Editor: Vinod Arya | 94244 37885

MP TET 2026: सेवारत शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा की घोषणा, 21 अगस्त से आवेदन, 12 अक्टूबर से परीक्षा

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद MP TET 2026 की घोषणा: सेवारत शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा की समय-सारणी जारी


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त

भोपाल:मध्य प्रदेश के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत (सेवारत) शिक्षकों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण खबर है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय (Civil Appeal 1385/2025, 1386/2025) द्वारा 01 सितंबर 2025 को पारित आदेश के अनुपालन में, मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB), भोपाल ने 'शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026' की आधिकारिक नियमपुस्तिका जारी कर दी है। इस फैसले के बाद प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों को अपनी पात्रता सिद्ध करने के लिए यह परीक्षा देनी होगी।



आवेदन व परीक्षा का पूरा कार्यक्रम

इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की शुरुआत 21 अगस्त 2026 से हो रही है, जिसकी अंतिम तिथि 04 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार का संशोधन करना हो, तो अभ्यर्थी 21 अगस्त से 09 सितंबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे। इसके पश्चात परीक्षाएं 12 अक्टूबर 2026 (सोमवार) से प्रारंभ होंगी।

परीक्षा शुल्क और पालीवार समय

परीक्षा शुल्क के रूप में सभी श्रेणी एवं संवर्ग के आवेदकों के लिए ₹ 1,000/- प्रति प्रश्न पत्र निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से फॉर्म भरने पर ₹ 60/- और रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से लॉगिन कर फॉर्म भरने पर ₹ 20/- का पोर्टल शुल्क देय होगा।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय प्रातः 8:00 से 9:00 बजे तक रहेगा, जिसके बाद 09:50 से 10:00 बजे तक महत्वपूर्ण निर्देश पढ़ने का समय दिया जाएगा तथा उत्तर अंकित करने का समय प्रातः 10:00 से दोपहर 12:30 बजे (कुल 2:30 घंटे) तक होगा। वहीं द्वितीय पाली के लिए अभ्यर्थियों को दोपहर 1:00 से 2:00 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा, जिसमें 02:50 से 03:00 बजे तक निर्देश पढ़ने का समय और दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे (कुल 2:30 घंटे) तक परीक्षा का समय तय किया गया है।

परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियम

परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का आधार पंजीयन और बहुस्तरीय बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा, इसलिए अभ्यर्थी ध्यान रखें कि बायोमेट्रिक सत्यापन के समय उनका आधार अनलॉक होना चाहिए। इसके अलावा केंद्र पर अपना मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट) और काला बाल प्वाइंट पेन साथ लाना अनिवार्य है। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, डिजिटल वॉच आदि पूरी तरह से वर्जित रहेंगे और रिपोर्टिंग समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

Share:

भूपेन्द्र सिंह की शिकायत पर पटियाला हाउस कोर्ट का आदेश, अभिषेक जैन को 11 सितंबर को उपस्थित होने के निर्देश

दिल्ली पटियाला हाउस कोर्ट ने पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की शिकायत पर अभिषेक जैन को अदालत में उपस्थित होने का आदेश दिया



तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

सागर। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा की गई शिकायत के न्यायालयीन प्रकरण में सुनवाई करते हुए न्यायालय जेएमएफसी-02, पटियाला हाउस कोर्ट, नई दिल्ली ने प्रस्तावित आरोपी अभिषेक जैन को प्रस्तावित आरोपी को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़ेंसोशल मीडिया पर अप्रमाणित , सनसनीखेज दावों से पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने पर हाईकोर्ट सख्त • मानहानिकारक पोस्ट और वीडियो हटाने के निर्देश

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी-02 पटियाला हाउस कोर्ट, नई दिल्ली श्री अनिमेष कुमार के समक्ष प्रकरण क्रमांक 34 Ct Cases / 1017/2026 भूपेन्द्र सिंह बनाम अभिषेक जैन की 14/8/2026 की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता भूपेन्द्र सिंह स्वयं अपने अधिवक्ता श्री मुकेश कुमार के साथ न्यायालय में उपस्थित हुए।


शिकायतकर्ता का साक्षी के रूप में परीक्षण पूर्ण कर उन्हें कार्यवाही से मुक्त कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अधिवक्ता के अनुरोध पर समन जारी करने से पूर्व साक्ष्य की कार्यवाही समाप्त मानी गई। समन जारी करने के प्रश्न पर शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता के तर्क सुने गए। तत्पश्चात् प्रकरण में 11 सितंबर, 2026 की बुवाई हेतु तारीख निर्धारित करते हुए प्रस्तावित आरोपी अभिषेक जैन को न्यायालय में उपस्थित होने का आदेश दिया है।

Share:

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों के माध्यम से कराया निराकरण

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों के माध्यम से कराया निराकरण


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को खुरई में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने खुरई तहसील एवं मिड वे रिट्रीट का निरीक्षण भी किया।

जनसुनवाई में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि श्रावण मास के सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक वातावरण है। जगह-जगह श्रद्धालु भगवान शिव की उपासना कर रहे हैं और शिवलिंग निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार की तरह इस सोमवार भी जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता क्षेत्र में जाकर लोगों से आवेदन प्राप्त करेंगे और प्रत्येक आवेदन के आधार पर संबंधित व्यक्ति को बुलाकर यहीं समस्या का निराकरण कराया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े।



स्वागत में फूल-माला की जगह स्टेशनरी देने की अपील

श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि उन्होंने करीब 8-9 माह से स्वागत में फूल-माला और पुष्पगुच्छ स्वीकार नहीं करने का संकल्प लिया है। स्वागत के दौरान मिलने वाली उपयोगी सामग्री को जरूरतमंद परिवारों और स्कूली बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में लगभग 5 हजार बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, छाते सहित अन्य सामग्री वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि इस सामग्री से बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलेगी और उनका भविष्य बेहतर बनाने में सहयोग मिलेगा।

विधायक ने लोगों से अपील की कि स्वागत के लिए प्लास्टिक की सामग्री न दें। उन्होंने कहा कि एक कॉपी या पेन देकर भी स्वागत किया जा सकता है और चंदन-रोली से तिलक लगाकर भी सम्मान किया जा सकता है। उन्होंने शॉल के स्थान पर कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल एवं अन्य स्टेशनरी सामग्री देने की अपील की, ताकि क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई में सहायता मिल सके।


उपयोगी सामग्री से किया स्वागत

विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय लोगों ने श्री भूपेन्द्र सिंह का स्टेशनरी सामग्री, छातों एवं अन्य उपयोगी वस्तुओं से स्वागत किया। कपड़ा व्यापारी संघ द्वारा लगभग 5 हजार रुपये मूल्य के वस्त्र भेंट किए गए, जिन्हें जरूरतमंद लोगों को वितरित किया जाएगा।


इस अवसर पर कुशवाहा समाज खुरई द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखंड रामायण एवं शिवस्वरूप रुद्री निर्माण कार्यक्रम में भी श्री भूपेन्द्र सिंह शामिल हुए। जनसुनवाई एवं विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:

वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में सागर में भाजपा युवा मोर्चा का कैंडल मार्च


वंदे मातरम् के अपमान के विरोध में सागर में भाजपा युवा मोर्चा का कैंडल मार्च


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

सागर। नई दिल्ली स्थित AICC कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रविवार को सागर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। जिला भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ मार्च संविधान चौक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा मोर्चा कार्यकर्ता शामिल हुए।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां और पार्टी के झंडे लेकर मार्च निकाला। इस दौरान ‘वंदे मातरम् का अपमान—नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा।

कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से इस घटनाक्रम को लेकर देश से माफी मांगने की मांग की। संविधान चौक पहुंचने के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिसके साथ कैंडल मार्च का समापन हुआ।


सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम की चेतना से जुड़ा उद्घोष है। इसने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर रहे लाखों देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की ऊर्जा का संचार किया।उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करते हुए देश से माफी मांगने की मांग की।

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है। स्वतंत्रता आंदोलन में इसका उद्घोष क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा और शक्ति का स्रोत रह है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषयों पर पूरे देश का भाव एक होना चाहिए। 

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत माता के प्रति करोड़ों भारतीयों की श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का उद्घोष है। स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी गूंज ने असंख्य क्रांतिकारियों को मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा दी।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रगीत का सम्मान राजनीतिक विचारधाराओं एवं मतभेदों से ऊपर है। राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े विषयों पर भाजपा का कार्यकर्ता सदैव मुखरता के साथ खड़ा रहा है।

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् ने देश की युवा शक्ति को स्वतंत्रता आंदोलन में मातृभूमि के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। राष्ट्रगीत का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ युवा मोर्चा ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया है। राष्ट्र के सम्मान से जुड़े विषय पर युवा शक्ति कभी मौन नहीं रहेगी।

संविधान चौक पर सामूहिक राष्ट्रगीत

संविधान चौक पर जलती मोमबत्तियों के बीच कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला महामंत्री नितिन सोनी ने किया।

ये हुए शामिल

इसमें पूर्व विधायक डॉ. विनोद पंथी, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, सुमित यादव, चेतराम अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, संतोष ठाकुर, निकेश गुप्ता, मनीष चौबे, राहुल वैद, अमित बैसखिया, नीलम अहिरवार, नीरज यादव, मधुकर जाटव, उमेश गौंड, मेघा दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share:

लोक सेवा गारंटी में देरी पर सागर के 7 ग्राम पंचायत सचिवों पर शास्ति, ₹15,250 जुर्माना

लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय-सीमा में निराकृत नहीं करने पर 7 ग्राम पंचायत सचिवों पर शास्ति 


तीनबत्ती न्यूज 17 अगस्त 2026

सागर । मध्यप्रदेश लोक सेवाओं के प्रदान की गारंटी अधिनियम-2010 के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का निराकरण नहीं करने पर सागर जिले के 7 पदाभिहित अधिकारियों के विरुद्ध शास्ति अधिरोपित की गई है। द्वितीय अपीलीय प्राधिकारी द्वारा अधिनियम की धारा 7(1) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह कार्रवाई की गई।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाली विभिन्न सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश पूर्व में ही दिए थे। इसके बावजूद कुछ प्रकरणों के निराकरण में देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

जारी आदेश के अनुसार जिन प्रकरणों में देरी हुई, उनमें विवाह पंजीयन, जन्म का अप्राप्यता प्रमाण-पत्र तथा मृत्यु का अप्राप्यता प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदन शामिल हैं। इन प्रकरणों के निराकरण में निर्धारित समय-सीमा से 3 से 11 दिवस तक का विलंब पाया गया।

इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई

- सीहोरा, जनपद पंचायत राहतगढ़ के सचिव जगन्नाथ प्रसाद कुर्मी पर ₹2,750।

- तेड़ूडाबर, जनपद पंचायत जैसीनगर के सचिव रतन सिंह पटेल पर ₹750।

- पिपरिया, जनपद पंचायत जैसीनगर के सचिव महेन्द्र सिंह पर ₹500।

- गंगवारा, जनपद पंचायत देवरी के सचिव मिथलेश ब्राह्मण पर ₹2,000।

- रायखेड़ा, जनपद पंचायत देवरी के सचिव दीपक खटीक पर ₹5,000।

- घाना, जनपद पंचायत केसली के सचिव उमाशंकर दुबे पर ₹2,500।

- तुलसीपार, जनपद पंचायत केसली के सचिव निरंजन खरे पर ₹1,750।

इस प्रकार कुल 15,250 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।


प्रतिदिन 250 रुपये के मान से शास्ति


लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सेवा प्रदान नहीं करने पर संबंधित पदाभिहित अधिकारी के विरुद्ध प्रतिदिन 250 रुपये के मान से शास्ति अधिरोपित की जाती है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को शास्ति की राशि चालान के माध्यम से निर्धारित लेखा शीर्ष में जमा कराकर उसकी प्रति तीन दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।



Share:

सागर में लंबित शिकायतों पर कलेक्टर का सख्त रुख, गुरुवार तक निराकरण के निर्देश

शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस

कलेक्टर ने ली टीएल बैठक: लंबित शिकायतों को गुरुवार तक शत-प्रतिशत निराकृत करने के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त 2026

सागर
: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम जन विश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आगामी गुरुवार तक सभी लंबित शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण करना सुनिश्चित करें। बैठक में विगत जन विश्वास कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई और ऐसी शिकायतें जो बिना किसी उचित कारण के अभी भी लंबित हैं, ऐसे संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि अगला जन विश्वास शिविर शुक्रवार को जैसीनगर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर स्थलों के अलावा सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण और समीक्षा बैठकें कर शिकायतों का निराकरण करें। अधिकारियों को कार-पूलिंग अपनाने और विशेष शिकायतों वाले गांवों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार अपने संबंधित संस्थानों और कार्यालयों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।  उन्होंने विभिन्न आयोगों, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने रिट याचिकाओं में समय पर जवाब पेश करने के लिए सभी संपर्क अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिले में खाद की उपलब्धता व रैक लगने की जानकारी लेते हुए सभी एसडीएम को खाद के सुचारू वितरण की व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए।

100 दिवस से अधिक लंबित मामलों में पेनल्टी: कलेक्टर श्रीमती पाल ने पीएम श्रमयोगी मानधन योजना तथा संबल योजना में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सीईओ तथा सीएमओ पर एक हज़ार रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में कृषक कल्याण से संबंधित स्वरोजगार  परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जल संरक्षण के लिए कंटूर ट्रेंच, वाटरशेड और  एनआरएलएम के माध्यम से क्रेडिट लिंकेज बढ़ाने पर बल दिया गया।
राजस्व प्रकरणों का त्वरित निस्तारण: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने भूमि सर्वेक्षण प्रकरणों की शीघ्र रिपोर्ट भेजने, भू-अर्जन समीक्षा, तथा नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा के मामलों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को समग्र ई-केवायसी का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा गया।

परख ऐप: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जन विश्वास और विभागीय निरीक्षण विवरण को 'परख ऐप' पर दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत,  सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Share:

सागर कैंट पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा पकड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार

सागर कैंट पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

सागर। थाना कैंट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 356 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल करीब 3.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त हुआ है।

यह भी पढ़ेंसागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

पुलिस को 16 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कैंट पुलिस टीम ने  बंगला, कैंट के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945 भी जब्त की।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सौरभ पिता अमरसिंह अहिरवार (21), निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर तथा प्रिंस पिता राजू अहिरवार (19), निवासी बिल्थरे मोहल्ला, गौरझामर, जिला सागर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उपनिरीक्षक अशोक तिवारी, उपनिरीक्षक संजय बामनिया , आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, प्रदीप शर्मा, आरक्षक आशीष यादव, आरक्षक भानुप्रताप चौधरी, आरक्षक देवेन्द्र रावत एवं आरक्षक नरेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। 

Share:

सागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

सागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली करीब 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

• सोशल मीडिया पर हथियारो के साथ फोटो ने पकड़ाया 3 करोड़



तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त, 2026

सागर। संभागीय मुख्यालय सागर में हथियार की सूचना पर एक मकान में दबिश देने पहुंची पुलिस को करीब 3 करोड़  दो लाख 14 हजार रुपये की नकदी मिलने से हड़कंप मच गया। मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा इलाके का है। पुलिस को मकान से हथियार तो नहीं मिला, लेकिन एक अलमारी में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रकम इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के लिए मौके पर मशीन मंगानी पड़ी। आरोपियों के फोटो सोशल मीडिया पर हथियारो के साथ वायरल थे।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ एक फोटो वायरल होने और अवैध हथियार रखे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद गोपालगंज थाना पुलिस ने सौरभ अहिरवार, पिता स्वर्गीय जगदीश अहिरवार के मकान पर दबिश दी।


पुलिस टीम ने मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियार नहीं मिला, लेकिन एक अलमारी में बड़ी मात्रा में नकदी रखी मिली। पुलिस ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी।प्रारंभिक अनुमान में नकदी करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। 

रिश्तेदार का बताया जा रहा है पैसा

पुलिस की पूछताछ में परिवार के लोगों ने दावा किया कि बरामद रकम उनके एक रिश्तेदार की है। बताया गया है कि यह रिश्तेदार भोपाल में पीडब्ल्यूडी में रिटायर्ड इंजीनियर रमेश अहिरवार की हैं। परिवार के मुताबिक रकम करीब आठ महीने पहले मकान में लाई गई थी।

हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी घर में रखे जाने को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम वास्तव में किसकी है, इसका स्रोत क्या है और इसे घर में रखने की वजह क्या थी।

राजस्व और आयकर विभाग को दी सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजस्व विभाग और आयकर विभाग को भी सूचना दी। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर नकदी और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रकम के स्वामित्व, स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

एसपी अनुराग सुजानिया समेत अधिकारी पहुंचे

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी अनुराग सुजानिया भी मौके पर पहुंचे। वे कई घंटे तक मकान के अंदर रहे और परिवार के सदस्यों से पूछताछ तथा जांच की कार्रवाई की निगरानी की। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजस्व और आयकर विभाग की टीमें भी मौजूद रहीं।



एसपी अनुराग सुजानिया  ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार आदि प्रदर्शित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस सौरभ के घर पहुंची थी। तलाशी के दौरान एक अलमारी से करीब 3 करोड़ रुपये की राशि मिली है। परिवार की ओर से इसे रिश्तेदार की रकम बताया जा रहा है। कोई भोपाल के रमेश कुमार अहिरवार है । रकम करीब आठ महीने पहले घर में ईलाए जाने की बात भी सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दोनों भाई चलाते हैं किराए की टैक्सी : लेकिन  दो साल me बदला रहनसहन

बताया गया है कि सौरभ अहिरवार अपने भाई अंकित और मां रचना बाई के साथ रहता है। दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाते हैं। उनके पिता जगदीश अहिरवार का निधन हो चुका है। दोनों भाइयों के खर्चो की क्षेत्र में चर्चाए बनी रहती थी । स्थानीय लोगों के अनुसार, सौरभ के पिता के निधन के बाद उसका परिवार बेहद गरीबी में जिंदगी बिता रहा था। सौरभ ऑटो चलाता था और उसकी मां घरों में काम करती थीं। लेकिन डेढ़-दो साल पहले काम बंद करने के बाद परिवार का रहन-सहन अचानक बदल गया और हाल ही में 40 लाख का एक प्लॉट भी खरीदा गया था।
अब इन भाइयों के पास से इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद पुलिस अब परिवार के बताए दावे की भी जांच कर रही है। रकम से जुड़े दस्तावेज, उसके वास्तविक मालिक और आय के स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है।



एडिशनल एसपी बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई

एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि गोपालगंज पुलिस को हथियार संबंधी सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर मकान में दबिश दी गई थी। तलाशी के दौरान नकदी बरामद हुई है। पैसा किसका है और कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस, राजस्व और आयकर विभाग की जांच जारी है। नोटों की गिनती, दस्तावेजों के सत्यापन और रकम के स्रोत की जांच पूरी होने के बाद ही करीब 3 करोड़ रुपये की इस नकदी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive