Editor: Vinod Arya | 94244 37885

बीना जीआरपी ने ट्रेन में चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पकड़ा, 36 मोबाइल और आईपैड बरामद

बीना जीआरपी ने ट्रेन में चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पकड़ा, 36 मोबाइल और आईपैड बरामद


तीनबत्ती न्यूज: 25 अगस्त ,2026

बीना। बीना जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों के बैग और मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर एक आईपैड और अलग-अलग कंपनियों के 36 मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख 82 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी सहित अन्य धाराओं में 11 अपराध दर्ज हैं।

मामला बीना जीआरपी थाना क्षेत्र का है। 12 अगस्त को कर्नाटक एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री का ट्रॉली बैग चोरी हो गया था। बैग में आईपैड, मोबाइल चार्जर, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे। जीआरपी भोपाल से केस डायरी मिलने के बाद बीना जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान 23 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि डाक बंगले के पीछे एक व्यक्ति आईपैड बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके से विदिशा निवासी 37 वर्षीय नितिन यादव को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से आईपैड बरामद हुआ, जिसका मिलान चोरी के मामले में दर्ज सामान से किया गया।

बीना थाना प्रभारी बी बी एस परिहार के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर पूर्वी रेलवे कॉलोनी में एक डेरे के पास से 34 मोबाइल फोन और बरामद किए गए। आरोपी के पास से पहले बरामद दो मोबाइल मिलाकर कुल 36 मोबाइल जब्त किए गए। मोबाइलों की कीमत करीब 7 लाख 31 हजार रुपए, जबकि आईपैड की कीमत करीब 51 हजार रुपए बताई गई है।


पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ विदिशा के अलग-अलग थानों और जीआरपी में चोरी सहित अन्य धाराओं में कुल 11 अपराध दर्ज पाए गए हैं। जीआरपी आरोपी से पूछताछ कर रही है और बरामद मोबाइलों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

Share:

सागर: जेन अल्फा का हाईवे पर चक्काजाम, 2 घंटे में हटाया स्कूल का अतिक्रमण

जेन अल्फा का हाईवे पर चक्काजाम, दो घंटे में हटाया स्कूल का अतिक्रमण

: स्कूल भवन, पेयजल और अतिक्रमण की समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन


तीनबत्ती न्यूज: 25 अगस्त, 2026

सागर। सागर जिले के देवरी में स्कूली समस्याओं और अतिक्रमण को लेकर जेन अल्फा यानि स्कूली बच्चियां सड़कों पर उतर आई। देवरी विकासखंड के रसेना गांव स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को स्कूल की विभिन्न समस्याओं और परिसर के आसपास किए गए अतिक्रमण के विरोध में महाराजपुर-सहजपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। छात्रों के प्रदर्शन से हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों से चर्चा कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।



छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। स्कूल भवन नहीं होने के कारण कक्षाएं व्यवस्थित रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसके अलावा पेयजल की समस्या और स्कूल परिसर के आसपास सरकारी भूमि तथा नल पर अतिक्रमण के कारण भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

4 कमरों में 512 बच्चे, दो पालियों में लगती हैं कक्षाएं

स्कूल प्रभारी प्राचार्य के अनुसार करीब दो साल पहले स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन अब तक भवन का निर्माण नहीं हो सका है। वर्तमान में चार कमरों में 512 बच्चे दो पालियों में पढ़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि पर्याप्त कक्ष और बैठने की व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

हैंडपंप पर कब्जे का भी आरोप

छात्राओं ने आरोप लगाया कि स्कूल के हैंडपंप पर भी कब्जा कर फेंसिंग कर ली गई है, जिससे उन्हें पीने के पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। स्कूल भवन के अभाव में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से भी छात्र-छात्राएं परेशान हैं। उनका कहना था कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्हें चक्काजाम का रास्ता अपनाना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति समझी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बनी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए विरोध कर रही महिलाओं को कस्टडी में लिया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मौके से अतिक्रमण हटाया गया।



प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण


नायब तहसीलदार रामराज चौधरी ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सोमवार को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी अजय प्रताप भदौरिया, नायब तहसीलदार रामराज चौधरी, तहसीलदार दीवान चंदमन, सरपंच देवेंद्र खरे, पूर्व जनपद अध्यक्ष अंचल, पटवारी शशिभूषण यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे

प्राचार्य पर अतिक्रमण कराने का आरोप

छात्रों की ओर से प्रभारी प्राचार्य प्रभात लोधी पर भी अतिक्रमण कराने का आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना था कि स्कूल के पास अतिक्रमण के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रभारी प्राचार्य ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है और लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।

उधर पूर्व मंत्री और  देवरी के पूर्व विधायक हर्ष यादव ने कहा कि यह मेरे पैतृक गांव से जुड़ा मामला है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की है।



Share:

Sagar News: 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाने का किया प्रयास, डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

रहली में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाने का किया प्रयास, डायल-112 जवानों ने पहुंचकर बचाई जान


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त 2026

सागर। सागर जिले के थाना रहली क्षेत्र में खुशीपुरा तिराहा के पास सोमवार दोपहर एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरव्ही के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल में दोपहर करीब 1:13 बजे युवक द्वारा फांसी लगाने के प्रयास की सूचना प्राप्त हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने रहली क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

सूचना मिलते ही एफआरव्ही में तैनात प्रधान आरक्षक कपिल सिंह राजपूत और पायलेट रामचंद्र कुर्मी मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाने का प्रयास किया था। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल फंदे से नीचे उतार लिया था, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि युवक घायल हो गया था।

डायल-112 जवानों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को उसके परिजनों के साथ एफआरव्ही वाहन से शासकीय चिकित्सालय रहली पहुंचाया। अस्पताल में युवक का उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

इस घटना में डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रही। कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद एफआरव्ही को तत्काल डिस्पैच किया गया और जवानों ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

पुलिस की अपील: यदि किसी व्यक्ति के जीवन पर संकट हो या कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो, तो तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर सूचना दें।

Share:

सागर में डॉ. अंकुर भट्ट की पुस्तक ‘Bharata’s Model of Ethical Leadership’ का भव्य विमोचन

सागर में डॉ. अंकुर भट्ट की पुस्तक ‘Bharata’s Model of Ethical Leadership’ का भव्य विमोचन

• भरत का चरित्र त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक : शैलेन्द्र जैन


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त, 2026

सागर। साहित्यिक संस्था श्यामलम् के तत्वावधान में आयोजित भाषा विमर्श कार्यक्रम में रविवार को होटल रॉयल पैलेस में डॉ. अंकुर भट्ट की अंग्रेजी पुस्तक “Bharata’s Model of Ethical Leadership: Dharma and Values for Modern Management” का भव्य विमोचन किया गया। पुस्तक विमोचन के साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक नेतृत्व और आधुनिक प्रबंधन के संदर्भ में विचार-विमर्श भी हुआ।

कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, प्रबंधन और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। समारोह की अध्यक्षता डॉ. वाई.एस. ठाकुर, कुलपति, डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर ने की, जबकि मुख्य अतिथि सागर विधायक शैलेन्द्र जैन रहे । कार्यक्रम में आध्यात्मिक वक्ता एवं कथा वाचक पलक किशोरी जी, रीवा, महंत श्री केशव गिरी जी महाराज, प्रो. डॉ. योगेश कुमार उपाध्याय, डॉ. प्रकाश शुक्ला तथा डॉ. मनविंदर सिंह पाहवा, डीन एवं प्रोफेसर, वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ श्रीमती अंशुल खरे द्वारा प्रस्तुत मनोहारी सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन माधव सिंह, प्रोड्यूसर, EMMRC सागर ने किया। श्यामलम् के अध्यक्ष उमाकांत मिश्र एवं पुस्तक के लेखक डॉ. अंकुर भट्ट ने अतिथियों का पुष्पहार, शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।

भरत के आदर्शों से आधुनिक नेतृत्व को जोड़ने की पहल

मुख्य अतिथि विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि “भरत का चरित्र त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। आज के समय में भरत के आदर्शों को आधुनिक नेतृत्व से जोड़ना निश्चित रूप से समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।”

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और रामायण में ऐसे अनेक आदर्श चरित्र हैं, जिनसे वर्तमान पीढ़ी नेतृत्व, कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा ले सकती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. डॉ. वाई.एस. ठाकुर ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में नेतृत्व और प्रबंधन के अनेक महत्वपूर्ण सूत्र निहित हैं। डॉ. अंकुर भट्ट ने भरत के चरित्र के माध्यम से इन मूल्यों को आधुनिक प्रबंधन के संदर्भ में प्रस्तुत करने का सराहनीय प्रयास किया है।

त्याग और निःस्वार्थ सेवा से मिलता है नेतृत्व का वास्तविक अर्थ

महंत श्री केशव गिरी जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भरत का जीवन त्याग, धर्म और निःस्वार्थ सेवा का अनुपम उदाहरण है। यदि नेतृत्व में इन मूल्यों को अपनाया जाए तो समाज और राष्ट्र दोनों को नई दिशा मिल सकती है।

पलक किशोरी जी ने कहा कि रामायण केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन और नेतृत्व की शिक्षा देने वाला महान ग्रंथ है। भरत का चरित्र यह सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि त्याग, सेवा और धर्म से निर्मित होता है।

आधुनिक प्रबंधन में भारतीय चिंतन की आवश्यकता

डॉ. प्रकाश शुक्ला ने कहा कि आधुनिक प्रबंधन शिक्षा में भारतीय चिंतन और नैतिक मूल्यों का समावेश समय की आवश्यकता है। यह पुस्तक विद्यार्थियों और प्रबंधन के अध्येताओं को नेतृत्व का एक भारतीय दृष्टिकोण प्रदान करती है।

डॉ. मनविंदर सिंह पाहवा ने कहा कि आज के कॉर्पोरेट और संस्थागत वातावरण में नैतिक नेतृत्व की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। भरत के चरित्र को आधुनिक प्रबंधन से जोड़ना इस पुस्तक की विशिष्टता है।

वक्ताओं ने पुस्तक को भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक प्रबंधन के बीच एक सार्थक सेतु बताया। पुस्तक में रामायण के भरत के चरित्र के माध्यम से धर्म, त्याग, निःस्वार्थ भाव, नैतिकता, नेतृत्व, उत्तरदायित्व एवं मूल्य-आधारित प्रबंधन जैसे विषयों को आधुनिक नेतृत्व के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है।

भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक प्रबंधन से जोड़ना उद्देश्य : डॉ. अंकुर भट्ट

पुस्तक के लेखक डॉ. अंकुर भट्ट ने कहा कि भरत का चरित्र सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि कर्तव्य, त्याग, मर्यादा और नैतिक नेतृत्व का अद्वितीय उदाहरण है। उनका प्रयास है कि भारतीय ग्रंथों एवं ज्ञान परंपरा में निहित जीवन-मूल्यों को आधुनिक प्रबंधन और नेतृत्व के लिए उपयोगी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संस्थानों और संगठनों के सामने केवल बेहतर परिणाम देने की चुनौती नहीं है, बल्कि निर्णय प्रक्रिया में नैतिकता, उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को बनाए रखना भी आवश्यक है। ऐसे में भारतीय ज्ञान परंपरा से नेतृत्व के मूल सिद्धांतों को समझना महत्वपूर्ण हो जाता है।

बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों की रही उपस्थिति

समारोह में शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, साहित्यप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजन की गरिमा अतिथियों के विचारों और आशीर्वचनों से और बढ़ गई।

इस अवसर पर डॉ. गजाधर सागर, पी.एन. मिश्रा, टी.आर. त्रिपाठी, डॉ. मनीष झा, शिवरतन यादव, आर.के. तिवारी, हरिसिंह ठाकुर, कुंदन पाराशर, हरी शुक्ला, डॉ. नरेंद्र प्यासी, मुकेश तिवारी, श्रीमती कविता शुक्ला, श्रीमती सुनीला सराफ, डॉ. सुश्री शरद सिंह, नीलिमा पिंपलापुरे, श्रीमती अर्चना प्यासी, अंबर चतुर्वेदी, नवनीत धगट, डॉ. अभय सिंह, वी.एन. मिश्रा, अपूर्व मिश्र, दामोदर चक्रवर्ती, आनंद मिश्रा, संजू पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में श्यामलम् के कार्यकारिणी सदस्य रमाकांत शास्त्री ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share:

सागर नगर निगम परिषद के बड़े फैसले: टाटा से जलप्रदाय व्यवस्था निगम के हाथों में, राजस्व वसूली के लिए बनेगी समिति: स्वर्णकार चौक बनेगा

नगर निगम परिषद की बैठक में जलप्रदाय, राजस्व और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

• टाटा प्रोजेक्ट से जलप्रदाय व्यवस्था वापस निगम के हाथों में

• नए जल कनेक्शन पर अतिरिक्त पेनल्टी नहीं

• स्वर्णकार चौक बनेगा, प्रस्ताव पारित


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त, 2026

सागर। नगर पालिक निगम सागर की परिषद की महत्वपूर्ण बैठक निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई। हाल ही में दिवंगत हुए व्यक्तियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में जलप्रदाय व्यवस्था, राजस्व वसूली, स्वच्छता, पार्क एवं मार्गों के नामकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, निगम कर्मचारियों तथा विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े अनेक प्रस्तावों पर चर्चा हुई और कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। कुछ मुद्दों पर जमकर हंगामा भी हुआ। विपक्षी पार्षद नारे लगाते हुए आसंदी के सामने बैठ गए। 

निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन और शहर के विकास पर जोर

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगर का समग्र विकास निगम की प्राथमिकता है। निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके, इसके लिए निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना जरूरी है। परिषद के निर्णयों के माध्यम से जलप्रदाय, राजस्व, स्वच्छता और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया है।

निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि परिषद द्वारा लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। निगम की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, राजस्व बढ़ाने और शहर के विकास को गति देने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।



टाटा प्रोजेक्ट से जलप्रदाय व्यवस्था वापस निगम के हाथों में

बैठक में जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। परिषद ने टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड को जलप्रदाय योजना के संचालन एवं संधारण कार्य से पृथक कर व्यवस्था नगर निगम द्वारा पूर्ववत संचालित करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जलप्रदाय व्यवस्था के संचालन एवं संधारण पर करीब 85 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च हो रहा है। निगम द्वारा व्यवस्था अपने हाथ में लेने के बाद यह खर्च लगभग 50 से 55 लाख रुपये प्रतिमाह रहने का अनुमान है। इससे निगम को करीब 30 से 35 लाख रुपये प्रतिमाह की बचत होने की संभावना जताई गई। जनवरी 2025 से जून 2026 तक टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत देयकों के संबंध में भी चर्चा हुई। सत्यापित राशि, विद्युत देयक और अन्य मदों सहित करीब 26.42 करोड़ रुपये के भुगतान के प्रस्ताव को गठित समिति के प्रतिवेदन के आधार पर 15वें वित्त आयोग की राशि से भुगतान किए जाने के लिए पुष्टि हेतु प्रस्तुत किया गया।

नए जल कनेक्शन पर अतिरिक्त पेनल्टी नहीं

सागर जलप्रदाय उन्नयन योजना प्रोजेक्ट-6 बी के अंतर्गत नवीन जल कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को राहत देते हुए परिषद ने निर्धारित जलकर लेने और अतिरिक्त पेनल्टी नहीं लगाने का प्रस्ताव पारित किया।

कटरा बाजार में पाइपलाइन नहीं होने के बावजूद जल कनेक्शन दिए जाने के मुद्दे पर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने बताया कि अमृत-2 योजना के अंतर्गत ड्राइंग शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद पाइपलाइन विस्तार और आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए लगभग 35 करोड़ रुपये की निविदा हो चुकी है।

जेडी कॉलोनी में जलप्रदाय के समय को लेकर भी चर्चा हुई। परिषद ने शहर की समग्र जलप्रदाय व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए निर्धारित समय पर ही जलप्रदाय किए जाने पर सहमति जताई।


राजस्व वसूली के लिए पांच पार्षदों की समिति

नगर निगम की राजस्व वसूली को मजबूत करने के लिए पांच पार्षदों की समिति गठित की जाएगी। समिति में तीन सत्ता पक्ष और दो विपक्ष के पार्षद शामिल होंगे। समिति राजस्व वसूली का कार्य ठेके पर दिए जाने से संबंधित नियम एवं सेवा शर्तों पर अपनी अनुशंसा देगी। इसके बाद अनुशंसाओं के आधार पर निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

27 पार्कों में से एक का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर

शहर में चिन्हित 27 पार्कों में से एक पार्क का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने का निर्णय लिया गया। साथ ही एक पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित करने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था होगी बेहतर

विभिन्न वार्डों में संचालित सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं संधारण के लिए वर्ष 2017 के अनुबंध के अनुसार वर्तमान दरों में 30 प्रतिशत वृद्धि किए जाने के प्रस्ताव को परिषद ने मंजूरी दी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक शौचालयों की सफाई एवं संधारण व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना में ईडब्ल्यूएस अंशदान बढ़ा

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गैर-झुग्गी क्षेत्र के ईडब्ल्यूएस आवासों के लिए हितग्राही अंशदान 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

इसके अलावा आरटीओ के समीप मेनपानी क्षेत्र में विकसित लीज भूखंड, लीज फ्लैट और दुकानों के आवंटन के लिए ऑनलाइन निविदा में आरक्षित मूल्य से अधिक प्राप्त अधिकतम दरों को भी परिषद ने मंजूरी दी।


लोकतंत्र सेनानी रामकृष्ण जड़िया के नाम पर होगा मार्ग

विवेकानंद वार्ड की पार्षद श्रीमती याकृति जड़िया के प्रस्ताव पर पारस टॉकीज, कुंजड़याई, सराफा तिराहा से सरस्वती मंदिर, गोलकुआं होते हुए सागर सरोज तिराहा तक मार्ग का नाम लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय रामकृष्ण जड़िया मार्ग किए जाने के संबंध में उपयुक्त स्थान के चयन के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

रामबाग मंदिर के पास बनेगा स्वर्णकार चौक

नरयावली नाका वार्ड की पार्षद श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया के आवेदन पर रामबाग मंदिर स्थित पीपल वृक्ष के पास स्वर्णकार चौक नामकरण तथा स्वर्णकार समाज के आराध्यदेव अजमीढ़ जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

निगम कर्मचारियों से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी

नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों के संबंध में चतुर्थ श्रेणी के पदों में वृद्धि किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। साथ ही मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चतुर्थ समयमान वेतनमान दिए जाने से संबंधित पूर्व में पारित निगम परिषद एवं महापौर परिषद के प्रस्तावों की पुष्टि की गई।

शासन के निर्देशों की जानकारी पार्षदों को मिलेगी

परिषद ने शासन से प्राप्त पत्राचार एवं महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी सभी पार्षदों तक नियमित रूप से पहुंचाने का निर्णय लिया। इसमें मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से संबंधित जानकारी भी शामिल होगी। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी कार्यालयों के बजाय गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर जनता की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे।


बैठक में एमआईसी सदस्यों और पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाए।बैठक में एमआईसी सदस्य श्री धमेंद्र खटीक, श्रीमती मेघा दुबे, श्री अनूप उर्मिल, श्री राजकुमार पटेल, श्रीमती संगीता शैलेष जैन, श्री देवेन्द्र अहिरवार, श्री सूरज घोसी, श्रीमती रुबी कृष्ण कुमार पटेल, श्रीमती अनीता रामू ठेकेदार, श्री नीरज गोलू कोरी, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, नेता प्रतिपक्ष श्री बब्बू यादव, श्री शिवशंकर यादव, श्रीमती रिचा सिंह, श्रीमती सुरेखा राकेश राय एवं श्री ताहिर मासाब ने चर्चा में भाग लिया।

 परिषद ने जलप्रदाय, राजस्व वसूली, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक निर्णय लिए।

बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने महापौर, निगम आयुक्त, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Share:

कार्यकर्ताओं के स्नेह से सराबोर हुआ जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिन : सेवा-संस्कार ने बनाया यादगार

कार्यकर्ताओं के स्नेह से सराबोर हुआ जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिन : सेवा-संस्कार ने बनाया यादगार

तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त, 2026

सागर :  भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिन सोमवार को सेवा, संस्कार और संगठनात्मक आत्मीयता के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद लिया, गौसेवा की, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों की सेवा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सागर जिले की सभी विधानसभाओं से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने श्री तिवारी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं के स्नेह और आत्मीयता ने जन्मदिन को संगठन परिवार के यादगार मिलन में बदल दिया।


भोलेनाथ के रुद्राभिषेक से हुई दिन की शुरुआत

जन्मदिन पर श्याम तिवारी सर्वप्रथम श्री देव भूतेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक किया और सभी के कल्याण, सुख-समृद्धि तथा सागर जिले की प्रगति की मंगलकामना की। इसके बाद वे दयोदय गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गौमाता का पूजन कर अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई और आशीर्वाद प्राप्त किया।


भाजपा कार्यालय में पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से स्वागत


भाजपा कार्यालय पहुंचते ही पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी के साथ जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और आत्मीय मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यालय परिसर दिनभर उत्सवमय नजर आया। श्री तिवारी ने कार्यालय पहुंचकर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। पौधा लगाना प्रकृति के प्रति दायित्व की शुरुआत है, जबकि उसका संरक्षण कर उसे वृक्ष बनाना हमारी जिम्मेदारी है।

सभी विधानसभाओं से पहुंचे कार्यकर्ता

जन्मदिन के अवसर पर जिले की सभी विधानसभाओं से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शुभकामनाएं देने पहुंचे। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भी श्री तिवारी से मुलाकात कर उनके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।



