Editor: Vinod Arya | 94244 37885

खेल परिसर में वाक शुल्क और पेंशन में देरी के विरोध में कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खेल परिसर में वाक शुल्क वसूली और वृद्धावस्था पेंशन में विलंब के विरोध मे कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन



तीनबत्ती न्यूज: 11 अगस्त, 2026

सागर: खेल परिसर में पैदल टहलने वालो से शुल्क वसूले जाने का विवाद थम नहीं रहा है। खेल प्रेमियों और मार्निंग वाक वालों के विरोध के बाद एक अगस्त से इसका लागू होना रुका है। दूसरी तरफ विधायक शैलेंद्र जैन ने इसको घटाने का सुझाव भी जिला खेल अधिकारी को दिया। अब इसके खिलाफ कांग्रेस भी मैदान में उतर आई है। 

कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल को जनसमस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि शहर का खेल परिसर मैदान वर्षों से आम नागरिकों के लिए सुबह-शाम व्यायाम, भ्रमण और योग के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहा है। अब प्रशासन द्वारा वहां आने वाले लोगों से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 500 रुपये और प्रतिमाह 300 रुपये शुल्क वसूलने का आदेश जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें: सागर में अब मॉर्निंग वॉक भी महंगी! खेल परिसर में वॉक करने वालों पर लगा ₹500 रजिस्ट्रेशन और ₹300 मासिक टहलना शुल्क

गरीबो पर अत्याचार

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि यह आदेश ब्रिटिश शासन के फरमान जैसा और गुंडा टैक्स के समान है। शासन किस भुखमरी की कगार पर आ गया है जो जनता के स्वास्थ्य से जुड़ी इस सुविधा पर भी टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने खेल परिसर को यथावत निःशुल्क रखने की मांग की। जिला खेल अधिकारी को बर्खास्त कर देना चाहिए ऐसे आदेश देने पर साथ ही सागर की जनता ने जिनको विधानसभा भेजा वो इस शुल्क के पक्षधर बन बैठे हैं।ये खेलप्रेमियों के साथ अन्याय है । इसके अलावा अध्यक्ष महेश जाटव ने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं कल्याणी पेंशन की 6 माह से लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग भी की।

यह भी पढ़ेंखेल परिसर में मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार

तुगलकी फरमान है मार्निंग वाक शुल्क

नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि कुंभकर्ण की नींद सो रहे हैं। न तो उन्हें खेल परिसर के तुगलकी फरमान की आवाज सुनाई दे रही है, न ही पिछले 6 महीने से पेंशन से वंचित गरीब, वृद्ध और दिव्यांगजनों की पीड़ा दिखाई दे रही है। रक्षाबंधन जैसा त्यौहार नजदीक है और लोग परेशान हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि एक-दूसरे से बड़ा दिखने की होड़ में लगे हैं।

सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने कहा कि गरीबों को पेंशन योजना का लाभ लेने में भारी परेशानी हो रही है। जिला प्रशासन को चाहिए कि वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित कर निगम को जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए आदेशित करे।

ये रहे शामिल 

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा, आनंद हैला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, खट्टू शुक्ला सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।



Share:

खेल परिसर में मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार

खेल परिसर में  मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार: खेल अधिकारी से की चर्चा


तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त, 2026

सागर। सागर शहर में स्वस्थ्य रहने के लिए खेल परिसर में मार्निंग वाक करने वालो को मासिक शुल्क लगेगा। पिछले दस दिनों से मामला गहराया है। खेल अधिकारी ने 500 रुपए रजिस्ट्रेशन और 300 शुल्क रखा था। इसका बोर्ड भी लगाया गया था। जिसका काफी विरोध खेल प्रेमियों और घूमने वालो ने किया। इस मामले में विधायक शैलेंद्र जैन हस्तक्षेप किया है।  

यह भी पढ़ें: सागर में अब मॉर्निंग वॉक भी महंगी! खेल परिसर में वॉक करने वालों पर लगा ₹500 रजिस्ट्रेशन और ₹300 मासिक टहलना शुल्क

विधायक शैलेन्द्र जैन ने की चर्चा

खेल परिसर में खिलाड़ियों एवं नियमित रूप से वॉक करने वाले नागरिकों से पंजीयन एवं मासिक शुल्क लिए जाने के संबंध में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने जिला खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर से चर्चा की। प्रस्तावित शुल्क को लेकर विधायक जैन ने कहा कि नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए और शुल्क को न्यूनतम एवं सामान्य रखा जाना चाहिए।

घटाकर शुल्क लगाने का सुझाव

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने जिला खेल अधिकारी से चर्चा के दौरान ₹500 पंजीयन शुल्क एवं ₹300 मासिक शुल्क के स्थान पर ₹200 पंजीयन शुल्क एवं ₹200 मासिक शुल्क किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल परिसर में खिलाड़ियों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसलिए उसके रखरखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए न्यूनतम शुल्क लिया जाना उचित है, लेकिन यह शुल्क इतना अधिक भी नहीं होना चाहिए कि आम नागरिकों को बोझ महसूस होने लगे।

वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर विचार

विधायक जैन ने कहा कि खेल परिसर का उपयोग बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी सुबह-शाम सैर एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को प्रस्तावित शुल्क से मुक्त रखने के संबंध में विचार किया जा रहा है, ताकि उनकी नियमित सुबह-शाम की सैर और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों पर किसी प्रकार का आर्थिक प्रभाव न पड़े।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित वॉक केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में उन्हें शुल्क से मुक्त रखने से वे बिना किसी अतिरिक्त बोझ के खेल परिसर का उपयोग कर सकेंगे।

बेहतर सुविधाओं के लिए न्यूनतम शुल्क जरूरी

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से शहर में एक व्यवस्थित एवं आधुनिक खेल स्टेडियम तैयार किया गया है। यहां खिलाड़ियों एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिसर के रखरखाव, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कुछ न्यूनतम शुल्क लिया जाना आवश्यक है, लेकिन शुल्क निर्धारित करते समय आम नागरिकों की सुविधा और आर्थिक स्थिति का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। ₹200 का शुल्क सामान्य रूप से वहन करने योग्य है और इससे खेल परिसर की सुविधाओं एवं रखरखाव की व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित की जा सकती है।विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य खेल परिसर में उपलब्ध बेहतर सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों और खिलाड़ियों तक पहुंचाना है। शुल्क को तर्कसंगत एवं सुविधाजनक रखने से नागरिक नियमित रूप से खेल परिसर का उपयोग कर सकेंगे और शहर में स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share:

सागर में एयरपोर्ट की तैयारी तेज, 10 उन्नत एयर स्ट्रिप्स में शामिल

सागर में एयरपोर्ट की तैयारी तेज, 10 उन्नत एयर स्ट्रिप्स में शामिल



तीनबत्ती न्यूज: 10 अगस्त, 2026

सागर। सागर में एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद बढ़ी है। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश की 10 उन्नत एयर स्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें सागर भी शामिल है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू के भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने और उन्नत एयर स्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई। प्रस्तावित सूची में सागर के अलावा सिंगरौली, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: अगले दो महीने में प्रारंभ होगी भोपाल से शारजाह तक डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट : सीएम डॉ. यादव • अगले दस साल में देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाएंगे : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू • मध्यप्रदेश में जल्द ही बनेंगे पांच नए एयरपोर्ट: चार नई सीधी उड़ानों का हुआ शुभारंभ


वर्तमान हवाई पट्टी का विस्तार मुश्किल

विधायक जैन के अनुसार सागर की वर्तमान हवाई पट्टी के आसपास पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण इसका एयरपोर्ट के रूप में विस्तार कठिन है। इसी वजह से नए एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक और पर्याप्त भूमि की तलाश की जा रही है।उन्होंने बताया कि विमानन विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला से भी इस संबंध में चर्चा की गई है। पर्याप्त भूमि उपलब्ध होते ही सागर में एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

विधायक जैन ने कहा कि सागर में आधुनिक एयरपोर्ट बनने से व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और निवेश को नई गति मिलेगी। बुंदेलखंड के महत्वपूर्ण केंद्र सागर को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने से क्षेत्र के आर्थिक और रोजगार विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से सागर में एयरपोर्ट के विकास के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। पर्याप्त भूमि की उपलब्धता इस परियोजना को आगे बढ़ाने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होगी।


Share:

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सुरखी के हर मंडल में होगा आयोजन

तिरंगे के सम्मान में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए

तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और देश की एकता-अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने निज निवास मातेश्वरी से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। मंत्री राजपूत स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व करते नजर आए।यात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं, युवाओं और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

-----------

खबर का वीडियो देखने क्लिक करे

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सुरखी के हर मंडल में होगा आयोजन

-----------

मंत्री राजपूत ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीन रंग और अशोक चक्र देश की विविधता, शांति, साहस, प्रगति और कर्तव्य का संदेश देते हैं। तिरंगे को हाथ में लेकर चलना राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी व्यक्त करने का माध्यम है।


सुरखी विधानसभा के हर मंडल में निकलेगी तिरंगा यात्रा

मंत्री राजपूत ने बताया कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के तहत बिलहरा मंडल में 11 अगस्त, सीहोरा मंडल में 12 अगस्त तथा राहतगढ़ और जैसीनगर मंडल में 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि गांव-गांव निकलने वाली इन यात्राओं का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से जोड़ना है।

हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर उत्साह

राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 में आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया गया था। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और तिरंगा यात्राओं को लेकर उत्साह का वातावरण है। नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ाने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की जा रही है।

Share:

BMC Sagar में 85 वर्षीय सर्पदंश पीड़िता की बची जान, 24 घंटे में वेंटिलेटर से बाहर

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में बड़ी चिकित्सा सफलता, 85 वर्षीय सर्पदंश पीड़िता को मिला नया जीवन

BMC Sagar doctors successfully treat 85-year-old snake bite patient

तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर । बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) सागर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की त्वरित कार्यशैली एवं बेहतर समन्वय से सर्पदंश की गंभीर स्थिति में पहुंची 85 वर्षीय वृद्धा की जान बचाई गई। छतरपुर जिले के बक्सवाहा (भीमपुरा) निवासी श्रीमती बाजरानी बसुदेव को गंभीर हालत में बीएमसी लाया गया था।

सर्पदंश के विषैले प्रभाव के चलते वृद्धा को सांस लेने में अत्यधिक परेशानी हो रही थी और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी विभाग की टीम ने तत्काल जीवनरक्षक उपचार शुरू किया। इसके बाद मरीज को आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट, एंटी-स्नेक वेनम (ASV) और आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं दी गईं।

महज 24 घंटे में हुआ सुधार

डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की लगातार निगरानी एवं उपचार के परिणामस्वरूप मरीज की हालत में महज 24 घंटे के भीतर उल्लेखनीय सुधार हुआ और उन्हें सफलतापूर्वक वेंटिलेटर से बाहर निकाल लिया गया। पूर्णतः स्वस्थ होने के बाद वृद्धा को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

इस सफल उपचार में इमरजेंसी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र उइके, सहायक प्राध्यापक डॉ. सौरभ जैन तथा मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश पांडे के मार्गदर्शन में रेसिडेंट डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।रेसिडेंट डॉक्टरों में डॉ. मोनालिसा, डॉ. श्वेता, डॉ. विशाल, डॉ. दृष्टि, डॉ. मंजुनाथ, डॉ. अजय शर्मा, डॉ. सर्वेश गांवकर, डॉ. रुचिका अनुरागी, डॉ. शशांक जैन, डॉ. यशवंत एवं डॉ. स्वप्नजीत सिंह अरोड़ा शामिल रहे। वहीं नर्सिंग अधिकारी श्री अरुण चोरड़िया, सुश्री ऋचा, सुश्री इंद्रा विश्वकर्मा, सुश्री नीतू अहिरवार एवं सुश्री मनीषा राठौर का भी उपचार में महत्वपूर्ण योगदान रहा।


बीएमसी के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि डॉक्टरों, रेजिडेंट्स और नर्सिंग स्टाफ के बीच बेहतर तालमेल तथा समर्पित प्रयासों से यह सफलता संभव हुई। डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि गंभीर सर्पदंश के मामलों में समय पर एंटी-स्नेक वेनम और आवश्यकता पड़ने पर वेंटिलेटर सपोर्ट उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर उपचार मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।

वृद्धा के परिजनों ने बीएमसी प्रबंधन, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ का आभार जताते हुए नि:शुल्क जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा और समय पर उपचार के लिए धन्यवाद दिया।


Share:

सागर कलेक्ट्रेट में बिना हेलमेट एंट्री बंद, ₹6,200 का चालान वसूला

सागर कलेक्ट्रेट में बिना हेलमेट दोपहिया वाहनों की एंट्री बंद, अब तक ₹6,200 का चालान


तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर सहित संभागीय और जिला स्तरीय कार्यालयों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू किया गया है।

1 अगस्त 2026 से कलेक्ट्रेट के सभी प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बिना हेलमेट पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को रोका जा रहा है और नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में ₹6,200 का शमन शुल्क वसूल किया जा चुका है। यह कार्रवाई मोटरयान अधिनियम की धारा 128, 138(1), 138(3) एवं 129 के तहत की जा रही है।



अधिकारियों-कर्मचारियों से लेकर आम नागरिकों तक नियम लागू

कलेक्ट्रेट एवं अन्य संभागीय तथा जिला स्तरीय कार्यालयों में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है और आवश्यकतानुसार चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

जीवन सुरक्षा के लिए हेलमेट जरूरी

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।



Share:

सागर: प्रधान आरक्षक को आया हार्ट अटैक : डायल-112 की FRV से लाया गया हॉस्पिटल : FRV कैमरों से 30 किमी तक हुई लाइव मॉनिटरिंग

सागर: प्रधान आरक्षक को आया हार्ट अटैक : डायल-112 की FRV से लाया गया हॉस्पिटल : FRV कैमरों से 30 किमी तक हुई लाइव मॉनिटरिंग

सागर पुलिस डायल 112 FRV में लाइव कैमरों से प्रधान आरक्षक की मॉनिटरिंग


तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर। डायल-112 की आधुनिक तकनीक और पुलिस की संवेदनशीलता का मानवीय उदाहरण सागर में सामने आया। थाना बांदरी में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को हार्ट अटैक आने के बाद डायल-112 की FRV-29 से सागर स्थित बंसल अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने FRV में लगे लाइव कैमरों के जरिए करीब 30 किलोमीटर तक उनकी स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की।

यह भी पढ़े : मध्यप्रदेश पुलिस में 27,534 पदोन्नति, CM मोहन यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया डायल-112 के नोडल जिला प्रभारी हैं। घटना के समय वे पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 60 डायल-112 पायलटों की बैठक ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि बांदरी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को हार्ट अटैक आया है और FRV-29 उन्हें तत्काल उपचार के लिए सागर लेकर रवाना हुई है।

लाइव कैमरे से रखी मरीज की स्थिति पर नजर

सूचना मिलते ही एएसपी भदौरिया ने FRV में लगे कैमरों के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग शुरू कर दी। करीब 30 किलोमीटर के सफर के दौरान उन्होंने मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी। साथ ही FRV में मौजूद पुलिस स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए और प्रधान आरक्षक को लगातार ढांढस बंधाया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी किया संपर्क

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ने बंसल अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क कर मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी ली। इसके बाद FRV में मौजूद पुलिसकर्मियों को चिकित्सकों के निर्देशों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया।


समय पर उपचार से मिली मदद


FRV-29 प्रधान आरक्षक को सुरक्षित रूप से बंसल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से उनकी जान बचाने में मदद मिली।


तकनीक और संवेदनशीलता का बेहतर उदाहरण

सागर पुलिस की इस पहल ने दिखाया कि डायल-112 की FRV में लगे लाइव कैमरे केवल निगरानी के लिए ही नहीं, बल्कि आपात परिस्थितियों में जीवन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वहीं एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया की त्वरित पहल, संवेदनशीलता और लगातार मॉनिटरिंग ने तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण पेश किया।

Share:

सागर-विदिशा में सड़क नेटवर्क को मिलेगी रफ्तार, NHAI मुख्यालय में सांसद लता वानखेड़े की समीक्षा

सागर-विदिशा लोकसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मिलेगी नई रफ्तार, NHAI मुख्यालय में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने की समीक्षा



तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र की सड़क एवं परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने और क्षेत्र में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय, द्वारका में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में NHAI के सदस्य (प्रोजेक्ट्स) विपिनेश शर्मा के साथ मध्य प्रदेश, विशेषकर सागर एवं विदिशा लोकसभा क्षेत्र में चल रही, प्रस्तावित और आगामी सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गति, समय-सीमा और क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

यह भी पढ़ेमध्यप्रदेश पुलिस में 27,534 पदोन्नति, CM मोहन यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र

सागर बाईपास और रिंग रोड को प्राथमिकता

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सागर शहर को भारी यातायात के दबाव से राहत देने के लिए नए सागर बाईपास की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बाईपास से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाकर इसे शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया।

बैठक में सागर रिंग रोड-1 तथा बेरखेड़ी–रानीपुरा मार्ग को भी महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया। इन परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण कराने तथा आगामी 6 से 8 माह में बेरखेड़ी–रानीपुरा मार्ग को चालू करने की दिशा में कार्य करने पर चर्चा हुई।

सागर–भोपाल फोरलेन पर भी हुई चर्चा

बैठक में सागर–भोपाल फोरलेन परियोजना को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सागर–भोपाल फोरलेन के पूर्ण होने से दोनों शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा और सागर की आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के माध्यम से सागर–भोपाल यात्रा का समय लगभग ढाई घंटे तक लाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई को बेहतर हाईवे कनेक्टिविटी

बैठक में सिरोंज, शमशाबाद और कुरवाई क्षेत्र में नई हाईवे कनेक्टिविटी विकसित करने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही बीना रिंग रोड को लेकर भी सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।

सांसद ने कहा कि सागर लोकसभा क्षेत्र में एक साथ कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र मजबूत राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ेगा।

NHLML चेयरमैन से भी की मुलाकात

NHAI मुख्यालय में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के चेयरमैन आलोक दीपांकर से भी मुलाकात की।

इस दौरान NHLML से संबंधित परियोजनाओं और सागर-विदिशा क्षेत्र में भविष्य की संभावित कनेक्टिविटी एवं लॉजिस्टिक्स से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा हुई। सागर को लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

‘सागर को बड़ा रोड एवं कनेक्टिविटी हब बनाना प्राथमिकता’

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि सागर को मध्य प्रदेश के बड़े रोड एवं कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है। सागर बाईपास, रिंग रोड, बेरखेड़ी–रानीपुरा, सागर–भोपाल फोरलेन सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध गति देने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर दिखाई दें।

सांसद ने कहा कि मजबूत सड़क कनेक्टिविटी से सागर के साथ-साथ बीना, सिरोंज, शमशाबाद, कुरवाई और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग, रोजगार एवं पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत कनेक्टिविटी के माध्यम से सागर को मध्य भारत के प्रमुख कनेक्टिविटी केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive