Editor: Vinod Arya | 94244 37885

वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में सागर में भाजपा युवा मोर्चा का कैंडल मार्च


वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में सागर में भाजपा युवा मोर्चा का कैंडल मार्च


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

सागर। नई दिल्ली स्थित AICC कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रविवार को सागर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। जिला भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ मार्च संविधान चौक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा मोर्चा कार्यकर्ता शामिल हुए।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां और पार्टी के झंडे लेकर मार्च निकाला। इस दौरान ‘वंदे मातरम् का अपमान—नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा।

कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से इस घटनाक्रम को लेकर देश से माफी मांगने की मांग की। संविधान चौक पहुंचने के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिसके साथ कैंडल मार्च का समापन हुआ।


सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम की चेतना से जुड़ा उद्घोष है। इसने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर रहे लाखों देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की ऊर्जा का संचार किया।उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करते हुए देश से माफी मांगने की मांग की।

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है। स्वतंत्रता आंदोलन में इसका उद्घोष क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा और शक्ति का स्रोत रह है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषयों पर पूरे देश का भाव एक होना चाहिए। 

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत माता के प्रति करोड़ों भारतीयों की श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का उद्घोष है। स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी गूंज ने असंख्य क्रांतिकारियों को मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा दी।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रगीत का सम्मान राजनीतिक विचारधाराओं एवं मतभेदों से ऊपर है। राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े विषयों पर भाजपा का कार्यकर्ता सदैव मुखरता के साथ खड़ा रहा है।

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् ने देश की युवा शक्ति को स्वतंत्रता आंदोलन में मातृभूमि के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। राष्ट्रगीत का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ युवा मोर्चा ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया है। राष्ट्र के सम्मान से जुड़े विषय पर युवा शक्ति कभी मौन नहीं रहेगी।

संविधान चौक पर सामूहिक राष्ट्रगीत

संविधान चौक पर जलती मोमबत्तियों के बीच कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला महामंत्री नितिन सोनी ने किया।

ये हुए शामिल

इसमें पूर्व विधायक डॉ. विनोद पंथी, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, सुमित यादव, चेतराम अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, संतोष ठाकुर, निकेश गुप्ता, मनीष चौबे, राहुल वैद, अमित बैसखिया, नीलम अहिरवार, नीरज यादव, मधुकर जाटव, उमेश गौंड, मेघा दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share:

लोक सेवा गारंटी में देरी पर सागर के 7 ग्राम पंचायत सचिवों पर शास्ति, ₹15,250 जुर्माना

लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय-सीमा में निराकृत नहीं करने पर 7 ग्राम पंचायत सचिवों पर शास्ति 


तीनबत्ती न्यूज 17 अगस्त 2026

सागर । मध्यप्रदेश लोक सेवाओं के प्रदान की गारंटी अधिनियम-2010 के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का निराकरण नहीं करने पर सागर जिले के 7 पदाभिहित अधिकारियों के विरुद्ध शास्ति अधिरोपित की गई है। द्वितीय अपीलीय प्राधिकारी द्वारा अधिनियम की धारा 7(1) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह कार्रवाई की गई।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाली विभिन्न सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश पूर्व में ही दिए थे। इसके बावजूद कुछ प्रकरणों के निराकरण में देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

जारी आदेश के अनुसार जिन प्रकरणों में देरी हुई, उनमें विवाह पंजीयन, जन्म का अप्राप्यता प्रमाण-पत्र तथा मृत्यु का अप्राप्यता प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदन शामिल हैं। इन प्रकरणों के निराकरण में निर्धारित समय-सीमा से 3 से 11 दिवस तक का विलंब पाया गया।

इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई

- सीहोरा, जनपद पंचायत राहतगढ़ के सचिव जगन्नाथ प्रसाद कुर्मी पर ₹2,750।

- तेड़ूडाबर, जनपद पंचायत जैसीनगर के सचिव रतन सिंह पटेल पर ₹750।

- पिपरिया, जनपद पंचायत जैसीनगर के सचिव महेन्द्र सिंह पर ₹500।

- गंगवारा, जनपद पंचायत देवरी के सचिव मिथलेश ब्राह्मण पर ₹2,000।

- रायखेड़ा, जनपद पंचायत देवरी के सचिव दीपक खटीक पर ₹5,000।

- घाना, जनपद पंचायत केसली के सचिव उमाशंकर दुबे पर ₹2,500।

- तुलसीपार, जनपद पंचायत केसली के सचिव निरंजन खरे पर ₹1,750।

इस प्रकार कुल 15,250 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।


प्रतिदिन 250 रुपये के मान से शास्ति


लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सेवा प्रदान नहीं करने पर संबंधित पदाभिहित अधिकारी के विरुद्ध प्रतिदिन 250 रुपये के मान से शास्ति अधिरोपित की जाती है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को शास्ति की राशि चालान के माध्यम से निर्धारित लेखा शीर्ष में जमा कराकर उसकी प्रति तीन दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।



Share:

सागर में लंबित शिकायतों पर कलेक्टर का सख्त रुख, गुरुवार तक निराकरण के निर्देश

शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस

कलेक्टर ने ली टीएल बैठक: लंबित शिकायतों को गुरुवार तक शत-प्रतिशत निराकृत करने के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त 2026

सागर
: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम जन विश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आगामी गुरुवार तक सभी लंबित शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण करना सुनिश्चित करें। बैठक में विगत जन विश्वास कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई और ऐसी शिकायतें जो बिना किसी उचित कारण के अभी भी लंबित हैं, ऐसे संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि अगला जन विश्वास शिविर शुक्रवार को जैसीनगर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर स्थलों के अलावा सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण और समीक्षा बैठकें कर शिकायतों का निराकरण करें। अधिकारियों को कार-पूलिंग अपनाने और विशेष शिकायतों वाले गांवों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार अपने संबंधित संस्थानों और कार्यालयों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।  उन्होंने विभिन्न आयोगों, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने रिट याचिकाओं में समय पर जवाब पेश करने के लिए सभी संपर्क अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिले में खाद की उपलब्धता व रैक लगने की जानकारी लेते हुए सभी एसडीएम को खाद के सुचारू वितरण की व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए।

100 दिवस से अधिक लंबित मामलों में पेनल्टी: कलेक्टर श्रीमती पाल ने पीएम श्रमयोगी मानधन योजना तथा संबल योजना में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सीईओ तथा सीएमओ पर एक हज़ार रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में कृषक कल्याण से संबंधित स्वरोजगार  परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जल संरक्षण के लिए कंटूर ट्रेंच, वाटरशेड और  एनआरएलएम के माध्यम से क्रेडिट लिंकेज बढ़ाने पर बल दिया गया।
राजस्व प्रकरणों का त्वरित निस्तारण: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने भूमि सर्वेक्षण प्रकरणों की शीघ्र रिपोर्ट भेजने, भू-अर्जन समीक्षा, तथा नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा के मामलों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को समग्र ई-केवायसी का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा गया।

परख ऐप: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जन विश्वास और विभागीय निरीक्षण विवरण को 'परख ऐप' पर दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत,  सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Share:

सागर कैंट पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा पकड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार

सागर कैंट पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

सागर। थाना कैंट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 356 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल करीब 3.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त हुआ है।

यह भी पढ़ें: सागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

पुलिस को 16 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कैंट पुलिस टीम ने  बंगला, कैंट के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945 भी जब्त की।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सौरभ पिता अमरसिंह अहिरवार (21), निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर तथा प्रिंस पिता राजू अहिरवार (19), निवासी बिल्थरे मोहल्ला, गौरझामर, जिला सागर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उपनिरीक्षक अशोक तिवारी, उपनिरीक्षक संजय बामनिया , आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, प्रदीप शर्मा, आरक्षक आशीष यादव, आरक्षक भानुप्रताप चौधरी, आरक्षक देवेन्द्र रावत एवं आरक्षक नरेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। 

Share:

सागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

सागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली करीब 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

• सोशल मीडिया पर हथियारो के साथ फोटो ने पकड़ाया 3 करोड़



तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त, 2026

सागर। संभागीय मुख्यालय सागर में हथियार की सूचना पर एक मकान में दबिश देने पहुंची पुलिस को करीब 3 करोड़  दो लाख 14 हजार रुपये की नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा इलाके का है। पुलिस को मकान से हथियार तो नहीं मिला, लेकिन एक अलमारी में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रकम इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के लिए मौके पर मशीन मंगानी पड़ी। आरोपियों के फोटो सोशल मीडिया पर हथियारो के साथ वायरल थे।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ एक फोटो वायरल होने और अवैध हथियार रखे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद गोपालगंज थाना पुलिस ने सौरभ अहिरवार, पिता स्वर्गीय जगदीश अहिरवार के मकान पर दबिश दी।


पुलिस टीम ने मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियार नहीं मिला, लेकिन एक अलमारी में बड़ी मात्रा में नकदी रखी मिली। पुलिस ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी।प्रारंभिक अनुमान में नकदी करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। 

रिश्तेदार का बताया जा रहा है पैसा

पुलिस की पूछताछ में परिवार के लोगों ने दावा किया कि बरामद रकम उनके एक रिश्तेदार की है। बताया गया है कि यह रिश्तेदार भोपाल में पीडब्ल्यूडी में रिटायर्ड इंजीनियर रमेश अहिरवार की हैं। परिवार के मुताबिक रकम करीब आठ महीने पहले मकान में लाई गई थी।

हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी घर में रखे जाने को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम वास्तव में किसकी है, इसका स्रोत क्या है और इसे घर में रखने की वजह क्या थी।

राजस्व और आयकर विभाग को दी सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजस्व विभाग और आयकर विभाग को भी सूचना दी। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर नकदी और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रकम के स्वामित्व, स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

एसपी अनुराग सुजानिया समेत अधिकारी पहुंचे

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी अनुराग सुजानिया भी मौके पर पहुंचे। वे कई घंटे तक मकान के अंदर रहे और परिवार के सदस्यों से पूछताछ तथा जांच की कार्रवाई की निगरानी की। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजस्व और आयकर विभाग की टीमें भी मौजूद रहीं।



एसपी अनुराग सुजानिया  ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार आदि प्रदर्शित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस सौरभ के घर पहुंची थी। तलाशी के दौरान एक अलमारी से करीब 3 करोड़ रुपये की राशि मिली है। परिवार की ओर से इसे रिश्तेदार की रकम बताया जा रहा है। कोई भोपाल के रमेश कुमार अहिरवार है । रकम करीब आठ महीने पहले घर में ईलाए जाने की बात भी सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दोनों भाई चलाते हैं किराए की टैक्सी : लेकिन  दो साल me बदला रहनसहन

बताया गया है कि सौरभ अहिरवार अपने भाई अंकित और मां रचना बाई के साथ रहता है। दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाते हैं। उनके पिता जगदीश अहिरवार का निधन हो चुका है। दोनों भाइयों के खर्चो की क्षेत्र में चर्चाए बनी रहती थी । स्थानीय लोगों के अनुसार, सौरभ के पिता के निधन के बाद उसका परिवार बेहद गरीबी में जिंदगी बिता रहा था। सौरभ ऑटो चलाता था और उसकी मां घरों में काम करती थीं। लेकिन डेढ़-दो साल पहले काम बंद करने के बाद परिवार का रहन-सहन अचानक बदल गया और हाल ही में 40 लाख का एक प्लॉट भी खरीदा गया था।
अब इन भाइयों के पास से इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद पुलिस अब परिवार के बताए दावे की भी जांच कर रही है। रकम से जुड़े दस्तावेज, उसके वास्तविक मालिक और आय के स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है।



एडिशनल एसपी बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई

एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि गोपालगंज पुलिस को हथियार संबंधी सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर मकान में दबिश दी गई थी। तलाशी के दौरान नकदी बरामद हुई है। पैसा किसका है और कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस, राजस्व और आयकर विभाग की जांच जारी है। नोटों की गिनती, दस्तावेजों के सत्यापन और रकम के स्रोत की जांच पूरी होने के बाद ही करीब 3 करोड़ रुपये की इस नकदी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share:

धानुक समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पहली बार मिला सम्मान, विधायक प्रदीप लारिया ने भवन की घोषणा की

धानुक समाज के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को पहली बार मिला सम्मान

• धानुक समाज का बडतुआं में बनेगा भवन : विधायक प्रदीप लारिया

• धानुक समाज अध्यक्ष डॉ बृजेश बैन की अध्यक्षता में हुआ वृहद कार्यक्रम


तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त ,2026

सागर। धानुक समाज सागर द्वारा रविवार को प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान के लिए वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। धानुक समाज सागर के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पहली बार प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


बढ़तुमा में बनेगा भवन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने धानुक समाज के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सागर नगर से लगे बढ़तूमा में समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का सबसे बड़ा माध्यम है। आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। समाज द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे इस प्रयास की उन्होंने सराहना की।

कार्यक्रम में कुशवाहा बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल पटेल, सागर विश्वविद्यालय की डीन प्रोफेसर श्रीमती चंदा बैन, डिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनिल सरवैया, भाजपा एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष श्री अमित कच्छवाह सहित समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

मां सरस्वती की पूजा से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद धानुक समाज सागर के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के उद्देश्य एवं समाज की गतिविधियों की जानकारी दी।

8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धानुक समाज के छात्र-छात्राओं को अतिथियों एवं समाज अध्यक्ष के सानिध्य में ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पहली बार आयोजित इस प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।



शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया

विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि समाज के विकास और उत्थान के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने धानुक समाज और अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन के प्रयासों की सराहना की तथा बढ़तूमा में समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।

कुशवाहा बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल ने अपने संबोधन में रोजगार से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी और युवाओं को उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

सागर विश्वविद्यालय की डीन डॉ. चंदा बैन ने सामाजिक उत्थान में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के बच्चों को उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं डिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनिल सरवैया ने रोजगार एवं स्वरोजगार के छोटे-छोटे अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए समाज के युवाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली खिलाड़ी के पिता का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो खेल में रजत पदक प्राप्त करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य के पिता श्री हरिओम मौर्य का भी शाल, श्रीफल एवं सम्मान सामग्री भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनकी बेटी की उपलब्धि को समाज के लिए गौरवपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में धानुक समाज के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन ने सभी अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में लगभग 300 से 400 सामाजिक बंधुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में धानुक समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं समाज के सभी बंधुओं का विशेष सहयोग रहा। प्रतिभा सम्मान और सामुदायिक भवन की घोषणा को समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।




Share:

हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव: भक्ति, ब्रज संस्कृति और उल्लास से सराबोर हुआ सागर

हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव: भक्ति, ब्रज संस्कृति और उल्लास से सराबोर हुआ सागर




तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त, 2026

सागर। धर्मश्री स्थित विधायक निवास में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पूज्य पं. श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर “हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव” का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ किया गया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने आयोजन में शामिल होकर ब्रज की भक्ति, सनातन संस्कृति और तीज की पारंपरिक उमंग का आनंद लिया।

कार्यक्रम में सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े एवं सागर विधायक शैलेन्द्र जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वृंदावन से विशेष रूप से पधारे भजन गायक हर्ष भैया ने मधुर एवं आनंदमय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भजन-कीर्तन के बीच हिंडोले में विराजमान श्रीजी के मनोहारी दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे। वहीं फूलों की होली ने आयोजन में ब्रज की प्रेम और भक्ति की अनूठी छटा बिखेर दी। उपस्थित महिलाओं ने भजनों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।

हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति : लता वानखेड़े

सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि हरियाली तीज जैसे पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीजी के हिंडोला उत्सव में शामिल होकर उन्हें अत्यंत आनंद और आध्यात्मिक अनुभूति हुई। सांसद ने कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती अनुश्री जैन एवं उपस्थित मातृशक्ति को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सनातन परंपराएं सामाजिक एकता की पहचान : शैलेन्द्र जैन

सागर विधायक  शैलेन्द्र जैन ने कहा कि ब्रज की भक्ति, श्रीजी का हिंडोला, मधुर भजन और फूलों की होली ने आयोजन को विशेष बना दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान भी हैं।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंचती हैं।


मातृशक्ति को ब्रज की भक्ति और सनातन संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य : अनुश्री जैन

कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि पूज्य पं. श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव आयोजित करना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक आनंद का विषय है।उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से सागर की मातृशक्ति को ब्रज की भक्ति, सनातन संस्कृति और तीज की पारंपरिक उमंग से जोड़ने का प्रयास किया गया। वृंदावन से आए हर्ष भैया के भजनों, श्रीजी के हिंडोला दर्शन और फूलों की होली ने उत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।उन्होंने आयोजन में शामिल सभी मातृशक्ति, सखियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक उत्साह के साथ हरियाली तीज का पर्व मनाया। भक्ति संगीत, नृत्य, फूलों की होली और श्रीजी के हिंडोला दर्शन से पूरा परिसर भक्तिमय एवं आनंदमय बना रहा।

ये रही शामिल

इस अवसर पर जसवीर सोढ़ी, श्रीमती अमृता आनंद, निधि जैन, रितु तिवारी, मनीषा मिश्रा, रेखा मुखरया, गुरविंदर चावला, सरवीन चड्ढा, नम्रता पिंपलापुरे, तनुश्री भाटिया, नीलिमा पिंपलापुरे, मेघा दुबे, रितु सिंह, प्रीति शर्मा, प्रीति सिंह, वैशाली सोनी, मधु दरे, ज्योति सराफ, ममता जैन, माधुरी राजपूत, स्वाति हलवे, निशा शिंदे, वर्षा ठाकुर, रूप राज, श्वेता सराफ, कल्पना सोनी, मंजुश्री चौरसिया, सुनीता रैकवार, दीपाली राठौर, तृप्ति राठौर, मीरा चौबे, विनीता केशरवानी, श्वेता नेमा, रितु बघेल और रिमी राजौरिया सहित बड़ी संख्या में सामाजिक महिलाएं शामिल रहीं।

Share:

हर-हर महादेव से गूंजा सागर भाजपा कार्यालय, पार्थिव शिवलिंग निर्माण व रुद्राभिषेक

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा भाजपा कार्यालय, पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक से शिवमय हुआ परिसर

तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त, 2026

सागर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर रविवार को धर्मश्री, अंबेडकर वार्ड स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति, भजनों और ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।एक दिवसीय अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया और विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान महाशिवपुराण की लघु कथा का भी श्रद्धालुओं ने श्रवण किया।



अनुष्ठान पंडित केशव गिरी गोस्वामी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का तिलक एवं पटका पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, कुश समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, ग्रामीण जिलाध्यक्ष रानी पटेल, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल अहिरवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक सुधा जैन, पूर्व विधायक महेश राय, डॉ. विनोद पंथी, लीगल राइट्स काउंसिल इंटरनेशनल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन, पूर्व महापौर इंजी. अभय दरे, अनीता अहिरवार, भाजपा नेता आकाश सिंह राजपूत, अविराज सिंह, यशवंत राठौर सहित पार्षद, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


‘मस्तक पर चंदन, मुख में शिव-राम का वंदन और माता-पिता का नित्य अर्चन’

अनुष्ठान के दौरान पूज्य महाराज जी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए धर्म को केवल पूजा-पद्धति तक सीमित न रखकर उसे दैनिक जीवन और आचरण में उतारने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धर्म, सेवा, संस्कार और माता-पिता के प्रति श्रद्धा को जीवन में सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। उन्होंने परिवार में बनने वाले भोजन में से गौ माता के लिए गुड़-रोटी निकालने, भगवान कन्हैया को भोग लगाने और मस्तक पर चंदन धारण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा— “मस्तक पर हो चंदन, मुख में हो शिव-राम का वंदन और घर में बैठे माता-पिता का हो नित्य अर्चन।”

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन धर्म की जड़ों से जुड़ी रहे, इसके लिए ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन आवश्यक हैं । उन्होंने आयोजन के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष अवसर है। इस पावन मास में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से आराधना एवं रुद्राभिषेक करने वाले श्रद्धालु पुण्य और सौभाग्य के भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। उन्होंने आयोजन के लिए जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी को साधुवाद दिया।

नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि धर्म मनुष्य को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। ग्रामीण जिलाध्यक्ष रानी पटेल ने भी आयोजन की सफलता के लिए जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

अविराज सिंह के शिव तांडव स्तोत्र पाठ से गूंजा परिसर

अनुष्ठान के दौरान भाजपा युवा नेता अविराज सिंह ने ओजपूर्ण स्वर में श्री शिव तांडव स्तोत्र का सस्वर पाठ किया। उनके प्रभावशाली पाठ से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। पाठ के समापन पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजन की विशेषता कार्यकर्ताओं का सेवा भाव भी रहा। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक धोती-कुर्ता पहनकर श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। दिनभर कार्यालय परिसर में वैदिक मंत्रों, शिव स्तुति, भजनों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष की गूंज रही।

अनुष्ठान के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने सात्विक प्रसादी ग्रहण की। भाजपा जिला मीडिकीया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा सागर जिले के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive