Sagar Crime: शेयर मार्केट और गोल्ड में निवेश के नाम पर 1.27 करोड़ की ठगी, आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार; 20 लाख रुपए बरामद
तीनबत्ती न्यूज: 08 अगस्त, 2026
सागर : शेयर मार्केट और गोल्ड में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 1.27 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को मोतीनगर थाना पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहाली (पंजाब) निवासी हरविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सागर ले आई है, जहां पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से 20 लाख रुपए नगद बरामद किए गए हैं। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
--------
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त और 26 जनवरी पर स्कूलों में बंटेगा सांची पेड़ा, फूड पॉइजनिंग के बाद कमिश्नर ने दिए निर्देश
----------
2023 में होटल में हुई थी मुलाकात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागर के अहमद नगर वार्ड निवासी 27 वर्षीय ऋद्धार्थ सिंह की वर्ष 2023 में एक होटल में आरोपी हरविंदर सिंह से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने ऋद्धार्थ को शेयर मार्केट और गोल्ड में निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर ऋद्धार्थ ने शुरुआत में 6 लाख रुपए निवेश किए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग खातों और माध्यमों से करीब 52 किस्तों (ट्रांजेक्शन) में कुल 1 करोड़ 27 लाख 44 हजार 420 रुपए हड़प लिए।
------
यह भी पढ़ें: एससी प्रमाण पत्र पर नियुक्ति के आरोप में डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के डीन निलंबित
---------
90 लाख का लिया था लोन
पीड़ित फरियादी के मुताबिक, आरोपी के झांसे में आकर अधिक रकम निवेश करने के चक्कर में उसने बैंकों से करीब 90 लाख रुपए का लोन लिया था। इसके अलावा कुछ रकम अपने रिश्तेदारों से भी उधार मांगी थी। शुरुआत में आरोपी फरियादी को लगातार निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलने का झूठा भरोसा देता रहा।
जब पैसे मांगे तो टालमटोल करने लगा
कुछ समय बीत जाने के बाद जब फरियादी ने अपनी मूल रकम और मुनाफा वापस मांगा, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। काफी समय तक पैसे वापस न मिलने पर ऋद्धार्थ को ठगी का संदेह हुआ, जिसके बाद उसने मोतीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: सागर में बहू की हत्या: रिटायर्ड पुलिसकर्मी ससुर ने पारिवारिक विवाद में की मारपीट, आरोपी हिरासत में
बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन से पकड़ाया
शिकायत मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल नंबर के तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन हरियाणा में मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी हरविंदर सिंह को धर दबोचा और सागर ले आई।
अन्य थानों में भी शिकायतें दर्ज
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपए की नकदी जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी ठगी के शिकायती आवेदन दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है, तथा पुलिस ठगी की बाकी रकम की बरामदगी और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जांच आगे बढ़ा रही है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें