Editor: Vinod Arya | 94244 37885

बंडा हादसा: आरोपियों में मेरा कोई रिश्तेदार नहीं, भ्रामक प्रचार: पुलिस सख्त कार्रवाई करे: मंत्री गोविंद राजपूत

बंडा शराब हादसा: आरोपियों में मेरा कोई रिश्तेदार नहीं, भ्रामक प्रचार: पुलिस सख्त कार्रवाई करे: मंत्री गोविंद राजपूत

तीनबत्ती न्यूज:08 सितम्बर, 2026

सागरबंडा जहरील शराब कांड के आरोपियों से मंत्री गोविंद राजपूत के रिश्तेदार बताए जाने की कथित खबरों पर उनका एक बयान सामने आया है । जिसमें मंत्री राजपूत ने इसका खंडन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

--------------

वीडियो देखने क्लिक करे

बंडा शराब हादसा: आरोपियों में मेरा कोई रिश्तेदार नहीं, भ्रामक प्रचार: पुलिस सख्त कार्रवाई करे: मंत्री गोविंद राजपूत

---------------

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने बयान में कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बंडा में घटित दुखद घटना में हमारे कई परिवारजन इस दुनिया में नहीं रहे। इस हृदयविदारक घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं। दिवंगतों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि लेकिन इस दुखद घटना के बीच कुछ मीडिया माध्यमों, कांग्रेस के कुछ नेताओं और सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि किसी गांव के एक व्यक्ति का संबंध मेरे परिवार से है अथवा वह मेरा रिश्तेदार है।मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि उक्त व्यक्ति मेरा कोई रिश्तेदार नहीं है। मेरे नाम को इस मामले से जोड़कर गलत जानकारी फैलाना पूरी तरह निराधार है।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो

मंत्री गोविंद राजपूत ने बताया कि मैंने स्वयं एसपी सागर से स्पष्ट रूप से कहा है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। वह किसी का रिश्तेदार हो, नातेदार हो या किसी भी राजनीतिक अथवा सामाजिक प्रभाव से जुड़ा हो—कानून के सामने किसी को भी नहीं छोड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सागर जिला भली-भांति जानता है कि मेरा पूरा परिवार शराब, सट्टा और जुआ जैसी गतिविधियों से हमेशा दूर रहा है। इतना ही नहीं, हम किसी भी कार्यकर्ता को ऐसी गतिविधियों में सहयोग या संरक्षण देने के पक्ष में नहीं हैं।दुख की इस घड़ी में मेरा आग्रह है कि घटना को लेकर राजनीति करने के बजाय सच्चाई सामने लाने में सहयोग करें। सोशल मीडिया पर बिना तथ्य के किसी व्यक्ति या परिवार को बदनाम करने वाली भ्रामक जानकारी प्रसारित न की जाए।

दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और निर्दोष व्यक्ति को बदनाम करने वालों पर भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।


Share:

भाजपा महिला मोर्चा सागर ने घोषित किए 26 मंडल अध्यक्ष, देखें पूरी सूची

भाजपा महिला मोर्चा सागर ने की मंडल अध्यक्षों की घोषणा, 26 मंडलों की जिम्मेदारी सौंपी




तीनबत्ती न्यूज:08 सितम्बर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला सागर द्वारा जिले के समस्त मंडलों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मेघा दुबे द्वारा जारी सूची में सागर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के 26 मंडलों के लिए अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं।भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेघा दुबे ने संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी की सहमति से नियुक्ति आदेश जारी किया है। 

यह भी देखे : सागर : भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी की घोषणा, जानें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

जारी सूची के अनुसार सागर विधानसभा के चार मंडलों में सागर नगर से सुनीता रैकवार, डॉ. हरिसिंह गौर से प्रमिला मोर्य, डॉ. भीमराव अंबेडकर से जयश्री चढ़ार तथा यमुनाताई ठाकुर से प्रीति केशरवानी को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।

नरयावली विधानसभा के अंतर्गत सदर कैंट से मधु मार्य, मकरोनिया नगर से वर्षा विश्वकर्मा, मकरोनिया ग्रामीण से रंजना कुर्मी, नरयावली से चंद्रमणी कटारे तथा सागर ग्रामीण से सुनीता सेन को जिम्मेदारी दी गई है।

बीना विधानसभा में बीना नगर से प्रियंका राय, बीना ग्रामीण से सुमन कुशवाहा, खिमलासा से प्रिया तिवारी, मंडी बामोरा से वंदना चौरसिया तथा भानगढ़ से कल्पना यादव को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

खुरई विधानसभा क्षेत्र में खुरई नगर से मोना सिंघई, खुरई ग्रामीण से शांति/बलवंत सिंह, बांदरी से संध्या/जितेंद्र सिंह  मालथौन से मालती/धर्मेंद्र अहिरवार, धनौरा से रुपेश/ पप्पू राजपूत तथा बरौदिया कलां से मीना कुशवाहा को दायित्व सौंपा गया है।

वहीं सुरखी विधानसभा के पांच मंडलों में सुरखी से आशा पटेल, बिलहरा से सपना चौरसिया, जैसीनगर से क्रांति पटेल, सिहोरा से शशि सेन, राहतगढ़ ग्रामीण से दुर्गा कुशवाहा तथा राहतगढ़ नगर से संजना जैन (चौधरी) को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।




Share:

बंडा जहरीली शराब कांड : भगवती मानव कल्याण संगठन ने CBI जांच और 25 लाख मुआवजे की मांग, भाकपा ने सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जज से जांच कराने की उठाई मांग

बंडा जहरीली शराब कांड : भगवती मानव कल्याण  संगठन ने CBI जांच और 25 लाख मुआवजे की मांग, भाकपा ने सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जज से जांच कराने की उठाई मांग


तीनबत्ती न्यूज: 8 सितंबर 2026

सागर। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में अब राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने जांच और कार्रवाई को लेकर आवाज तेज कर दी है। भगवती मानव कल्याण संगठन, शाखा सागर ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच, मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने सहित आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने पूरे घटनाक्रम की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश के नेतृत्व में गठित समिति से कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: Sagar Poisonous Liquor Case: जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग : • प्रभावित गांवों में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मृतकों के परिजनों से की मुलाकात;

भगवती मानव कल्याण संगठन ने उठाए सवाल

संगठन ने अपने ज्ञापन में दावा किया कि बंडा विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब के सेवन से अब तक 30 से 35 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 150 से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि लाइसेंसी दुकानों से गांवों तक पहुंचाई गई कथित अवैध शराब के सेवन से यह घटना हुई।


संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि आबकारी विभाग ने 5 सितंबर को बिना फोरेंसिक जांच के संबंधित शराब को पीने योग्य बताते हुए क्लीनचिट दे दी थी। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, 7 सितंबर को सानौधा थाना क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने एक पेटी कथित जहरीली शराब पकड़कर आबकारी विभाग को सूचना दी थी। संगठन का कहना है कि नौराज गांव, जहां चार मौतें हुई हैं, वहीं से शराब बरामद हुई।

यह भी पढ़ें: Sagar Poisonous Liquor Case: जहरीली शराब मामले में डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल का दौरा, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

ज्ञापन में संगठन ने सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और पूर्व में मुरैना में उनके कार्यकाल के दौरान हुई शराब से मौतों का उल्लेख करते हुए जांच की मांग की।

यह भी पढ़ें: सागर : बंडा शराबकांड में 11 मौतें, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने BMC पहुंचकर मरीजों का जाना हाल; बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। • सभी शराब दुकानों की जांच, उनके स्टॉक की निगरानी और अवैध कारोबार की गहन जांच • शराब कांड में 20 पर FIR: 10 आरोपी पुलिस हिरासत में

संगठन की आठ प्रमुख मांगें


मृतक परिवारों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।

पीड़ित परिवारों का एक वर्ष तक निःशुल्क इलाज कराया जाए।

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका की जांच की जाए।

दोषी अधिकारियों को निलंबित करने के बजाय बर्खास्त किया जाए।

निलंबित पुलिस एवं आबकारी अधिकारियों को बर्खास्त किया जाए।

सागर कलेक्टर और एसपी को तत्काल हटाया जाए।

जिले की सभी लाइसेंसी शराब दुकानों को स्थायी रूप से बंद किया जाए।

मामले की सीबीआई जांच के साथ पांच आईएएस अधिकारियों और पांच समाजसेवियों की टीम से भी जांच कराई जाए।


संगठन ने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवारों और आमजन के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।


भाकपा ने सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जज से जांच की मांग की

इधर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला परिषद के नेतृत्व में भी मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। पार्टी ने कहा कि नकली शराब से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है और मामले की जांच की दिशा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पार्टी ने आशंका जताई कि यदि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है।

भाकपा ने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश के नेतृत्व में गठित समिति से कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।


पार्टी ने अवैध शराब के उत्पादन और बिक्री में संलिप्त लोगों की चल-अचल संपत्तियां राजसात करने, आबकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके पद के अनुरूप कार्यों की समयबद्ध रिपोर्ट लेने, आबकारी विभाग के खुफिया तंत्र को मजबूत करने और अवैध व नकली शराब के उत्पादन-विक्रय के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की मांग की।


इसके अलावा पीड़ित परिवारों को समुचित इलाज और मानवीय सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई।


भाकपा के प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव कामरेड चन्द्रकुमार, अधिवक्ता देवेंद्र सिंघई, गोवर्धन पटेल और आशीष भायजी सहित अन्य लोग शामिल रहे।



Share:

सागर में नेत्रदान और देहदान से दो परिवारों ने पेश की मिसाल, बीएमसी में 13वां देहदान संपन्न

नेत्रदान और देहदान से सागर के दो परिवारों ने पेश की मिसाल, बीएमसी में 13वां देहदान संपन्न

तीनबत्ती न्यूज, 8 सितंबर 2026

सागर। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी) सागर में नेत्रदान और देहदान के दो अनुकरणीय मामले सामने आए हैं। शोक की घड़ी में दो परिवारों ने मानवीय संवेदना और समाजसेवा का परिचय देते हुए नेत्रदान एवं देहदान का निर्णय लिया। एक ओर बाहुबली कॉलोनी निवासी 90 वर्षीय शांति बाई जैन के निधन के बाद परिजनों ने नेत्रदान कराया, वहीं दूसरी ओर गोपालगंज निवासी 62 वर्षीय स्व. अनीता जैन का पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के लिए बीएमसी को समर्पित किया गया।

यह भी पढ़ेंSagar Poisonous Liquor Case: जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग : • प्रभावित गांवों में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मृतकों के परिजनों से की मुलाकात;

शांति बाई जैन के निधन के बाद हुआ नेत्रदान

बाहुबली कॉलोनी स्थित शांति सदन निवासी श्रीमती शांति बाई जैन का 3 सितंबर 2026 को उनके निवास पर निधन हो गया था। निधन के बाद परिजनों ने डॉ. आजाद जैन के माध्यम से बीएमसी के नेत्र रोग विभाग से संपर्क किया। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे के निर्देशन में आई बैंक की टीम तत्काल उनके निवास पर पहुंची। आवश्यक जांच और परिजनों की सहमति के बाद सावधानीपूर्वक कॉर्निया सुरक्षित प्राप्त किया गया। जांच के बाद कॉर्निया को सुरक्षित रूप से आई बैंक में रखा गया।

डॉ. प्रवीण खरे ने इस पुनीत कार्य के लिए दिवंगत के परिजनों जिनेंद्र जैन, नरेंद्र जैन, मनोज जैन, देवेंद्र जैन एवं रामवती जैन के प्रति आभार व्यक्त किया। नेत्रदान की प्रक्रिया में डॉ. नीलम, डॉ. शिवानी, डॉ. सौम्या, डॉ. हर्षिता, नर्सिंग स्टाफ राम-लखन एवं पैरामेडिकल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अनीता जैन का देहदान, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सम्मान

इसी क्रम में 8 सितंबर को गोपालगंज निवासी स्व. श्रीमती अनीता जैन के निधन के बाद उनके परिजनों ने उनका पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के लिए बीएमसी के एनाटॉमी विभाग को समर्पित किया।

महाविद्यालय प्रशासन ने परिजनों की इच्छा के अनुरूप पार्थिव शरीर को ससम्मान स्वीकार किया। शासकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई। बीएमसी में यह 13वां देहदान था। देहदान के अवसर पर पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

स्व. अनीता जैन के परिवार में उनके पति सुनील जैन तथा पुत्र अकलंक जैन एवं निकलंक जैन हैं। परिवार का निवास 170/2, गोपालगंज, सागर में है।

विधायक ने परिजनों के निर्णय की सराहना की

इस अवसर पर  विधायक शैलेंद्र जैन, बीएमसी के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. अमर गंगवानी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. सौरभ जैन, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ शंकर रॉय सहित विभाग के अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

विधायक शैलेंद्र जैन ने अनीता जैन के परिजनों द्वारा लिए गए देहदान के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

बीएमसी प्रबंधन ने भी दोनों परिवारों के इस मानवीय और समाजोपयोगी योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। नेत्रदान और देहदान जैसे निर्णय न केवल जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी ला सकते हैं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

Share:

कृष्ण-सुदामा प्रसंग को डॉ. शाम्भवी की कथक प्रस्तुति ने किया जीवंत, शहडोल में नृत्य नाटिका ने बांधा समां

कृष्ण-सुदामा प्रसंग को डॉ. शाम्भवी की कथक प्रस्तुति ने किया जीवंत

• शहडोल के ऑडिटोरियम में नृत्य नाटिका की शानदार प्रस्तुति, कला-साहित्य प्रेमियों ने की सराहना


तीनबत्ती न्यूज:7 सितंबर 2026

सागर श्रीकृष्ण पाथेय न्यास एवं मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग, भोपाल के संयुक्त आयोजन में शहडोल के ऑडिटोरियम में कृष्ण-सुदामा की मैत्री पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। सागर की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना कथक रत्न डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा एवं दल ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से कृष्ण-सुदामा के मैत्री, प्रेम और समर्पण के भावों को मंच पर जीवंत कर दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश श्लोक तथा ताल धमार में जयपुर घराने की प्रसिद्ध बंदिशों की प्रस्तुति से हुआ। भारतीय कलाबोध, साहित्यिक अध्ययन और विभिन्न सांस्कृतिक उपक्रमों के लिए विख्यात डॉ. शाम्भवी ने कृष्ण-सुदामा प्रसंग को गहन अध्ययन और भावपूर्ण कथक शैली के माध्यम से प्रस्तुत किया।

नृत्य नाटिका में बनारस घराने के प्रसिद्ध गायक श्री बृजेश मिश्र के भावप्रवण गायन एवं सुमधुर संगीत निर्देशन ने प्रस्तुति को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। कवि नरोत्तमदास एवं सूरदास की रचनाओं के माध्यम से कृष्ण और सुदामा की मित्रता, सुदामा की गरीबी, कृष्ण का स्नेह और दोनों के बीच आत्मीय संबंधों को मंच पर बेहद संवेदनशीलता के साथ उकेरा गया।

यह भी पढ़ें: सागर में संभागीय लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता संपन्न, जूनियर में अक्षत और सीनियर में गोविंद तिवारी प्रथम

प्रस्तुति में कृष्ण की भूमिका कथक रत्न डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा, रानी रुक्मणी एवं कालिया नाग की भूमिका कु. वंदिता, सुदामा की भूमिका कु. अदिति, जबकि सूत्रधार एवं संतरी की भूमिका ऋषभ शुक्ला ने निभाई। संवाद एवं संदेश प्रस्तुति में संस्कृतिविद डॉ. कविता शुक्ला ने प्रभावी भूमिका निभाई।

कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय, कथक की बारीकियों, संगीत और साहित्य के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के बाद नगर के कला एवं साहित्य प्रेमियों ने डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा एवं उनके दल को शानदार प्रस्तुति के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Share:

बंडा हादसे के दिवंगतों को भाजपा जिला कार्यसमिति ने दी श्रद्धांजलि, सागर में हुई बैठक

बंडा हादसे के दिवंगतों को भाजपा जिला कार्यसमिति ने दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर जताया शोक

• भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन, सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत@2047 पर हुई चर्चा


तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी सागर जिला की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इस दौरान बंडा क्षेत्र में हुई दुखद घटना में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, प्रदेश कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत@2047 और संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के तहत चल रहे समरसता संकल्प अभियान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।


बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने संबोधित किया।

प्रदेश नेतृत्व के संकल्प को बूथ तक पहुंचाना जिम्मेदारी : श्याम तिवारी

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि नवीन जिला कार्यसमिति के गठन के बाद यह पहली बैठक है। इसका उद्देश्य प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त दिशा को धरातल तक पहुंचाना और आगामी कार्ययोजना को मंडल, शक्ति केंद्र तथा बूथ स्तर तक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका कार्यकर्ता और उसकी संगठनात्मक कार्यपद्धति है। जिला कार्यसमिति के प्रत्येक सदस्य को अपने दायित्व को पद के बजाय संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में लेना चाहिए। नियमित प्रवास, कार्यकर्ता संवाद, लाभार्थी संपर्क और बूथ स्तर पर सक्रियता से संगठन को और मजबूत किया जा सकता है।


संगठन केवल बैठकों से नहीं, संबंधों से भी बनता है : गौरव रणदिवे

प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने कहा कि भाजपा की पहचान कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और सामूहिकता से बनी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, विनम्रता, धैर्य, प्रवास और संगठन के प्रति समर्पण से होनी चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं के लिए “पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर और सिर पर बर्फ” को कार्यशैली का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता निरंतर प्रवास करे, मधुर व्यवहार रखे और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य न खोए।उन्होंने कहा कि संगठन केवल बैठकों से नहीं चलता, बल्कि संबंधों से भी बनता है। कार्यकर्ता एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें। यही आत्मीयता संगठन को परिवार का स्वरूप देती है।


सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाएं कार्यकर्ता : लोकेन्द्र पाराशर

प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश, प्रदेश से जिला, जिला से मंडल और मंडल से बूथ तक विचार और कार्ययोजना पहुंचाने की है। कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार के कामों के राजदूत बनकर समाज के बीच जाना चाहिए। पाराशर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण के भाव को समाज तक पहुंचाना है।




विकसित भारत 2047 राष्ट्रीय संकल्प : डॉ. लता वानखेड़े

सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। सत्ता अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण करेगा और तब देश को विकसित, आत्मनिर्भर, सक्षम तथा विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाना लक्ष्य है।

सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा की वर्तमान शक्ति के पीछे असंख्य कार्यकर्ताओं का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति की है।



समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश सह-संयोजक एवं नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहा समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता, समानता और समरसता का जनअभियान है।उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ऊंच-नीच, भेदभाव और सामाजिक दूरी समाप्त कर मानव मात्र में एकात्म भाव स्थापित करने का संदेश दिया। उनका संदेश किसी एक समाज का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का है।लारिया ने कहा कि सागर में लगभग 102 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संत शिरोमणि गुरु रविदास का भव्य मंदिर एवं स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणा केंद्र बनेगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुमित यादव ने किया, जबकि आभार सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया ने व्यक्त किया।बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, कुश समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक पारुल साहू सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और सेवा संकल्प अभियान की मंडल टोलियों के सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

बण्डा-विनायका में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर शराब जब्त

बण्डा-विनायका में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार

• 225.12 लीटर देशी शराब जब्त, दोनों मामलों में 1249 पाव शराब बरामद



तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026

सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बंडा में जहरीली शराब से मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।  इसी क्रम में थाना बण्डा और थाना विनायका पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कुल 1249 पाव देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब, जिसकी मात्रा 225.12 लीटर है, जब्त की है।

Sagar Poisonous Liquor Case: जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग : • प्रभावित गांवों में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मृतकों के परिजनों से की मुलाकात;

थाना बण्डा में 345 पाव शराब जब्त

थाना बण्डा पुलिस ने अपराध क्रमांक 658/2026 में धारा 105, 123, 3(5) बीएनएस एवं 49(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 345 पाव देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब, कुल 62.4 लीटर, बरामद की गई।

जब्त शराब के साथ गिरफ्तार आरोपियों में जुझार सिंह पिता ब्रजेन्द्र सिंह लोधी (32 वर्ष), निवासी ग्राम नौराज, के कब्जे से 240 पाव यानी 43.2 लीटर, दिनेश सिंह पिता गुलाब सिंह लोधी (32 वर्ष), निवासी ग्राम नौराज, के कब्जे से 40 पाव यानी 7.2 लीटर, मनोहर लोधी पिता गुलजार लोधी (32 वर्ष), निवासी ग्राम नौराज, के कब्जे से 30 पाव यानी 5.4 लीटर तथा राजा लोधी पिता आधार सिंह लोधी (45 वर्ष), निवासी गूगरा, के कब्जे से 35 पाव यानी 6.3 लीटर शराब जब्त की गई।

सागर : बंडा शराबकांड में 11 मौतें, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने BMC पहुंचकर मरीजों का जाना हाल; बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। • सभी शराब दुकानों की जांच, उनके स्टॉक की निगरानी और अवैध कारोबार की गहन जांच • शराब कांड में 20 पर FIR: 10 आरोपी पुलिस हिरासत में

विनायका पुलिस ने 904 पाव शराब पकड़ी

इसी प्रकार थाना विनायका पुलिस ने अपराध क्रमांक 98/2026 में धारा 105, 123, 3(5) बीएनएस एवं 49(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस मामले में पुलिस ने कुल 904 पाव देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब, जिसकी मात्रा 162.72 लीटर है, जब्त की।

पुलिस के अनुसार चन्द्रभान उर्फ चंदू पिता द्वारिका सिंह राजपूत (42 वर्ष), निवासी ततरवारा थाना बण्डा, के कब्जे से 820 पाव यानी 147.6 लीटर शराब बरामद हुई। वहीं भगवान सिंह पिता देवी सिंह लोधी (44 वर्ष), निवासी ग्राम पाटन थाना विनायका, के कब्जे से 43 पाव यानी 7.74 लीटर, अरविन्द यादव पिता आशाराम यादव (44 वर्ष), निवासी पाटन थाना विनायका, के कब्जे से 22 पाव यानी 3.96 लीटर तथा मानसीग पिता बिहारी अहिरवार (45 वर्ष), निवासी ग्राम पाटन थाना विनायका, के कब्जे से 19 पाव यानी 3.42 लीटर शराब जब्त की गई।

कुल 225.12 लीटर शराब जब्त

बण्डा और विनायका थाना पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 1249 पाव देशी शराब, जिसकी मात्रा 225.12 लीटर है, जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

Share:

सागर में संभागीय लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता संपन्न, जूनियर में अक्षत और सीनियर में गोविंद तिवारी प्रथम

सागर में संभागीय लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता संपन्न, जूनियर में अक्षत और सीनियर में गोविंद तिवारी प्रथम


तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित संभागीय लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता का आयोजन 6 सितंबर 2026 को आदर्श संगीत महाविद्यालय, सागर में किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, संस्था अध्यक्ष सुभाष कण्डया, सचिव डॉ. सिद्धार्थ शंकर शुक्ला एवं प्राचार्य श्रीमती रागिनी श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

जूनियर वर्ग में अक्षत दुबे प्रथम

8 से 15 वर्ष आयु वर्ग की जूनियर प्रतियोगिता में अक्षत दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्नव तिवारी द्वितीय और मेहुल दुबे तृतीय स्थान पर रहे।

सीनियर वर्ग में गोविंद तिवारी ने बाजी मारी

वहीं 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग की सीनियर प्रतियोगिता में गोविंद तिवारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। विधान चैबे ने द्वितीय और शिवांगी पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

दोनों आयु वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 5 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए गए।

निर्णायक मंडल और संगत कलाकार रहे मौजूद

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. रोमिल जैन, खंडवा, मितेन्द्र सिंह सेंगर एवं प्रकाश पाठक, विदिशा शामिल रहे। तबला संगत शैलेन्द्र सिंह राजपूत एवं आर्यन सोनी ने की, जबकि हारमोनियम पर प्रियंक तैलंग ने संगत दी।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवरी सुनील जैन, डॉ. जी.एस. चैबे, प्रकाश चैबे, आलोक अग्रवाल, अजय दुबे, पुरुषोत्तम चौरसिया, राजीव चौरसिया, संजीव चौरसिया, अमित मिश्रा, आकाश मिश्रा, एस.आर. सिंह, प्रभाकर कण्डया, वीरेन्द्र जैन मालथौन, दिनेश शिल्पी, डॉ. कविता शुक्ला, डॉ. शाम्भवी शुक्ला, डॉ. विभूति मलिक, श्रीमती जयश्री लुखे, राजेश पंडित, सुमित दुबे, दीपेश क्षत्री, मनीराम चौरसिया, गुलाब सिंह ठाकुर सहित नगर के गणमान्य नागरिक, संगीत प्रेमी, महाविद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अरविंद जैन एवं सुश्री आरोही श्रीवास्तव ने किया। अंत में डॉ. सिद्धार्थ शंकर शुक्ला ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive