4वीं कूडो नेशनल चैम्पियनशिप कप : मध्यप्रदेश को ओवरऑल तीसरा स्थान : सागर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव
तीनबत्ती न्यूज: 24 मई,2026
सागर/पुणे, महाराष्ट्: 16 मई से 22 मई 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बॉयज़ मिलिट्री स्कूल, फुलगांव में आयोजित 4वीं कूडो नेशनल चैम्पियनशिप कप 2026-27 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने कुल 45 पदक जीतकर ओवरऑल चैम्पियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया। मध्यप्रदेश के खाते में 29 स्वर्ण पदक, 8 रजत पदक एवं 8 कांस्य पदक आए। ओवरऑल चैम्पियनशिप में राजस्थान ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि गुजरात दूसरे स्थान पर रहा। मध्यप्रदेश ने तीसरे स्थान पर रहकर राज्य का गौरव बढ़ाया।
सागर के खिलाड़ियों का दबदबा
इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सागर जिले के खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा। सागर के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदकों पर कब्जा जमाया, जिसमें 10 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक एवं 2 कांस्य पदक शामिल रहे। सागर टीम की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सोहेल खान, मेघा, वैष्णवी, श्रेया, सारा, दिवि, अमातया, अरकाम, कृष और आर्यन शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन और अनुशासन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विशेष रूप से सोहेल खान ने प्रतियोगिता में इतिहास रचते हुए मात्र 3.30 सेकंड में अपने प्रतिद्वंद्वी को नॉकआउट कर भारतीय कॉम्बैट स्पोर्ट्स के सबसे तेज़ नॉकआउट्स में अपना नाम दर्ज कराया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार 23वां गोल्ड मेडल जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में अवनि, आरव, सात्विक और तनिषा शामिल रहे, जिन्होंने बेहतरीन मुकाबले खेलकर मध्यप्रदेश को महत्वपूर्ण अंक दिलाए। वहीं कांस्य पदक हर्षिता और अभिथा ने जीतकर सागर टीम की उपलब्धि में अपना योगदान दिया। इसके अतिरिक्त धर्मिष्ठा, मन्नत, युवराज, प्रणिता एवं अवंत्या ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया और मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
मध्यप्रदेश टीम ने पुरुष कोच श्री शुभम राठौर एवं महिला कोच मेघा भोजक के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया। दोनों प्रशिक्षकों के निरंतर प्रयास, अनुशासन और मेहनत का ही परिणाम रहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
पूरी टीम ने कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद एजाज खान के नेतृत्व एवं संरक्षण में प्रतियोगिता में भाग लिया। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी देश के उज्ज्वल भविष्य हैं और आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
डॉ. खान ने बताया कि मध्यप्रदेश के कई खिलाड़ी आयकर विभाग, सीजीएसटी, हैदराबाद कस्टम विभाग, भोपाल सहित विभिन्न केंद्रीय शासकीय विभागों में नियुक्ति प्राप्त कर रहे हैं, जो कूडो खेल के बढ़ते भविष्य और संभावनाओं को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के चेयरमैन एवं सागर नगर विधायक शैलेन्द्र जैन ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कूडो खेल को भारत सरकार एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है तथा सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश भी खिलाड़ियों के विकास और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के महासचिव एवं प्रतियोगिता के राष्ट्रीय निर्णायक हरिकांत तिवारी ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
सागर जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। खेल प्रेमियों, नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि मध्यप्रदेश, विशेष रूप से सागर जिला, देश में कूडो खेल का उभरता हुआ मजबूत केंद्र बनता जा रहा है।
--------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें