Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर के नए बोट क्लब का लोकार्पण, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने ₹5 करोड़ और ₹50 लाख की घोषणाएं कीं

सागर के नए बोट क्लब का लोकार्पण, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने ₹5 करोड़ और ₹50 लाख की घोषणाएं कीं

तीनबत्ती न्यूज: 07 जुलाई, 2026

सागर। शहर की पर्यटन पहचान को नई दिशा देने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। लाखा बंजारा झील स्थित संजय ड्राइव परिसर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बोट क्लब का भव्य लोकार्पण मध्य प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया।

समारोह की अध्यक्षता सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।मंचासीन अतिथियों में सुश्री मेघा दुबे, श्री शैलेश केसरवानी एवं श्री अमित बैसाखिया शामिल थे।  

नहर विकास के लिए ₹5 करोड़, जिम के लिए ₹50 लाख

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन की मांग पर तालाब से लगी नहर के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तथा बोट क्लब में आधुनिक जिम उपकरणों की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि लाखा बंजारा झील बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर है और इसके समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों में फ्लोटिंग जेट्टी भी स्थापित कर दी जाएगी।

सागर को पर्यटन हब बनाने पर जोर

पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में नई पर्यटन नीति लागू की गई है। सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश को देश का अग्रणी पर्यटन राज्य बनाना है। उन्होंने यह भी बताया कि सागर में एमपी टूरिज्म का बड़ा होटल स्थापित करने के लिए अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक बोले—तालाब शहर की पहचान

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि लाखा बंजारा झील सागर की पहचान और धरोहर है। इसके संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री की घोषणाओं से शहर के पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि शहर में जल क्रीड़ा गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में 42 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिनमें से 5 का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली तीन बालिकाओं के अभिभावकों का भी कार्यक्रम में सम्मान किया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि जहां कभी संजय ड्राइव पर केवल पगडंडी हुआ करती थी, आज वहां आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित हुई हैं, जिसका श्रेय विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन के सतत प्रयासों को जाता है।  

रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि जल पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि संजय ड्राइव का आधुनिक स्वरूप जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

कार्यक्रम का संचालन श्री एम.डी. त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने व्यक्त किया।  

  

इस अवसर पर जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, प्रकाश चौबे, गोलू रिछारिया, सुरेंद्र कुमार जैन, धर्मेंद्र खटीक, पराग बजाज, संजीव (नीटू) जड़िया, प्रफुल्ल तिवारी, नीरज (गोलू) कोरी, शालीन सिंह, राहुल नामदेव, नरेश धानक, वैदेही पुरोहित, वीरेंद्र जैन मालथौन, निखिल अहिरवार, नितिन सोनी, श्रीकांत जैन, रीतेश तिवारी, जय सोनी, विनय मिश्रा, रामकुमार साहू, रामेश्वर नेमा, निर्भय घोषी, उर्मिला सहारे, प्रमिला मौर्य, रश्मि कुशवाहा, डॉ. पी.एस. ठाकुर, सुरेंद्र जैन, शारदा कोरी, दीपक दुबे, नीरज (गोलू) जैन, वीनू राणा, अकलंक जैन, समर जैन, आकाश तिवारी, नितिन साहू, राजेश पटेल, पप्पू तिवारी, अंशुल हर्षे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।  

 


Share:

सागर में 155 डेयरी संचालकों पर कार्रवाई, आवंटन निरस्त और राशि राजसात होगी

सागर: 155 डेयरी संचालकों का आवंटन निरस्त होगा, जमा राशि होगी राजसात; कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दिए सख्त निर्देश


तीनबत्ती न्यूज : 07 जुलाई 2026

Dairy Relocation Sagar

सागर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और यातायात बाधाओं से मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे डेयरी विस्थापन अभियान में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर नगर निगम अब उन 155 डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करेगा जिन्होंने भूखंड आवंटन और नोटिस मिलने के बावजूद न तो हफसीली विस्थापन स्थल पर शेड बनाए और न ही अपनी डेयरियों को वहां स्थानांतरित किया।

यह भी पढ़ें: सागर में सख्ती: एक से अधिक ऑनलाइन चालान वालों का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस होगा निरस्त, कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश

मंगलवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल ने हफसीली डेयरी विस्थापन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को बिजली, पेयजल, ड्रेनेज, सफाई तथा चिकित्सा जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नगर निगम की जांच रिपोर्ट के अनुसार, सूचीबद्ध डेयरी संचालकों में से केवल 4 संचालकों ने ही मौके पर शेड का निर्माण कराया है, जबकि 155 संचालक नियमों की अनदेखी करते हुए अब भी शहर में अवैध रूप से डेयरियां संचालित कर रहे हैं।


कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर निगम ऐसे सभी डिफॉल्टर डेयरी संचालकों का भूखंड आवंटन निरस्त करेगा और उनके द्वारा जमा की गई राशि को राजसात किया जाएगा। जिन संचालकों के नाम रजिस्ट्री हो चुकी है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए जिला रजिस्ट्रार को पत्र भेजा जाएगा।

वहीं, डेयरी विस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे 54 नए आवेदकों को भूखंड आवंटित करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है, ताकि इच्छुक डेयरी संचालकों को शीघ्र स्थान उपलब्ध कराया जा सके।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि शहर की स्वच्छता और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए डेयरियों का विस्थापन जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।


Share:

सागर में सख्ती: एक से अधिक ऑनलाइन चालान वालों का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस होगा निरस्त, कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश

सागर: एक से अधिक ऑनलाइन चालान वाले वाहन चालकों का रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस होगा निरस्त, कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज : 7 जुलाई 2026

सागर: सागर जिले में लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने निर्देश दिए हैं कि जिन वाहन चालकों के एक से अधिक ऑनलाइन चालान हैं, उनकी सूची तैयार कर परिवहन विभाग (आरटीओ) के माध्यम से वाहन का रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सागर स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। बैठक में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के माध्यम से शहर में हो रही ऑनलाइन यातायात निगरानी और ई-चालान व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों हेलमेट पहनें, तीन सवारी न बैठाएं, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा ट्रैफिक सिग्नल सहित सभी नियमों का पालन करें।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो वाहन चालक बार-बार नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनकी अलग सूची तैयार कर पुलिस की मदद से उनके वाहनों को जब्त कराने की कार्रवाई भी की जाए।

बैठक में स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं जैसे आईसीसीसी, आईटीएमएस, सीसीटीवी सिटी सर्विलांस सिस्टम, हाईजीनिक फूड प्लाजा, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिटी स्टेडियम, इन्क्यूबेशन सेंटर, ट्रांसपोर्ट नगर और इंटीग्रेटेड बस टर्मिनल की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि स्मार्ट सिटी की राजस्व आधारित परियोजनाओं से समय पर आय प्राप्त होना सुनिश्चित किया जाए। जिन परियोजनाओं में ठेकेदार एजेंसियां निर्धारित शुल्क जमा नहीं कर रही हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। निर्धारित समय में बकाया राशि जमा नहीं होने पर संबंधित टेंडर निरस्त कर राशि की वसूली की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को आधुनिक तकनीकों से और अधिक सक्षम बनाया जाए। शहर की समस्याओं के बेहतर विश्लेषण और त्वरित समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत विकसित परियोजनाओं का प्रभावी संचालन नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा प्रशासन की प्राथमिकता सागरवासियों को तकनीक आधारित उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध कराना है।


Share:

जबलपुर: लोकायुक्त ने ₹40 हजार की रिश्वत लेते सब इंजीनियर शुभम जैन को पकड़ा

जबलपुर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: पनागर नगर पालिका का सब इंजीनियर ₹40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार



तीनबत्ती न्यूज: 07 जुलाई, 2026

जबलपुर।मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने पनागर नगर पालिका में पदस्थ सब इंजीनिर शुभम जैन को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सब इंजीनियर एक ठेकेदार का अंतिम भुगतान (बिल) जारी करने के एवज में कमीशन की मांग कर रहा था। लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें ; बिजली विभाग के AE को सागर लोकायुक्त ने 2,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

​कीटनाशक दवाओं की आपूर्ति का था ठेका

​लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ठेकेदार राजेंद्र सतनामी ने पनागर नगर पालिका में कीटनाशक दवाओं की आपूर्ति करने का ठेका लिया था। उनके कार्य का अधिकांश भुगतान पहले ही किया जा चुका था, लेकिन अंतिम बिल का भुगतान लंबे समय से लंबित था।

यह भी पढ़ें: सागर: हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी गिरफ्तार, मंत्री प्रह्लाद पटेल ने उठाए सवाल

​₹50 हजार मांगी थी रिश्वत, ₹40 हजार पर हुआ सौदा

​ठेकेदार राजेंद्र सतनामी का आरोप था कि उनका लंबित बिल पास करने के बदले सब इंजीनियर शुभम जैन ₹50 हजार की रिश्वत मांग रहा था। ठेकेदार द्वारा काफी अनुरोध किए जाने के बावजूद आरोपी अपनी मांग पर अड़ा रहा। परेशान होकर राजेंद्र सतनामी ने इसकी लिखित शिकायत जबलपुर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से की। लोकायुक्त टीम ने जब शिकायत का सत्यापन कराया, तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद लोकायुक्त ने सब इंजीनियर को पकड़ने के लिए एक जाल (ट्रैप की योजना) बुना।

​कार्यालय में ही दबोचा गया आरोपी

​योजना के मुताबिक, मंगलवार दोपहर जब आरोपी सब इंजीनियर शुभम जैन अपने कार्यालय में ठेकेदार से ₹40 हजार की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

​वैधानिक कार्रवाई जारी

​लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी सब इंजीनियर शुभम जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल लोकायुक्त की टीम द्वारा मामले की विस्तृत जांच और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है।

Share:

सागर: मां की अंतिम इच्छा पूरी कर बेटियों ने कराया मरणोपरांत नेत्रदान, दो लोगों की जिंदगी में लौटेगा उजाला


सागर: मां की अंतिम इच्छा पूरी कर बेटियों ने कराया मरणोपरांत नेत्रदान, दो लोगों की जिंदगी में लौटेगा उजाला


तीनबत्ती न्यूज: 06 जुलाई, 2026

सागर। सागर में सड़क दुर्घटना में 52 वर्षीय श्रीमती भारती जैन के आकस्मिक निधन के बाद उनकी बेटियों ने मां की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए मरणोपरांत नेत्रदान कराकर मानवता की मिसाल पेश की। इस प्रेरणादायी निर्णय से दो दृष्टिहीन लोगों के जीवन में नई रोशनी लौटने की उम्मीद जगी है।

यह भी पढ़ें: बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में सफल नेत्र प्रत्यारोपण:8 नेत्रदान से तीन मरीजों की जिंदगी में लौटी रोशनी : अब तक 25 को मिला उजाला

स्थानीय चकराघाट स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास रहने वाली श्रीमती भारती जैन का सड़क हादसे में निधन हो गया। शोक की इस घड़ी में उनकी बेटियों प्रियांशी, गुंजन और मिनी ने बताया कि उनकी मां जीवनभर नेत्रदान करने की इच्छा व्यक्त करती थीं। उनके निधन के तुरंत बाद परिजनों और दामाद प्रखर जैन ने बिना विलंब किए मोहन फाउंडेशन को सूचना दी।

यह भी पढ़ेंसिंघई परिवार ने पेश की नेत्रदान- देहदान की मिसाल: श्रीमती किरण सिंघई का नेत्रदान और देहदान : तीन साल पहले पति प्रकाश चंद सिंघई का भी हुआ था देहदान

सूचना मिलते ही मोहन फाउंडेशन ने बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी), सागर के आई बैंक की प्रभारी डॉ. सारिका चौहान को अवगत कराया। इसके बाद आई बैंक की टीम तत्काल बीएमसी की मोर्चरी पहुंची और परिजनों की लिखित सहमति तथा सभी चिकित्सीय मानकों का पालन करते हुए कॉर्निया सुरक्षित निकालकर आई बैंक में संरक्षित किया गया।

यह भी बढ़ेपुनीत कार्य: निधन के बाद परिजनों ने कराया कामता प्रसाद का नेत्रदान : बीएमसी आई बैंक की टीम ने सुरक्षित किया कॉर्निया

परिवार का निर्णय समाज के लिए प्रेरणा

बीएमसी के अधिष्ठाता डॉ. पी. एस. ठाकुर ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपार दुख के समय भी जैन परिवार ने जिस संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह समाज के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि मां की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए बेटियों द्वारा लिया गया यह निर्णय दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में उजाला लाने का माध्यम बनेगा।

वहीं नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे ने भी परिवार के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

यह भी पढ़ेंमानवता की सर्वोच्च सेवा: सुगंधी बाई जैन ने मरणोपरांत किया नेत्रदान और देहदान : गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया सम्मानित

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में आई बैंक की टीम के डॉ. अंजलि वीरानी पटेल, डॉ. पुरवा, डॉ. मोदी, डॉ. अजय, डॉ. हर्षिता सहित नर्सिंग स्टाफ राम लखन मीणा, ओमप्रकाश कुमावत एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

क्या है नेत्रदान?

चिकित्सकों के अनुसार नेत्रदान वास्तव में कॉर्निया दान होता है। यह पूरी तरह स्वैच्छिक प्रक्रिया है और मृत्यु के 4 से 6 घंटे के भीतर इसे पूरा करना आवश्यक होता है। बीएमसी सागर के आई बैंक में यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है।

नेत्रदान से संबंधित जानकारी या आकस्मिक सूचना के लिए आई बैंक हेल्पलाइन: 7697271108 पर संपर्क किया जा सकता है।


Share:

सागर: कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त एक्शन, गलत डेटा फीड करने वाली ANM होंगी निलंबित

सागर: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कलेक्टर प्रतिभा पाल सख्त, गलत डेटा फीड करने वाली एएनएम को निलंबित करने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 6 जुलाई 2026

सागर: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किए जाएं।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य पोर्टल पर गलत और फर्जी डेटा फीड किए जाने का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी एएनएम गलत अथवा फर्जी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर रही हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि गलत आंकड़ों के कारण हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सही पहचान नहीं हो पाती, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं।

सागर: जुआ प्रकरण और अनुशासनहीनता पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, वार्डबॉय सस्पेंड

शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों (बीएमओ) को निर्देश दिए कि जिले में एक भी गर्भवती महिला का एएनसी (ANC) पंजीयन और स्वास्थ्य परीक्षण नहीं छूटना चाहिए। प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ एएनसी जांच का पूरा और सही रिकॉर्ड पोर्टल पर दर्ज किया जाए।

यह भी पढ़ें: सागर: हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी गिरफ्तार, मंत्री प्रह्लाद पटेल ने उठाए सवाल

हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहले से हो पहचान

बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान करने और उनकी डिलीवरी चिन्हित अस्पतालों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के समुचित उपचार और नवविवाहित महिलाओं की समग्र आईडी आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अनिवार्य रूप से बनवाने पर भी जोर दिया गया।

हर शनिवार होगी सेक्टर स्तर की समीक्षा

कलेक्टर ने ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी मजबूत करने के लिए प्रत्येक शनिवार सेक्टर स्तर की बैठक आयोजित करने और उसके बाद बीएमओ द्वारा विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिन सेक्टरों में एएनएम के पद रिक्त हैं, वहां अन्य उपलब्ध एएनएम को प्रभार देकर कार्य सुचारू रूप से संचालित करने को कहा गया।

टीकाकरण, एनआरसी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा

बैठक में शिशु मृत्यु समीक्षा, मातृ मृत्यु समीक्षा, टीकाकरण, खसरा एवं पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टीकाकरण संबंधी सभी आंकड़े समय पर एचएमआईएस से यू-विन पोर्टल पर दर्ज किए जाएं।

इसके अलावा जिले के सभी 9 पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। टीबी, मलेरिया और कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए तय लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के. वी., प्रभारी सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी भरत सिंह राजपूत सहित स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

सागर: जुआ प्रकरण और अनुशासनहीनता पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, वार्डबॉय सस्पेंड

 सागर: जुआ खिलाने वाला स्वास्थ्य केंद का वार्ड बॉय सस्पेंड


तीनबत्ती न्यूज: 6 जुलाई 2026

सागर: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) सागर ने अनुशासनहीनता एवं विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बरकोटी में पदस्थ वार्डबॉय प्रताप सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पढ़ें संबंधित खबर : Sagar Crime: जुआ फड़ चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार : स्वास्थ्य केंद्र का वार्ड बॉय निकला आरोपी : पत्नी गांव की सरपंच

जारी आदेश के अनुसार, प्रताप सिंह चौहान के विरुद्ध 25 जून 2026 को थाना सुरखी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत जुआ प्रकरण में अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद 1 जुलाई 2026 को एक समाचार पत्र में "गाड़ी की नंबर प्लेट पर 'सरपंच' लिखकर रौब झाड़ना तथा जुआ फड़ चलाने के आरोप में गिरफ्तारी" संबंधी समाचार प्रकाशित हुआ, जिससे स्वास्थ्य विभाग की छवि प्रभावित हुई।

यह भी पढ़ें: सागर: हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी गिरफ्तार, मंत्री प्रह्लाद पटेल ने उठाए सवाल

सीएमएचओ द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारी का आचरण कदाचार की श्रेणी में आता है तथा यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम का उल्लंघन है। इसी आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम के प्रावधानों के तहत प्रताप सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नियमानुसार निर्धारित रहेगा तथा उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Share:

अविराज सिंह युवाओं के लिए आइकान : प्रो एसपी व्यास . युवा प्रतिभा अविराज सिंह का सम्मान, महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र पाठ ने मोहा मन

अविराज सिंह युवाओं के लिए आइकान : प्रो एसपी व्यास 

▪️शब्द सुमन अर्पण" सम्मान समारोह में श्यामलम् सहित अनेक संस्थाओं ने अविराज सिंह का सम्मान और अभिनन्दन किया

▪️अविराज के महिषासुरमर्दिनी स्त्रोत के कंठस्थ पाठ को सुनकर हतप्रभ हो गया पद्माकर सभागार


तीनबत्ती न्यूज: 05 जुलाई, 2026

सागर। अविराज सिंह जब महिषासुर मर्दिनी स्रोत सुना रहे थे तो हम उनके अंतस के संस्कारों के प्रतिबिम्ब को देख रहे थे। उन्होंने अपने भीतर संस्कारों को सिंचित कर रखा है। अविराज अपने नाम के अनुरूप सूर्य की तरह प्रकाशित हैं। वे युवाओं के लिए आइकान हैं,उनका होना उनके माता पिता के लिए आल्हाद का विषय बना रहेगा। यह उद्गार डा हरी सिंह गौर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, फार्मेसी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो डा एसपी व्यास ने सांस्कृतिक संस्था श्यामलम् द्वारा आयोजित सागर की युवा प्रतिभा श्री अविराज सिंह के सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए। भारतीय संस्कृति के प्राचीन महामंत्रों श्री महिषासुरमर्दिनी, श्री शिवतांडव स्तोत्र व श्री वेंकटेश्श स्त्रोतम् के कंठस्थ पाठ को युवा पीढ़ी में लोकव्यापीकरण के लिए आयोजित किए गए इस सम्मान समारोह में श्यामलम् के साथ सागर नगर की अनेक सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने अविराज सिंह का अभिनंदन और सम्मान किया है।

----------------

खबर का वीडियो देखने क्लिक करे

महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र के कंठस्थ पाठ से गूंजा सागर, अविराज सिंह का हुआ सम्मान

-----------------

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर एसपी व्यास ने कहा कि मैं एक वैज्ञानिक होने के नाते कहता हूं कि ईश्वर है। अविराज सिंह के कंठस्थ महिषासुरमर्दिनी स्रोत के पाठसे यहां जो वातावरण निर्मित हुआ वह भी इसका प्रमाण है कि ईश्वर है। महिषासुरमर्दिनी स्रोत की शब्द श्वास और ऋचाओं के प्रभाव से उत्पन्न एनर्जी लेबल पर जाकर हम क्वांटम थ्योरी को महसूस कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के वेदों की ऋचाएं और मंत्रों के श्लोक स्वयं ऐसे योग्य पात्रों का आहृवान करते हैं कि आओ और अपने अधरों से मुझे गाकर अमर बना दो।  उन्होंने कहा कि जहां संस्कार हैं वहां महिषासुरमर्दिनी हैं। अविराज ने स्वामी विवेकानंद के कथन को उद्धृत किया है कि महिषासुरमर्दिनी स्रोत ज्ञान और प्रज्ञा की प्रार्थना है। यह पुरुष के भीतर विद्यमान नारी की अस्मिता को जगाने और उसका सम्मान करने की प्रार्थना है। 


सनातन में जाकर अपनी जड़ों को ढूंढ़ना होगा

प्रो व्यास ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि हमें सनातन में जाकर अपनी जड़ों को ढूंढ़ना होगा। मेरे बच्चो, युवाओ आंखों, ऐसे मंत्रों को गाओ, अपने भीतर की ऋणात्मकता को समापन करो और अपना जीवन ऊर्जा से भर कर सार्थक करो। प्रो व्यास ने कहा कि मैं उस मां की वंदना करना चाहता हूं जिसकी गोद में अविराज जैसा सूर्य के प्रकाश की तरह ऊर्जा बिखेरने वाला युवा बड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज अविराज की प्रतिभा का सम्मान करने सागर की समस्त सांस्कृतिक हरियाएं प्रवाहित हो कर समुद्र में आकर समाहित हो गई हैं जैसे संपूर्ण सागर सम्मान के लिए यहां उमड़ आया है। उन्होंने अपने संबोधन में अविराज से कहा कि हमारी संस्कृति और हमारा नगर आप पर गर्व करता है। आप आईकानिक हैं। मैं स्वयं आपका फालोअर हूं और आपके वीडियो देखता हूं। आपके माता पिता ने उम्र में आपको कमल की तरह खिला दिया, यह उनके संस्कारों की भी परिणिति है। अआपकी ऊर्जा ऊर्ध्वगामी हो और निरंतर उन्नति करें।


आगे और स्त्रोतों के कार्यक्रम हो

कार्यक्रम के अध्यक्ष डा हरी सिंह गौर विश्वविद्यालय के देवभाषा संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो शशिकुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अविराज सिंह ने कंठस्थ किए गए तीनों स्त्रोतों से भारत की सांस्कृतिक एकता अखंडता को भी सिद्ध किया है। भारत में सनातन की मुख्य रूप से तीन धाराएं शैव, शाक्त और वैष्णव हैं जिनके प्रतिनिधि स्त्रोत क्रमशः शिवतांडव स्तोत्र, महिषासुरमर्दिनी स्रोत और श्री वैंकटेश स्त्रोत हैं। अविराज सिंह ने तीनों स्त्रोतों को आत्मसात कर भारतीय संस्कृति की आत्मा को आत्मसात कर लिया है। उन्होंने कहा कि अविराज सिंह चारों गुणों स्मृति, बोध, चिंतन और आचरण में पारंगत हैं।  ऐसा व्यक्ति ही देश, समाज और संस्कृति को जान पाएगा और आगे ले जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं आग्रह करूंगा कि जैसा अद्भुत कार्यक्रम आज महिषासुरमर्दिनी स्रोत के पाठ के साथ यहां संपन्न हुआ आगे शिवतांडव स्तोत्र तथा श्री वेंकटेश स्त्रोत के भी आयोजित हों।

युवा उपयोगी रील बनाए

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार सुश्री डॉ शरद सिंह ने कहा कि अविराज सिंह जी के आयु के ज्यादातर अन्य युवा अनुपयोगी रीलें देखने और सोशल मीडिया पर अपना समय व्यर्थ कर रहे हैं तो भविष्य के प्रति आशंकाएं होती हैं लेकिन जब अविराज सिंह जैसे युवा इस डिजिटल क्रांति के युग में धर्म ध्वजा और संस्कृति की पताका लेकर खड़े दिखाई देते हैं तो एक विश्वास पैदा होता है कि हमारी संस्कृति अजेय है। इतना सब कुछ याद रखना और प्रवाह पूर्ण स्त्रोत का पाठ निर्दोष रूप से करना बहुत ही चुनौती भरा काम है। वह भी इस आयु में । उन्होंने कहा कि महिषासुरमर्दिनी स्त्रोत से संदेश मिलता है कि स्त्री कमजोर नहीं है, स्त्री के अंदर जो शक्ति मौजूद होती है उसको स्मरण रखना चाहिए तो यह समाज में सुधार लाने का भी कार्य करेगा। स्त्रोत का महत्व समझेंगे तो निश्चित रूप से नारी का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि अविराज सिंह युवाओं के प्रतिनिधि हैं, युवाओं के लिए एक आइकन हैं,वे हम सब का भरोसा हम सबके लिए एक भविष्य का प्रतीक हैं।


आत्मशक्ति को जागृत करने वाला दिव्य मंत्र

युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र केवल देवी की स्तुति नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर सुप्त पड़ी आत्मशक्ति को जागृत करने वाला दिव्य मंत्र है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक छोटा बालक संकट के समय अपनी मां को पुकारता है और मां तुरंत उसकी रक्षा के लिए दौड़ी चली आती है, उसी प्रकार जब श्रद्धा और विश्वास के साथ महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का पाठ किया जाता है तो मां भगवती अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। उन्होंने कहा कि इस स्तोत्र का प्रत्येक शब्द साधक के भीतर साहस, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक शक्ति का संचार करता है तथा जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है। अविराज सिंह ने कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी मंत्रों और स्तोत्रों के उच्चारण का मानव मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब कोई श्रद्धापूर्वक महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का पाठ करता है तो उसके मस्तिष्क में सकारात्मक कंपन (वाइब्रेशन) उत्पन्न होते हैं। यही सकारात्मक ऊर्जा व्यक्ति के मन, बुद्धि और आत्मा को नई शक्ति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इन आध्यात्मिक कंपन के प्रभाव से मनुष्य का मन अधिक स्थिर, साहसी और आत्मविश्वासी बनता है तथा उसके भीतर से भय, निराशा और कायरता जैसी नकारात्मक भावनाएं स्वतः समाप्त होने लगती हैं।


कार्यक्रम का आरंभ सरस्वती पूजन व मुकेश तिवारी द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती वंदना से हुआ। संतोष पाठक ने अधिराज सिंह का जीवन परिचय वाचन किया। तत्पश्चात् अविराज सिंह ने महिषासुरमर्दिनी स्रोत का कंठस्थ सस्वर पाठ कर सबको अभिभूत कर दिया। अभिनंदन पत्र वाचन वरिष्ठ साहित्यकार हरिसिंह द्वारा किया गया। तत्पश्चात् श्यामलम्, श्रुति मुद्रा सांस्कृतिक समिति, बुनियाद संस्थाओं की ओर से अध्यक्ष उमाकांत मिश्र व कविता शुक्ला द्वारा अविराज सिंह का सम्मान का क्रम प्रारंभ किया गया।



विशिष्ट अतिथि सुश्री शरद सिंह, योगाचार्य विष्णु आर्य, डा राजेंद्र चऊदा, इंजीनियर प्रकाश चौबे, विहिप नेता अजय दुबे, ज्ञानी गुरबचन सिंह, अंबिका प्रसाद यादव, सुनीला सराफ, सुरजीत सिंह, प्रवाह संस्था के अध्यक्ष संतोष रोहित ने सम्मान किया। सम्मान करने के लिए क्रमशः सरस्वती वाचनालय एवं पुस्तकालय की ओर से सचिव शुकदेव तिवारी एवं रिंकू सरवैया, सरस्वती मंदिर बड़ा बाजार की ओर से यशोवर्धन चौबे मनोज शुक्ला, डा वंदना गुप्ता, बुंदेलखंड हिंदी साहित्य संस्कृति विकास मंच की ओर से कवि पूरन सिंह राजपूत, योगेन्द्र राजपूत, अनाज व्यापारी संघ की ओर से अध्यक्ष महेश साहू , सागर इंजीनियर फोरम की ओर से अभिजीत जड़िया व राजकुमार नामदेव, एकता समिति की ओर से चंपक भाई, नगर परिषद खुरई की ओर से अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई अहिरवार, बर्रीटोरिया समिति की ओर से पूर्व विधायक कुरवाई वीर सिंह पवार ने ने सम्मान किया। संचालन अंजना चतुर्वेदी तिवारी ने तथा आभार प्रदर्शन रमाकांत शास्त्री ने किया।



ये हुए शामिल

कार्यक्रम की दर्शक दीर्घा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रमुख डा जीएस चौबे,पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, श्रीमती संध्या भार्गव, पार्षदगण राजकुमार पटेल, नरेश यादव, सोमेश जड़िया, शैलेन्द्र ठाकुर, सूरज घोसी, अमन चौरसिया, वरिष्ठ वकील रश्मि ऋतुजैन, वीरेन्द्र सिंह, एड दीपा तिवारी, लक्ष्मण सिंह लोधी, नवीन भट्ट्, पारंग शुक्ला ,राजीव सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य जन, साहित्यकार, समाज सेवी संगठनों के सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive