Sagar Crime : पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी अवैध शराब से भरी कार : एक आरोपी गिरफ्तार
तीनबत्ती न्यूज|30 अप्रैल, 2026
सागर: अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बीना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक मारुति स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 108 बल्क लीटर शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खिमलासा बायपास की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में अवैध शराब की खेप बीना लाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी विकास कुमार शाहवाल एवं एएसपी संजीव उइके के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की।
जैसे ही संदिग्ध कार आती दिखाई दी, चालक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए पीछा किया और साईं धाम कॉलोनी (रेलवे अंडर ब्रिज के पास) में वाहन UP AA 8575 को चारों तरफ से घेर कर रोक लिया।
जब्ती और गिरफ्तारी
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 600 पाव (108 बल्क लीटर) अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार मूल्य लगभग ₹60,000 बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत अहिरवार (24 वर्ष) निवासी सागर नाका, खुरई के रूप में हुई है। आरोपी शराब के परिवहन के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शराब के साथ परिवहन में उपयोग की गई कार (कीमत लगभग ₹3 लाख) को भी जब्त कर लिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका: > इस सफल कार्रवाई में उनि जयसिंह, प्रधान आरक्षक गजेंद्र मिश्रा, देवेंद्र सिंह, आरक्षक प्रेमजीत, अजय, राहुल, राजेंद्र और दिनेश का सराहनीय योगदान रहा। एसडीओपी बीना अजय कुमार सनकत ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की यह सख्त मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
-----------
एडिटर : विनोद आर्य
________









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें