Editor: Vinod Arya | 94244 37885

23 जुलाई को सागर में भव्य गुरु पूजन महा महोत्सव, परम पूज्य श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य देंगे आशीर्वचन

23 जुलाई को सागर में गूंजेगा आस्था एवं गुरु भक्ति का स्वर, भव्य गुरु पूजन महा महोत्सव का होगा आयोजन

परम पूज्य स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य देंगे दिव्य आशीर्वचन, गुरु दीक्षा एवं भव्य स्वागत यात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र


तीनबत्ती न्यूज: 21 जुलाई, 2026

सागर। गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली विरासत, सनातन संस्कृति के मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन के उद्देश्य से 23 जुलाई 2026 को सागर में भव्य गुरु पूजन महा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अजब श्री सेवा समिति अजब धाम एवं मूलक पीठ परिवार सागर संभाग के तत्वावधान में आयोजित यह विशाल धार्मिक समारोह होटल रॉयल पैलेस (किला कोठी), तिली रोड, सागर में संपन्न होगा।

यह जानकारी आयोजन समिति के प्रमुख पंडित प्रमोद उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे से भंडारे (महाप्रसाद) की व्यवस्था रहेगी।

महोत्सव में अनंत श्रीविभूषित श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य श्रीरामपीठाधीश्वर एवं मूलकपीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज (श्री रेवासा–बुंदेलखंड धाम) के दिव्य आशीर्वचन प्राप्त होंगे। साथ ही महंत श्री राम अनुराग दास जी महाराज (छोटे सरकार) की गरिमामयी उपस्थिति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।


बुंदेलखंड से उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव में सागर, दमोह सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में गुरु पूजन, संत वंदन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, गुरु दीक्षा एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन जैसे विविध आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व, भारतीय संस्कृति के आदर्शों और आध्यात्मिक जीवन में गुरु की भूमिका पर संतों के प्रेरक विचार सुनने का अवसर मिलेगा।

गुरुदेव के स्वागत में सजेंगे मंगल द्वार, पुष्पवर्षा से होगा अभिनंदन

आयोजन समिति ने बताया कि परम पूज्य स्वामी श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज के सागर आगमन को लेकर शहरभर में विशेष उत्साह का वातावरण है। विभिन्न स्थानों पर मंगल द्वार, स्वागत मंच एवं भव्य सजावट की जा रही है।

गुरुदेव की स्वागत यात्रा ग्राम चनाटोरिया से प्रारंभ होकर सिविल लाइन, तहसीली मार्ग, बहेरिया, मकरोनिया सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई होटल रॉयल पैलेस, तिली रोड पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में श्रद्धालु आरती, पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ संतों का स्वागत करेंगे। बड़ी संख्या में शिष्य मंडल, संत प्रेमी एवं श्रद्धालु इस स्वागत यात्रा में शामिल होंगे।

इच्छुक श्रद्धालुओं को दी जाएगी गुरु दीक्षा

आयोजकों ने बताया कि गुरुदेव महाराज की आज्ञा अनुसार इच्छुक श्रद्धालुओं को गुरु दीक्षा भी प्रदान की जाएगी। यह अवसर उन साधकों के लिए विशेष रहेगा जो गुरु परंपरा से जुड़कर अपने आध्यात्मिक जीवन को नई दिशा देना चाहते हैं।

श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

अजब श्री सेवा समिति अजब धाम एवं मूलक पीठ परिवार, सागर संभाग ने सागर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक चेतना और गुरु परंपरा के प्रति आस्था को मजबूत करते हैं।

पत्रकार वार्ता में रहे उपस्थित

पत्रकार वार्ता में पंडित प्रमोद उपाध्याय, पंडित ऐश्वर्य पाठक, पंडित सचिन शुक्ला, पंडित हनुमान मिश्रा,पत्रकार पंडित अनिल दुबे, सुमित अग्रवाल, पंडित तोष पाण्डेय, पंडित सौरभ मिश्रा, पंडित मुकेश तिवारी, पंडित अंकित मिश्रा एवं प्रमोद पटेल सहित शिष्य मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

मध्यप्रदेश UCC विधेयक 2026 विधानसभा में पारित, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद होगा लागू

मध्यप्रदेश विधानसभा में UCC विधेयक पारित, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद होगा लागू


तीनबत्ती न्यूज: 21जुलाई, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा ने सोमवार को 'मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक, 2026' ध्वनि मत से पारित कर दिया। अब यह विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद यह प्रदेश में कानून के रूप में लागू होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे मध्यप्रदेश के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि यह कानून समानता, सामाजिक न्याय और महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार संवैधानिक मूल्यों और समान अधिकारों के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

महिलाओं को समान अधिकार देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून लागू होने के बाद विवाह, उत्तराधिकार, दत्तक ग्रहण सहित विभिन्न नागरिक मामलों में समान प्रावधान लागू होंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

लिव-इन संबंधों पर भी होंगे प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधेयक में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए गए हैं। उनके अनुसार निर्धारित आयु से संबंधित नियमों के उल्लंघन अथवा कानून के दुरुपयोग की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।

राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद लागू होगा कानून

विधानसभा से पारित होने के बाद अब विधेयक राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इसे अधिसूचित कर पूरे मध्यप्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है। उन्होंने कहा कि यह कानून समान न्याय, समान अधिकार, नारी सशक्तिकरण और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।


Share:

सागर: युवा शक्ति संगठन ने शुरू की निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग, ग्रामीण युवाओं को मिलेगा मुफ्त मार्गदर्शन

सागर: युवा शक्ति संगठन की पहल, ग्रामीण युवाओं के लिए शुरू हुई निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग

• युवा नेता आकाश सिंह राजपूत ने A.G.R. निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग का शुभारंभ



तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

सागर। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष एवं युवा नेता आकाश सिंह राजपूत ने A.G.R. निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है।

कोचिंग के माध्यम से बैंक, एसएससी, रेलवे, सब-इंस्पेक्टर (SI), कांस्टेबल, पटवारी, जेल प्रहरी, हॉस्पिटल सहायक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।

व्यक्तित्व विकास और इंटरव्यू की भी होगी तैयारी

आकाश सिंह राजपूत ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारना भी है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर सकते, उन्हें अब निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा।

उन्होंने बताया कि नियमित कक्षाओं के साथ टेस्ट सीरीज, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार (इंटरव्यू) की तैयारी और आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी माहौल मिल सके।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा नया अवसर

क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव है। आर्थिक और संसाधनों की कमी के कारण कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। ऐसे में यह निशुल्क कोचिंग उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को भी इससे लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

युवा शक्ति संगठन ने क्षेत्र के सभी छात्र-छात्राओं, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और ग्रामीण युवाओं से इस निशुल्क कोचिंग का लाभ उठाने की अपील की है। संगठन का विश्वास है कि यह पहल आने वाले समय में अनेक युवाओं के सरकारी सेवाओं में चयन का मार्ग प्रशस्त करेगी।


Share:

विधानसभा में विधायक शैलेंद्र जैन ने उठाए स्वास्थ्य, आयुष महाविद्यालय और श्रमोदय विद्यालय के मुद्दे, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से भी की मुलाकात

स्वास्थ्य, आयुष कॉलेज और श्रमोदय विद्यालय को लेकर विधायक शैलेंद्र जैन सक्रिय:  विधानसभा में उठाए मुद्दे: डिप्टी सीएम राजेंद्र6 शुक्ल से की भेंट


तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

भोपाल/सागर। सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सोमवार को सागर जिले के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा और शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एक ओर उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर जिले के विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की, वहीं विधानसभा में सागर के निर्माणाधीन आयुष महाविद्यालय और प्रस्तावित श्रमोदय आवासीय विद्यालय की प्रगति को लेकर सरकार से जवाब भी मांगा।

_________

यह भी पढ़ें: सागर BMC में सनसनी: अस्थि रोग वार्ड के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच शुरू

__________

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से की मुलाकात, स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जोर

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से सौजन्य भेंट कर सागर जिले में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधानसभा में उठाया आयुष महाविद्यालय का मुद्दा

मानसून सत्र के दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने सागर में निर्माणाधीन आयुष महाविद्यालय की प्रगति, 100 बिस्तरीय चिकित्सालय, प्रवेश प्रक्रिया तथा शिक्षकीय एवं अशिक्षकीय पदों की स्थिति को लेकर सरकार से जानकारी मांगी।

आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि महाविद्यालय परियोजना की अनुबंध राशि 42.51 करोड़ रुपये है, जिसमें अब तक 9.41 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। प्रशासनिक भवन पर 3.77 करोड़ और आयुष चिकित्सालय पर 5.64 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

सरकार ने बताया कि 100 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय का निर्माण पूरा होने और एनसीआईएसएम (NCISM) की गाइडलाइन के अनुसार आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। महाविद्यालय संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन को भी मंत्री परिषद से मंजूरी मिल चुकी है।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची

श्रमोदय आवासीय विद्यालय निर्माण पर भी मांगा जवाब

विधायक शैलेंद्र जैन ने विधानसभा में सागर जिले के ग्राम मसानझिरी (रतौना) में प्रस्तावित श्रमोदय आवासीय विद्यालय की स्थापना की प्रगति, बजट, निर्माण एजेंसी और समय-सीमा से जुड़े सवाल भी उठाए।

श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में पांच नए श्रमोदय विद्यालयों एवं अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें सागर का विद्यालय भी शामिल है। हालांकि अभी निर्माण एजेंसी को राशि आवंटित नहीं की गई है।

सरकार ने बताया कि इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (EPIL) को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है। वर्तमान में डिजाइन, ड्रॉइंग, कॉन्सेप्ट प्लान और साइट प्लान तैयार किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद दो वर्ष में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके बाद विद्यालय का संचालन प्रारंभ होगा।

Share:

नरयावली में तीन पुलों के पुनर्निर्माण को मंजूरी, विधायक प्रदीप लारिया ने विधानसभा में उठाए जनहित के मुद्दे

नरयावली को विकास की सौगात: तीन क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण को सैद्धांतिक स्वीकृति, विधानसभा में भी गूंजे क्षेत्र के जनहित के मुद्दे


तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

सागर/भोपाल:  नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सोमवार को दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां सामने आईं। एक ओर क्षेत्र के तीन क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण को मध्यप्रदेश शासन से सैद्धांतिक स्वीकृति मिली, वहीं दूसरी ओर विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सड़क, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और श्रमिक कल्याण से जुड़े कई जनहित के मुद्दे सदन में प्रमुखता से उठाए।

यह भी पढ़ें: सागर BMC में सनसनी: अस्थि रोग वार्ड के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच शुरू

तीन क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति

विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के प्रयासों से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मंत्रालय वल्लभ भवन द्वारा नरयावली विधानसभा क्षेत्र के तीन क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृति के अनुसार—

  • एसएच-14 से खाकरोन मार्ग पर पुल के पुनर्निर्माण के लिए 193.27 लाख रुपये,
  • एनएच-26 से सेमरा हाट मार्ग पर पुल के लिए 187.82 लाख रुपये,
  • बड़कुआ सड़ेरी से गिदवानी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण हेतु 158.24 लाख रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है।


विधायक प्रदीप लारिया ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। 

विधानसभा में सड़क, कॉलेज, आईटीआई और संबल योजना के मुद्दे उठाए

मानसून सत्र के प्रथम दिवस विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने नरयावली विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के विषय सदन में उठाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के उन्नयन और मजबूतीकरण की जानकारी सरकार से मांगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क की आवश्यकता पर जोर दिया।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने शासकीय महाविद्यालय नरयावली में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय प्रारंभ किए जाने का मुद्दा उठाया। सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप विभागीय स्तर पर परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

युवाओं के कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए विधायक लारिया ने शासकीय आईटीआई जरुआखेड़ा में नए ट्रेड शुरू करने का विषय भी सदन में रखा। सरकार ने उत्तर में बताया कि इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कोपा (कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग) और सोलर टेक्नीशियन ट्रेडों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत संकटग्रस्त श्रमिक परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि के लंबित प्रकरणों और भुगतान की स्थिति का मुद्दा भी सदन में उठाया, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची

विधानसभा में प्राप्त उत्तरों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आवश्यक मार्गों के उन्नयन की प्रक्रिया जारी है तथा नरयावली महाविद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय प्रारंभ करने की दिशा में विभागीय कार्रवाई चल रही है।

Share:

सागर BMC में सनसनी: अस्थि रोग वार्ड के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच शुरू

सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मचा हड़कंप



तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

सागर। सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के अस्थि रोग विभाग (अस्थि रोग वार्ड नंबर 14) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब वार्ड के अंदर बने स्टोर रूम से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ। शव करीब दो दिन से अधिक पुराना बताया जा रहा है, जिससे वार्ड में तेज दुर्गंध फैल गई थी। इस घटना ने मेडिकल कालेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए है। 


दुर्गंध आने पर मरीजों ने की शिकायत

जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 14 में भर्ती मरीजों को लगातार आ रही बदबू के बाद उन्होंने इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की। जब अस्पताल स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो पता चला कि दुर्गंध अंदर बने स्टोर रूम से आ रही है। संदेह होने पर तुरंत गोपालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। जानकार लोगों का कहना है कि मृतक की शिनाख्ती से मेडिकल प्रबंधन की व्यवस्थाओं का खुलासा होगा। स्टोर रूम से लाश मिलना बेहद गंभीर घटना है। 

सागर BMC के वार्ड नंबर 14 के स्टोर रूम में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस

अंदर से बंद था दरवाजा

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए—स्टोर रूम के अंदर एक पुरुष का शव पड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम/मोर्चरी के लिए भेज दिया है।

पुलिस व प्रबंधन का क्या कहना है?

  • गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा  के अनुसार "शव की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि मृतक अस्पताल में भर्ती कोई मरीज था या किसी मरीज का परिजन। मामला दर्ज कर घटना के सभी बिंदुओं पर बारीक जांच की जा रही है।"
  • BMC अधीक्षक राजेश जैन के अनुसार "घटना बेहद गंभीर है। मामले के हर पहलू की गहन जांच कराई जा रही है। यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन या किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा के सवाल पर कहा कि सभी पहलुओं की जांच हो रही है। मृतक की शिनाख्ती से बहुत कुछ पता चलेगा। इसके अलावा सुरक्षा के  लिएजो भी बेहतर होगा उसे किया जायेगा"
Share:

खुरई में कृषि महाविद्यालय भवन के लिए 15 करोड़ जारी, नए आईटीआई और खाद उपलब्धता का मुद्दा भी विधानसभा में उठा

खुरई में कृषि महाविद्यालय भवन के लिए 15 करोड़ जारी, नए आईटीआई और खाद उपलब्धता का मुद्दा भी विधानसभा में उठा



तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

सागर। मध्यप्रदेश विधानसभा में खुरई विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों को लेकर सरकार ने अहम जानकारी दी। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने बताया कि पंडित अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय, खुरई के नवीन भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए शासन द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 15 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।

मंत्री ने विधानसभा में दिए लिखित उत्तर में बताया कि महाविद्यालय भवन के प्रथम चरण और छात्रावास निर्माण के लिए वर्तमान में निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया जारी है। निविदा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा तथा कार्य पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक एवं छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची

यह प्रश्न खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में उठाया था। उन्होंने महाविद्यालय भवन, छात्रावास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की प्रगति और समय-सीमा की जानकारी मांगी थी। सरकार के जवाब से स्पष्ट हुआ कि परियोजना को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

खुरई नए शासकीय आईटीआई की प्राथमिकता सूची में शामिल

कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल ने विधानसभा में बताया कि विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में एक शासकीय आईटीआई स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और खुरई विकासखंड भी इस प्राथमिकता सूची में शामिल है।

विधायक भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में नए शासकीय आईटीआई की स्वीकृति तथा मालथौन आईटीआई भवन के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया था।

मंत्री ने बताया कि मालथौन आईटीआई भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाना है। फिलहाल परियोजना निविदा स्तर पर है। निविदा स्वीकृत होने, कार्यादेश जारी होने और अनुबंध प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।

सरकार ने स्पष्ट किया कि जिन विकासखंडों में अभी तक शासकीय आईटीआई नहीं हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से संस्थान स्थापित किए जाएंगे।


खाद उपलब्धता को लेकर भी विधानसभा में उठा सवाल

खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में किसानों को डीएपी, यूरिया एवं सुपर फॉस्फेट की उपलब्धता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने सरकार से पूछा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में इन उर्वरकों की वर्तमान उपलब्धता क्या है, मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं, कितने किसानों को टोकन जारी किए गए हैं और कितनी मात्रा में खाद वितरित की गई है।

विधायक ने कहा कि खेती के मौसम में किसानों को समय पर खाद मिलना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने सरकार का ध्यान क्षेत्र के किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की मांग की।


Share:

सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची

सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची




तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

सागर। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग (मंत्रालय, भोपाल) द्वारा मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 9 की उपधारा (1) के खण्ड (ग) के तहत सागर नगर पालिक निगम के लिए 8 एल्डरमैन (नामनिर्दिष्ट पार्षदों) की नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। एल्डरमैन की लंबे समय बाद सूची जारी हुई। जबकि नगरनिगम का कार्यकाल एक साल से भी कम बचा है। 

राज्य शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार सागर नगर निगम परिषद के लिए मनोनीत किए गए सभी 8 एल्डरमैन के नाम, उनके पिता/पति का नाम और पूर्ण पते निम्नलिखित हैं।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश के 13 नगर निगमों में एल्डरमैन नामित, इंदौर ,सागर-भोपाल समेत पूरी सूची जारी

सागर नगर निगम के एल्डरमैन की सूची (नाम व पते सहित):

  1. श्री महेश जैन
    • पिता का नाम: स्व. श्री ज्ञानचंद जैन
    • पता: वार्ड क्रमांक 6, झंडा चौक, गोपालगंज, सागर
  2. श्री धर्मेन्द्र रजक
    • पिता का नाम: श्री रमेश कुमार रजक
    • पता: लक्ष्मीपुर वार्ड, वार्ड क्रमांक 42, सागर
  3. श्री जुगल प्रजापति
    • पिता का नाम: श्री राजेश कुमार प्रजापति
    • पता: संत कबीर वार्ड, वार्ड क्रमांक 37, सागर
  4. श्री सुबोध पराशर
    • पिता का नाम: स्व. श्री सरजू प्रसाद पराशर
    • पता: तिली वार्ड, वार्ड क्रमांक 46, सागर
  5. श्री विवेक सोढिया
    • पिता का नाम: स्व. श्री विजय सोढिया
    • पता: वल्लभ नगर वार्ड, वार्ड क्रमांक 24, सागर
  6. श्री राजेन्द्र ठाकुर
    • पिता का नाम: स्व. श्री इन्द्रदेव सिंह ठाकुर
    • पता: बड़ा जीना परकोटा वार्ड, वार्ड क्रमांक 10, सागर
  7. श्रीमती आशालता सिलाकारी
    • पति/पिता का नाम: संतोष कुमार सिलाकारी / स्व. श्री जीवनलाल सिलाकारी
    • पता: चकराघाट वार्ड, वार्ड क्रमांक 40, सागर
  8. श्री अभिषेक (अंकु) चौरसिया
    • पिता का नाम: श्री दयाशंकर चौरसिया
    • पता: तिली वार्ड, वार्ड क्रमांक 46, सागर 

सूची जारी होने के बाद नवनिर्युक्त एल्डरमैन और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है तथा बधाइयों का दौर जारी है।

-----------

पूरी खबर फेसबुक पर देखने क्लिक करे : नगरनिगम सागर में बने 8 एल्डरमैन


---------++++

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive