बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

दिग्गज वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी का 95 साल की उम्र में निधन

दिग्गज वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी का 95 साल की उम्र में निधन

नई दिल्ली  ।देश के दिग्गज वकीलों में शुमार राम जेठमलानी का रविवार सुबह 95 साल की उम्र में निधन हो गया। जेठमलानी पिछले दो हफ्ते से गंभीर तौर पर बीमार थे। जेठमलानी अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय कानून मंत्री और शहरी विकास मंत्री भी रहे हैं। साल 2010 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट बार असोसिएशन का अध्यक्ष भी चुना गया था। फिलहाल जेठमलानी आरजेडी से राज्यसभा सांसद भी थे। एक वकील होने के नाते जेठमलानी ने देश के कई बहुचर्चित केस भी लड़े हैं। इनमें कई केस काफी विवादित भी रहे हैं। पीएम ने भी ट्वीट कर जेठमलानी के निधन पर दुख जताया है। पीएम ने जताया दुख 

पीएम ने कहा, 'राम जेठमलानी के रूप में देश ने एक शानदार वकील और प्रतिष्ठित व्यक्ति को खो दिया है। उनका योगदान से कोर्ट और संसद दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कभी भी किसी भी मुद्दे पर अपनी भावनाएं व्यक्त करने में हिचकिचाहट महसूस नहीं की। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह सिर्फ अपने मन की बात बोलते थे। उन्होंने बिना किसी डर के ऐसा किया। आपातकाल के दौरान उन्होंने जनता के लिए लड़ाई लड़ी। जरूरतमंद के साथ खड़ा होना भी उनकी बड़ी खासियत थी। मैं अपने आप को भाग्यशाली समझता हूं कि कई मौकों पर उनसे बात करने का मौका मिला। दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। वह आज भले ही यहां न हों, लेकिन उनके किए गए कार्य हमेशा रहेंगे।' 


शाह ने दी श्रद्धांजलि 

गृहमंत्री अमित शाह ने जेठमलानी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी के निधन से दुखी हूं। उनके रूप में हमने न सिर्फ एक दिग्गज वकील को बल्कि एक अच्छे इंसान को भी खो दिया है। जेठमलानी जी का जाना पूरे विधि क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। कानूनी मामलों में उनकी जानकारी के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।' 


1959 में पहला चर्चित केस 
राम जेठमलानी का जन्म 14 सितंबर 1923 को सिंध प्रांत के शिकारपुर में हुआ था। इनका पूरा नाम राम बूलचंद जेठमलानी था। ट्रायल कोर्ट, हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में उन्होंने कई बड़े केस लड़े थे। उनका पहला सबसे चर्चित केस 1959 में आया, जब वे केएम नानावती बनाम महाराष्ट्र राज्य केस में वकील थे। 

अफजल गुरु की फांसी का बचाव 
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्यारों का मद्रास हाई कोर्ट में 2011 में केस लड़ा। स्टॉक मार्केट घोटाला केस में उन्होंने हर्षद मेहता और केतन पारेख का केस भी लड़ा। उनका सबसे विवादित केस अफजल गुरु की फांसी का बचाव करना था। बहुचर्चित जेसिकालाल हत्याकांड में उन्होंने मनु शर्मा का केस भी लड़ा था। 

वाजपेयी के खिलाफ भी लड़ा चुनाव 
साल 2010 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट बार असोसिएशन का अध्यक्ष भी चुना गया था। छठी और सातवीं लोकसभा में जेठमलानी बीजेपी के टिकट पर मुंबई से सांसद भी चुने गए थे। उन्होंने वाजपेयी सरकार में केंद्रीय कानून मंत्री और शहरी विकास मंत्री की भूमिका भी निभाई थी। साल 2004 में उन्होंने लखनऊ से अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ भी चुनाव लड़ा। उनके बेटे महेश जेठमलानी भी बड़े वकील हैं, एक बेटी अमेरिका में रहती है। जबकि एक बेटी का निधन हो चुका है। 

साभार। नवभारत टाईम्स
Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive