Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में शराब से मौतों के बाद फिर मचा हड़कंप, बंडा में तीन दुकानों से लिए गए शराब के नमूने देवरी-बंडा में मौतों और मरीजों के बीमार होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा •पूर्व मंत्री हर्ष यादव देवरी में प्रदर्शन में शामिल • पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज • जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मुहासा ने की दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

सागर में शराब से मौतों के बाद फिर मचा हड़कंप, बंडा में तीन दुकानों से लिए गए शराब के नमूने

देवरी-बंडा में मौतों और मरीजों के बीमार होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

•पूर्व मंत्री हर्ष यादव देवरी में प्रदर्शन में शामिल

• पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज

• जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मुहासा ने की दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग


तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर 2026

सागर। सागर जिले में शराब सेवन के बाद लगातार लोगों की मौत और तबीयत बिगड़ने की घटनाओं ने एक बार फिर हड़कंप मचा दिया है। बंडा के ग्राम सेमरा रामचंद्र में दो लोगों की मौत और एक अन्य के गंभीर होने के मामले के बाद अब देवरी क्षेत्र में भी शराब सेवन के बाद मौत की खबर सामने आई है। बंडा के ग्राम कांटी निवासी राजू लोधी और देवरी के बाजार वार्ड निवासी बहीद खान की तबीयत बिगड़ने पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। तीन दिन पहले सागर शहर में एक शराब दुकान के बाहर शराब पीने वाले की मौत हुई थी।


प्रशासन ने लिए शराब के सैंपल

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बंडा की तीन मदिरा दुकानों से देशी शराब के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। दूसरी ओर कांग्रेस ने शराब के अवैध कारोबार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

कलेक्टर के निर्देश पर तीन मदिरा दुकानों से लिए नमूने

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बंडा क्षेत्र की तीन मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर देशी मदिरा मसाला के 180 एमएल पेट बॉटल के नमूने संकलित किए।

पहली कार्रवाई बंडा बस स्टैंड स्थित मदिरा दुकान, दूसरी जमुनिया और तीसरी सागर-छतरपुर फोरलेन रोड स्थित मदिरा दुकान पर की गई। तीनों दुकानों के लाइसेंसधारी जंडेल सिंह गुर्जर बताए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान प्रत्येक दुकान से 180 एमएल की 16-16 बोतलें नमूने के रूप में सीलबंद की गईं। संबंधित शराब का निर्माण एवं बॉटलिंग ग्राम मेहर, झांसी रोड, सागर स्थित मेसर्स डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत फॉर्म-VA के माध्यम से लाइसेंसधारी, दुकान संचालकों और निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किए हैं। संकलित नमूने गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट में नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देवरी में युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर किया चक्काजाम

जिले के देवरी में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की मौत से नाराज परिजनों ने शनिवार को सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हर्ष यादव भी शामिल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सचिन ठाकुर (28) निवासी नगरपालिका भवन के सामने, देवरी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह रात में बंडा के पुल पर पड़ा मिला था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के बाद सचिन की तबीयत खराब हुई थी, जिसके चलते उसकी जान चली गई। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन पर फंदे जैसे निशान (लिगेचर मार्क) पाए जाने की बात सामने आई है। इससे युवक की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज, मरीजों के परिजनों से की मुलाकात

इधर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी शनिवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने शराब सेवन के बाद बीमार हुए बंडा के ग्राम कांटी निवासी राजू लोधी और देवरी के बाजार वार्ड निवासी बहीद खान के परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से दोनों मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी लेकर बेहतर इलाज की व्यवस्था पर चर्चा की।

पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन जिले में जहरीली और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के दावे कर रहा है, लेकिन बंडा-शाहगढ़ की घटना के बाद केसली के जैतपुर डोमा, नरयावली के इशरवारा, सागर शहर के मछरयाई और अब फिर बंडा व देवरी में शराब सेवन के बाद मौतों तथा लोगों के बीमार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला इन घटनाओं पर पर्दा डालने में जुटा है।

चौधरी ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के साथ ही पूरे नेटवर्क को संरक्षण देने वालों की भी जांच होनी चाहिए। केवल बयानबाजी और औपचारिक कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय एवं आर्थिक सहायता मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रभारी युवा कांग्रेस अशरफ खान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सदर अध्यक्ष पं. रवि उमाहिया, अभय सिंह और इंजीनियर सत्यम सिंह मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने की हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने बंडा और देवरी में शराब सेवन के बाद हुई मौतों पर दुख जताते हुए प्रदेश सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बंडा में पहले हुई शराब त्रासदी के बावजूद प्रशासन ने सबक नहीं लिया। अब जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

मुहासा ने मांग की कि देवरी और बंडा की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदारों, विक्रेताओं और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में शराब के अवैध कारोबार का नेटवर्क फैलता जा रहा है।

क्या है सेमरा रामचंद्र की घटना?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र निवासी कमलेश पुत्र नारायण लोधी और चंद्रभान पुत्र मुलायम लोधी की शराब सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हुई। दोनों आपस में पड़ोसी बताए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों ने एक रात पहले साथ बैठकर शराब पी थी। बताया जा रहा है कि कमलेश गांव में शराब का विक्रय भी करता था। हालांकि, इन जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना में तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर होने की जानकारी भी सामने आई थी। अब बंडा के कांटी और देवरी के बाजार वार्ड के दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने से मामला और गंभीर हो गया है।

दो माह पहले की शराब त्रासदी की यादें ताजा

बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में करीब दो माह पहले कथित जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। उस मामले में विभिन्न स्तरों पर 36 से अधिक मौतों के दावे सामने आए थे, जबकि सरकार ने 20 मौतों की पुष्टि की थी। पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था और मास्टरमाइंड, ठेकेदार तथा सप्लायर सहित 34 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। मामले में कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था तथा कलेक्टर और एसपी को भी हटाया गया था।

ग्राम सेमरा रामचंद्र इसी क्षेत्र के नजदीक है, जहां पहले नौराज और घूघरा खुर्द सहित आसपास के गांवों में शराब सेवन के बाद कई लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में उसी इलाके में दोबारा मौतों की खबर से लोगों में चिंता बढ़ गई है।


पीएम रिपोर्ट और जांच से स्पष्ट होगा मौतों का कारण

फिलहाल कमलेश लोधी और चंद्रभान लोधी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट या अन्य कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार, पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है। संबंधित घरों और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली गई है तथा खाली शराब की बोतल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा।


Share:

व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों के समर्थन में विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों के समर्थन में विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर, 2027

सागर। मध्यप्रदेश के शासकीय स्कूलों में कार्यरत करीब 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों (Vocational Trainers) की लंबित मांगों को लेकर सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर उनके निराकरण की मांग की है। विधायक ने थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, न्यूनतम 40 हजार रुपये मासिक वेतन देने और प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने सहित तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के व्यावसायिक शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रमुख शैलेन्द्र प्रजापति, नवीन व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे एवं महिला मंडल प्रमुख प्रीतिबला जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेन्द्र जैन को ज्ञापन सौंपा था। इस पर विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रशिक्षकों की समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया।

आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि स्कूल शिक्षा विभाग (समग्र शिक्षा) के अंतर्गत पिछले 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे व्यावसायिक प्रशिक्षक कम मानदेय और थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग (VTP) व्यवस्था के कारण आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था समाप्त कर सीधे विभाग के जिला स्तरीय तंत्र से वेतन भुगतान किए जाने की मांग की है।

20 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये हो वेतन

विधायक ने प्रशिक्षकों का वर्तमान 20 हजार रुपये मासिक वेतन बढ़ाकर न्यूनतम 40 हजार रुपये करने तथा वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) निर्धारित करने का आग्रह किया है। पत्र में दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में व्यावसायिक प्रशिक्षकों को मिलने वाले वेतन का भी उल्लेख किया गया है।

विभाग में संविलियन और 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा

तीसरी प्रमुख मांग में वर्ष 1998 के व्यावसायिक व्याख्याताओं की तर्ज पर स्पष्ट जॉब पॉलिसी तैयार कर सभी व्यावसायिक प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने तथा 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा देने की बात कही गई है।

शिक्षक संघ ने जताया आभार

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता ने विधायक शैलेन्द्र जैन के प्रति आभार व्यक्त किया। महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रशिक्षकों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का आभार व्यक्त किया।

Share:

कूडो में मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक डंका, 61 गोल्ड सहित 122 पदक जीतकर बना नेशनल चैंपियन

कूडो में मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक डंका, 61 गोल्ड सहित 122 पदक जीतकर बना नेशनल चैंपियन

• 10 साल बाद प्रदेश ने हासिल की राष्ट्रीय बादशाहत, सागर के खिलाड़ियों ने अकेले जीते 35 पदक; 4 साल की अनवी और 5 साल के दैविक ने भी दिखाया दम



तीनबत्ती न्यूज: 20 नवंबर, 2026

सागर। राष्ट्रीय स्तर पर कूडो खेल में मध्य प्रदेश ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम कर ली है। गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 स्वर्ण सहित कुल 122 पदक जीतकर ओवरऑल नेशनल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पूरे 10 साल बाद मध्य प्रदेश ने यह गौरव हासिल किया है। इससे पहले वर्ष 2016 में प्रदेश राष्ट्रीय चैंपियन बना था।

प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी भारत में कूडो के संस्थापक एवं इंडिया के हेड कोच मेहुल वोरा तथा कूडो इंडिया के पदाधिकारियों ने मंच से मध्य प्रदेश की टीम को प्रदान की। मेहुल वोरा ने मध्य प्रदेश के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार प्रगति कर रहा है। उम्मीद है कि खिलाड़ी आगे भी ऐसे कीर्तिमान बनाते रहेंगे।

इस ऐतिहासिक सफलता में मध्य प्रदेश कूडो के संस्थापक एवं हेड कोच डॉ. मोहम्मद एजाज खान के मार्गदर्शन में तैयार हुए सागर के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सागर के खिलाड़ियों ने अकेले 35 पदक जीतकर प्रदेश की चैंपियनशिप में बड़ा योगदान दिया।

रिंग में सागर का दबदबा, 17 स्वर्ण पदक जीते

देशभर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच मध्य प्रदेश की टीम ने अपना दमखम दिखाया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 61 स्वर्ण, 27 रजत और 34 कांस्य सहित कुल 122 पदक हासिल किए। वहीं सागर के खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, सटीक पंच, किक और शानदार तकनीक के दम पर 17 स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 35 पदक अपने नाम किए।



4 साल की अनवी और 5 साल के दैविक ने भी रचा इतिहास

प्रतियोगिता में सागर के दो नन्हे खिलाड़ियों ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया। महज 4 वर्षीय अनवी कौरव और 5 वर्षीय दैविक तिवारी सागर दल के सबसे कम उम्र के पदक विजेता बने।

अंडर-5 बालिका वर्ग में अनवी कौरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंडर-6 बालक वर्ग में दैविक तिवारी ने रजत पदक हासिल कर सागर का गौरव बढ़ाया। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर इन बच्चों की सफलता को शहर के खेल भविष्य के लिए उत्साहजनक माना जा रहा है।

पदक तालिका एक नजर में

मध्य प्रदेश

  • स्वर्ण पदक : 61
  • रजत पदक : 27
  • कांस्य पदक : 34
  • कुल पदक : 122

सागर

  • स्वर्ण पदक : 17
  • रजत पदक : 8
  • कांस्य पदक : 10
  • कुल पदक : 35

सागर के पदक विजेता खिलाड़ी

स्वर्ण पदक विजेता (17): मन्नत शाह, नावेद खान, आर्यन सिंह, सौरभ सिंह, अरकम खान, अबुज़र, शैलेन्द्र सिंह कुर्मी, सोहैल खान, अनवी कौरव, वैशाली झा, मेघा भोजक, धनीशा सोनी, अंशिका तिवारी, शिवाय गिरी गोस्वामी, सफल जैन, कृष और उत्कर्ष पटेल।

रजत पदक विजेता (8): प्रियंका एक्का, सुरजो विश्वास, उत्कर्ष सेन, दैविक तिवारी, अरहम खान, अभिषेक राठौर, तनिषा राय और अमोघ नेमा।

कांस्य पदक विजेता (10): समृद्धि सूर्यकान्त, दिवी जैन, अभिथा, पराग सर्वते, निशांत अहिरवार, अहतेशाम शहजादी, शान्वी दुबे, सारा अंजुम, दीक्षा सेन और अवन्त्या शर्मा।

अनुशासन और कठिन परिश्रम से खत्म हुआ 10 साल का सूखा

मध्य प्रदेश कूडो के हेड कोच एवं संस्थापक डॉ. मोहम्मद एजाज खान ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय सागर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की महीनों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने प्रशिक्षक हरिकांत तिवारी, शुभम राठौर और मेघा भोजक के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि सागर के खिलाड़ियों ने जिस समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया है, उसी का परिणाम है कि मध्य प्रदेश ने 10 साल बाद राष्ट्रीय खिताब फिर हासिल किया है। अनवी और दैविक जैसे नन्हे खिलाड़ियों की उपलब्धि भी सागर में कूडो के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

शहर में खुशी की लहर,विजेताओं को मिल रही बधाइयां

मध्य प्रदेश के ओवरऑल चैंपियन बनने और सागर के खिलाड़ियों के 35 पदक जीतने की खबर से शहर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। कूडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने डॉ. एजाज खान सहित सभी प्रशिक्षकों और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share:

लुहारी जैन मंदिर चोरी मामला: पुलिस ने 30 हजार, जैन समाज ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

लुहारी जैन मंदिर चोरी मामला: पुलिस ने 30 हजार, जैन समाज ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

• चोरी गई प्राचीन प्रतिमाओं की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज



तीनबत्ती न्यूज:19 नवंबर, 2026

सागर। लुहारी स्थित प्राचीन पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्राचीन प्रतिमाओं और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। वहीं, जैन समाज लुहारी ने भी प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए 25 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम घोषित किया है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच के साथ पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं और उनमें शामिल रहे अपराधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस को जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग और साक्ष्य मिले हैं। इनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी तथा चोरी गई प्राचीन प्रतिमाओं की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस और जैन समाज की अपील

पुलिस एवं जैन समाज ने आमजन से अपील की है कि चोरी के आरोपियों अथवा प्रतिमाओं के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share:

डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय का प्रयास जारी, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल : कुलपति प्रो. नागेश दुबे • 20 से 26 नवंबर तक मनाया जाएगा गौर उत्सव-2026 • स्वीडिश मिशन स्कूल के पास स्थित गौर प्रतिमा को विवि कैंपस में ले जाने का प्रस्ताव

डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय का प्रयास जारी, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल : कुलपति प्रो. नागेश दुबे

• 20 से 26 नवंबर तक मनाया जाएगा गौर उत्सव-2026

• स्वीडिश मिशन स्कूल के पास स्थित गौर प्रतिमा को विवि कैंपस में ले जाने का प्रस्ताव

• सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

तीनबत्ती न्यूज: 19 नवंबर, 2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के संस्थापक, महान शिक्षाविद्, प्रख्यात विधिवेत्ता और संविधान सभा के सदस्य डॉ. सर हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में 20 से 26 नवंबर तक गौर उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय इस उत्सव के दौरान विश्वविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियां आयोजित होंगी। गौर जयंती का मुख्य समारोह 26 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौर प्रांगण में होगा।

भारत रत्न दिलाने व्यापक मुहिम

गौर उत्सव के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय के अतिथि गृह के सम्मेलन कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि डॉ. गौर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है। इस दिशा में विश्वविद्यालय का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने में हम अवश्य सफल होंगे। उन्होंने पत्रकारों से भी अपील की कि डॉ. गौर के योगदान, व्यक्तित्व और कृतित्व को लगातार प्रचारित करें, ताकि इस दिशा में व्यापक जनजागरण और मुहिम खड़ी हो सके। कुलपति ने कहा कि डॉ. गौर का योगदान केवल विश्वविद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सागर संभाग और बुंदेलखंड के लिए उनका जीवन और कार्य प्रेरणास्रोत है। उनके संकल्पों और सपनों को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस बार गौर जयंती को लेकर शहरवासियों, पूर्व विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार में विशेष उत्साह है। पूरा सागर मिलकर गौर सप्ताह को उत्सव के रूप में मनाएगा। उन्होंने शहरवासियों और पत्रकारों से सभी आयोजनों में सहभागिता की अपील की।

26 नवंबर को निकलेगी गौर शोभायात्रा

गौर उत्सव के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने सात दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गौर जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 26 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तीनबत्ती स्थित गौर मूर्ति पर कुलपति द्वारा माल्यार्पण और उद्बोधन होगा। इसके बाद सुबह 8:40 बजे गौर मूर्ति तीनबत्ती से विश्वविद्यालय परिसर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुबह 10:30 बजे गौर समाधि प्रांगण में मुख्य जयंती समारोह आयोजित होगा।

मुख्य समारोह में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रहली विधायक पं. गोपाल भार्गव, खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ठाकुर, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और महापौर संगीता तिवारी शामिल होंगे। जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत भी उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल करेंगे तथा सारस्वत उद्बोधन कुलपति प्रो. नागेश दुबे का होगा। इसी दिन शाम 6 बजे गौर समाधि प्रांगण में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और आमंत्रित कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

मेधावी छात्राओं और दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी आर्थिक सहायता

गौर उत्सव के अवसर पर गौर पीठ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल भी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पिछले वर्ष शुरू की गई गौर पीठ प्रोत्साहन राशि योजना के तहत इस वर्ष से स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के सिंगल गर्ल चाइल्ड तथा दिव्यांग श्रेणी के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को अध्ययन जारी रखने के लिए 15-15 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि गौर पीठ को प्राप्त दान से प्रदान की जाएगी।

खेल, साहित्य और संस्कृति के रंग में रंगेगा विश्वविद्यालय

सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक डॉ. राकेश सोनी ने बताया कि गौर जयंती के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मध्यप्रदेश शासन और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से भी कई कार्यक्रम होंगे। विश्वविद्यालय के अलग-अलग सभागारों में शास्त्रीय संगीत, नृत्य, कवि सम्मेलन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। समन्वयक प्रो. उमेश कुमार पाटिल ने कहा कि गौर उत्सव केवल विश्वविद्यालय का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे सागर शहर का उत्सव है। इसमें शहर और विश्वविद्यालय से जुड़े प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अपेक्षित है। उन्होंने मीडिया से डॉ. गौर के विचारों, कार्यों और सपनों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

स्वीडिश मिशन स्कूल के पास की गौर प्रतिमा को विवि कैंपस में ले जाने का प्रस्ताव

डॉ गौर की सिविल लाइन स्थित प्रतिमा को मिशन स्कूल के पास स्थापित किया गया था। विवि प्रशासन प्रतिमा को वेली कैंपस में ले जाने की दिशा में काम कर रहा है। प्रशासन का मानना है कि वहां पर चाय पान के टपरों के बीच प्रतिमा छिप जाती है। उसकी देखरेख को लेकर प्रशासन प्रतिमा को अपने कैंपस में ले जाना चाहता है। प्रभारी कुलपति के मुताबिक निगम प्रशाशन और मूर्ति स्थापना से जुड़े लोगों से चर्चा हो चुकी है। कलेक्टर से भी चर्चा होगी। 

विवि की रैंकिंग को लेकर कुलपति ने बताया कि रैंकिंग सुधारने की दिशा में लगातार अकादमिक गतिविधियों और रैंकिंग के नियमों के अनुरूप कार्य हो रहा है। आने वाले समय में अनुकूल परिणाम सामने आयेंगे। उन्होंने स्थानीय विद्यार्थियों को प्रवेश में आरक्षण को लेकर कहा कि स्थानीय विद्यार्थियों को प्रवेश में आरक्षण मिले इसके लिए केंद्रीय अथारिटी के समक्ष पुनः प्रस्ताव रखेंगे ताकि बुंदेलखंड और विवि के कर्मचारियों के बच्चों को प्रवेश मिल सके। उन्होंने बताया कि दिसंबर में दीक्षांत समारोह होगा 

कार्यक्रम का संचालन मीडिया अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने किया। आभार प्रो. उमेश कुमार पाटिल ने माना। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय, डॉ. पंकज तिवारी, प्रो. राजेंद्र यादव, डॉ. राकेश सोनी, प्रवीण राठौर, समर्थ दीक्षित सहित शहर के पत्रकार उपस्थित रहे।

गौर उत्सव-2026 : सात दिवसीय कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा

20 से 23 नवंबर

- सुबह 9 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में टी-20 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता।

21 नवंबर

- सुबह 11 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में विद्यार्थियों के लिए भारतीय खेल प्रतियोगिताएं।

- सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक गौर जन्मस्थली शनिचरी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर।

- सुबह 11 बजे से स्वर्ण जयंती सभागार में विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का शुभारंभ कार्यक्रम।

21 एवं 22 नवंबर

- सुबह 11 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारियों और कर्मचारियों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता।

22 एवं 23 नवंबर

- दोपहर 2:30 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में छात्राओं एवं महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं।

23 नवंबर

- सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अभिमंच सभागार में विशाल रक्तदान शिविर।

- शाम 6 बजे से स्वर्ण जयंती सभागार में शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य कार्यक्रम।

24 नवंबर

- सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक राजघाट रोड स्थित तिली वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर।

- सुबह 11 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में छात्राओं का मैत्री क्रिकेट मैच।

- दोपहर 3 बजे से अभिमंच सभागार में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन।

25 नवंबर

- सुबह 10 बजे से स्वर्ण जयंती सभागार में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालयीन सांस्कृतिक कार्यक्रम 'उमंग'।

- दोपहर 3 बजे से अभिमंच सभागार में विश्वविद्यालय परिवार का काव्यांजलि कार्यक्रम।

- शाम 6 बजे गौर मूर्ति पर कुलपति, विश्वविद्यालय परिवार और शहरवासियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन।

- शाम 6:30 बजे डॉ. गौर की जीवनी पर आधारित कुलपति प्रो. नागेश दुबे के उद्बोधन का प्रसारण।

26 नवंबर : गौर जयंती का मुख्य दिवस

- सुबह 8:30 बजे तीनबत्ती स्थित गौर मूर्ति पर माल्यार्पण एवं कुलपति का उद्बोधन।

- सुबह 8:40 बजे तीनबत्ती से विश्वविद्यालय परिसर तक गौर शोभायात्रा।

- सुबह 10:30 बजे गौर समाधि प्रांगण में मुख्य जयंती समारोह।

- शाम 6 बजे गौर समाधि प्रांगण में सांस्कृतिक संध्या, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और आमंत्रित कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सागर के नागरिकों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और सभी सामाजिक संगठनों से गौर उत्सव के आयोजनों में शामिल होकर डॉ. हरिसिंह गौर के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने की अपील की है।


Share:

सागर की सड़कों पर जादूगर प्रिंस की ब्लाइंडफोल्ड रैली, आंखों पर पट्टी बांधकर दिया सड़क सुरक्षा

सागर की सड़कों पर जादूगर प्रिंस की ब्लाइंडफोल्ड रैली, आंखों पर पट्टी बांधकर दिया सड़क सुरक्षा


तीनबत्ती न्यूज : 19 नवंबर, 2026

सागर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रसिद्ध जादूगर प्रिंस (वी.डी. बैरागी) ने सागर शहर में रोमांचक ब्लाइंडफोल्ड रैली निकाली। आंखों पर पट्टी बांधकर उनके प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया। रैली का शहर में जगह-जगह पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।

यह भी पढ़ें : सागर में अंधे कत्ल का खुलासा: 62 वर्षीय पति ने की थी महिला की हत्या, CCTV फुटेज से 24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी : रेलवे गेट के पास मिला था महिला का शव

रैली का शुभारंभ भगवानगंज स्थित सेंट्रल मोटर्स से हुआ। यहां से रैली अंबेडकर चौक, राधा तिराहा, कटरा मस्जिद, तीन बत्ती, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, परकोटा, बस स्टैंड, गोपालगंज, लाल स्कूल, कालीचरण चौराहा, सिविल लाइन, पीली कोठी और पीटीसी ग्राउंड होते हुए रविन्द्र भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

रैली में यातायात पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने जादूगर प्रिंस का स्वागत कर आयोजन के प्रति अपना समर्थन जताया। प्रतिभागियों ने यातायात जागरूकता के संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, ASP और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड • 50 हजार की कथित वसूली, गांजा रखकर फंसाने की धमकी! सिवनी पुलिस कांड में बड़ा एक्शन

रैली के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। साथ ही पैदल यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखने का संदेश भी दिया गया।

जादूगर प्रिंस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

रैली को मिले जनसमर्थन और जगह-जगह हुए स्वागत के बीच प्रतिभागियों ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

Share:

सागर में अंधे कत्ल का खुलासा: 62 वर्षीय पति ने की थी महिला की हत्या, CCTV फुटेज से 24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी : रेलवे गेट के पास मिला था महिला का शव

सागर में अंधे कत्ल का खुलासा: 62 वर्षीय पति ने की थी महिला की हत्या, CCTV फुटेज से 24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी : रेलवे गेट के पास मिला था महिला का शव

तीनबत्ती न्यूज: 18 नवंबर, 2026

सागर। सागर के कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे गेट क्रमांक-26 के ओवरब्रिज के नीचे मिली महिला की हत्या के मामले में सागर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या उसके साथ रहने वाले दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार ने की थी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने महिला के सिर और चेहरे पर करीब 3.5 किलो वजनी पत्थर से वार किए थे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया है। पुलिस कंट्रोल रूम और शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित हुए।


बातचीत के बहाने घटनास्थल पर ले गया था आरोपी

पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2026 की रात रेलवे गेट क्रमांक-26 के ओवरब्रिज के नीचे चिरई कॉलोनी के पास एक महिला का शव मिला था। मृतिका की पहचान शांतिबाई अहिरवार के रूप में हुई। मामले में कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 615/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपी दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार (62) और शांतिबाई के बीच आपसी विवाद तथा चरित्र संदेह को लेकर तनाव था। पुलिस के मुताबिक दोनों करीब पांच वर्षों से अलग रह रहे थे। 16 नवंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे आरोपी शांतिबाई को बातचीत करने के बहाने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पिलर के पास ले गया।

वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर पास पड़े भारी पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी।

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

हत्या के बाद आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। पुलिस कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था के फुटेज के साथ रेलवे स्टेशन, शनि मंदिर, भगवानगंज तिराहा और चौकसे चौराहा सहित कई स्थानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग का मिलान किया गया।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध ऑटो चालक की पहचान दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार निवासी बड़ा करीला, संत रविदास वार्ड, थाना मोतीनगर के रूप में की। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार हत्या का खुलासा हुआ।

हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3.5 किलोग्राम वजनी गोल चपटा पत्थर बरामद किया है, जिस पर खून लगा हुआ था। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई थी।

कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित डोंगरे, उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, संजय बामनिया प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, आरक्षक गुड्डू शर्मा, आरक्षक विशाल रावत, आरक्षक दिनेश तिवारी, आरक्षक देवेंद्र रावत एवं आरक्षक सूजन तिवारी सहित थाना केंट पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।


Share:

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने 49.90 करोड़ की जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ के तहसील भवन का किया लोकार्पण

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने  49.90 करोड़ की जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ के तहसील भवन का किया लोकार्पण


तीनबत्ती न्यूज: 18 नवंबर 2026

खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार को 49.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बांदरी जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन परियोजनाओं से बांदरी के 15 वार्डों की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के साथ आसपास के 40 गांवों के लोगों को तहसील और एसडीएम कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए मालथौन जाने से राहत मिलेगी।

15 वार्डों में मिलेगा 24 घंटे शुद्ध पेयजल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी में वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ था। गर्मियों में लोगों को दो किलोमीटर दूर तक जाकर कुओं से पानी लाना पड़ता था। अब जलप्रदाय योजना के माध्यम से नगर के सभी 15 वार्डों में 24 घंटे शुद्ध फिल्टर पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि इस योजना को उन्होंने मंत्री रहते हुए स्वीकृत कराया था। इसके स्थायी जल स्रोत के लिए उल्दन बांध परियोजना को भी स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने कहा कि आगामी मई माह तक बांध का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। इससे बांदरी में पेयजल आपूर्ति के साथ मालथौन विकासखंड के 59 गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा भी मिलेगी। अगले वर्ष से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने लगेगा, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की समृद्धि बढ़ेगी।


तहसील भवन से 40 गांवों को मिलेगी सुविधा

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी में तहसील की स्थापना के बाद अब आधुनिक संयुक्त तहसील भवन भी जनता को समर्पित किया गया है। यहां किसानों और आम नागरिकों को तहसील के साथ एसडीएम कार्यालय से संबंधित सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को बांदरी के बाजार दिवस पर एसडीएम तहसील कार्यालय में जनसुनवाई के लिए उपस्थित रहेंगी। एसडीएम कोर्ट भी सप्ताह में दो दिन बांदरी में संचालित कराने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नए तहसील भवन में रिकॉर्ड रूम, लोकसेवा गारंटी कक्ष, अर्जीनवीस, वकीलों और टाइपिंग कार्य सहित अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और नगर की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

दस साल में बदली बांदरी की तस्वीर

विधायक ने कहा कि दस वर्ष पहले तक बांदरी ग्राम पंचायत थी। अब यहां नगर परिषद, तहसील भवन, महाविद्यालय, सांदीपनि विद्यालय, बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, सड़कें, स्ट्रीट लाइट और करीब 6 हजार प्रधानमंत्री आवास जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब बांदरी में 30 बिस्तरों का सर्वसुविधायुक्त अस्पताल, इंडस्ट्रियल एरिया और रोजगार के अवसर विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। नगर में बैंक और बड़ी गौशाला की आवश्यकता भी उन्होंने बताई।

उपयोगी सामग्री से हुआ स्वागत

कार्यक्रम में पूर्वमंत्री भूपेन्द्र सिंह का स्वागत फूल-मालाओं के स्थान पर जरूरतमंदों को वितरित की जा सकने वाली उपयोगी सामग्री से किया गया। इसमें स्टेशनरी, स्कूल बैग, हीटर, वाटर बॉटल, कंबल और चॉकलेट बास्केट शामिल थे।

इन स्वागतकर्ताओं में श्रीमती सुधा विश्वनाथ सिंह न.परि अध्यक्ष, लक्ष्मी लोधी, राजस्व परिवार, सीमा रजक, गोविंद अहिरवार, पार्षद बरोदिया, उदयपाल यादव, नरेश जैन, सनत साहू, संतोष पटेल, कृपाल ठाकुर, रामू पटेल पार्षद, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, पंडित लक्ष्मीकांत मुंडोतिया, कुलदीप राय, अवधेश सिंह ठाकुर, उमेश राय, सचिन आदिवासी, वकील लोधी, राजू जैन, पप्पू मुकद्दम, राजेंद्र बड़े घरवाले, नंदराम घोषी, देवी दयाल कुशवाहा, पुष्पेंद्र यादव, सुम्मेर सिंह, सत्यम जैन ठेकेदार, सम्मर सिंह, महेंद्र यादव मंडल उपाध्यक्ष, एसडीओ एमपीयूडीसी दिनेश बरेले शामिल रहे। 


कार्यक्रम में एसडीएम मालथौन मोना दांगी, तहसीलदार कुलदीप सिंह राजपूत, तहसीलदार मालथौन आरपी सिंह, एसडीओ पीडब्लूडी सीमा रजक, दिनेश बरेले पीएम पी आईयू एमपीयूडीसी, बीईओ हमीर ठाकुर, सीएमओ संजय समुद्रे, राजेश मेहथेले, अरुण श्रीवास्तव,अनिल पाराशर मंडल अध्यक्ष, महेश पाराशर, डॉ. रोहित,श्रीमती संध्या राजपूत महिला मोर्चा, कल्याण सिंह पहरगुवां, देवी दयाल पटेल, राव राजा राजपूत, शेर सिंह, राजेंद्र लोधी, देशराज सिंह, उमेश राय,अवधेश सिंह ठाकुर, कुलदीप राय, राजा राजपूत, रामकिशन अहिरवार, राजू जैन, तुलसीराम यादव, पप्पू सैयद, महेंद्र यादव, रामू पटेल,रमेश अहिरवार, भरत अहिरवार सहित अनेक गणमान्य जन शामिल रहे।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive