Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में आदतन शराब पीने वालो का घर-घर पहुंचकर हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण : 50 लोगों की स्क्रीनिंग : शराब दुकानों से मिली सूची

सागर में आदतन शराब पीने वालो का घर-घर पहुंचकर हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण : 50 लोगों की स्क्रीनिंग : शराब दुकानों से मिली सूची



तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में शराब से कथित मौतों के बाद प्रशासन अब सतर्क है।जिले में अत्यधिक और आदतन शराब का सेवन करने वाले लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाने तथा समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य एवं आबकारी विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में संयुक्त टीमें सूचीबद्ध व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया और सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के नेतृत्व में दोनों विभागों की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं।



शराब दुकानों से मिली सूची के आधार पर घर-घर पहुंच रही टीमें

अभियान के तहत मदिरा दुकानों से पूर्व में संकलित सूची के आधार पर अत्यधिक शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके घरों और चिन्हित स्थानों पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। बंडा क्षेत्र के बिनायका और मगरधा सहित ग्रामीण इलाकों के अलावा सागर शहर के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ क्षेत्र में स्क्रीनिंग की गई।

मौके पर जांच, ब्लड सैंपलिंग और उपचार

स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित व्यक्तियों के लक्षणों के आधार पर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। आवश्यकता के अनुसार ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं और ड्रिप सहित जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अभियान के तहत 22 नवंबर को दोपहर तक बंडा क्षेत्र के बिनायका और मगरधा में लगभग 28 तथा सागर शहर के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ क्षेत्र में 22 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार कुल लगभग 50 लोगों की स्क्रीनिंग कर उपचार शुरू किया गया।

बंडा क्षेत्र में सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया ने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण की निगरानी की, जबकि सागर शहर में विशेष चिकित्सकीय टीम ने जांच की। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे और सीएमएचओ ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया तथा टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।



परिजनों की काउंसलिंग भी कर रही संयुक्त टीमें

अभियान केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं है। टीमें मदिरा दुकानों के आसपास भी लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। इसके साथ ही सूचीबद्ध व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से संवाद किया जा रहा है। परिवारों को अत्यधिक शराब सेवन के दुष्परिणामों और समय पर उपचार कराने के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर चलाया जा रहा यह अभियान नशे के आदी लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें नशामुक्ति की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से निरंतर जारी है।

Share:

सागर में NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 33 घायल • बरमान से नर्मदा स्नान कर गांव लौट रहे थे ग्रामीण

सागर में NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत, 33 घायल

• बरमान से नर्मदा स्नान कर गांव लौट रहे थे ग्रामीण, ट्रैक्टर में सवार थे 35 से 36 लोग; घायलों को BMC में कराया भर्ती

तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्रामीणों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे ग्रामीण

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बरमान में नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना करने गए थे। रविवार को गांव लौटते समय NH-44 पर नीम घाटी के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में करीब 35 से 36 लोग सवार थे।

हादसे में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कई लोग सड़क पर जा गिरे। घायलों में अनेक लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

तीन मृतकों की हुई पहचान

एसडीएम देवरी मुनव्वर खान के अनुसार, हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौत हुई है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया कि वे सागर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पलटा हुआ देखा। मौके पर कई लोग घायल अवस्था में पड़े थे और तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर रेफर किया गया।

ओवरलोडिंग सहित हादसे के कारणों की जांच

एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने या किसी अन्य वाहन से टकराने की आशंका सहित हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गौरझामर और देवरी थाना प्रभारी मामले की पड़ताल कर रहे हैं। ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोडिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।


Share:

साप्ताहिक राशिफल 23 से 29 नवंबर 2026: मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों का भविष्य, शुभ दिन और ज्योतिषीय उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

साप्ताहिक राशिफल 23 से 29 नवंबर 2026: मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों का भविष्य, शुभ दिन और ज्योतिषीय उपाय

• पंडित अनिल पाण्डेय

तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

जय श्री राम। भारतीय कालगणना और वैदिक ज्योतिष की समृद्ध परंपरा पर आधारित 23 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल प्रस्तुत है। इस सप्ताह ग्रहों के गोचर की स्थिति इस प्रकार रहेगी:

  • सूर्य: वृश्चिक राशि में
  • मंगल व बृहस्पति: सिंह राशि में
  • बुध व शुक्र: तुला राशि में
  • शनि (वक्री): मीन राशि में
  • राहु: कुंभ राशि में

♈ मेष (Aries)

  • मुख्य फल: अविवाहितों के लिए विवाह के नए प्रस्ताव और प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी। पुराने संबंध फिर से सुधर सकते हैं। व्यापार में लाभ के अच्छे अवसर हैं और संतान का सहयोग मिलेगा। सही व गलत दोनों माध्यमों से धन आगमन का योग है; भाग्य का साथ मिल सकता है। अधिकारी व कर्मचारी वर्ग के लिए समय ठीक-ठाक है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 23, 28 और 29 नवंबर सफलतादायक हैं; शेष दिन सामान्य हैं।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन काली उड़द का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में पूजन करें। शुभ दिन: रविवार।

♉ वृषभ (Taurus)

  • मुख्य फल: जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा व सम्मान में वृद्धि होगी। जीवनसाथी का आत्मविश्वास ऊंचा रहेगा। शत्रु शांत रहेंगे; प्रयास करने पर भयभीत हो सकते हैं, हालांकि पूर्णतः समाप्त नहीं होंगे। भाग्य से सामान्य सहायता ही मिलेगी।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 24 और 25 नवंबर उपयोगी हैं। 23 नवंबर को सावधानी से कार्य करें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में कम से कम तीन बार पाठ करें। शुभ दिन: बुधवार।

♊ मिथुन (Gemini)

  • मुख्य फल: भाई-बहनों और संतान से सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई अच्छी चलेगी। प्रयास करने पर शत्रुओं पर विजय मिल सकती है। भाग्य के भरोसे न रहें—किसी भी लाभ के लिए परिश्रम आवश्यक है; कर्म पर विश्वास रखें।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 26, 27 और 28 नवंबर की दोपहर तक का समय सहायक है। 24 और 25 नवंबर को सतर्क रहकर कार्य निपटाएं।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं। शुभ दिन: शुक्रवार।

♋ कर्क (Cancer)

  • मुख्य फल: धन प्राप्ति के योग हैं और व्यापारियों के कारोबार में वृद्धि होगी। जनप्रतिनिधियों का मान-सम्मान बढ़ेगा। अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह सामान्य है। संतान का सहयोग मिलेगा और छात्रों की पढ़ाई सुचारू रहेगी। माता का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, जबकि पिता के स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी आ सकती है। भाग्य के स्थान पर कर्म पर भरोसा रखें; भाग्य से मामूली मदद संभव है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 23 नवंबर तथा 28 नवंबर की दोपहर के बाद से 29 नवंबर तक का समय लाभदायक है। 26, 27 और 28 नवंबर की दोपहर तक सचेत रहें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करें। शुभ दिन: सोमवार।

♌ सिंह (Leo)

  • मुख्य फल: आत्मविश्वास अत्यंत उच्च रहेगा और स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। भाई-बहनों से संबंध मधुर रहेंगे। प्रतिष्ठा प्राप्ति के योग हैं तथा जनप्रतिनिधियों के लिए समय अनुकूल है। अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह ठीक रहेगा। भाग्य के बजाय कर्म पर विश्वास रखें। स्वयं के और जीवनसाथी के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 24 और 25 नवंबर कार्यसिद्धि व शुभ परिणाम देने वाले हैं। 28 नवंबर की दोपहर के बाद से 29 नवंबर तक सावधानी रखें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर में पूजन करें। शुभ दिन: बृहस्पतिवार।

♍ कन्या (Virgo)

  • मुख्य फल: कचहरी व न्यायालय से जुड़े कार्य थोड़े प्रयास से पूरे हो सकते हैं, उन्हें पूर्ण करने का प्रयास करें। शत्रुओं को थोड़े प्रयास से पराजित कर सकेंगे। भाई-बहनों से संबंध ठीक रहेंगे। धन आगमन की पूरी संभावना है और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह सामान्य है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 26, 27 और 28 नवंबर की दोपहर तक का समय परिणामदायक है। 23 नवंबर को सावधान रहें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं। शुभ दिन: शुक्रवार।

♎ तुला (Libra)

  • मुख्य फल: अविवाहितों को विवाह के अच्छे प्रस्ताव मिलेंगे और प्रेम संबंधों में वृद्धि होगी; नए प्रेम संबंध भी बन सकते हैं। धन प्राप्ति के योग हैं—अवसर का पूरा लाभ उठाएं। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। संतान से सहयोग मिलने में कठिनाई आ सकती है और छात्रों की पढ़ाई में बाधा आ सकती है। प्रयास करने पर शत्रुओं का शमन संभव है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 23 नवंबर तथा 28 नवंबर की दोपहर से 29 नवंबर तक विभिन्न प्रकार से लाभप्रद समय है। 24 और 25 नवंबर को समझदारी व सतर्कता से कार्य करें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। शुभ दिन: शनिवार।


♏ वृश्चिक (Scorpio)

  • मुख्य फल: आत्मविश्वास अत्यंत प्रबल रहेगा और स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। दूसरों को नियंत्रित करने की क्षमता बढ़ेगी। अधिकारियों को अनेक सफलताएं व प्रतिष्ठा मिल सकती है; कार्यालय में कार्यक्षमता का विकास होगा। कचहरी के कार्यों में सावधानी से सफलता संभव है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 24 और 25 नवंबर शुभ हैं। 23, 26, 27 और 28 नवंबर को सजग रहकर कार्य करें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन तांबे के पात्र में जल, अक्षत और लाल पुष्प डालकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दें। शुभ दिन: मंगलवार।

♐ धनु (Sagittarius)

  • मुख्य फल: कचहरी के कार्यों व कानूनी विवादों में सफलता का योग है—समय का लाभ उठाएं। धन प्राप्ति व व्यापार में लाभ होगा। भाग्य साथ देगा। लॉटरी व शेयर बाजार में लाभ संभव है। भाई-बहनों से संबंध ठीक-ठाक रहेंगे और जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह सामान्य है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 26, 27 और 28 नवंबर की दोपहर तक का समय मददगार है; शेष दिनों में सावधानी से कार्य करें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें। शुभ दिन: गुरुवार।

♑ मकर (Capricorn)

  • मुख्य फल: अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह अच्छा है—हर क्षेत्र में सफलता और रुका हुआ प्रमोशन संभव है। धन प्राप्ति के उत्तम योग हैं (सही व गलत दोनों माध्यमों से)। दुर्घटना की स्थिति में भी विशेष चिंता की आवश्यकता नहीं है, बड़ा नुकसान नहीं होगा।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 23 नवंबर तथा 28 नवंबर की दोपहर के बाद से 29 नवंबर तक परिणाममूलक समय है। 26 और 27 नवंबर को सतर्क रहें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें। शुभ दिन: शनिवार।

♒ कुंभ (Aquarius)

  • मुख्य फल: अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह अच्छा है और कार्यालय पर नियंत्रण मजबूत रहेगा। भाग्य का साथ मिलेगा। अविवाहित युवतियों के लिए विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। जीवनसाथी व पिता का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। धन आगमन की उम्मीद की जा सकती है।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 24 और 25 नवंबर प्रतिष्ठादायक हैं। 28 नवंबर की दोपहर के बाद से 29 नवंबर तक सचेत रहकर कार्य करें।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ करें। शुभ दिन: बुधवार।

♓ मीन (Pisces)

  • मुख्य फल: भाग्य का अच्छा साथ मिलेगा और कई कार्य सहजता से पूर्ण हो सकते हैं। भाई-बहनों से संबंध थोड़े कम ठीक रह सकते हैं। अधिकारी व कर्मचारियों के लिए सप्ताह सामान्य है। थोड़े प्रयास से शत्रुओं को पराजित कर विजय प्राप्त कर सकते हैं।
  • शुभ व सावधानी के दिन: 26, 27 और 28 नवंबर की दोपहर तक का समय उपयुक्त है; बाकी दिन ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय व शुभ दिन: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें। शुभ दिन: बृहस्पतिवार।

निवेदन: यह सामान्य गोचर आधारित फलादेश है। व्यक्तिगत व सटीक विश्लेषण के लिए अपनी जन्म कुंडली के अनुसार परामर्श लें। मां शारदा से प्रार्थना है कि आप सभी सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें। जय मां शारदा।

निवेदक: पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ), साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया।

Share:

संत रविदास मंदिर निर्माण कार्यों का अनुसूचित जाति आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार ने किया निरीक्षण

संत रविदास मंदिर निर्माण कार्यों का अनुसूचित जाति आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार ने किया निरीक्षण


तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार और विधायक प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को बड़तूमा स्थित निर्माणाधीन संत शिरोमणि रविदास मंदिर एवं संग्रहालय परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर के प्रस्तावित मॉडल का अवलोकन किया और निर्माण एजेंसी तथा विभागीय अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।



निरीक्षण के दौरान अहिरवार ने समरसता गैलरी का अवलोकन किया। यहां संत रविदास जी के समकालीन संतों की प्रतिमाएं और उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उन्होंने यात्री आवास गृह सहित श्रद्धालुओं के लिए विकसित की जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि यह भव्य परिसर संत रविदास जी के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक केंद्र बनेगा। यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलनी चाहिए।

101 करोड़ की लागत से बन रहा 66 फीट ऊंचा मंदिर

इस अवसर पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बड़तूमा में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ क्षेत्र में संत रविदास जी का भव्य मंदिर एवं संग्रहालय बनाया जा रहा है। मुख्य मंदिर 66 फीट ऊंचा होगा, जिसका निर्माण पारंपरिक नागर शैली में लाल पत्थरों से बिना लोहे के उपयोग के किया जा रहा है।

परिसर में अत्याधुनिक संग्रहालय और ऑडिटोरियम भी बनाए जा रहे हैं। इनमें डिजिटल एवं दृश्य-श्रव्य माध्यमों से संत रविदास जी के जीवन प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया जाएगा। मंदिर परिसर को शहर और प्रमुख मार्गों से जोड़ने के लिए पहुंच मार्ग भी प्रस्तावित हैं।

विधायक लारिया ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही भव्य लोकार्पण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा।

किसान की जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त

मंदिर परिसर के निरीक्षण के बाद आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार ग्राम बरकोटीकला पहुंचे। यहां एक किसान ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। अहिरवार ने तत्काल संबंधित तहसीलदार और हल्का पटवारी को मौके पर बुलाया। राजस्व अमले ने स्थल निरीक्षण और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रकरण का मौके पर ही निराकरण कराया तथा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

उन्होंने संबंधित किसान को नियमानुसार पट्टा जारी करने के लिए राजस्व अधिकारियों को निर्देश भी दिए।

इस दौरान मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, गुरु रविदास विश्वमहापीठ के पदाधिकारी डॉ. परशुराम, जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त अदिति शांडिल्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक प्रदीप लारिया के निज निवास पर आत्मीय स्वागत


मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल सागर जिले के प्रवास के दौरान नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के मकरोनिया स्थित निज निवास पर आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके साथ गुरु रविदास पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष  सुरजीत सिंह भी पधारे, जिनका विधायक श्री लारिया ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में आत्मीय भेंट एवं स्नेहपूर्ण भोजन के साथ सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।



Share:

सागर में शराब से मौतों के बाद फिर मचा हड़कंप, बंडा में तीन दुकानों से लिए गए शराब के नमूने देवरी-बंडा में मौतों और मरीजों के बीमार होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा •पूर्व मंत्री हर्ष यादव देवरी में प्रदर्शन में शामिल • पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज • जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मुहासा ने की दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

सागर में शराब से मौतों के बाद फिर मचा हड़कंप, बंडा में तीन दुकानों से लिए गए शराब के नमूने

देवरी-बंडा में मौतों और मरीजों के बीमार होने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

•पूर्व मंत्री हर्ष यादव देवरी में प्रदर्शन में शामिल

• पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज

• जिलाध्यक्ष भूपेंद्र मुहासा ने की दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग


तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर 2026

सागर। सागर जिले में शराब सेवन के बाद लगातार लोगों की मौत और तबीयत बिगड़ने की घटनाओं ने एक बार फिर हड़कंप मचा दिया है। बंडा के ग्राम सेमरा रामचंद्र में दो लोगों की मौत और एक अन्य के गंभीर होने के मामले के बाद अब देवरी क्षेत्र में भी शराब सेवन के बाद मौत की खबर सामने आई है। बंडा के ग्राम कांटी निवासी राजू लोधी और देवरी के बाजार वार्ड निवासी बहीद खान की तबीयत बिगड़ने पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। तीन दिन पहले सागर शहर में एक शराब दुकान के बाहर शराब पीने वाले की मौत हुई थी।


प्रशासन ने लिए शराब के सैंपल

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बंडा की तीन मदिरा दुकानों से देशी शराब के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। दूसरी ओर कांग्रेस ने शराब के अवैध कारोबार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

कलेक्टर के निर्देश पर तीन मदिरा दुकानों से लिए नमूने

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बंडा क्षेत्र की तीन मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर देशी मदिरा मसाला के 180 एमएल पेट बॉटल के नमूने संकलित किए।

पहली कार्रवाई बंडा बस स्टैंड स्थित मदिरा दुकान, दूसरी जमुनिया और तीसरी सागर-छतरपुर फोरलेन रोड स्थित मदिरा दुकान पर की गई। तीनों दुकानों के लाइसेंसधारी जंडेल सिंह गुर्जर बताए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान प्रत्येक दुकान से 180 एमएल की 16-16 बोतलें नमूने के रूप में सीलबंद की गईं। संबंधित शराब का निर्माण एवं बॉटलिंग ग्राम मेहर, झांसी रोड, सागर स्थित मेसर्स डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत फॉर्म-VA के माध्यम से लाइसेंसधारी, दुकान संचालकों और निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किए हैं। संकलित नमूने गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट में नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देवरी में युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर किया चक्काजाम

जिले के देवरी में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की मौत से नाराज परिजनों ने शनिवार को सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हर्ष यादव भी शामिल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सचिन ठाकुर (28) निवासी नगरपालिका भवन के सामने, देवरी के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह रात में बंडा के पुल पर पड़ा मिला था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के बाद सचिन की तबीयत खराब हुई थी, जिसके चलते उसकी जान चली गई। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन पर फंदे जैसे निशान (लिगेचर मार्क) पाए जाने की बात सामने आई है। इससे युवक की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी पहुंचे मेडिकल कॉलेज, मरीजों के परिजनों से की मुलाकात

इधर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी शनिवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने शराब सेवन के बाद बीमार हुए बंडा के ग्राम कांटी निवासी राजू लोधी और देवरी के बाजार वार्ड निवासी बहीद खान के परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से दोनों मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी लेकर बेहतर इलाज की व्यवस्था पर चर्चा की।

पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन जिले में जहरीली और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के दावे कर रहा है, लेकिन बंडा-शाहगढ़ की घटना के बाद केसली के जैतपुर डोमा, नरयावली के इशरवारा, सागर शहर के मछरयाई और अब फिर बंडा व देवरी में शराब सेवन के बाद मौतों तथा लोगों के बीमार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला इन घटनाओं पर पर्दा डालने में जुटा है।

चौधरी ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के साथ ही पूरे नेटवर्क को संरक्षण देने वालों की भी जांच होनी चाहिए। केवल बयानबाजी और औपचारिक कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय एवं आर्थिक सहायता मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रभारी युवा कांग्रेस अशरफ खान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सदर अध्यक्ष पं. रवि उमाहिया, अभय सिंह और इंजीनियर सत्यम सिंह मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने की हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने बंडा और देवरी में शराब सेवन के बाद हुई मौतों पर दुख जताते हुए प्रदेश सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बंडा में पहले हुई शराब त्रासदी के बावजूद प्रशासन ने सबक नहीं लिया। अब जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

मुहासा ने मांग की कि देवरी और बंडा की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदारों, विक्रेताओं और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में शराब के अवैध कारोबार का नेटवर्क फैलता जा रहा है।

क्या है सेमरा रामचंद्र की घटना?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र निवासी कमलेश पुत्र नारायण लोधी और चंद्रभान पुत्र मुलायम लोधी की शराब सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हुई। दोनों आपस में पड़ोसी बताए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों ने एक रात पहले साथ बैठकर शराब पी थी। बताया जा रहा है कि कमलेश गांव में शराब का विक्रय भी करता था। हालांकि, इन जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना में तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर होने की जानकारी भी सामने आई थी। अब बंडा के कांटी और देवरी के बाजार वार्ड के दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने से मामला और गंभीर हो गया है।

दो माह पहले की शराब त्रासदी की यादें ताजा

बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में करीब दो माह पहले कथित जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। उस मामले में विभिन्न स्तरों पर 36 से अधिक मौतों के दावे सामने आए थे, जबकि सरकार ने 20 मौतों की पुष्टि की थी। पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था और मास्टरमाइंड, ठेकेदार तथा सप्लायर सहित 34 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। मामले में कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था तथा कलेक्टर और एसपी को भी हटाया गया था।

ग्राम सेमरा रामचंद्र इसी क्षेत्र के नजदीक है, जहां पहले नौराज और घूघरा खुर्द सहित आसपास के गांवों में शराब सेवन के बाद कई लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में उसी इलाके में दोबारा मौतों की खबर से लोगों में चिंता बढ़ गई है।


पीएम रिपोर्ट और जांच से स्पष्ट होगा मौतों का कारण

फिलहाल कमलेश लोधी और चंद्रभान लोधी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट या अन्य कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार, पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है। संबंधित घरों और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली गई है तथा खाली शराब की बोतल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा।


Share:

व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों के समर्थन में विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों के समर्थन में विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

तीनबत्ती न्यूज: 21 नवंबर, 2027

सागर। मध्यप्रदेश के शासकीय स्कूलों में कार्यरत करीब 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों (Vocational Trainers) की लंबित मांगों को लेकर सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर उनके निराकरण की मांग की है। विधायक ने थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, न्यूनतम 40 हजार रुपये मासिक वेतन देने और प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने सहित तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के व्यावसायिक शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रमुख शैलेन्द्र प्रजापति, नवीन व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे एवं महिला मंडल प्रमुख प्रीतिबला जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेन्द्र जैन को ज्ञापन सौंपा था। इस पर विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रशिक्षकों की समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया।

आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि स्कूल शिक्षा विभाग (समग्र शिक्षा) के अंतर्गत पिछले 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे व्यावसायिक प्रशिक्षक कम मानदेय और थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग (VTP) व्यवस्था के कारण आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था समाप्त कर सीधे विभाग के जिला स्तरीय तंत्र से वेतन भुगतान किए जाने की मांग की है।

20 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये हो वेतन

विधायक ने प्रशिक्षकों का वर्तमान 20 हजार रुपये मासिक वेतन बढ़ाकर न्यूनतम 40 हजार रुपये करने तथा वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) निर्धारित करने का आग्रह किया है। पत्र में दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में व्यावसायिक प्रशिक्षकों को मिलने वाले वेतन का भी उल्लेख किया गया है।

विभाग में संविलियन और 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा

तीसरी प्रमुख मांग में वर्ष 1998 के व्यावसायिक व्याख्याताओं की तर्ज पर स्पष्ट जॉब पॉलिसी तैयार कर सभी व्यावसायिक प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन करने तथा 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा देने की बात कही गई है।

शिक्षक संघ ने जताया आभार

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता ने विधायक शैलेन्द्र जैन के प्रति आभार व्यक्त किया। महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दुबे सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रशिक्षकों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने के लिए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का आभार व्यक्त किया।

Share:

कूडो में मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक डंका, 61 गोल्ड सहित 122 पदक जीतकर बना नेशनल चैंपियन

कूडो में मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक डंका, 61 गोल्ड सहित 122 पदक जीतकर बना नेशनल चैंपियन

• 10 साल बाद प्रदेश ने हासिल की राष्ट्रीय बादशाहत, सागर के खिलाड़ियों ने अकेले जीते 35 पदक; 4 साल की अनवी और 5 साल के दैविक ने भी दिखाया दम



तीनबत्ती न्यूज: 20 नवंबर, 2026

सागर। राष्ट्रीय स्तर पर कूडो खेल में मध्य प्रदेश ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम कर ली है। गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 स्वर्ण सहित कुल 122 पदक जीतकर ओवरऑल नेशनल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। पूरे 10 साल बाद मध्य प्रदेश ने यह गौरव हासिल किया है। इससे पहले वर्ष 2016 में प्रदेश राष्ट्रीय चैंपियन बना था।

प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी भारत में कूडो के संस्थापक एवं इंडिया के हेड कोच मेहुल वोरा तथा कूडो इंडिया के पदाधिकारियों ने मंच से मध्य प्रदेश की टीम को प्रदान की। मेहुल वोरा ने मध्य प्रदेश के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार प्रगति कर रहा है। उम्मीद है कि खिलाड़ी आगे भी ऐसे कीर्तिमान बनाते रहेंगे।

इस ऐतिहासिक सफलता में मध्य प्रदेश कूडो के संस्थापक एवं हेड कोच डॉ. मोहम्मद एजाज खान के मार्गदर्शन में तैयार हुए सागर के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सागर के खिलाड़ियों ने अकेले 35 पदक जीतकर प्रदेश की चैंपियनशिप में बड़ा योगदान दिया।

रिंग में सागर का दबदबा, 17 स्वर्ण पदक जीते

देशभर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच मध्य प्रदेश की टीम ने अपना दमखम दिखाया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 61 स्वर्ण, 27 रजत और 34 कांस्य सहित कुल 122 पदक हासिल किए। वहीं सागर के खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, सटीक पंच, किक और शानदार तकनीक के दम पर 17 स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 35 पदक अपने नाम किए।



4 साल की अनवी और 5 साल के दैविक ने भी रचा इतिहास

प्रतियोगिता में सागर के दो नन्हे खिलाड़ियों ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया। महज 4 वर्षीय अनवी कौरव और 5 वर्षीय दैविक तिवारी सागर दल के सबसे कम उम्र के पदक विजेता बने।

अंडर-5 बालिका वर्ग में अनवी कौरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंडर-6 बालक वर्ग में दैविक तिवारी ने रजत पदक हासिल कर सागर का गौरव बढ़ाया। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर इन बच्चों की सफलता को शहर के खेल भविष्य के लिए उत्साहजनक माना जा रहा है।

पदक तालिका एक नजर में

मध्य प्रदेश

  • स्वर्ण पदक : 61
  • रजत पदक : 27
  • कांस्य पदक : 34
  • कुल पदक : 122

सागर

  • स्वर्ण पदक : 17
  • रजत पदक : 8
  • कांस्य पदक : 10
  • कुल पदक : 35

सागर के पदक विजेता खिलाड़ी

स्वर्ण पदक विजेता (17): मन्नत शाह, नावेद खान, आर्यन सिंह, सौरभ सिंह, अरकम खान, अबुज़र, शैलेन्द्र सिंह कुर्मी, सोहैल खान, अनवी कौरव, वैशाली झा, मेघा भोजक, धनीशा सोनी, अंशिका तिवारी, शिवाय गिरी गोस्वामी, सफल जैन, कृष और उत्कर्ष पटेल।

रजत पदक विजेता (8): प्रियंका एक्का, सुरजो विश्वास, उत्कर्ष सेन, दैविक तिवारी, अरहम खान, अभिषेक राठौर, तनिषा राय और अमोघ नेमा।

कांस्य पदक विजेता (10): समृद्धि सूर्यकान्त, दिवी जैन, अभिथा, पराग सर्वते, निशांत अहिरवार, अहतेशाम शहजादी, शान्वी दुबे, सारा अंजुम, दीक्षा सेन और अवन्त्या शर्मा।

अनुशासन और कठिन परिश्रम से खत्म हुआ 10 साल का सूखा

मध्य प्रदेश कूडो के हेड कोच एवं संस्थापक डॉ. मोहम्मद एजाज खान ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय सागर के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की महीनों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने प्रशिक्षक हरिकांत तिवारी, शुभम राठौर और मेघा भोजक के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि सागर के खिलाड़ियों ने जिस समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया है, उसी का परिणाम है कि मध्य प्रदेश ने 10 साल बाद राष्ट्रीय खिताब फिर हासिल किया है। अनवी और दैविक जैसे नन्हे खिलाड़ियों की उपलब्धि भी सागर में कूडो के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

शहर में खुशी की लहर,विजेताओं को मिल रही बधाइयां

मध्य प्रदेश के ओवरऑल चैंपियन बनने और सागर के खिलाड़ियों के 35 पदक जीतने की खबर से शहर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। कूडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने डॉ. एजाज खान सहित सभी प्रशिक्षकों और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share:

लुहारी जैन मंदिर चोरी मामला: पुलिस ने 30 हजार, जैन समाज ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

लुहारी जैन मंदिर चोरी मामला: पुलिस ने 30 हजार, जैन समाज ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

• चोरी गई प्राचीन प्रतिमाओं की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज



तीनबत्ती न्यूज:19 नवंबर, 2026

सागर। लुहारी स्थित प्राचीन पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्राचीन प्रतिमाओं और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। वहीं, जैन समाज लुहारी ने भी प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए 25 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम घोषित किया है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच के साथ पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं और उनमें शामिल रहे अपराधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस को जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग और साक्ष्य मिले हैं। इनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी तथा चोरी गई प्राचीन प्रतिमाओं की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस और जैन समाज की अपील

पुलिस एवं जैन समाज ने आमजन से अपील की है कि चोरी के आरोपियों अथवा प्रतिमाओं के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive