Editor: Vinod Arya | 94244 37885

खुरई में कलेक्टर प्रतिभा पाल का आकस्मिक निरीक्षण, अस्पताल और कन्या स्कूल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

खुरई में कलेक्टर प्रतिभा पाल का आकस्मिक निरीक्षण, अस्पताल और कन्या स्कूल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


तीनबत्ती न्यूज:16 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शुक्रवार को खुरई में सिविल अस्पताल और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलेक्टर ने सिविल अस्पताल खुरई में ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, किडनी केयर डायलिसिस यूनिट और मैटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया से अस्पताल भवन, स्टाफ की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम खुरई श्री सतीश वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


कलेक्टर ने ऑपरेशन थिएटर को फंक्शनल करने तथा सर्जिकल केसेस, विशेषकर सी-सेक्शन डिलीवरी के लिए बीना के स्त्री रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर अस्पताल में मिल रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया।

एएनसी कक्ष में कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने प्रथम एएनसी जांच के दौरान हीमोग्लोबिन, बीपी, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचों एवं परामर्श की जानकारी चिकित्सक से ली। साथ ही आपातकालीन कक्ष की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा सभी वार्डों में स्वच्छता, आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता बनी रहे। डायलिसिस यूनिट की सभी मशीनों को क्रियाशील रखने, एएनसी में शत-प्रतिशत पंजीयन एवं समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रखने, बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निपटान तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।


कन्या विद्यालय में छात्राओं से किया संवाद

इसके बाद कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरई का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, एसडीएम खुरई श्री सतीश वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कक्षा 11वीं कला वर्ग में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने सामाजिक विज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे और छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए। उन्होंने छात्राओं को किताब पढ़ने का सही तरीका भी समझाया तथा विषय शिक्षक से अध्ययन-अध्यापन कार्य की जानकारी ली।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक विज्ञान, भूगोल सहित अन्य विषयों की पढ़ाई इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से कराई जाए। इसके लिए समय-सारणी के अनुसार रोस्टर तैयार किया जाए, ताकि सभी छात्राओं को इंटरएक्टिव पैनल की सुविधा मिल सके। उन्होंने रोस्टर तैयार कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।



कलेक्टर ने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की सलाह देते हुए उनके भविष्य की कार्ययोजना के बारे में पूछा। छात्राओं ने पुलिस, डॉक्टर, आईएएस, आईपीएस सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की।

स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर

कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल, पानी की टंकी की नियमित सफाई तथा बालिका शौचालयों में पानी और आवश्यक स्वच्छता सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने विद्यालय परिसर में बेहतर सफाई एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive