निर्माण कार्यों में देरी पर ठेकेदारों को नोटिस और पेनल्टी के निर्देश
• कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत
तीनबत्ती न्यूज :15 अक्टूबर 2026
सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के डिपॉजिट वर्क्स एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में हाउसिंग बोर्ड की धर्मश्री मंगल विहार आवासीय योजना के तहत 167 मकानों के निर्माण की जानकारी दी गई। इनमें 49 MIG-A, 54 MIG-B, 31 LIG-A और 33 EWS-B मकान शामिल हैं। वर्तमान में कॉलम फुटिंग एवं सरिया बांधने का कार्य चल रहा है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।
खुरई रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत पशु चिकित्सालय एवं शासकीय आवास हैंडओवर किए जा चुके हैं। तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन, रेस्ट हाउस, पीडब्ल्यूडी ऑफिस, हिनौता गौशाला, बस पिकअप स्टेशन, क्रिकेट ग्राउंड एवं गुलार रोड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूर्ण हो चुका है।
राहतगढ़ सीएचसी का कार्य फिनिशिंग स्टेज में है। कलेक्टर ने इसे दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का 42 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष रूफ स्लैब सहित लंबित कार्यों को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से समन्वय कर जून 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
देरी पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई
कलेक्टर ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण में हुई देरी का आकलन करने और संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पेनल्टी लगाने के सख्त निर्देश दिए। शासकीय स्वशासी कन्या उत्कृष्टता महाविद्यालय सागर की बाउंड्री वॉल, पं. दीनदयाल उपाध्याय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय तथा शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग के निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।
सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा के निर्माण में विलंब पर कलेक्टर ने चिंता जताते हुए स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर केसली के स्वीकृत प्रोजेक्ट में भी तेजी लाने को कहा गया। आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल सागर के हॉस्टल, एडमिन ब्लॉक और अस्पताल ब्लॉक के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
सड़क और ओवरब्रिज परियोजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में सेंट्रल जेल सागर रिडेंसिफिकेशन (चितौरा) के अत्याधुनिक जेल के संशोधित डीपीआर पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली गई। एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के सड़क, ओवरब्रिज और वेस्टर्न बायपास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग तथा बेरखेड़ी-सुनई/बेरखेड़ी-गढ़ाकोटा (सागर लिंक रोड) का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने प्रचलित परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण एवं विवादों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हों।
सागर-लखनादौन मार्ग सुधारीकरण, व्हीकुलर अंडरपास, मसूराई टोड़ा-जैसीनगर मार्ग, बीना-बमहोरी मार्ग, धर्मश्री-भोपाल बायपास, मकरोनिया-सिविल लाइन व्हाइट टॉपिंग और पीजी रोड्स के नवीनीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को प्रत्येक परियोजना की जियो-टैग फोटो सहित साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

























