स्वास्थ्य, आयुष कॉलेज और श्रमोदय विद्यालय को लेकर विधायक शैलेंद्र जैन सक्रिय: विधानसभा में उठाए मुद्दे: डिप्टी सीएम राजेंद्र6 शुक्ल से की भेंट
तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026
भोपाल/सागर। सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सोमवार को सागर जिले के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा और शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एक ओर उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर जिले के विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की, वहीं विधानसभा में सागर के निर्माणाधीन आयुष महाविद्यालय और प्रस्तावित श्रमोदय आवासीय विद्यालय की प्रगति को लेकर सरकार से जवाब भी मांगा।
_________
यह भी पढ़ें: सागर BMC में सनसनी: अस्थि रोग वार्ड के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच शुरू
__________
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से की मुलाकात, स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जोर
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से सौजन्य भेंट कर सागर जिले में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधानसभा में उठाया आयुष महाविद्यालय का मुद्दा
मानसून सत्र के दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने सागर में निर्माणाधीन आयुष महाविद्यालय की प्रगति, 100 बिस्तरीय चिकित्सालय, प्रवेश प्रक्रिया तथा शिक्षकीय एवं अशिक्षकीय पदों की स्थिति को लेकर सरकार से जानकारी मांगी।
आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि महाविद्यालय परियोजना की अनुबंध राशि 42.51 करोड़ रुपये है, जिसमें अब तक 9.41 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। प्रशासनिक भवन पर 3.77 करोड़ और आयुष चिकित्सालय पर 5.64 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
सरकार ने बताया कि 100 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय का निर्माण पूरा होने और एनसीआईएसएम (NCISM) की गाइडलाइन के अनुसार आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। महाविद्यालय संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन को भी मंत्री परिषद से मंजूरी मिल चुकी है।
यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची
श्रमोदय आवासीय विद्यालय निर्माण पर भी मांगा जवाब
विधायक शैलेंद्र जैन ने विधानसभा में सागर जिले के ग्राम मसानझिरी (रतौना) में प्रस्तावित श्रमोदय आवासीय विद्यालय की स्थापना की प्रगति, बजट, निर्माण एजेंसी और समय-सीमा से जुड़े सवाल भी उठाए।
श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में पांच नए श्रमोदय विद्यालयों एवं अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें सागर का विद्यालय भी शामिल है। हालांकि अभी निर्माण एजेंसी को राशि आवंटित नहीं की गई है।
सरकार ने बताया कि इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (EPIL) को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है। वर्तमान में डिजाइन, ड्रॉइंग, कॉन्सेप्ट प्लान और साइट प्लान तैयार किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद दो वर्ष में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके बाद विद्यालय का संचालन प्रारंभ होगा।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें