सांसद व भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ लता वानखेड़े के नेतृत्व में खुरई में यूनिटी मार्च निकाला गया
▪️50 लाख की लागत से सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित होगी: भूपेंद्र सिंह
तीनबत्ती न्यूज: 17 नवंबर, 2025
खुरई। जो राष्ट्र अपने इतिहास में महापुरुषों के योगदान, त्याग और बलिदान को सम्मान नहीं देता वह राष्ट्र गुलामी की ओर चला जाता है। महापुरुषों के योगदान को हम सभी जन जन तक नहीं पहुंचाएंगे तो अगली पीढ़ी उनके बारे में कैसे जानेगी। यह विचार पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने यहां लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वें जन्मजयंती वर्ष पर आयोजित यूनिटी मार्च के पश्चात सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि खुरई के सरदार वल्लभभाई पटेल आडिटोरियम परिसर में 50 लाख की लागत से सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद व मध्यप्रदेश भाजपा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती लता वानखेड़े के नेतृत्व में निकाले गये भव्य यूनिटी मार्च में सांसद श्रीमती वानखेड़े ने सभी को आत्मनिर्भर संकल्प और नशा मुक्त भारत संकल्प अभियान की शपथ सभी को दिलाई।
यह भी पढ़ें: Sagar: : ठंड बढ़ने पर जिले में स्कूलों का समय बदला : 8ः30 बजे से पहले नहीं लगेगी कक्षाएँ
50 लाख से स्थापित होगी प्रतिमा
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत को अपने साहस, बुद्धिमत्ता और संगठन क्षमता से अखंड भारत बनाया तो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सरदार पटेल के बनाए भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी महाशक्ति बना दिया। उन्होंने कहा कि भारत के एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान के इतिहास को कांग्रेस की सरकारों ने देश से छिपाए रखने का काम किया लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनते ही सरदार पटेल को देश का सबसे बड़ा सम्मान दिया। उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी प्रतिमा सरदार वल्लभभाई पटेल की बनवाई और उनके जन्मदिवस को देश भर में एकता दिवस के रूप में मनाना आरंभ किया। उन्होंने बताया कि हमने खुरई में दस करोड़ की लागत से निर्मित आडिटोरियम का नाम स्वप्रेरणा से सरदार वल्लभ भाई पटेल आडिटोरियम रखा। शीघ्र ही इस आडिटोरियम के प्रांगण में 50 लाख की लागत से निर्मित सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापना की आधारशिला रखे जाने का कार्यक्रम सांसद श्रीमती लता वानखेड़े व जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी की उपस्थिति में आयोजित होगा।
____________
वीडियो देखने क्लिक करे
फिल्म गुस्ताख इश्क में सागर के अशोक मिजाज के शेर कहेंगे सिने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह
___________
पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि तेजी से आर्थिक और सैन्य रूप से सशक्त होते भारत को कमजोर करने के लिए आज कुछ वैश्विक शक्तियां हमारे पड़ोसी देशों को मोहरा बना कर षड्यंत्र कर रही हैं। आतंकवादी हमले, लव जेहाद जैसी घटनाएं इसी का परिणाम हैं। हमारी धर्म, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास यदि सुरक्षित नहीं रहेगा तो हमारा जीवन भी सुरक्षित नहीं रहेगा। हमें गुरु तेग बहादुर जी,गुरु गोविंद सिंह जी जैसे महापुरुषों का त्याग और बलिदान स्मरण रखना चाहिए। इसकी जानकारी हमारे बच्चों को हो इसीलिए यूनिटी मार्च जैसे आयोजन किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 17 नवंबर से 23 नवंबर 2025 तक ▪️पंडित अनिल पांडेय
सांसद व मध्यप्रदेश भाजपा की महामंत्री श्रीमती लता वानखेड़े ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल भारत की माटी के ऐसे लाल थे जिन्होंने जिन्होंने खंड-खंड भारत को अखंड भारत में बदल दिया। अलग-अलग मत वाली 562 रियासतों को एक करने का काम अपने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और अपनी सांगठनिक क्षमता से उन्होंने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सपूत को कांग्रेसी सरकारों ने भुला दिया था लेकिन हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने उन्हें सम्मान दिया। सांसद श्रीमती वानखेड़े ने कहा कि बच्चों को इस कार्यक्रम में इसलिए शामिल किया गया है ताकि उन्हें पता चले कि किन किन महापुरुषों ने देश के निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हमें दिलों, आत्माओं को ऐक करना है और एक सूत्र में बंध कर विभाजनकारी शक्तियों को हराना है।
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि हम अलग-अलग जाति, धर्म, भिषा, प्रांत के हो सकते हैं पर हमारा राष्ट्र धर्म एक ही है जो कहता है कि तेरा वैभव अमर रहे मां। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा हमें लाखों शहादतों के बाद मिला है। हमें हर परिस्थिति में इसका मान सम्मान रखना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल देश के लौह पुरुष थे जिन्होंने विभिन्न राजाओं, नवाबों, निजामों के शासन में विभाजित 562 रियासतों को एक कर आज के भारत का नक्शा बनाया। उनकी बुद्धि, विवेक और बल से यह संभव हो सका। जम्मू-कश्मीर, जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों को भी उन्होंने भारत में मिलाया जो कठिन कार्य था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर उनको सम्मान दिया।
सभा के पूर्व खुरई नगर के मुख्य मार्गों से निकाले गये यूनिटी मार्च का अनेक स्थानो पर स्वागत द्वारो व पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। यूनिटी मार्च में भारत माता व सरदार बल्लभ भाई पटेल सहित महापुरूषो के जीवंत प्रतिरूप भी वाहन में चल रहे थे। कार्यक्रम में सभी भाजपा मंडल अध्यक्ष चौधरी राहुल जैन, रविन्द्र सिंह राजपूत, राजपाल सिंह, अनिल पाराशर, नीतेश यादव नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्नी बाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम मनोज चौरसिया, सीएमओ राजेश मेहतेल, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीतिराज पटेल, वरिष्ठ पार्षद देशराज सिंह यादव, बलराम यादव, इंद्रकुमार राय, इंद्राज सिंह ठाकुर, सोनू चंदेल, मेहरबान अहिरवार, मदन कुशवाहा, गणेश पटेल, जयराम अहिरवार, प्रवीण जैन गढ़ौला, रामशास्त्री शुक्ला, नगर महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सोनी, ग्रामीण अध्यक्ष ऊषा ठाकुर, माधवी सोनी, नेहा सचदेव, प्रतिभा पुरोहित, अंकित सिंह, जितेन्द्र सिंह धनौरा, सौरभ नेमा, कांशीराम मास्टर, रणवीर सिंह गब्बर, बल्ली सोनी, मनीराम यादव, सागर से पहुंचे पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष हरीराम सिंह, रामेश्वर नामदेव, निकेश गुप्ता, विक्की गौतम, मनीष चौबे, आशालता सिलाकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्थानीय जनता व स्कूली छात्र छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष नीतिराज पटेल ने किया।
______________












0 comments:
एक टिप्पणी भेजें