सागर में सनसनी: BSF जवान की पत्नी की चाकू मारकर हत्या: रिटायर्ड पुलिसकर्मी ससुर ने पारिवारिक विवाद में बहु की हत्या की: पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
( आरोपी रामनरेश दीक्षित)
तीनबत्ती न्यूज: 04 अगस्त, 2026
सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री नगर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक 65 वर्षीय रिटायर्ड पुलिसकर्मी ससुर, रामनरेश दीक्षित ने अपनी 36 वर्षीय बहू सविता दीक्षित की कथित तौर पर मारपीट कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया है।
सागर: पुलिया क्षतिग्रस्त : जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर छात्राएं: वीडियो वायरल
विवाद और घटनाक्रम
- पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस: मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल के अनुसार, घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी घर में ही मौजूद मिला।
- शरीर पर चोट के निशान: शुरुआती जांच में मृतका के शरीर पर 7 से 8 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
- पति बीएसएफ में पदस्थ: मृतका के पति देवेश दीक्षित सीमा सुरक्षा बल (BSF) में जवान हैं और फिलहाल पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, आरोपी का दूसरा बेटा भी पुलिस विभाग में कार्यरत है।
आरोपी ससुर के दावे पूछताछ के दौरान आरोपी रामनरेश ने दावा किया कि मंगलवार सुबह बहू ने घर के मंदिर और कुर्सियों में तोड़फोड़ की थी। बड़ी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद जब वह लौटी, तो उसने छोटी बच्ची को उठाकर पटका और ससुर पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी का कहना है कि बचाव में चाकू छीनने के बाद उसने बहू के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
जांच जारी पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह और सही तथ्यों का पता चल सकेगा। फिलहाल आरोपी के बयान और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।






