आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के जीवन और कृतित्व पर जारी होंगे विशेष डाक टिकट
• 27 नवंबर को भोपाल के विद्योदय तीर्थ क्षेत्र में होगा लोकार्पण समारोह, आचार्य श्री समयसागर महाराज का मिलेगा ससंघ सानिध्य
तीनबत्ती न्यूज:17 नवंबर, 2026
सागर। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के राष्ट्र निर्माण, समाजोत्थान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में दिए गए योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। आचार्य श्री के जीवन, कृतित्व और व्यक्तित्व पर केंद्रित विशेष डाक टिकटों का लोकार्पण 27 नवंबर को भोपाल के हबीबगंज स्थित विद्योदय तीर्थ क्षेत्र में किया जाएगा। समारोह आचार्य श्री समयसागर महाराज के ससंघ सानिध्य में आयोजित होगा।
मुकेश जैन ढाना ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, संस्कृति, शिक्षा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय परंपरा, संस्कृत भाषा, शिक्षा, चिकित्सा, कला, हस्तशिल्प, स्थापत्य और स्वावलंबन सहित अनेक क्षेत्रों में समाज को नई दिशा देने की प्रेरणा दी। उनके मार्गदर्शन से देशभर में विभिन्न रचनात्मक और जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित हो रहे हैं।
आचार्य श्री का चिंतन आध्यात्मिक जागरण तक सीमित नहीं था, बल्कि उसमें राष्ट्र की सांस्कृतिक अस्मिता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास का व्यापक दृष्टिकोण समाहित था। उनके इसी बहुआयामी व्यक्तित्व और योगदान को डाक टिकटों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पहल को साकार करने में मध्य प्रदेश के एक सांसद एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री की विशेष भूमिका रही है। उन्होंने इस कार्य को व्यापक स्वरूप देने का संकल्प लिया और डाक विभाग की प्रक्रिया के तहत इसकी आधिकारिक घोषणा की दिशा में पहल की।
मिनिएचर शीट सेट और फर्स्ट डे कवर भी होंगे जारी
समारोह में विशेष डाक टिकटों के साथ आचार्य श्री के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को दर्शाने वाला मिनिएचर शीट सेट भी जारी किया जाएगा। इसमें उनकी मुनि दीक्षा, साधना, राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए कार्यों और उनसे प्रेरित जनकल्याणकारी प्रकल्पों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा फर्स्ट डे कवर (प्रथम दिवस आवरण), हिंदी एवं अंग्रेजी में आचार्य श्री का संक्षिप्त जीवन परिचय समाहित करने वाली विशेष विवरणिका और अन्य संग्रहणीय डाक सामग्री भी जारी की जाएगी। इस तरह डाक टिकटों और चित्रात्मक माध्यमों से आचार्य श्री के जीवन दर्शन एवं योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षित और प्रसारित करने का प्रयास होगा।
निर्यापक मुनि श्री अभय सागर महाराज के प्रयास से हो रही पहल
आयोजकों के अनुसार, इस विशेष डाक सामग्री के लिए समाजजनों और विभिन्न संस्थाओं ने सहयोग राशि प्रदान की है। लोकार्पण के बाद तैयार सामग्री समाजजनों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि निर्यापक मुनि श्री अभय सागर महाराज के विशेष प्रयासों से यह डाक टिकट जारी होने जा रहे हैं। आयोजकों ने देशभर के श्रद्धालुओं, सामाजिक संस्थाओं और आचार्य श्री के अनुयायियों से 27 नवंबर को भोपाल पहुंचकर इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल डाक टिकटों का लोकार्पण नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान संत के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

















