Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Bina News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Bina News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

जहरीली शराब मामले के बाद सागर में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी से 26 पेटी शराब, 1128 जले क्वार्टर जब्त : शराब नष्ट करने में प्रयुक्त ट्रैक्टर और पोकलेन जब्त • जिलेभर में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई

जहरीली शराब मामले के बाद सागर में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी से 26 पेटी शराब, 1128 जले क्वार्टर जब्त: शराब नष्ट करने में प्रयुक्त ट्रैक्टर और पोकलेन जब्त

• जिलेभर में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई


तीनबत्ती न्यूज:10 सितंबर 2026

सागर।बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद  प्रशासन अब जागा है।सागर जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग का अभियान लगातार तेज हो गया है। गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब नष्ट करने में इस्तेमाल किए जा रहे संसाधन जब्त किए। वहीं देवरी और बीना क्षेत्र में भी अलग-अलग कार्रवाई कर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें: बंडा शराब कांड: आरोपियों के अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया

मुख्य आरोपी की निशानदेही पर 26 पेटी शराब बरामद

बंडा और विनायका थाना क्षेत्र के जहरीली शराब प्रकरण में पुलिस रिमांड पर लिए गए मुख्य आरोपी चंद्रभान उर्फ चंदू राजा पिता द्वारका राजपूत, निवासी तीतरवाड़ा से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने संबंधित स्थान पर सर्च कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान 26 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। मौके से 1128 जले हुए शराब के क्वार्टर भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों द्वारा अवैध शराब के क्वार्टरों को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया गया था। जले हुए क्वार्टरों को पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित किया है।


शराब नष्ट करने में इस्तेमाल ट्रैक्टर और पोकलेन जब्त

पुलिस ने अवैध शराब को नष्ट करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन मशीन को भी जब्त किया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये, जबकि पोकलेन मशीन की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अवैध शराब के साथ उसके परिवहन, भंडारण और नष्ट करने में इस्तेमाल किए जा रहे संसाधनों पर भी कार्रवाई की है।

डिलोना में खंडहर मकान से 45 किलो महुआ लाहन बरामद

देवरी क्षेत्र के ग्राम डिलोना में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवरी अरुण उइके एवं आबकारी विभाग की टीम ने गांव में एक पुराने खंडहर मकान की तलाशी ली। मकान से तीन कुप्पों में करीब 45 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ। इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मकान मालिक राजा भैया लोधी की तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

बीना में दो अलग-अलग कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

बीना पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ दो स्थानों पर कार्रवाई की।चंद्रशेखर वार्ड में पुलिस ने भगवानसिंह पिता बलराम सिंह लोधी की दुकान से गोवा कंपनी की 21 पाव शराब, कुल 5.5 बल्क लीटर, बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2,100 रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।


दूसरी कार्रवाई ग्राम बम्होरी शेखटांडा में की गई। यहां पुलिस ने 70 वर्षीय दल्ला पिता खेता बंजारा के घर से हाथ भट्टी से बनी करीब 3.5 लीटर महुआ की कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी के घर और आसपास के 7-8 घरों की भी जांच की। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखे डिब्बों और ड्रमों में लाहन तथा शराब बनाने के बर्तन और भट्टियां मिलीं। पुलिस ने मौके पर ही लाहन, भट्टियों और अन्य सामग्री को नष्ट कर दिया।


अवैध शराब के नेटवर्क पर पुलिस की नजर


सागर पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध और जहरीली शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री से जुड़े लोगों की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। बंडा मामले में मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में पुलिस टीमों की भूमिका

बंडा कार्रवाई में थाना प्रभारी आनंद सिंह, विनायका थाना प्रभारी भूपेंद्र विश्वकर्मा सहित दोनों थानों की पुलिस टीम की भूमिका रही। बीना कार्रवाई में उपनिरीक्षक लखन राज, सहायक उपनिरीक्षक धनीराम चौधरी, प्रधान आरक्षक हेमंत तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Share:

Sagar Crime : नाबालिग को ब्लैकमेल कर लाखों की चोरी कराने वाले आरोपी गिरफ्तार, 54.37 लाख का मशरूका बरामद

Sagar Crime : नाबालिग को ब्लैकमेल कर लाखों की चोरी कराने वाले आरोपी गिरफ्तार, 54.37 लाख का मशरूका बरामद



तीनबत्ती न्यूज: 29 अगस्त, 2026

सागर । नाबालिग को ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसके ही परिवार के पुराने मकान से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कराने के मामले का बीना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और 16.37 लाख रुपये कीमत का अन्य सामान, कुल लगभग 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। 

पुराने मकान में रखा था नकद और जेवर

पुलिस के अनुसार फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा था। 17 जून 2026 को पुराने मकान में सामान की जांच करने पर नकदी और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद थाना बीना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।


नाबालिग को धमकाकर कराई चोरी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आयुष मैना निवासी बीना द्वारा फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया और इसी दबाव में उससे परिवार के पुराने मकान से चोरी कराई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग से करीब 13 लाख रुपये नकद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लिए थे। नकदी का उपयोग आरोपी ने विभिन्न सामान और वाहनों की खरीदारी तथा अन्य खर्चों में किया।

मामा को दिए सोने के जेवर

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी से प्राप्त सोने के आभूषण आरोपी आयुष ने अपने मामा अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को दिए थे। पुलिस ने अंकुश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए।

बरामद आभूषणों में सोने का हार, चैन, ब्रेसलेट, चार अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, चार कड़े और मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर शामिल हैं।


कार, बाइक और महंगे मोबाइल भी बरामद

आयुष मैना के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदा गया सामान भी बरामद किया गया। इसमें आईफोन 17 प्रो मैक्स, आईफोन 15, वीवो मोबाइल, हुंडई वरना कार, रॉयल इनफील्ड बुलेट, मारुति सुजुकी अर्टिगा, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट सहित अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 16.37 लाख रुपये है। चोरी की रकम से खरीदी गई शेष संपत्ति एवं रकम के संबंध में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

चार आरोपी पुलिस कार्रवाई की जद में

मामले में आयुष मैना निवासी बीना और अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं उनके सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड, बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक अनूप यादव, उपनिरीक्षक लखन राज, उपनिरीक्षक कस्तूरी अहिरवार, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, आरक्षक संदीप यादव, दीप सिंह भदौरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive