बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी की 29 सीटें बढ़ीं, कुल संख्या 110 हुई
• डीन डॉ. पीएस ठाकुर के कार्यकाल में अब तक 50 सीटों का इजाफा, 19 विभागों में उपलब्ध हैं पीजी की सीटें
तीनबत्ती न्यूज:6 नवंबर 2026
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज की पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों में 29 सीटों की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही पीजी सीटों की कुल संख्या 81 से बढ़कर 110 हो गई है। डीन डॉ. पीएस ठाकुर के कार्यकाल में अब तक पीजी की कुल 50 सीटों की वृद्धि हुई है।
मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों का विस्तार होने से अब मेडिकल विद्यार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे। खास बात यह है कि रेडियोलॉजी विभाग में पहली बार 2 पीजी सीटें उपलब्ध हुई हैं। वहीं पैथोलॉजी विभाग में सबसे अधिक 7 सीटों की वृद्धि की गई है।
19 विभागों में पीजी सीटों की स्थिति
कॉलेज से प्राप्त विभागवार जानकारी के अनुसार सत्र 2025-26 में 19 विभागों में कुल 81 पीजी सीटें थीं, जो सत्र 2026-27 में बढ़कर 110 हो गई हैं। विभागवार सीटों की स्थिति इस प्रकार है।
- एनाटॉमी: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
- फिजियोलॉजी: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
- बायोकेमिस्ट्री: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
- फार्माकोलॉजी: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
- माइक्रोबायोलॉजी: 7 सीटें यथावत।
- कम्युनिटी मेडिसिन: 4 से बढ़कर 7 सीटें, 3 की वृद्धि।
- पीडियाट्रिक्स: 4 से बढ़कर 5 सीटें, 1 की वृद्धि।
- ऑर्थोपेडिक्स: 5 सीटें यथावत।
- ईएनटी: 5 सीटें यथावत।
- ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी: 7 से बढ़कर 8 सीटें, 1 की वृद्धि।
- एनेस्थीसियोलॉजी: 7 सीटें यथावत।
- पैथोलॉजी: 2 से बढ़कर 9 सीटें, 7 की वृद्धि।
- फॉरेंसिक मेडिसिन: 3 सीटें यथावत।
- जनरल मेडिसिन: 9 से बढ़कर 11 सीटें, 2 की वृद्धि।
- जनरल सर्जरी: 6 से बढ़कर 11 सीटें, 5 की वृद्धि।
- ऑप्थेल्मोलॉजी: 5 सीटें यथावत।
- इमरजेंसी मेडिसिन: 3 सीटें यथावत।
- रेस्पिरेटरी मेडिसिन: 2 सीटें यथावत।
- रेडियोलॉजी: शून्य से बढ़कर 2 नई सीटें।
पैथोलॉजी और जनरल सर्जरी में सबसे ज्यादा वृद्धि
विभागवार आंकड़ों में पैथोलॉजी में सबसे अधिक 7 सीटों की वृद्धि हुई है। जनरल सर्जरी में 5 और कम्युनिटी मेडिसिन में 3 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके अलावा एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और फार्माकोलॉजी में 2-2 सीटों का इजाफा हुआ है। जनरल मेडिसिन में 2 तथा पीडियाट्रिक्स और ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी में 1-1 सीट बढ़ाई गई है।
चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस उपलब्धि में डीन डॉ. पीएस ठाकुर के प्रयासों के साथ उच्चाधिकारियों, कॉलेज प्रशासन और प्रबंधन टीम का योगदान बताया गया है।
पीजी सीटें बढ़ने से बुंदेलखंड क्षेत्र के मेडिकल विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही भविष्य में विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में भी यह विस्तार सहायक होगा।






