राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में सागर के 70 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, विधायक शैलेंद्र जैन ने वितरित किए ट्रैक सूट
• अहमदाबाद में 12 से 18 नवंबर तक होगा आयोजन, मध्य प्रदेश की टीम में सागर के खिलाड़ियों को मिला मौका
तीनबत्ती न्यूज: 06 नवंबर, 2026
सागर। गुजरात के अहमदाबाद में 12 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता, 18वें अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट एवं 7वें कूडो फेडरेशन कप में सागर के 70 खिलाड़ी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व सागर नगर विधायक एवं कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के चेयरमैन शैलेंद्र कुमार जैन ने खेल परिसर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मध्य प्रदेश टीम के आधिकारिक ट्रैक सूट वितरित कर खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर और मध्य प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों पर सभी को गर्व है। खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण की भावना भी विकसित करते हैं। खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विधायक ने खिलाड़ियों के आवागमन, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश केशरवानी ने कहा कि सागर के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कूडो जैसी चुनौतीपूर्ण मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करना बड़ी उपलब्धि है।
मध्य प्रदेश कूडो संघ के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद ऐजाज खान ने प्रतियोगिता की तैयारियों और खिलाड़ियों के चयन की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार मध्य प्रदेश की टीम संतुलित और मजबूत है। खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और पदक की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश कूडो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नीरज यादव, सचिव हरिकांत तिवारी, मध्य प्रदेश टीम के मुख्य कोच शुभम राठौर एवं मेघा भोजक, करन पटेल, अंतरराष्ट्रीय कूडो पदक विजेता सोहिल खान, कबड्डी कोच संगीता भदौरिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।






