Sagar : प्रशासन - दवा विक्रेताओं की बैठक: बगैर पर्ची के दवा नहीं बेचने और स्टॉक का रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 01 मई 2026
सागर: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन विशेन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप ने जिले के दवा विक्रेता पदाधिकारी की बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन विशेन ने निर्देश दिए की जिले में कहीं भी नशा से संबंधित दवाओं का वितरण डॉक्टर की पर्ची के बगैर ना हो एवं सभी दवाओं का रिकार्ड संधारित किया जावे, जिन मेडिकल स्टोर से अत्यधिक नशा की दवाई का विक्रय किया जा रहा है उसकी जानकारी एवं अत्यधिक मात्रा से ज्यादा डॉक्टर द्वारा लिखी जाने वाली नशा युक्त दावों की जानकारी भी प्रस्तुत करें जिससे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कहीं भी बगैर पर्ची की दवाओं का वितरण न किया जाए इसी परिपेक्ष में सभी दवा विक्रेता पदाधिकारी की बैठक आयोजित की गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप ने कहा कि सभी दुकानदार अपने-अपने दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जिससे कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षण किया जा सके और कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी थोक दवा विक्रेता एवं फुटकर दवा विक्रेता अपने-अपनी दुकानों पर दवा स्टॉक का पूरा रिकार्ड संधारित करें। इस अवसर पर औषधि निरीक्षक श्रीमती सोनम जैन औषधि निरीक्षक श्री मनीष सुमन सहित सभी दवा विक्रेता पदाधिकारी मौजूद थे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें