Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर जिला सहकारी बैंक की 115वीं वार्षिक सभा, ₹848.80 लाख लाभ का बजट स्वीकृत

जिला सहकारी बैंक सागर की 115वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न, ₹848.80 लाख लाभ का बजट स्वीकृत

तीनबत्ती न्यूज:  23 सितंबर 2026

सागर: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, सागर की 115वीं वार्षिक साधारण सभा की बैठक बुधवार को बैंक मुख्यालय में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए ₹5330 लाख की अनुमानित आय, ₹4481.20 लाख के व्यय और ₹848.80 लाख के संभावित लाभ का बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया।



कमर्शियल बैंक की तर्ज पर बेहतर सुविधाओं पर जोर

अध्यक्षीय उद्बोधन में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक प्रतिभा पाल ने बैंक के बेहतर प्रदर्शन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कृषकों और खाताधारकों को वर्तमान में मिल रही सुविधाओं को और अधिक सुलभ एवं उन्नत बनाया जाए तथा कमर्शियल बैंकों की तर्ज पर बेहतर सर्विस डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने प्राथमिक सहकारी साख समितियों के माध्यम से शासन की कृषक हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। खेती के यांत्रिकीकरण और सहायक गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराकर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

डिपॉजिट और ऋण वसूली पर विशेष फोकस

कलेक्टर ने बैंक के डिपॉजिट बढ़ाने और ऋण वसूली में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर वसूली से बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने में आसानी होगी।

समितियों के शत-प्रतिशत कंप्यूटराइजेशन के निर्देश

बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के शत-प्रतिशत कंप्यूटराइजेशन पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को समय पर अल्पकालीन ऋण उपलब्ध कराने के साथ मध्यम एवं दीर्घकालीन ऋण तथा संबद्ध गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया, ताकि कृषि में आधुनिक तकनीक और यांत्रिकीकरण को बढ़ावा मिल सके।


तीन साल की दूरगामी कार्ययोजना तैयार होगी

कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक प्रतिभा पाल ने बैंक की आगामी प्रगति के लिए तीन वर्ष की दूरगामी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आगामी वर्षों में बैंक के कामकाज और सेवाओं में उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई देना चाहिए।

बैठक में उपायुक्त प्रतिनिधि श्री बसंत रोहित, बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज दुरेजा, प्रबंधक लेखा सुश्री रितु मीणा, सहायक संचालक कृषि श्री अखिल राय, बैंक के अधिकारी तथा जिलेभर से आए अंशधारी सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

पीएम आवास की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का धरना, 15 दिन में नगर निगम घेराव की चेतावनी

पीएम आवास की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, नगर निगम में धरना देकर सौंपा ज्ञापन

तीनबत्ती न्यूज: 23 सितम्बर, 2026

सागर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कनेरा देव कॉलोनी में बने मकानों की बदहाल स्थिति और कथित निर्माण अनियमितताओं को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर हितग्राहियों के साथ नगर निगम का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस यहां राजनीति के लिए नहीं, बल्कि गरीब हितग्राहियों के हक की लड़ाई के लिए धरना दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की स्थिति बेहद खराब है। कई मकानों में प्लास्टर उखड़ने, छतों से पानी टपकने और दीवारों में दरारें आने की शिकायतें हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि निर्माण की गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर हुई और भुगतान किस आधार पर किया गया। जाटव ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव ने आरोप लगाया कि कनेरा देव कॉलोनी में निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में नालियों के जाम होने, जलभराव और गंदगी जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और पूरी कॉलोनी का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने की मांग की।

बाबू सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल इस मुद्दे को नगर निगम परिषद से लेकर सड़क तक उठाता रहेगा।


पार्षद शिव शंकर गुड्डू यादव ने कहा कि कनेरा देव कॉलोनी की स्थिति को लेकर हितग्राहियों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवासों की खराब स्थिति के कारण किसी हितग्राही को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी ने कहा कि महिलाओं को आवास उपलब्ध कराने के नाम पर यदि उन्हें जर्जर मकानों में रहना पड़े तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़ी है।

धरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम को ज्ञापन सौंपकर आवासों की गुणवत्ता की जांच, निर्माण संबंधी शिकायतों की जांच, कॉलोनी की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन पवन पटेल ने किया, जबकि आभार आनंद हेला ने माना।

इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, प्रदीप गुप्ता, चेतन कृष्णा पांडे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा, पार्षद ताहिर खान, रोशनी वसीम खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष ऋचा सिंह, सोशल मीडिया अध्यक्ष नीलेश अहिरवार सहित पवन जाटव, बंटी कोरी, दीपक कुर्मी, दीनदयाल तिवारी, गोपाल प्रजापति, अजय लहरिया, राहुल रजक, नारायण विश्वकर्मा, ज्योति मालिया, रेखा अहिरवार, रेखा सोनी, गीता कुशवाहा, अमित चौरसिया, रोहित लारिया, पवन नामदेव, परख शुक्ला, ललित बाजपेई, बाबू मछंदर, लक्ष्मी सेन, रुचि सोनी, गोरी ठाकुर, पूजा विश्वकर्मा, साक्षी बौद्ध, मीराबाई ठाकुर, रजनी लोधी, अर्चना लोधी सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Share:

बंडा शराब कांड: 30 हजार का इनामी शराब माफिया मनीष लोधी का शार्ट इनकाउंटर साथी आशीष साहू भी पकड़ा गया

बंडा शराब कांड: 30 हजार का इनामी शराब माफिया मनीष लोधी का शार्ट इनकाउंटर साथी आशीष साहू भी पकड़ा गया


तीनबत्ती न्यूज: 23 सितम्बर, 2026

सागर। बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को सागर पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ मालथौन क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड की घाटी पर करीब 3 बजे हुई।

यह भी पढ़ें: सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बण्डा में नकली शराब बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 37 आरोपी गिरफ्तार • 11 हजार खाली और 900 भरे क्वार्टर जब्त, डाई मशीनें आदि बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मनीष लोधी के पैर में गोली लगी। उसका साथी आशीष साहू भी भागने के प्रयास में घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें: बंडा जहरीली शराब कांड: ₹30 हजार का इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार • पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद •अभी तक दो आरोपी शार्ट इन काउंटर से पकड़े गये

पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, पांच कारतूस और बेसबॉल का डंडा बरामद किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड: मुख्य आरोपी रवि लखेरा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार; CM डॉ. मोहन यादव बोले - मुख्य आरोपी का इनकाउंटर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं • पुलिस पर चलाईं 3 गोलियां, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

तीसरा शॉर्ट एनकाउंटर

बंडा जहरीली शराब कांड के आरोपियों के खिलाफ सागर पुलिस की यह तीसरी मुठभेड़ बताई जा रही है। इससे पहले पुलिस ने रवि लखेरा और शिवांजय राजपूत को भी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था।


जहरीली शराब कांड में बड़ी जनहानि


बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 30 से अधिक लोगों की मौत होने की बात सामने आई है,प्रशासन ने 20 मौतों की पुष्टि की है। जबकि बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए और 50 से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई थी। मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।



Share:

खुरई के 3 सरकारी कॉलेजों में 26.78 करोड़ के निर्माण कार्य स्वीकृत, गढ़ोली रोड के लिए 1.86 करोड़

खुरई विधानसभा के तीन शासकीय कॉलेजों में निर्माण कार्यों के लिए 26.78 करोड़ स्वीकृत, गढ़ोली एप्रोच रोड के लिए 1.86 करोड़



तीनबत्ती न्यूज: 22 सितम्बर, 2026

सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा और सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों से खुरई, मालथौन और बांदरी के शासकीय महाविद्यालयों में निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए कुल 26 करोड़ 78.83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही गढ़ोली एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 1 करोड़ 86.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

खुरई कॉलेज में 20.54 करोड़ से होंगे विकास कार्य

मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल भोपाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शासकीय महाविद्यालय खुरई में ऑडिटोरियम, खेल मैदान के विकास तथा वाहन स्टैंड/शेड निर्माण के लिए 20 करोड़ 54.36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।मालथौन कॉलेज में अतिरिक्त कक्ष और खेल मैदान का विकास

शासकीय महाविद्यालय मालथौन में चार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, खेल मैदान के विकास तथा वाहन स्टैंड/शेड निर्माण के लिए 3 करोड़ 87.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बांदरी कॉलेज में बनेगा सेमिनार हॉल

वहीं शासकीय महाविद्यालय बांदरी में सेमिनार हॉल तथा वाहन स्टैंड/शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ 37.22 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

गढ़ोली एप्रोच रोड के लिए 1.86 करोड़

खुरई विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना से जुड़े कार्य के तहत लोक निर्माण विभाग संभाग क्रमांक-1, सागर द्वारा गढ़ोली एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 1 करोड़ 86.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह सड़क 0.90 किलोमीटर लंबी होगी।

इन स्वीकृतियों से खुरई विधानसभा क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए आधारभूत सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है।

Share:

सागर खेल परिसर की जर्जर इमारत होगी डिस्मेंटल, बनेगा अत्याधुनिक खेल भवन : कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सागर खेल परिसर की जर्जर इमारत होगी डिस्मेंटल, बनेगा अत्याधुनिक खेल भवन 

• कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण, बैडमिंटन और मार्शल आर्ट्स हॉल को प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश

तीनबत्ती न्यूज, 22 सितंबर 2026

सागर। जिले के खिलाड़ियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सागर खेल परिसर का कायाकल्प किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सागर खेल परिसर का निरीक्षण कर पुरानी और जर्जर इमारत को नियमानुसार डिस्मेंटल कर उसकी जगह सर्वसुविधायुक्त, बहुउद्देश्यीय और अत्याधुनिक खेल भवन निर्मित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (BDC) के अधिकारियों को पुरानी इमारत को शीघ्र डिस्मेंटल करने तथा नवीन खेल कॉम्प्लेक्स का निर्माण तेजी से प्रारंभ करने के निर्देश दिए।



खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित न हो


कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। इसके लिए बैडमिंटन हॉल और मार्शल आर्ट्स हॉल सहित खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें: सागर में अब मॉर्निंग वॉक भी महंगी! खेल परिसर में वॉक करने वालों पर लगा ₹500 रजिस्ट्रेशन और ₹300 मासिक टहलना शुल्क

उन्होंने परिसर में संचालित जिम को भी निर्माण अवधि में बंद नहीं रखने के निर्देश दिए। जिम को परिसर के भीतर ही किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर अस्थायी रूप से शिफ्ट कर नियमित रूप से संचालित करने को कहा गया, ताकि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की सुविधा लगातार मिलती रहे।

यह भी पढ़ें: खेल परिसर में मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार

तय समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निर्माण

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने BDC और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य योजनाबद्ध तरीके से द्रुत गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा।


कलेक्टर ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सागर खेल परिसर में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित होने से जिले के खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।


निरीक्षण के दौरान संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मीला डाबर, बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के कार्यपालन यंत्री तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

एक पंजीयन नंबर पर दो बसें जप्त, सागर-बेगमगंज में MP10P0603 की जांच

एक ही पंजीयन नंबर MP10 P0603 पर चल रहीं दो बसें जप्त, सागर और बेगमगंज में हुई कार्रवाई



तीनबत्ती न्यूज:  22 सितंबर 2026

सागर। त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्री बसों में ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली और जलमग्न पुल-पुलियों से वाहनों के संचालन के खिलाफ परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के दौरान सागर और रायसेन जिले के बेगमगंज में एक ही पंजीयन क्रमांक MP10P0603 वाली दो अलग-अलग यात्री बसें जप्त की गईं।


क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर के निर्देशन में प्रवर्तन अमले ने 22 सितंबर को भोपाल रोड और शहरी मार्ग पर 32 वाहनों की जांच की। इस दौरान यात्री बस क्रमांक MP10P0603 को जप्त किया गया।


इसी बीच बेगमगंज जिला रायसेन से संभागीय सुरक्षा जांच दल, भोपाल ने सागर परिवहन विभाग को जानकारी दी कि इसी पंजीयन क्रमांक MP10P0603 वाली एक अन्य बस को भी उसी दिन बेगमगंज थाने में जप्त कर सुरक्षार्थ रखा गया है।


जांच में दोनों बसों का संचालन राहतगढ़ से होना पाया गया। सागर में जप्त बस राहतगढ़ से सागर और बेगमगंज में जप्त बस राहतगढ़ से बेगमगंज संचालित हो रही थी। अब परिवहन विभाग यह जांच कर रहा है कि दोनों बसों में से वास्तविक और वैध पंजीयन वाली बस कौन-सी है और एक ही पंजीयन नंबर से दो बसों का संचालन कैसे किया जा रहा था।

बिना परमिट स्कूल बस और पांच ऑटो भी जप्त


चेकिंग के दौरान स्कूल बस MP15PA0252 बिना परमिट और बिना फिटनेस के स्कूली बच्चों को लेकर संचालित मिली। इसके अलावा पांच ऑटो रिक्शा बिना लाइसेंस, परमिट और फिटनेस के चलते पाए गए। सभी वाहनों को जप्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया।


परिवहन विभाग के अनुसार पूर्व में जप्त तीन यात्री बस और एक स्कूल बस समेत चार वाहनों से मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।


वाहन दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य


क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने वाहन मालिकों को निर्देश दिए हैं कि वाहन चलाते समय बीमा, फिटनेस, परमिट, पंजीयन कार्ड, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स प्रमाण पत्र और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Share:

सेवा संकल्प अभियान : पंडित रविशंकर स्कूल संकुल में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता : 33 विद्यालयों ने लिया हिस्सा: 18 विजेता विद्यार्थियों को मिले प्रमाण पत्र

सेवा संकल्प अभियान : पंडित रविशंकर स्कूल संकुल में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता : 33 विद्यालयों ने लिया हिस्सा: 18 विजेता विद्यार्थियों को मिले प्रमाण पत्र


तीनबत्ती न्यूज:22सितम्बर ,2026

सागर। पंडित रविशंकर शुक्ल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर में सेवा संकल्प अभियान के तृतीय दिवस संकुल स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा उमंग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्तर एवं संकुल स्तर के कुल 178 विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों ने सेवा संकल्प की शपथ ली।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, वंदना एवं सेवा संकल्प गीत के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें संकुल के 33 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।



18 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

आयोजकों के अनुसार विद्यालयीन स्तर पर पूर्व आयोजित भाषण प्रतियोगिता में 29 तथा चित्रकला प्रतियोगिता में 77 विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं संकुल स्तर पर 33 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इनमें प्राथमिक स्तर का एक दिव्यांग विद्यार्थी भी शामिल रहा।

उमंग कॉर्नर का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान उमंग दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि नगर विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने विद्यालय में उमंग कॉर्नर का उद्घाटन किया। विद्यालय में प्रत्येक मंगलवार को विशेष रूप से छात्राओं को तनावमुक्त रखने तथा उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से उमंग कक्षा का संचालन किया जाता है। यह कक्षा प्रभारी श्रीमती मीनाक्षी पटेल के साथ श्रीमती स्वाति चौकसे के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है।

प्रधानमंत्री की योजनाओं के पालन की दिलाई शपथ

मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन ने प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था, सैन्य शक्ति तथा जन-जन तक पहुंच रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं जनों को देशहित में प्रधानमंत्री की विभिन्न योजनाओं के पालन एवं सेवा संकल्प की शपथ दिलाई।

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने विकसित भारत की संकल्पना पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय की छात्रा कु. जिया सोनी के भाषण में प्रस्तुत विषयों की सराहना की।

विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम का उल्लेख

स्वागत भाषण में प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी ने प्रधानमंत्री को साधक, तपस्वी एवं संत बताते हुए विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च सम्मानों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के शिक्षक घर-घर जाकर छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हैं और उनके घरों में समय-सारणी लगाकर अध्ययन के प्रति जागरूक करते हैं।


अतिथियों का किया गया स्वागत

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर विधायक शैलेंद्र जैन, विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, प्रमुख अतिथि योगाचार्य शंभू दयाल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी, जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार, नगर अध्यक्ष अमित वैशाखिया, जिला मंत्री युवा मोर्चा नितिन सोनी, एल्डरमेन धर्मेंद्र रजक सहित अन्य अतिथियों एवं निर्णायक मंडल का स्वागत किया गया।


विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी, सेवा संकल्प कार्यक्रम प्रभारी राकेश शांडिल्य, प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती मालिनी जैन, उप प्राचार्य श्रीमती रंजीता जैन, कनेरा विद्यालय के प्राचार्य अखिलेश मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अतिथियों का शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में संकुल के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभा मिश्रा एवं श्रीमती ज्योति गोदरे ने किया। प्रतिभागियों के पंजीयन का कार्य श्रीमती रश्मि बिदोलिया एवं श्रीमती रश्मि श्रीवास्तव ने किया। आभार प्रदर्शन उप प्राचार्य श्रीमती रंजीता जैन ने किया।


रजौआ की प्रतिभाओं ने लहराया परचम

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत पंडित रवि शंकर शुक्ल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित संकुल स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजोआ के छात्र श्रीराम कुशवाहा ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सागर में आयोजित होने वाली विकास खंड स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र श्री चंद्रभान कुशवाहा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर प्राचार्य जेपी सोनी, मार्गदर्शी शिक्षिका श्रीमती विनीता दुबे, श्री मुकेश नेमा श्री दीपेश शुक्ला सहित समस्त शिक्षकों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया। एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी।


Share:

सागर में रावतपुरा सरकार के चातुर्मास का समापन, सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक

ब्रह्म मुहूर्त में सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक, श्री हनुमत लक्ष्यार्चन के साथ चातुर्मास का समापन


• वेदांती परिसर में भक्ति, साधना, सेवा और विश्व कल्याण की प्रार्थना के बीच संपन्न हुआ रावतपुरा सरकार का चातुर्मास समापन अनुष्ठान


तीनबत्ती न्यूज, 22 सितंबर 2026।

सागर: सागर के वेदांती परिसर में मंगलवार को रावतपुरा सरकार के चातुर्मास समापन अनुष्ठान का भव्य आयोजन हुआ। ब्रह्म मुहूर्त की पावन बेला में सुबह 3:30 बजे सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक प्रारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, शिव आराधना और श्रद्धालुओं के भक्तिभाव से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से भर उठा।


महाभिषेक के दौरान भगवान शिव की विधिवत आराधना की गई। सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के माध्यम से हुई सामूहिक शिव उपासना में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और समर्पण के साथ सहभागिता की। इस अनुष्ठान का भाव केवल व्यक्तिगत आराधना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विश्व कल्याण, शांति, सद्भाव और मंगल की सामूहिक कामना से जुड़ा रहा।

सामूहिक प्रार्थना में विश्व कल्याण की कामना

महाभिषेक के पश्चात प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसमें समाज, राष्ट्र और संपूर्ण विश्व के कल्याण की सामूहिक प्रार्थना की गई। व्यक्तिगत मनोकामनाओं से ऊपर उठकर सामूहिक मंगल की भावना इस प्रार्थना सभा का प्रमुख केंद्र रही। इसके बाद श्री हनुमत लक्ष्यार्चना का आयोजन हुआ। भगवान श्री हनुमान की आराधना और लक्ष्यार्चना के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अपनी श्रद्धा अर्पित की। इस दौरान भक्ति, सेवा, समर्पण और शक्ति के भाव को स्मरण किया गया।

केवल समापन नहीं, साधना यात्रा का पावन पड़ाव

रावतपुरा सरकार का यह आयोजन केवल चातुर्मास की औपचारिक समाप्ति नहीं, बल्कि 29 जुलाई को देवशयनी एकादशी से शुरू हुई साधना यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में सामने आया।

सनातन परंपरा में चातुर्मास को साधना, संयम, स्वाध्याय, भक्ति और आत्मचिंतन का विशेष काल माना जाता है। इसी भावना के साथ सागर में चातुर्मास के दौरान अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

धार्मिक आयोजनों के साथ सेवा और सामाजिक संवेदना से जुड़े प्रयास भी इस अवधि में जारी रहे। भक्ति को सेवा से जोड़ने का भाव चातुर्मास की गतिविधियों में प्रमुखता से दिखाई दिया।

हर शनिवार घर-घर पहुंचा ‘एक रोटी गौ माता के लिए’ का संदेश

चातुर्मास के दौरान ‘एक रोटी गौ माता के लिए’ अभियान ने सेवा और संवेदना के संदेश को घर-घर तक पहुंचाया।


हर शनिवार रावतपुरा सरकार लोगों के बीच पहुंचे और गौ माता के लिए एक रोटी देने का आग्रह किया। अभियान का उद्देश्य यह संदेश देना रहा कि सेवा के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती। घर की रसोई से निकली एक रोटी भी गौ सेवा का माध्यम बन सकती है।


सागर के अनेक परिवार इस अभियान से जुड़े और गौ माता के लिए रोटी निकालने का संकल्प लिया। रावतपुरा सरकार का स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर यह आग्रह करना चातुर्मास की साधना के साथ सेवा और जीवमात्र के प्रति संवेदना के भाव को सामने लाता रहा।

धार्मिक अनुष्ठानों से बना आध्यात्मिक वातावरण

29 जुलाई से शुरू हुई चातुर्मास यात्रा के दौरान सागर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूजन, जप, साधना, कथा और अन्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सनातन परंपरा और आध्यात्मिक संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।


इन आयोजनों के दौरान कहीं मंत्रों की गूंज रही, कहीं कथा और भक्ति का वातावरण बना तो कहीं सेवा और लोककल्याण की भावना के साथ श्रद्धालु एकत्रित हुए।

देवशयनी एकादशी से चातुर्मास समापन तक

29 जुलाई को देवशयनी एकादशी से शुरू हुई यह यात्रा 22 सितंबर को चातुर्मास समापन अनुष्ठान तक पहुंची। इस अवधि में सागर ने धार्मिक अनुष्ठानों, सामूहिक आस्था और सेवा गतिविधियों के अनेक दृश्य देखे।हर शनिवार गौ माता के लिए एक रोटी का संदेश लेकर लोगों के बीच पहुंचना हो या आज ब्रह्म मुहूर्त में सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक—चातुर्मास की इस यात्रा में साधना और सेवा के विभिन्न रूप देखने को मिले।


साधना से सेवा और सेवा से लोककल्याण


रावतपुरा सरकार के चातुर्मास के दौरान ईश्वर आराधना के साथ लोककल्याण की भावना को भी प्रमुखता दी गई। सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक, सामूहिक प्रार्थना, श्री हनुमत लक्ष्यार्चना और ‘एक रोटी गौ माता के लिए’ अभियान इसी भाव के विभिन्न स्वरूप रहे।


वेदांती परिसर में आज हुए समापन अनुष्ठान में भी यही भाव दिखाई दिया। ब्रह्म मुहूर्त में शिव आराधना, सामूहिक प्रार्थना और श्री हनुमत लक्ष्यार्चना के साथ चातुर्मास की साधना यात्रा का समापन हुआ।

एक यात्रा, अनेक संकल्प

देवशयनी एकादशी से शुरू हुई यात्रा ब्रह्म मुहूर्त की साधना से लेकर सामूहिक आराधना तक पहुंची। गौ सेवा के लिए ‘एक रोटी’ के संकल्प से लेकर विश्व कल्याण की प्रार्थना तक और सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के महाभिषेक से श्री हनुमत लक्ष्यार्चना तक—चातुर्मास का यह आयोजन भक्ति, साधना, सेवा और सनातन संस्कारों से जुड़ा रहा।

वेदांती परिसर में संपन्न हुआ यह चातुर्मास समापन अनुष्ठान इसी साधना यात्रा का पावन पड़ाव रहा, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विश्व कल्याण और लोकमंगल की प्रार्थना की गई।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive