विधायक शैलेंद्र जैन ने किया सूर्य विजय अखाड़े में अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन: जैन हाई स्कूल के भवन विस्तार के लिए 16 लाख किए स्वीकृत
सागर सागर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने खेल और शिक्षा के क्षेत्र में दो बड़ी सौगातें दी हैं। गुरुवार को विधायक जैन ने विवेकानंद वार्ड स्थित ऐतिहासिक सूर्य विजय अखाड़ा प्रांगण में विधायक निधि से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने गोपालगंज स्थित जैन हाई स्कूल के प्रथम तल निर्माण के लिए विधायक निधि से 16 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
सूर्य विजय अखाड़ा में भूमिपूजन: "अखाड़े हमारी सांस्कृतिक विरासत"
विवेकानंद वार्ड के सूर्य विजय अखाड़ा प्रांगण में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विधिवत पूजन-अर्चन कर अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। विधायक जैन ने कहा कि अखाड़े केवल व्यायाम और कुश्ती के केंद्र नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। यहाँ युवाओं को अनुशासन, संयम और स्वस्थ जीवनशैली के संस्कार मिलते हैं। उन्होंने शहर के सभी प्रमुख अखाड़ों के जीर्णोद्धार और विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई । वार्ड पार्षद सुश्री याकृति जड़िया ने विधायक जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूर्य विजय अखाड़ा की वर्तमान आकर्षक और सर्वसुविधायुक्त स्थिति विधायक जी के सतत प्रयासों का परिणाम है। इस अतिरिक्त कक्ष के बनने से खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य धर्मेंद्र खटीक, पार्षद विशाल खटीक, क्रांतकुमार सराफ, रामेश्वर सोनी नन्होरिया, सुरेश सोनी खलीफा, अशोक सोनी, रघुवीर सोनी, पंडित अंबिका प्रसाद उपाध्याय, गोपी पंथी, प्रदीप यादव, सत्यनारायण रजक, डॉ. दशरथ मालवीय, नीलेश साहू, पवन खटीक, रीतेश पांडे, निमिष जड़िया सहित बड़ी संख्या में पहलवान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जैन हाई स्कूल का निरीक्षण: शिक्षा के विकास के लिए 16 लाख की मंजूरी
अखाड़े के कार्यक्रम के साथ ही विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने गोपालगंज स्थित जैन हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में प्रस्तावित भवन निर्माण कार्य के लिए स्थल का जायजा लिया और निर्माण कार्य की रूपरेखा पर प्रबंधन के साथ चर्चा की।
विधायक जैन ने विद्यालय भवन के प्रथम तल निर्माण के लिए अपनी विधायक निधि से 16 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस भवन विस्तार से छात्रों को सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त स्थान और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्राचार्य श्री पवन जैन एवं विद्यालय प्रबंधन समिति ने विधायक निधि से मिली इस बड़ी सौगात के लिए विधायक श्री जैन का आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित:
इस दौरान उदय जैन, के.के. सराफ, अरुण कुमार सिंघई, विमल जैन, सुरेन्द्र मालथौन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें