Editor: Vinod Arya | 94244 37885

किसान से रिश्वत लेने वाले पटवारी को 3 साल की सजा, 10 हजार रुपए जुर्माना : सागर लोकायुक्त ने 8 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा था

किसान से रिश्वत लेने वाले पटवारी को 3 साल की सजा, 10 हजार रुपए जुर्माना : सागर लोकायुक्त ने 8 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा था



तीनबत्ती न्यूज: 26 नवंबर, 2026

छतरपुर/सागर। किसान से जमीन की तरमीम के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने के मामले में छतरपुर जिला न्यायालय ने तत्कालीन पटवारी अंकित पाठक को तीन साल के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है। करीब सात साल पुराने इस मामले में सागर लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

जिला न्यायालय के एडीपीओ संजय यादव के अनुसार, वर्ष 2019 में छतरपुर जिले के चंद्रनगर हल्के में पदस्थ पटवारी अंकित पाठक ने किसान राजेंद्र सिंह यादव से जमीन की तरमीम करने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। किसान राजेंद्र सिंह यादव शिवराजपुर गांव के निवासी हैं। उन्होंने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई थी।

लोकायुक्त ने बिछाया था रिश्वत का जाल

शिकायत की जांच और पुष्टि के बाद सागर लोकायुक्त की टीम ने 22 जुलाई 2019 को निरीक्षक बी.एम. द्विवेदी के नेतृत्व में कार्रवाई की। लोकायुक्त टीम ने केमिकल लगे नोटों के साथ जाल बिछाया और पटवारी अंकित पाठक को किसान से 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश किया गया।

विशेष न्यायालय ने सुनाई सजा

जिला न्यायालय छतरपुर के एडीपीओ संजय यादव ने बताया कि मामले की सुनवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव की अदालत में हुई। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर पटवारी अंकित पाठक को दोषी ठहराते हुए तीन साल के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।

सात साल पुराने इस रिश्वत प्रकरण में आए न्यायालय के फैसले को भ्रष्टाचार के मामलों में न्यायिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive