर संभाग दिलीप कुमार ने नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर दिलीप कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कमिश्नर कार्यालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों से पिछले तीन माह में वाहनों की जांच और उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई।
बैठक में बताया गया कि नशे में वाहन चलाने के मामलों में अब तक सागर संभाग में कुल 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार सागर में 265, छतरपुर में 121, दमोह में 87, पन्ना में 21 और टीकमगढ़ में 7 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई के आधार पर लाइसेंस होंगे निलंबित
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के आधार पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्कूली बसों और पुराने वाहनों की होगी जांच
कमिश्नर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बसों सहित अन्य वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। दमोह में हाल ही में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए वाहनों की सघन जांच करने तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के मालिकों को नोटिस जारी करने को कहा।
उन्होंने ऐसे पुराने वाहनों को बदलने, परमिट निरस्त करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। वाहन जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा।
बकाया कर वसूली और राजस्व संग्रहण की समीक्षा
बैठक में कमिश्नर ने परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की भी समीक्षा की। उन्होंने चेक पोस्ट के माध्यम से राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बकाया कर की वसूली के लिए नोटिस जारी करने और आवश्यकतानुसार वाहन पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई करने को भी कहा।बैठक में सागर संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारी एवं परिवहन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।