अधिवक्ता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने किया अभिनंदन

जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अन्नी दुबे अपनी कार्यकारिणी के साथ श्री तिवारी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे। उन्होंने जिला अध्यक्ष का अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।श्री तिवारी ने भी अन्नी दुबे एवं उनकी पूरी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को निर्वाचन पर बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों की सेवा

सेवा के क्रम को आगे बढ़ाते हुए श्याम तिवारी वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने अपने हाथों से वृद्धजनों को भोजन परोसा और उनका आशीर्वाद लिया।


श्याम तिवारी के जन्मदिन को लेकर सोशल मीडिया पर भी खासा उत्साह दिखाई दिया। जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने तस्वीरें एवं शुभकामना संदेश साझा किए। दिनभर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जन्मदिन से जुड़े संदेश और तस्वीरें छाई रहीं।

जन्मदिन पर मिले स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्याम तिवारी ने कहा, “सागर जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से मिला स्नेह एवं आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल है। कार्यकर्ताओं का यह आत्मीय भाव ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी है।”

जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जिले के जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share:

डॉ गौर विवि - आईजीआरएमएस भोपाल के बीच एमओयू : शोध और विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर

डॉ गौर विवि - आईजीआरएमएस भोपाल के बीच एमओयू :  शोध और विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में सागर स्थित डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (आईजीआरएमएस), भोपाल के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह एमओयू अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल द्वारा आयोजित “समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए केंद्र पोषित संस्थानों का योगदान – एक संस्थान, एक वादा” कॉन्क्लेव के दौरान हुआ। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया गया।

एमओयू का आदान-प्रदान

डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर एवं प्रो. अजीत जायसवाल, निदेशक (संकाय कार्य) एवं अध्यक्ष, मानव विज्ञान विभाग तथा आईजीआरएमएस की ओर से निदेशक प्रो. अमिताभ पांडेय ने किया।

इस समझौते के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, मानव विज्ञान और संस्कृति के विभिन्न आयामों पर संयुक्त शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। दोनों संस्थान ज्ञान और संसाधनों के आदान-प्रदान के साथ शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को नई शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, फील्डवर्क और प्रशिक्षण के नए अवसर भी विकसित होंगे। इससे विद्यार्थियों को संग्रहालय, मानव विज्ञान, संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

समृद्ध मध्यप्रदेश @2047 के लक्ष्य में सहयोग

इस साझेदारी का उद्देश्य मध्यप्रदेश के विकास में केंद्र पोषित संस्थानों की भूमिका को मजबूत करना और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। दोनों संस्थान मिलकर “समृद्ध मध्यप्रदेश @2047” के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देंगे।

कॉन्क्लेव में प्रदेश के विकास में केंद्र पोषित संस्थानों की भूमिका, नवाचार, शोध और संस्थागत सहयोग जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Share:

Sagar news : शराब पीकर स्कूल पहुंचने वाला शिक्षक निलंबित : सागर कमिश्नर ने की कार्रवाई

शराब का सेवन कर विद्यालय पहुंचने और अनियमितताओं पर शिक्षक विजय सिंह राजपूत निलंबित


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त 2026

सागर। संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय काछी पिपरिया, विकासखंड रहली में पदस्थ उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री विजय सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर सागर द्वारा 24 अगस्त 2026 को प्रस्तुत नोटशीट एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार शिक्षक श्री विजय सिंह राजपूत के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी, रहली के माध्यम से कराई गई थी। जांच के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन में शिक्षक द्वारा शराब का सेवन कर विद्यालय में उपस्थित होने, विद्यालय का वातावरण दूषित करने तथा छात्र-छात्राओं को परेशान करने सहित अन्य अनियमितताएं किए जाने संबंधी शिकायतें प्रमाणित पाई गईं।

जांच प्रतिवेदन 23 सितंबर 2025 को प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद संबंधित शिक्षक को समक्ष में उपस्थित कराकर समझाइश भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं आया।

कलेक्टर से प्राप्त प्रस्ताव के अवलोकन एवं परीक्षण के बाद संभागायुक्त श्री सुचारी ने श्री राजपूत को प्रथम दृष्ट्या दोषी माना। आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का उक्त कृत्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता का द्योतक है तथा यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 के प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए श्री विजय सिंह राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।


निलंबन अवधि में श्री विजय सिंह राजपूत का मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला सागर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive