Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Sagar Dairy Project लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Sagar Dairy Project लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

हफसिली में 125 फीट का गोवर्धन पर्वत, 9 नवंबर को सामूहिक पूजा

डेयरी परियोजना स्थल हफसिली में 125 फीट परिधि और 11 फीट ऊंचा बनेगा विशाल गोवर्धन पर्वत, 9 नवंबर को होगा सामूहिक पूजन


तीनबत्ती न्यूज: 04 नवंबर, 2026

सागर। हफसिली ग्राम स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल पर इस वर्ष सामूहिक गोवर्धन पूजा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पशु मेला क्षेत्र में गोबर और मिट्टी से लगभग 125 फीट परिधि तथा 11 फीट ऊंचाई वाला विशाल गोवर्धन पर्वत तैयार किया जा रहा है। आगामी 9 नवंबर 2026, सोमवार को यहां सामूहिक गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा।

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने गुरुवार को हफसिली पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गोवर्धन पर्वत के निर्माण में गोबर के साथ उचित मात्रा में मिट्टी का उपयोग कर गिरिराज पर्वत का अस्थायी स्वरूप तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कलाकार इसे आकर्षक रूप दे सकें।

कलाकारों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ध्यान


पशु मेला क्षेत्र में फैली मिट्टी, पत्थरों और खरपतवार को आधुनिक मशीनों से साफ कराया गया है। मैदान की लेवलिंग कर उसे स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाया गया है। इसका उद्देश्य आयोजन में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ कलाकारों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से मोनिया व्रत धारण कर नंगे पैर नृत्य करने वाले लोक कलाकारों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।

गोवर्धन पर्वत के चारों ओर बनेगा परिक्रमा मार्ग


पशु मेला क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों से मिट्टी तथा स्थानीय पशुपालकों से गोबर एकत्र कर पर्वत का निर्माण किया जा रहा है। मैदान में लगे पेड़ को केंद्र मानकर करीब 125 फीट परिधि में 11 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत बनाया गया है। इसके चारों ओर परिक्रमा मार्ग और पूजन स्थल तैयार किया जाएगा।

परिक्रमा मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण और उनकी गौओं की प्रतिमाएं तथा आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। रंगोली के रंगों से पर्वत और आसपास के क्षेत्र को भी सजाया जाएगा।

56 भोग, लोकनृत्य और आतिशबाजी होंगे आकर्षण


9 नवंबर को आयोजित अन्नकूट महोत्सव में श्रद्धालुओं को विशाल गोवर्धन पर्वत के दर्शन और पूजन का अवसर मिलेगा। आयोजन में स्थानीय व्यंजनों सहित 56 भोग प्रसादी, विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्य, भव्य आतिशबाजी और रंग-बिरंगे आभूषणों से सजी गौओं एवं अन्य पशुधन की चहलकदमी आकर्षण का केंद्र रहेगी। मेले की तर्ज पर दुकानें भी लगाई जाएंगी। आसपास के गांवों सहित सागर शहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

डेयरी विस्थापन परियोजना को बढ़ावा देने की पहल

पशुपालन संघ और नगर पालिक निगम द्वारा इस सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसका उद्देश्य सागर के पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ डेयरी विस्थापन परियोजना को सफल बनाना भी है।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में गोवर्धन पूजा को हफसिली की पहचान बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ नागरिकों में शहर के विकास, स्वच्छता और सुंदरता के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने तथा पशुपालकों को हफसिली में डेयरी स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive