Editor: Vinod Arya | 94244 37885

शराब के लिए 500 रुपये मांगने से किया इनकार तो युवक पर हमला: कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा,निकाला जुलूस : घटना का सीसीटीवी आया था सामने

शराब के लिए 500 रुपये मांगने से किया इनकार तो युवक पर हमला: कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, निकाला जुलूस: घटना का सीसीटीवी आया था सामने


तीनबत्ती न्यूज: 16 सितम्बर, 2026

सागर। कैंट थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे कमीशन मांगने और रुपये देने से इनकार करने पर एक युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। लायसेंसी शराब दुकान के कमर्चारी से मारपीट की गई थी। 

देर रात लाल ब्रांच के पास हुई घटना

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की देर रात करीब 12:45 बजे फरियादी शिवम उर्फ गुड्डा चौकसे (35), निवासी सदर, अपने परिवार के दीपक चौकसे के साथ लाल ब्रांच, सदर के पास खड़े थे। इसी दौरान 13 मुहाल निवासी चिंटू उर्फ मोहित खटीक, विकास खटीक, ओमप्रकाश खटीक और सन्नी जाटव वहां पहुंचे।

आरोप है कि चारों ने शिवम से शराब पीने के लिए जबरन 500 रुपये मांगे। शिवम ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी तथा नुकीली वस्तु से उस पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आए व्यक्ति से भी मारपीट

हमले में शिवम चौकसे को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक चौकसे के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं।घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कैंट पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 296बी, 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की गई।


पुलिस टीम की कार्रवाई में चिंटू उर्फ मोहित खटीक और सन्नी जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इन पर कई अपराधिक मामले भी दर्ज है। वहीं, प्रकरण में शामिल बताए गए विकास खटीक और ओमप्रकाश खटीक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उप निरीक्षक नरेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र, आरक्षक ब्रजेन्द्र pp गौतम, आशीष यादव, गुड्डू शर्मा, देवेन्द्र रावत, नरेश, विशाल, नीलेश और जितेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

अमानक शराब से प्रभावित 10 गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 226 लोगों की जांच • 37 मरीजों में नेत्र संबंधी समस्या, 189 में अन्य रोगों की पहचान

अमानक शराब से प्रभावित 10 गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 226 लोगों की जांच

• 37 मरीजों में नेत्र संबंधी समस्या, 189 में अन्य रोगों की पहचान

तीनबत्ती न्यूज: 16 सितंबर 2026

सागर। बण्डा एवं शाहगढ़ विकासखंड में अमानक शराब के सेवन से बीमार हुए लोगों की जांच और उपचार के लिए जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित गांवों में सात दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को दोनों विकासखंडों के 10 गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए गए।


बण्डा विकासखंड के पाटन, चौका, बमूरा एवं छापरी तथा शाहगढ़ विकासखंड के नौराज, गूगरा खुई, डिलोना, खटोरा खुर्द, बुढ़ना एवं घुरमार में शिविर आयोजित किए गए।


शिविरों में मेडिकल ऑफिसर, नेत्र चिकित्सक, नेत्र सहायक और सीएचओ की ड्यूटी लगाई गई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।

226 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुधवार को आयोजित शिविरों में कुल 226 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 37 मरीज नेत्र रोग से संबंधित पाए गए, जबकि 189 मरीजों में अन्य रोगों की पहचान हुई। कुछ मरीज पूर्व उपचार के बाद फॉलोअप के लिए भी शिविर में पहुंचे।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मरीजों की आवश्यक जांच कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी गई तथा जरूरत के अनुसार आगे के उपचार एवं फॉलोअप के लिए निर्देशित किया गया।

मॉनिटरिंग दल ने लिया जायजा


स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों की व्यवस्थाओं और जांच कार्य की निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सागर द्वारा गठित मॉनिटरिंग दल ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया। दल ने शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Share:

CWSN छात्रावास पहुंचीं कलेक्टर प्रतिभा पाल, दिव्यांग बच्चों के लिए दिए जरूरी निर्देश

CWSN छात्रावास पहुंचीं कलेक्टर प्रतिभा पाल: दिव्यांग बच्चों के लिए सभी जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 16 सितम्बर, 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बुधवार को चाइल्ड विद स्पेशल नीड्स (CWSN) छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में रह रहे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की आवास, खान-पान, सुरक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

---------

वीडियो देखने क्लिक करे

लोकायुक्त पुलिस सागर की बड़ी कार्रवाई: नामांतरण के बदले 15 हजार की रिश्वत लेते तहसील का बाबू गिरफ्तार

----------

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए आवश्यक सभी प्रकार के सहायक उपकरण और टूल्स उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।



दिव्यांग बच्चे की संगीत प्रतिभा को निखारने के निर्देश


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की नजर संगीत में रुचि रखने वाले एक दिव्यांग बच्चे पर पड़ी। बच्चे की संगीत के प्रति रुचि और प्रतिभा को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उसके लिए विशेष रूप से संगीत प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।



उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए आवश्यक अवसर और संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

कलेक्टर ने छात्रावास प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता, बेहतर खान-पान और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

Share:

लोकायुक्त पुलिस सागर की बड़ी कार्रवाई: नामांतरण के बदले 15 हजार की रिश्वत लेते तहसील का बाबू गिरफ्तार

 लोकायुक्त पुलिस सागर की बड़ी कार्रवाई: नामांतरण के बदले 15 हजार की रिश्वत लेते तहसील का बाबू गिरफ्तार

तीनबत्ती न्यूज: 16 सितम्बर, 2026

छतरपुर। लोकायुक्त पुलिस सागर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बक्सवाहा तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

----------

वीडियो देखने क्लिक करे

लोकायुक्त पुलिस सागर की बड़ी कार्रवाई: नामांतरण के बदले 15 हजार की रिश्वत लेते तहसील का बाबू गिरफ्तार

----------

जानकारी के अनुसार, सहायक ग्रेड-3 राजन श्रीवास्तव द्वारा फरियादी कृष्णकांत बिल्थरे से जमीन के नामांतरण के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। बातचीत के बाद सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ था। इसमें से 10 हजार रुपये आरोपी पहले ही ले चुका था, जबकि शेष 15 हजार रुपये बाद में देना तय हुआ।

यह भी पढ़ें: सागर लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी को 47 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया : केन-बेतवा लिंक परियोजना के मुआवजे में मांगी रिश्वत

फरियादी की शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने मामले की जांच के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को फरियादी 15 हजार रुपये लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम आरोपी कर्मचारी को दी, लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी इधर उधर भागते नजर आए।

टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की और नामांतरण से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।



इनके के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

लोकायुक्त पुलिस की इस कार्रवाई में  टीआई  मंजू तिर्की, रंजीत सिंह, हेड कांस्टेबल शफीक खान ,अजय शास्त्री तथा आरक्षक गोल्डी, अरविंद, निलेश , विक्रम , संतोष,आदेश और प्रदीप शामिल रहे।

लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Share:

बंडा शराबकांड: मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, 24 घंटे में बयान के निर्देश

नशे से परिवार और गांव को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी: प्रियंक कानूनगो

• बंडा शराबकांड में राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, पुलिस को 24 घंटे में बयान लेने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 15 सितम्बर, 2026

सागर। बंडा शराबकांड को लेकर राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो मंगलवार को सागर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामों का दौरा कर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की समीक्षा की और दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

प्रियंक कानूनगो ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य ओंकार सिंह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यों के साथ ग्राम जगथर और गूगरा पहुंचकर मृतकों के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि नशे से अपने परिवार और गांव को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। शराबकांड से प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन बच्चों की देखभाल भी जरूरी है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।


मृतकों के परिजनों के बयान नहीं लेने पर जताई नाराजगी

पीड़ित परिवारों से बातचीत के दौरान प्रियंक कानूनगो को जानकारी मिली कि कई मृतकों के परिजनों के बयान अब तक पुलिस द्वारा दर्ज नहीं किए गए हैं। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली और कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के परिजनों के बयान 24 घंटे के भीतर लिए जाएं। साथ ही, यदि किसी परिजन द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट दी जाती है तो उस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कानूनगो ने कहा कि पूरे मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या खामी सामने आती है तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।



मरणासन्न कथन नहीं लिए जाने पर सवाल


दौरे के दौरान प्रियंक कानूनगो ने यह भी जानकारी ली कि शराबकांड में बीमार हुए और बाद में मृत लोगों के मरणासन्न कथन दर्ज किए गए थे या नहीं। उनके अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि किसी भी मृतक का मरणासन्न कथन दर्ज नहीं किया गया।परिजनों ने बताया कि कई लोग बीमार होने के बाद बातचीत की स्थिति में थे और कुछ समय तक अस्पताल के सामान्य वार्ड में भी भर्ती रहे। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया और उनकी मृत्यु हो गई।

इस पर कानूनगो ने पुलिस अधिकारियों से सवाल किए कि इतने समय के बावजूद मरणासन्न कथन क्यों नहीं लिए गए। उन्होंने पूरे मामले की जांच में ऐसी किसी भी कमी को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: जहरीली शराब मामले के बाद सागर में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी से 26 पेटी शराब, 1128 जले क्वार्टर जब्त : शराब नष्ट करने में प्रयुक्त ट्रैक्टर और पोकलेन जब्त • जिलेभर में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई

मृतक की मां की रिपोर्ट पर एफआईआर के निर्देश

ग्राम जगथर में कानूनगो ने मृतक अजय लोधी की मां से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से पूछा कि शराब कहां से खरीदी गई थी और गांव में शराब कौन बेचता है।

ग्रामीणों द्वारा कुछ लोगों के नाम बताए जाने पर कानूनगो ने मौके पर मौजूद एसडीओपी रोहित लखेर को निर्देश दिए कि मृतक की मां की रिपोर्ट पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शराबकांड में दोषी कोई भी व्यक्ति हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़नी चाहिए।


प्रभावित बच्चों के लिए विशेष बेंच लगाने के निर्देश

कानूनगो और ओंकार सिंह ने प्रभावित परिवारों से कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। कई परिवारों के बच्चों के सिर से उनके पिता का साया उठ गया है। ऐसे बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी शिक्षा, परवरिश और जीवन-यापन में सहायता दिलाना समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बाल कल्याण समिति के सदस्यों को प्रभावित ग्रामों में विशेष बेंच लगाकर बच्चों एवं परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।


बीएमसी पहुंचकर मरीजों के परिजनों से मिले

सागर दौरे के दौरान प्रियंक कानूनगो बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) भी पहुंचे। उन्होंने वहां उपचाररत मरीजों के परिजनों से मुलाकात कर इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीएमसी अधीक्षक डॉ. राजेश जैन को मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


कलेक्टर और एसपी के साथ की बैठक

इससे पहले प्रियंक कानूनगो ने सर्किट हाउस में कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने बंडा शराबकांड से संबंधित अब तक की कार्रवाई, जांच और प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने तथा बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

प्रियंक कानूनगो ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। परिवार, समाज और गांव के प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई में भूमिका निभानी होगी।

Share:

राज्यपाल डॉ. मंगुभाई पटेल से मिले जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, लिया मार्गदर्शन

राज्यपाल डॉ. मंगुभाई पटेल से मिले जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, लिया मार्गदर्शन


तीनबत्ती न्यूज: 15 सितम्बर, 2026

भोपाल। जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं को लेकर कुलाधिपति से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें: डॉ. गौर विश्वविद्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय के बीच होगा शैक्षणिक समझौता • जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार सागर पहुंचे प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, डॉ. गौर को किया नमन

भेंट के दौरान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलगुरु प्रो. राजपूत ने विश्वविद्यालय की आगामी कार्ययोजनाओं और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी भी दी।

यह भी पढ़ें: सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026 में डॉ. हरिसिंह गौर विवि के 17 विद्यार्थियों का चयन



प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने कहा कि विश्वविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

Share:

बंडा शराब कांड के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट घेराव • बैरिकेडिंग और वाटर कैनन के बीच प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया समेत कार्यकर्ता गिरफ्तार, रिहाई के बाद कांग्रेस ने संघर्ष जारी रखने का किया ऐलान

बंडा शराब कांड के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट घेराव

• बैरिकेडिंग और वाटर कैनन के बीच प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया समेत कार्यकर्ता गिरफ्तार, रिहाई के बाद कांग्रेस ने संघर्ष जारी रखने का किया ऐलान


तीनबत्ती न्यूज: 15 सितम्बर, 2026

सागर। सागर जिले के बंडा एवं शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों और जिले में कथित तौर पर जारी अवैध शराब के कारोबार के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने सागर में बड़ा प्रदर्शन किया। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता, पीड़ितों को न्याय और जहरीली शराब कांड के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर “युवा कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट घेराव” किया गया।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

प्रदर्शन का नेतृत्व मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने किया। बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता केंट शॉपिंग मॉल के पास एकत्रित हुए और रैली के रूप में सिविल लाइन चौराहा, कालीचरण चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए।


कलेक्ट्रेट से पहले पुलिस ने रोका, वाटर कैनन का इस्तेमाल

प्रदर्शनकारियों के कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें: बंडा जहरीली शराब कांड: ₹30 हजार का इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार • पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद •अभी तक दो आरोपी शार्ट इन काउंटर से पकड़े गये

‘दोषियों पर कार्रवाई और सहायता मिलने तक संघर्ष जारी’

प्रदर्शन के दौरान यश घनघोरिया ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंडा और शाहगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इसके बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगना सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित आर्थिक सहायता मिलने तक युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।


गिरफ्तारी के बाद सिविल लाइन थाने पहुंचे कार्यकर्ता

युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, विरोध और आक्रोश के बाद पुलिस ने यश घनघोरिया सहित गिरफ्तार किए गए अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि सागर जिले में अवैध शराब का कारोबार प्रशासन की नाक के नीचे फल-फूल रहा है। जहरीली शराब से हुई मौतों की जवाबदेही तय कर दोषी अधिकारियों और शराब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि जहरीली शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है, लेकिन सरकार पीड़ितों के दर्द के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखेगी।

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति केवल घोषणाओं तक सीमित दिखाई दे रही है। सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद सरकार को अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगानी चाहिए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।



पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने बंडा जहरीली शराब कांड में हुई मौतों को दुखद और चिंताजनक बताते हुए पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।


युवा कांग्रेस नेताओं ने भी उठाई कार्रवाई की मांग

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि जहरीली शराब कांड के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। सरकार पीड़ित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता दे और जिले में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल अंकुश लगाए। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अक्षय दुबे ने इसे सरकार और प्रशासन की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। प्रदेश सचिव जैद खान ने कहा कि जिले में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को न्याय और सम्मानजनक आर्थिक सहायता देने की मांग की।

युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चक्रेश रोहित और आदित्य चौधरी ने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतों की जिम्मेदारी तय करना सरकार का नैतिक दायित्व है। पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। जिला युवा कांग्रेस प्रभारी अपूर्व जैन एवं सह प्रभारी गौरव दीक्षित ने कहा कि सागर में अवैध शराब के नेटवर्क को खत्म किए बिना ऐसी घटनाओं पर रोक संभव नहीं है। सरकार को दिखावटी कार्रवाई के बजाय शराब माफिया और उन्हें संरक्षण देने वालों पर निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव एडवोकेट निखिल चौकसे, विधानसभा अध्यक्ष सागर साहू, रोहित वर्मा, प्रताप सिंह राजपूत, नितिन बाजपेई, अमन लोधी, श्याम व्यास, रोहित कुर्मी, शुभम शर्मा, जिला महासचिव आशु लम्बरदार, नरेंद्र सिंह, शाहरुख खान सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री प्रभारी युवा कांग्रेस अशरफ खान ने किया, जबकि आभार सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने माना।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक सुनील जैन, तरबर सिंह लोधी, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्वदेश जैन, आनंद अहिरवार, रेखा चौधरी, सुरेंद्र सुहाने, संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी, वरिष्ठ नेता अमित रामजी दुबे, मुकुल पुरोहित, एडवोकेट माधवी चौधरी, प्रमिला सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गौर, प्रवक्ता कमलेश तिवारी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष बब्बू यादव, सेवादल अध्यक्ष बीडी पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह, शहर अध्यक्ष किरण सोनी, एनएसयूआई अध्यक्ष अक्षत कोठारी, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल चौबे शैलेंद्र तोमर, आनंद तोमर,अवधेश तोमर, अंकेश जैन,ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कुर्मी,रवि उमाहिया,माहिया,पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर,सुरेन्द्र सिंह,फिरदौश कुरेशी,राजा बुंदेला,निलेश अहिरवार, जितेन्द्र चौधरी,राकेश राय,विजय साहू,पप्पू गुप्ता,शरद राजा सेन,चक्रेश सिंघई,डॉ संदीप सबलोक,पुरुषोत्तम शिल्पी,कोमल सिंह,मनोज राय,सत्यम सिंह, शहजाद निहारिया,शुभम सोनी, आशीष बाबा राजोरिया,कार्तिकेय रोहण,आर आर पाराशर,शान पठान,समीर मकरानी राहुल कुशवाहा,साहित्य पांडे,आदर्श बैद्य,देशराज यादव,साहिल खटीक, परितोष तिवारी, विवेक पोरिया,आशु भाई जान,सीमा चौधरी,अंशुल शर्मा,महेंद्र यादव ,तोता यादव,मोंटी यादव,जय पाराशर विजय पारासर,नैतिक चौधरी,रितेश रोहित,आनंद अहिरवार, सत्यम रोहित,राजेश श्रीवास,गंगाराम खेमिया,अशोक कुशवाहा, समीर खान,रोशनी वसीम खान, भूपेंद्र सिंह,शंकर सिंह,राजू चौधरी, शिवाजी राजा, विक्रम सिंह, जितेंद्र सिंह,वीर सिंह,बिरजू यादव,अनिल यादव, पंचम दाऊ, सौरभ खटीक,अशोक चकिया,संजय व्यास,रानू खान, बाबू कर्रापुर,जावेद कलु,कपिल अहिरवार, बाबू मछंदर,सत्येंद्र मोहन दुबे,हेमन्त लारिया, श्याम यादव,लकी अली, साजिद राइन,शाहबाज कुरेशी,सोनू यादव,अतीब खान,अलीम खान, पार्षद ताहिर खान,नीलोफर चमन अंसारी,पवन पटेल,प्रेम नारायण विश्वकर्मा,शरद पुरोहित, अरविंद मछन्दर,तोता यादव,मदन सेन,पप्पू सेन,अनिल दक्ष,बिल्ली रजक,बृजेंद्र नगरिया, दिव्यांक मुहासा,विपिन कुर्मी,सुरेश पंजवानी, सुरेश रैकवार,विनोद रैकवार,जगदीश दुबे,पप्पू मिश्रा,गब्बर पठान, रवि सोनी,शनि अहिरवार, जयंत चौधरी, प्रभांशु करोसिया,आशिक खान, शान पठान,आदर्श बैद्य,चंदन सुहाने, पवन यादव,हरदयाल कुर्मी,पंकज सिंघई,रामबाबू कुर्मी,बलराम साहू,कल्लू पटेल,सुल्तान कुरेशी, गौरव सिंह,रिंकू केसरवानी, रमाकांत यादव,हरीश चंद्र सोनवार,संजय रोहिताश, अजय बमदेले,पवन जाटव, राजेंद्र सिंह, वीरू चौधरी,प्राण सिंह लोधी,महेंद्र पटेल,उमर खान,अजय मारा,चंदन सुहाने सोम तिवारी शिवराज लड़िया,नौशाद अब्बासी, सादिक अली,अफजल खान,परितोष तिवारी, अभिषेक पुरोहित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Share:

सागर में प्रहलाद पटेल बोले- मोदी के 25 साल सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा; 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

मोदी जी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष: सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा—प्रहलाद पटेल

• 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 25 सेवा गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास



तीनबत्ती न्यूज: 15 सितम्बर, 2026

सागर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होना सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा का अवसर है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से सेवा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: बंडा शराब कांड: तीन दिन में पीड़ित परिवारों के खातों में पहुंचेगी मुआवजा राशि : मंत्री गोविंद राजपूत • तीन मरीजों की आंखों में गंभीर परेशानी, भोपाल एम्स भेजा

सागर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री नरेंद्र मोदी ने लोकसेवा के महत्वपूर्ण दायित्व की शुरुआत की और वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। इन 25 वर्षों की यात्रा में देश ने प्राकृतिक आपदाओं, कोरोना महामारी और अनेक वैश्विक चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियां नेतृत्व की परीक्षा होती हैं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हर चुनौती के समय दूरदर्शी, सक्षम और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया।

पत्रकारवार्ता में ये रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री सुमित यादव, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन एवं जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी उपस्थित रहे।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन से लेकर जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, बिजली, सड़क कनेक्टिविटी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना रहा है।


श्री पटेल ने कहा कि जहां सामान्य योजनाओं की पहुंच में भौगोलिक या अन्य कठिनाइयां सामने आईं, वहां विशेष योजनाओं और प्रावधानों के माध्यम से रास्ता निकाला गया। जनजातीय एवं पिछड़े क्षेत्रों में भी विकास की पहुंच बढ़ी है। गांव-गांव में बड़ी संख्या में परिवार केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान की शुरुआत


मंत्री श्री पटेल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।

प्रदेशभर में शाम 7 बजे लाभार्थी परिवारों के घरों में “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया जाएगा। यह दीप प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा।


उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान “मेरे सपनों का भारत” कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।


प्रधानमंत्री के जीवन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी “सेवा की अनकही कहानियां” नुक्कड़ नाटक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव, स्कूल, कॉलेज और चौपालों तक पहुंचाई जाएंगी।


आंगनबाड़ी से लेकर लाभार्थियों की सफलता की कहानियों तक पहुंचेगा अभियान


श्री पटेल ने बताया कि “आंगन मिलन सेवा” के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में प्रधानमंत्री की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा। इससे यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं ने सामान्य परिवारों के जीवन में किस तरह बदलाव किया है।

25 सेवा गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी

मंत्री श्री पटेल ने बताया कि “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकर्ताओं एवं आमजन को 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इनमें—

- रक्तदान शिविर

- अनाथालय एवं वृद्धाश्रम भ्रमण

- वृक्षारोपण

- स्वच्छता अभियान

- स्वास्थ्य जांच शिविर

- एक गांव गोद लेकर सेवा कार्य

- योग एवं ध्यान

- प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता

- महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता

- वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग

- कैरियर काउंसलिंग

- वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता

- आंगनबाड़ी संकल्प अभियान

- नशामुक्त भारत जागरूकता

- पोषण एवं एनीमिया जागरूकता

- सड़क सुरक्षा जागरूकता

- जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सफाई

- कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग

- साइबर सुरक्षा

- फिट इंडिया खेल सत्र

- वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान

- दिव्यांगजन सहयोग

- मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण

- वोकल फॉर लोकल

- सरकारी योजनाओं की जागरूकता शामिल हैं।


उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य सेवा को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ना है। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य सेवा गतिविधियां भी अभियान में शामिल की जा सकती हैं।


सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ेंगे


श्री पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान “सेवा सेतु शिविर” लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में किसी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। योजना की जानकारी देने से लेकर पात्र व्यक्ति को उसका लाभ दिलाने तक सेवा का यह अभियान महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेगा।

‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ में दिखेगी जनभागीदारी

अभियान के तहत “सेवा के रंग राष्ट्र के संग” कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें सार्वजनिक स्थलों पर प्राकृतिक रंगों, फूल, बीज, मिट्टी और चावल आदि के माध्यम से रचनात्मक गतिविधियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता इन गतिविधियों में भागीदारी करेंगे। इससे सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप मिलेगा।


7 अक्टूबर को पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां

श्री पटेल ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। ये यात्राएं निर्धारित प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा केवल राजनीतिक जीवन की यात्रा नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति निरंतर समर्पण की यात्रा है। यह यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

हर कार्यकर्ता के जीवन में हो सेवा का संकल्प


श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि सेवा किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर जिम्मेदारी है। “सेवा मेरा योगदान” के माध्यम से कार्यकर्ता और आमजन कम से कम 25 मिनट श्रमदान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़कर मध्यप्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को मजबूत करेगा।


17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा समापन

मंत्री ने बताया कि 17 अक्टूबर को “सुशासन सेवा संवाद” के साथ सेवा संकल्प अभियान का समापन होगा। इसमें ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच से लेकर जनप्रतिनिधि और विभिन्न स्तरों के सहभागी सुशासन एवं सेवा के अपने अनुभव साझा करेंगे।

पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने किया तथा जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी ने आभार व्यक्त किया।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive