Editor: Vinod Arya | 94244 37885

डॉ गौर जयंती : मुख्य समारोह 26 नवंबर को: तीन बत्ती से निकलेगी शोभा यात्रा • पूर्व संध्या पर शायरी और गजलों में डूबा विश्वविद्यालय का अभिमंच सभागार • कवियों की रचनाओं ने बाँधा समाँ : जादूगर प्रिंस की मौजूदगी ने बढ़ाई गौर उत्सव की रौनक

डॉ गौर जयंती: मुख्य समारोह 26 नवंबर को: तीन बत्ती से निकलेगी शोभा यात्रा

• पूर्व संध्या पर शायरी और गजलों में डूबा विश्वविद्यालय का अभिमंच सभागार

• कवियों की रचनाओं ने बाँधा समाँ : जादूगर प्रिंस की मौजूदगी ने बढ़ाई गौर उत्सव की रौनक


तीनबत्ती न्यूज: 25 नवंबर, 2026

सागर । डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संस्थापक महान शिक्षाविद् एवं प्रख्यात विधिवेत्ता, संविधान सभा के सदस्य एवं दानवीर डॉ. सर हरीसिंह गौर के 157वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 20 नवंबर से 26 नवंबर तक ‘गौर उत्सव’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है । 26 नवम्बर को प्रातः 8.30 बजे शहर के तीनबत्ती पर कुलपति प्रो. नागेश दुबे द्वारा गौर मूर्ति पर माल्यार्पण एवं उद्बोधन कार्यक्रम होगा। उद्बोधन के पश्चात् प्रातः 8.40 बजे से परम्परानुसार गौर शोभा यात्रा प्रारम्भ होगी । बैंड बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा गौर अध्ययन केन्द्र एवं गौर जन्म स्थली होकर मुख्य मार्ग से विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौर मूर्ति से गौर समाधि प्रांगण तक पहुंचेगी । शोभा यात्रा के विश्वविद्यालय परिसर में आगमन के पश्चात गौर मूर्ति पर माल्यार्पण एवं गौर समाधि पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा । 

-----------

सुने पूरा वीडियो;क्लिक करे

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव लेंगे राजनीति से संन्यास ! कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने

-----------


विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में गौर उत्सव का मुख्य समारोह

विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में मुख्य समारोह 10.30 बजे से आयोजित होगा । अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा डॉ. गौर के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ मुख्य समारोह प्रारम्भ होगा । संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी जाएगी । कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व आईपीएस  कन्हैया लाल बेरवाल करेंगे एवं सारस्वत उद्‌बोधन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे का होगा । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, सांसद राज्यसभा  रजनीश अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री. गोपाल भार्गव, पूर्व कैबिनेट मंत्री  भूपेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक  शैलेन्द्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी एवं जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत उपस्थित रहेंगे। 


पुस्तकों का विमोचन एवं विश्व के सर्वश्रेष्ठ 2% वैज्ञानिकों का सम्मान एवं अन्य पुरस्कार वितरण

मंचासीन अतिथियों द्वारा गौर जयन्ती के दिन विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल विश्वविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकें, लायर्स हेण्ड बुक, मध्य भारती, समय पत्रिका का विमोचन किया किया जायेगा.

यूजी-पीजी के सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी के मेधावी विद्यार्थियों को गौर पीठ से मिलेगी 15000 रूपये की प्रोत्साहन राशि

गौर पीठ प्रोत्साहन राशि पिछले वर्ष से आरम्भ की गई थी| इस वर्ष से गौर पीठ के तहत प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थियों को अध्ययन जारी रखने हेतु आर्थिक सहायता के रूप में पंद्रह हजार रूपये एक मुश्त राशि प्रदान की जायेगी ।

सांस्कृतिक संध्या में अतिथि कलाकार और विद्यार्थी देंगे प्रस्तुति

गौर समाधि प्रांगण में सायं 6:00 बजे से सांस्कृतिक संध्या पर अम्बाला हरियाणा से सुश्री पूनम शर्मा, मथुरा उत्तरप्रदेश से श्री विजय कुमार शर्मा एवं सागर से श्री बाल मुकुन्द अहिरवार अपने लोकनृत्य दल के साथ प्रस्तुति देंगे । साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा कव्वाली, सिने-संगीत तथा ताल कचहरी आदि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी ।



गौर जयंती की पूर्व संध्या पर शायरी और गजलों में डूबा विश्वविद्यालय का अभिमंच सभागार 

डॉ. हरीसिंह गौर जयंती की पूर्व संध्या पर विवि का अभिमंच सभागार शायरी, गजलों और हास्य रस की प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। आयोजित कवि सम्मेलन में ख्यातिलब्ध कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से विद्यार्थियों, शिक्षकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कन्हैया लाल बैरवाल थे. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे भी उपस्थित थे। उन्होंने विख्यात कवि अशोक मिजाज, लक्ष्मण नेपाली, आदर्श दुबे, नजीर नूरी और प्रो. नवीन कांगो का स्वागत किया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलाधिपति कन्हैया लाल बेरवाल ने कहा कि कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सीखने, विचारों को समझने और अपनी संवेदनाओं को विकसित करने का अवसर भी हैं। उन्होंने कामना की कि विश्वविद्यालय से निकलने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करे और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो।

कवि सम्मेलन की शुरुआत लक्ष्मण नेपाली ने हास्य रस की शायरी से की। उनकी प्रस्तुतियों पर सभागार में मौजूद श्रोता हंसी से झूम उठे और तालियों से कवि का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद प्रोफेसर नवीन कांगो ने शायरी और गजलों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।



सागर के चर्चित शायर आदर्श दुबे ने डॉ. हरीसिंह गौर को नमन करते हुए अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें सभागार में मौजूद लोगों ने सराहा। इसके बाद अशोक मिजाज बद्र और नजीर नूरी ने अपनी शायरी और गजलों के माध्यम से कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुतियों को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। गौर जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित इस साहित्यिक संध्या ने विश्वविद्यालय परिसर में कला, साहित्य और संस्कृति का उत्साहपूर्ण वातावरण बना दिया।



कवियों की रचनाओं ने बाँधा समाँ, जादूगर प्रिंस की मौजूदगी ने बढ़ाई गौर उत्सव की रौनक

गौर उत्सव के अंतर्गत कसक फाउंडेशन, राष्ट्रीय कला मंच एवं सांस्कृतिक परिषद, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन अनहद’का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे थे। विश्वविद्यालय के अभिमंच सभागार में आयोजित इस साहित्यिक संध्या में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों एवं कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। 



कवि सम्मेलन में दिल्ली से चेतना बल्हारा, भोपाल से प्रशस्त विशाल, चंदेरी से मशगूल मेहरबानी, सागर के वृंदावन राय 'सरल', कपिल चौबे, राघवेंद्र सिंह लोधी, अजय चौबे, अनिकेत दुबे एवं दीक्षा साबले सहित अन्य कवियों ने सहभागिता की। कवियों ने हास्य, मनोरंजन, शिक्षा, प्रेरणा और व्यंग्य से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूँज उठा।

विशेष रूप से चेतना बल्हारा, वृंदावन राय और राघवेंद्र सिंह लोधी की रचनाओं ने विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियाँ बजाईं और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन कपिल चौबे ने किया।



आयोजन का उद्देश्य डॉ. हरिसिंह गौर की जयंती को साहित्य एवं संस्कृति के उत्सव के रूप में मनाने के साथ ही नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य, कविता और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ना रहा। ‘अनहद’ के माध्यम से सागर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर के रचनाकारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।




कवि सम्मेलन से पहले विश्वप्रसिद्ध भारतीय जादूगर प्रिंस का भी सभागार में आगमन हुआ। उन्हें देखने के लिए विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और बड़ी संख्या में लोग वहाँ एकत्रित हुए। इस अवसर पर प्रो. नवीन कानगो,  प्रो. राजेंद्र यादव, डॉ. राकेश सोनी, डॉ. विवेक जायसवाल, और डॉ. हिमांशु कबीर सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

तीन बत्ती स्थित डॉ. गौर प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन




विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे, जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, गौर उत्सव समन्वयक प्रो. उमेश पाटिल, प्रो. संजय कुमार जैन, डॉ अशोक अहिरवार ,प्रो. वंदना सोनी, प्रो. राजेंद्र यादव, डॉ. ललित मोहन, पत्रकार सुदेश तिवारी, विनोद आर्य सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने गौर जयंती की पूर्व संध्या पर शहर के तीन बत्ती पहुंचकर डॉ. गौर प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया.


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive