Sagar Crime : कलयुगी बेटे की हैवानियत: मां की हत्या कर डबल बेड के बॉक्स में छिपाई थी लाश: पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
तीनबत्ती न्यूज: 18 जून,2026
सागर : जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई एक महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतका के सगे बेटे को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर शव को घर के अंदर रखे डबल बेड के बॉक्स में छिपा दिया था। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
-------------------
प्रदर्शन का वीडियो देखने क्लिक करे
डबल बेड के बॉक्स में मिला था शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 11 अप्रैल 2026 को 16 वर्षीय फरियादी देव अहिरवार (निवासी सहोदाराय बाई, खुरई) ने थाने में सूचना दी थी कि उसकी मां ममता अहिरवार (उम्र 45 वर्ष) की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। साक्ष्य मिटाने और अपराध छिपाने की नीयत से शव को घर के ही एक कमरे में डबल बेड के बॉक्स के अंदर बंद कर दिया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए खुरई ग्रामीण पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
सागर पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) के मार्गदर्शन और एसडीओपी खुरई के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से बारीकी से निरीक्षण किया और सायबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
लगातार संदिग्धों से पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को मृतका के बेटे सुरेन्द्र कुमार (पिता रामकिशन अहिरवार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगपुर) पर शक हुआ। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य सामने रखे, तो आरोपी की संलिप्तता पूरी तरह प्रमाणित हो गई। पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र को 17 जून 2026 को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे खुरई उपजेल भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस जघन्य और अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में खुरई ग्रामीण थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह दांगी, प्रधान आरक्षक भुजबल सिंह, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक जितेन्द्र धाकड़, आरक्षक कुंवर सिंह और सागर सायबर सेल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
-----------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें