जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरुस्त करें, कमियों को प्राथमिकता से दूर करें : कलेक्टर दिलीप कुमार यादव
तीनबत्ती न्यूज : 31 अक्टूबर 2026
सागर । नवागत कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने शनिवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, चिकित्सा इकाइयों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं चिकित्सकों से जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल आमजन के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इमरजेंसी से दवा वितरण केंद्र तक निरीक्षण
कलेक्टर ने इमरजेंसी कक्ष में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सकीय स्टाफ की ड्यूटी, शिफ्ट परिवर्तन और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने पर्ची बनाने की प्रक्रिया और ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
स्टोर रूम एवं दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, लेबलिंग, मार्किंग और वितरण व्यवस्था देखी। उमंग स्वास्थ्य केंद्र, मेडिकल रिकॉर्ड विभाग और डिस्पेंसिंग रूम का भी निरीक्षण किया। सीटी स्कैन की बिलिंग एवं निर्धारित दरों की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
24 घंटे निगरानी और आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने आईसीयू में सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.एस. जयंत, सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया एवं चिकित्सकों के साथ समीक्षा की। उन्होंने 24 घंटे निगरानी, रात्रिकालीन ड्यूटी, आपात स्थिति में चिकित्सकों को बुलाने की प्रक्रिया और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने प्रतिदिन होने वाली डिलीवरी, गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं तथा एनआईसीयू में भर्ती बच्चों की स्थिति की भी जानकारी ली।
मदर मिल्क बैंक, एनआईसीयू और एसएनसीयू का निरीक्षण
कलेक्टर ने मदर मिल्क बैंक पहुंचकर नवजात शिशुओं को मदर मिल्क उपलब्ध कराने की प्रक्रिया देखी। इसके अलावा पोषण पुनर्वास केंद्र, एसएनसीयू, उच्च निर्भरता इकाई, आदर्श टीकाकरण केंद्र और वैक्सीनेशन यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण गतिविधियों की समय-सीमा में ट्रैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गंदगी और पानी के जमाव पर जताई नाराजगी
अस्पताल परिसर में गंदगी और गंदे पानी का जमाव पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एजेंसी से प्रतिदिन बेहतर सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने मच्छर-मक्खियों की समस्या वाले स्थानों पर आवश्यक उपाय करने, पानी के लीकेज को ठीक कराने तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ कंसल्टेंसी की सहायता लेने को कहा। टॉयलेट के खराब दरवाजे, खिड़कियां, पर्दे, जालियां और अन्य मरम्मत कार्य भी शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
तंबाकू निषेध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर ने इमरजेंसी में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को मास्क लगाने की समझाइश देने को कहा। अस्पताल परिसर में धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन रोकने के लिए जागरूकता पोस्टर लगाने और लोगों को इसके दुष्प्रभावों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
सीएचसी और पीएचसी की व्यवस्थाओं की भी होगी समीक्षा
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं अच्छी हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें शीघ्र दूर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करने की बात कही, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वे जिला अस्पताल का पुनः निरीक्षण करेंगे और अगली बार भी कमियां पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया, सहायक मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.एस. जयंत सहित चिकित्सक एवं अस्पताल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें