सागर: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर बंडा नगर परिषद के उपयंत्री आकाश राठौर निलंबित
तीनबत्ती न्यूज : 11 नवंबर 2026
सागर। नगर परिषद बंडा में निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बरतने के मामले में कमिश्नर सागर संभाग दिलीप कुमार ने उपयंत्री आकाश राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन आदेश के अनुसार, उपयंत्री आकाश राठौर के जिम्मे मुख्यमंत्री अधोसंरचना निर्माण योजना, कायाकल्प योजना (बरा चौराहा), प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0, अमृत 2.0 योजना, ओएसटी फिल्टर निर्माण और एसडीआरएफ योजना के विभिन्न निर्माण कार्य थे। इन सभी कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई।
यह भी पढ़ें : सागर में खाद वितरण में लापरवाही पर दो अधिकारियों को नोटिस
इसके अलावा नगर के मुख्य मार्गों का सौंदर्यीकरण और विभिन्न स्थानों पर फुटपाथ निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
बरा चौराहे के सौंदर्यीकरण में भी लापरवाही
कायाकल्प योजना के तहत बरा चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य में भी लापरवाही सामने आई। नगर परिषद के संकल्प क्रमांक 14, दिनांक 8 जुलाई 2026 के अनुसार उपयंत्री द्वारा कोई कार्यवाही प्रस्तावित नहीं की गई। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण भी नहीं किया जा रहा था।
नोटिस का जवाब नहीं मिला संतोषजनक
इस मामले में कलेक्टर द्वारा 15 सितंबर 2026 को उपयंत्री आकाश राठौर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
प्रकरण के परीक्षण और प्राप्त प्रस्ताव के अवलोकन के बाद पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनियमितता पाए जाने पर कमिश्नर दिलीप कुमार ने निलंबन की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश नगरपालिका सेवा (कार्यपालन) नियम 1973 के नियम 36 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत की गई है।






